राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मिजोरम में विस्फोटक, हथियार और गोला-बारूद जब्ती मामले में चल रही जांच के सिलसिले में म्यांमार के एक नागरिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी मंगलवार को एजेंसी ने दी। एनआईए ने यह छापेमारी मिजोरम से म्यांमार तक विस्फोटकों, हथियारों की चोरी और परिवहन से जुड़े संदिग्धों के घरों पर मारे गए।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान जे रोहलुपुइया (55), और सी लालडिनसागा (43), दोनों भारतीय और बर्मी नागरिक हेनरी सियांगनुना के रूप में की गई है। यह मामला एक मई 2022 को द्वितीय बटालियन एआर की असम राइफल्स नाका टीम द्वारा मिजोरम के आइजोल के कुलिकावन थाने से विस्फोटकों और आग्नेयास्त्रों से लदे दो पिकअप ट्रकों की जब्ती से संबंधित है। इस खेप में 200 छड़ों के 223 बक्से, बारूद, हथियार शामिल थे।
एनआईए के प्रवक्ता ने कहा कि जांच से पता चला है कि म्यांमार के नागरिक हेनरी सियांगनुना ने रोहलुपुइया के साथ मिलकर अवैध रूप से हथियार डीलर लाइसेंस का उपयोग करके हथियार खरीदे थे, जिन्हें आगे सीमा पार म्यांमार ले जाया जा रहा था। वहीं पकड़े एक आरोपी लालडिनसागा के विस्फोटक लाइसेंस का इस्तेमाल म्यांमार को आगे की आपूर्ति के लिए गुवाहाटी में एक विस्फोटक आपूर्तिकर्ता फर्म से विस्फोटक खरीदने के लिए किया गया था।
प्रवक्ता ने कहा, विस्फोटकों और हथियारों से युक्त पूरी खेप कुलिकॉन, आइजोल में पकड़ी गई, जिससे तत्काल मामले की जांच शुरू हो गई। एनआईए हथियार और विस्फोटक तस्करी रैकेट में आरोपियों के आगे के संबंधों का पता लगाने के लिए मामले में अपनी जांच जारी रखेगी।
एनआईए ने दिल्ली व हरियाणा में कुर्क कीं तीन संपत्तियां
एनआईए ने दिल्ली और हरियाणा में संगठित अपराध सिंडिकेट के संदिग्ध सदस्यों की तीन संपत्तियों को कुर्क किया है। एनआईए प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया, आतंकी अर्श डल्ला और विदेशों आतंकियों से संबंध रखने वाले नेटवर्क के खिलाफ कई राज्यों के 129 ठिकानों पर छापे मारे गए थे। इसके बाद ही इन संपत्तियों को कुर्क किया गया। प्रवक्ता ने कहा, कुर्क संपत्तियों में दिल्ली में इरफान उर्फ छेनू पहलवान का एक घर और हरियाणा के गुरुग्राम में कौशल चौधरी और अमित डागर के दो मकान शामिल हैं। इरफान, हत्या और जबरन वसूली के कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।