ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले में मंगलवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बालीकुड़ा थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के माधुरी बाजार में दोपहर के समय हुई। विस्फोट यूनिट में आग लगने के बाद हुआ।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इससे घर की एसबेस्टस की छत टूट गई। इस दौरान दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो घायल व्यक्तियों को जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में उनकी हालत बिगड़ने पर कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
मृतकों की पहचान पटाखा इकाई के मालिक सुशांत कुमार प्रस्टी और उनके कर्मचारियों दिलू मोहंती और बुलू दास के रूप में हुई है।