फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओडिशा: फर्जी डॉक्टर ने कीं 18 शादियां, दूसरी पत्नी गिरफ्तार, अन्य पत्नियों को ठगने में करती थी पति की मदद

Tue, 05 Apr 2022 04:56 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर

सार

इस फर्जी डॉक्टर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। सोमवार को पुलिस ने झारखंड से उसकी मददगार दूसरी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ओडिशा में एक फर्जी डॉक्टर की दूसरी पत्नी को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि इस फर्जी डॉक्टर ने 18 बार शादी की है और उसकी दूसरी पत्नी अन्य पत्नियों के साथ धोखाधड़ी करने में मदद करती थी। 

विज्ञापन


66 वर्षीय रमेश चंद्र स्वैन ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले के एक तटीय गांव का रहने वाला है। उसने 38 साल की अवधि में सात राज्यों में 18 महिलाओं से विवाह किया। उसने खुद को डॉक्टर बताकर महिलाओं से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की।

पुलिस ने बताया कि स्वैन की दूसरी पत्नी पेशे से मेडिकल प्रैक्टिशनर है और उसे कथित तौर पर इस धोखाधड़ी में स्वैन की मदद करने के आरोप में सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। उसे मंगलवार को झारखंड से ओडिशा लाया जा रहा है।
विज्ञापन


गिरफ्तार महिला गुजरात के जामनगर में काम करती थी और 23 फरवरी को स्वैन की गिरफ्तारी के बाद से ही फरार चल रही थी। इससे पहले पुलिस ने एक और महिला को भी गिरफ्तार किया था जिसने स्वैन की बहन होने का दावा किया था।

स्वैन की कथित बहन की गिरफ्तारी उसे कई महिलाओं के साथ शादी करने में और उन्हें धोखा देने में मदद करने के आरोप में की गई। स्वैन से पूछताछ के दौरान पुलिस को इसमें उसकी दूसरी पत्नी की संलिप्तता के बारे में जानकारी मिली थी।

1982 में की थी स्वैन ने पहली शादी
पांच बच्चों के पिता स्वैन ने पहली शादी साल 1982 में और दूसरी शादी साल 2002 में की थी। साल 2002 से 2020 के दौरान उसने मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए कई महिलाओं से संपर्क किया और उनके साथ वैवाहिक बंधन में बंध गया।

पुलिस का कहना है कि वह ऐसी अधेड़ महिलाओं को अपना निशाना बनाता था जो मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर जीवनसाथी की तलाश कर रही होती थीं। शादी करने के बाद वह महिलाओं से पैसे हड़पता था और फिर उन्हें छोड़ कर चला जाता था। 

खुद को बताता था सरकारी डॉक्टर
स्वैन खुद को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत डिप्टी डायरेक्टर जनरल के तौर पर नियुक्त डॉक्टर बताता था। शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एक मामला दर्ज किया था और उसके बाद वह फरार हो गया था। 

उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी तब मिली जब दिल्ली की एक शिक्षिका ने जुलाई 2021 में महिला थाने में स्वैन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिक्षिका ने कहा था कि स्वैन से मुझसे 2018 में शादी की थी और मुझे भुवनेश्वर में रखता था।

पुलिस के पास मामला दर्ज होने के बाद स्वैन भुवनेश्वर से भाग गया था और असम में अपनी एक अन्य पत्नी के साथ रहने लगा था। करीब छह महीने बाद जब वह वापस शहर आया और अपने घर पहुंचा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें