कोरोना काल में हर तरह के काम में ऑनलाइन का चलन बढ़ा है। लेकिन इसी के साथ साइबर हमलों में भी तेज वृद्धि हुई है। ऐसे में फोन को सुरक्षित रख पाना बड़ी चुनौती बन गई है। विशेषज्ञों की सलाह है कि आप बिना आवश्यकता के कोई एप अपने फोन में डाउनलोड न करें। जिन एप की आवश्यकता न हो, उन्हें फोन से हटा दें।
मजबूत पासवर्ड रखें जिससे सामान्य जासूसी खतरों, ऑनलाइन फ्रॉड से बच सकें। जब तक आपको पूरी तरह ये विश्वास न हो कि कोई लिंक आपकी कंपनी या आपके विश्वस्त स्रोत से आई है, उसे खोलने से बचें। ऑनलाइन गतिविधि के आधार पर समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें। एक ही पासवर्ड कई जगहों पर इस्तेमाल न करें।
इंग्लैंड के नेशनल साइबर सिक्योरिटी सेंटर ने अपने नागरिकों को सुरक्षा उपाय का एक नया तरीका बताया है। इसके अनुसार अपने पासवर्ड को मजबूत रखने के लिए इसे बहुत अधिक जटिल बनाने की आवश्यकता नहीं है। इसकी बजाय तीन अलग-अलग शब्दों का संयोजन सुरक्षा के लिहाज ज्यादा बेहतर व प्रभावी साबित हो सकता है।