मेघालय विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान करते मतदाता (फाइल फोटो)
असम में राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के पूर्ण मसौदे के प्रकाशन के बाद मेघालय ने प्रदेश में आने वाले लोगों की कड़ी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक (घुसपैठ रोकथाम) देवांगशु संगमा ने पीटीआई को बताया कि प्रदेश में हर दिन प्रवेश करने वाले लोगों की कड़ी जांच की जायेगी।
उन्होंने बताया कि इस उद्देश्य से स्थापित जांच चौकियों में लोगों को अपना पहचान पत्र दिखाना होगा जिससे यह तय हो सके कि वह भारतीय नागरिक है। यह काम अग्रिम आदेश तक जारी रहेगा।
अधिकारियों ने लोगों को सलाह दी है कि वह अपने साथ नागरिकता पहचान पत्र लेकर ही प्रदेश में प्रवेश करें। राज्य में प्रवेश करने वाले लोगों की जांच के लिए सात जांच चौकियां बनायी गयी हैं।