फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गुजरात : रसोई गैस सिलिंडर फटने से मध्यप्रदेश के नौ लोगों की मौत, छोटी सी गलती बनी वजह

Sat, 24 Jul 2021 10:26 PM IST
संजीव कुमार झा पीटीआई, अहमदाबाद/भोपाल

सार

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी मृतक मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि घटना 20 जुलाई की रात की है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गुजरात में अहमदाबाद के बाहरी इलाके में एक मकान के कमरे में एलपीजी सिलिंडर में विस्फोट के बाद आग लगने से चार बच्चों सहित कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी मृतक मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि घटना 20 जुलाई की रात की है। घटना के बाद बीते कुछ दिनों में आठ पीड़ितों-मजदूरों और उनके परिवार के सदस्यों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने शनिवार की सुबह दम तोड़ दिया।

विज्ञापन


असलाली थाने के इंस्पेक्टर पीआर जडेजा ने बताया कि एलपीजी सिलिंडर से गैस का रिसाव होने के बाद विस्फोट हुआ और आग लग गई। इस हादसे में बच्चों और महिलाओं सहित 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इस घटना में अब तक नौ लोगों की जान गई है। इन सभी का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा था।

उन्होंने कहा कि बीते गुरुवार को इलाज के दौरान तीन, जबकि शुक्रवार को पांच और शनिवार की सुबह एक की मौत हो गई। मृतकों की पहचान रामप्यारी अहिरवार (56), राजूभाई अहिरवार (31), सोनू अहिरवार (21), सीमा अहिरवार (25), सरजू अहिरवार (22), वैशाली (7), नितेश (6), पायल (4) और आकाश (2) के रूप में हुई है। निरीक्षक ने बताया कि यह सभी मध्य प्रदेश के गुना जिले के मूल निवासी थे।
विज्ञापन



छोटी सी गलती बनी वजह
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि मजदूर और उनके परिवार के सदस्य छोटे से कमरे में सो रहे थे तभी सिलिंडर से गैस लीक होने लगी। जब उनके पड़ोसी ने गैस के रिसाव के बारे में जानकारी देने के लिए दरवाजा खटखटाया, तो परिवार के एक सदस्य ने उठकर बत्ती जला दी, इससे चिंगारी उठी और कमरे में गैस फैली होने की वजह से धमाका हो गया।

उन्होंने कहा कि परिवार को सचेत करने गए पड़ोसी समेत कुल 10 लोग धमाके से लगी आग में झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने कहा कि एक घायल व्यक्ति की पहचान कुलसिंह भैरवा (30) के रूप में हुई है, जिसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। भैरवा राजस्थान के करौली के कुडगांव का रहने वाला है।

उन्होंने कहा कि छह मृतकों के शवों को एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव मध्य प्रदेश भेजा गया है। जबकि तीन मृतकों के शव पहले भेजे जा चुके थे। इस बीच, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से जारी एक बयान में कहा गया है कि सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अहमदाबाद में गुना जिले के मधुसूदनगढ़ के नौ लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है।

मध्यप्रदेश सरकार ने की मुआवजे की घोषणा
इसके साथ ही मध्यप्रदेश सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान में यह भी कहा गया है कि मुख्यमंत्री चौहान ने घायलों को दो लाख रुपये आर्थिक सहायता और मुफ्त इलाज मुहैया कराने के लिए भी निर्देश दिए हैं।

मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई सी पटेल ने भी मजदूरों की मौत पर दुख जताया है। राज्यपाल कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गवर्नर पटेल ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें