मुख्यमंत्री नवीन पटनायक
- फोटो : अमर उजाला
इससे पहले ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री नबा दास के बेटे को सांत्वना दी, जिन्हें झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर में गोली मार दी गई थी। पटनायक ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नाबा दास से मिलने भुवनेश्वर के अपोलो अस्पताल पहुंचे थे। यहां राज्य मंत्री का इलाज चल रहा था।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा था कि मैं इस हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से स्तब्ध हूं। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। क्राइम ब्रांच को जांच करने का निर्देश दिया गया है। क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाने के लिए कहा गया है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दास के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।
- फोटो : ANI
क्या है मामला?
ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) ने रविवार को राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नव किशोर दास को कथित तौर पर गोली मार दी। घटना ब्रजराजनगर शहर में अपराह्न करीब एक बजे के आसपास हुई। मंत्री दास एक बैठक में शामिल होने के लिए जा रहे थे। ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने बताया कि सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) गोपाल दास ने मंत्री पर गोली चला दी। घटना में मंत्री घायल हुए थे। घटना के एक वीडियो में मंत्री दास अचेत नजर आ रहे थे। उनके सीने से खून बह रहा था। वीडियो में स्थानीय लोग मंत्री को उठाकर कार की अगली सीट पर बैठाने की कोशिश करते दिखाई दे रहे थे। आरोपी एएसआई को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि घटना की गहन जांच के बाद ही और जानकारियां सामने आ पाएंगी।
चश्मदीद ने कही यह बात
मामले में चश्मदीद एडवोकेट राम मोहन राव ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री नबा दास जब आए थे तो भीड़ उन्हें लेने गई, उसमें कुछ सुरक्षाकर्मी भी थे। उसी दौरान एक आवाज आई और भीड़ में से पुलिस ऑफिसर दौड़ कर भागा। भागने के क्रम में भी उसने फायरिंग की। हमें लगा कि जिसने मारा उसके लिए उसने फायरिंग की है। गोली सीने में लगी है।