मिजोरम की प्रमुख विपक्षी पार्टी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने कहा है कि इस महीने 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों में जीत कर सत्ता में आने पर असम की तर्ज पर राज्य में भी नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजंस (एनआरसी) की कवायद शुरू की जाएगी। पार्टी ने यहां जारी अपने चुनावी घोषणापत्र में यह वादा किया है।
ध्यान रहे कि राज्य के कई सामाजिक संगठन भी एनआरसी की मांग उठा रहे हैं। इसे भुनाने के लिए ही पार्टी ने एनआरसी तैयार करने का भरोसा दिया है। पार्टी ने कहा है कि वैध व अवैध नागरिकों की पहचान के लिए गांव के स्तर पर नागरिक रजिस्टर तैयार किया जाएगा। एमएनएफ ने राज्य के विभिन्न इलाकों में रहने वाले गैर-कानूनी प्रवासियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।