निर्दलीय विधायक रोहन खोंटे ने ट्वीट किया, ‘‘यह हैरान करने वाली बात है कि गोवा के मुख्यमंत्री यह दावा कर रहे हैं कि रात को बाहर जाना सुरक्षित नहीं है और इसके लिए बच्चों के माता-पिता को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। अगर राज्य सरकार हमारी सुरक्षा का आश्वासन नहीं दे सकती तो कौन दे सकता है? गोवा का महिलाओं के लिए सुरक्षित होने का इतिहास रहा है, लेकिन भाजपा की सरकार में यह तमगा खो रहा है।''
सावंत का विवादित बयान
सावंत ने सदन में कहा था, ''हम सीधे तौर पर पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हैं, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि एक पार्टी के लिए समुद्र तट पर गए 10 युवाओं में चार पूरी रात वहां रुकते है और बाकी के छह घर चले जाते हैं। दो लड़के तथा दो लड़कियां पूरी रात वहां रहे।''
क्या है घटना?
बता दें कि रविवार को गोवा की राजधानी से करीब 30 किलोमीटर दूर बेनॉलिम बीच पर चार लोगों ने अपने आप को पुलिसकर्मी बताकर दोनों लड़कियों से कथित तौर पर बलात्कार किया। उन्होंने लड़कों की पिटाई भी की। चारों आरोपियों में से एक सरकारी कर्मचारी है। सावंत ने विधानसभा में बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।