भाजपा नेता जगन्नाथ प्रधान ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को अपना नामांकन वापस ले लिया है। इससे पार्टी की आधिकारिक उम्मीदवार ममता मोहंता के राज्यसभा के लिए सुचारू रूप से निर्वाचित होने का रास्ता साफ हो गया है।
21 अगस्त को किया था पर्चा दाखिल
कुड़मी समुदाय की प्रमुख नेता ममता मोहंता के ओडिशा से राज्यसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने के कुछ घंटे बाद ही पार्टी के एक और नेता जगन्नाथ प्रधान ने 21 अगस्त को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में अपना पर्चा दाखिल किया था।
एक अधिकारी ने बताया कि प्रधान और मोहंता की उम्मीदवारी जांच के दौरान सही पाई गई थी। भाजपा की ओडिशा इकाई के प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर ने स्पष्ट किया था कि मोहंता भाजपा की आधिकारिक उम्मीदवार हैं, जबकि प्रधान एक डमी उम्मीदवार हैं। डमी उम्मीदवारों को अक्सर राजनीतिक दलों द्वारा मैदान में उतारा जाता है ताकि आधिकारिक उम्मीदवार का नामांकन खारिज हो जाए। आखिरकार वही हुआ, प्रधान ने अब नामांकन वापस ले लिया है।
मैंने पार्टी के निर्देश पर किया था नामांकन दाखिल
जगन्नाथ प्रधान ने कहा, 'मैंने पार्टी के निर्देश पर नामांकन पत्र दाखिल किया था। आज दल के निर्देश पर ही मैंने अपना नामांकन वापस ले लिया। भाजपा नेतृत्व ने मुझे यह काम सौंपा था और मैंने पार्टी के एक अनुशासित सदस्य के रूप में इसे पूरा किया।'
प्रधान ने भुवनेश्वर-मध्य से भाजपा उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन बीजद के अनंत नारायण जेना से मामूली अंतर से हार गए थे। मयूरभंज जिले से कुडुमी समुदाय के नेता मोहंता ने जुलाई में बीजद छोड़कर राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वह भाजपा में शामिल हो गईं, जिसने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया। अब कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं है, इसलिए उनका फिर से चुना जाना तय है।
विपक्ष के पास सीट पर कब्जा करने के लिए संख्या नहीं
147 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 74 विधायक हैं और उसे तीन निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है। बीजद और कांग्रेस के पास क्रमश: 51 और 14 विधायक हैं। सीपीएम के एक सदस्य के साथ विपक्ष के पास सीट पर कब्जा करने के लिए संख्या नहीं है।
ओडिशा में राज्यसभा की 10 सीटें हैं, जिनमें से आठ बीजद के पास हैं जबकि एक भाजपा के पास है। मोहंता के इस्तीफे के बाद एक सीट खाली हुई थी। ओडिशा की एक सीट सहित राज्यसभा की 12 रिक्त सीटों के लिए तीन सितंबर को मतदान होना था।