कड़ाके की ठंड झेल रहे उत्तर भारत में कई जगहों पर रविवार रात और सोमवार सुबह कोहरा छाया रहा। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, राजस्थान और मध्यप्रदेश पर कोहरे की चादर के चलते दृश्यता काफी रही। इसका असर रेल यातायात और सड़क परिवहन पर भी पड़ा।
इन क्षेत्रों में जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक शीतलहर जारी रहने और दिल्ली व कुछ हिस्सों में भी 24 घंटे के अंदर ह ल्की बारिश का अनुमान लगाया है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में पूर्व दिशा की ओर चल रही हवा पश्चिमी हिमालय की तरफ से आने वाली हवाओं की तरह ठंडी नहीं है। इसलिए अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान तो बढ़ेगा लेकिन अधिकतम तापमान सामान्य से कम ही रहेगा। लिहाजा 22 जनवरी तक ठंड का कहर जारी रहेगा। अगले दो दिन तक उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा।
मौसम विभाग ने ट्वीट किया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं पर घना तो कहीं पर बहुत अधिक कोहरा पड़ा जबकि पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर-पश्चिम राजस्थान, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम और मेघालय में रविवार रात 11.30 बजे से ही मध्यम से घना कोहरा पड़ने लगा था। रविवार रात 11.30 बजे दृश्यता वाराणसी में 25 मीटर, अमृतसर, देहरादून, गया, बहराइच में 50 मीटर, चंडीगढ़, बरेली, लखनऊ, तेजपुर में 200 मीटर, गंगानगर, अंबाला, पटियाला, दिल्ली-पालम, ग्वालियर, भागलपुर में 500 मीटर दर्ज की गई।