राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए )और स्पेशल टास्क फोर्स की कोलकाता यूनिट ने दो लोगों को जमातुल मुजाहिद्दीन बांग्लादेश के सदस्य होने के शक में गिरफ्तार किया है। एनामुल मुल्लाह और हबीबुल हक को एनआईए ने एसटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई में मंगलावर की रात कोलकाता से गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस संबंध में बताया कि इन दोनों को बर्दवान ब्लास्ट केस के युसुफ गाजी द्वारा मुजाहिद्दीन में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि हम इन दोनों के बारे में और भी जानकारी इकट्ठा करने की ओर हैं। साथ ही साथ यह जानकारी हासिल करने की कोशिश जारी है कि इनका मुजाहीदीन में क्या रोल था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें इस बात की सूचना मिली है कि पश्चिम बंगाल से कुछ लोगों को मुजाहीदीन में शामिल किया गया है। संभवतः यह गिरफ्तारी इस मामले में और भी जानकारी प्रदान करने में मदद करेगी।