पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) के 13,000 करोड़ रुपये का घोटाला करने वाले नीरव मोदी का पता चल गया है। वह इन दिनों सिंगापुर के पासपोर्ट पर लंदन में आराम से रह रहा है। ईडी निदेशालय के मुताबिक नीरव और उसके परिवार वालों को पेश होने के लिए कई समन भी भेजे गए। लेकिन उसने और उसके परिवार वालों ने पेश होने की बजाय दूसरे देशों में छिपकर रहना पसंद किया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से शनिवार को यह जानकारी मिली है। नीरव की ही तरह उसका भाई, बहन और बहनोई भी दूसरे देश के पासपोर्ट पर रह रहे हैं।
नीरव मोदी का भाई विशाल मोदी बेल्जियम के पासपोर्ट पर एंटवर्प में रह रहा है। वहीं उसकी बहन पूर्वी मेहता के पास भी बेल्जियम का पासपोर्ट है जिससे वह हांगकांग में रह रही है। पूर्वी के अलावा उसका पति मयंक मेहता (रोजी ब्लू डॉयमंड) के पास ब्रिटिश पासपोर्ट है। जिसकी सहायता से वह हांगकांग और न्यूयॉर्क आता जाता रहता है। पीएनबी घोटाले की जांच में पेश होने के लिए निदेशालय ने नीरव और उसके परिवार के सदस्यों के नाम समन भी जारी किया है। लेकिन वह सभी देश से बाहर रहते हुए जांचकर्ताओं को चकमा दे रहे हैं।
ईडी द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक नीरव के पिता दीपक मोदी, बहन पूर्वी मेहता और उसके पति मयंक मेहता को भी इस माह के पहले हफ्ते में समन जारी कर 15 दिन में पेश होने को कहा गया है। यदि वह इसका जवाब देने में विफल रहे और पेश नहीं हुए तो उनके लिए दोबारा समन जारी किया जाएगा।
पूर्वी अपने भाई नीरव के लिए राउंड ट्रिपिंग की भूमिका निभाती थी जिस कारण वह भी जांच के घेरे में आ गई। इन तीनों को बयान दर्ज कराने के लिए मुंबई के ईडी ऑफिस में पेश होने का आदेश दिया गया है। वहीं जांच एजेंसी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत बनी विशेष कोर्ट में चार्टशीट दाखिल करने की प्रक्रिया में है।