राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने कर्नाटक सरकार और बंगलूरू मेट्रो रेल कॉपरेशन को नोटिस भेजा है। दरअसल, पूरा मामला एक किसान को मेट्रो में चढ़ने से रोकने का है, क्योंकि उसके कपड़े गंदे थे। एनएचआरसी ने बयान में कहा कि किसी भी व्यक्ति को कपड़ों की प्रकृति के आधार पर सार्वजनिक परिवहन तक पहुंच से वंचित नहीं किया जा सकता। आयोग में मीडिया रिपोर्ट के आधार पर स्वत संज्ञान लिया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
आईटी विभाग के शीर्ष अधिकारी को निलंबित कर दिया गया
गोवा सरकार ने नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में आईटी विभाग में पदस्थ एक वरिष्ठ अदिकारी को निलंबित कर दिया। घटना का खुलासा एक ऑडियो टेप वायरल होने से हुआ। आरोपी का नाम सिद्धार्थ बोरकर है, वह डिप्टी डायरेक्टर के पद पर पदस्थ है। ऑडियो वायरल होने के एक दिन बाद अधिकारी को निलंबित कर दिया गया। आरोपी ने एक लाख रिश्वत मांगी थी।
जाति प्रमाण पत्र मामले में नवनीत राणा की याचिका पर फैसला सुरक्षित
सुप्रीम कोर्ट ने बॉम्बे हाईकोर्ट के उनके जाति प्रमाण पत्र को रद्द करने के फैसले को चुनौती वाली अमरावती की सांसद नवनीत कौर राणा की याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया। जस्टिस जेके माहेश्वरी और जस्टिस संजय करोल की पीठ ने स्वतंत्र विधायक की याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रखा। शीर्ष अदालत हाईकोर्ट के आदेश पर पहले ही रोक लगा चुकी है।
मणिपुर : एएसपी के अपहरण के विरोध में पुलिस कमांडो ने हथियार डाल किया विरोध
मणिपुर पुलिस के कमांडो ने अपने हथियार जमीन पर डालकर एएसपी अमित कुमार मोइरंगथेम के अपहरण का विरोध किया। साथ ही पुलिस कमांडो ने हमला होने की स्थिति में उन्हें जवाबी कार्रवाई करने की अनुमति देने की मांग की।
अधिकारियों ने कहा कि घाटी के सभी पांच जिलों के पुलिस कमांडो ने मैतेई कट्टरपंथी समूह अरामबाई तेंगगोल के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर अपने हथियार डाले। साथ ही मांग की कि बल के संगठन के खिलाफ कार्रवाई करने पर राजनीतिक हस्तक्षेप भी नहीं किया जाना चाहिए। दरअसल, मंगलवार को मीरा पैबिस (महिला स्वयंसेवी समूह) और मैतेई समूह अरामबाई तेनगोल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधिकारी का अपहरण कर लिया था। कुछ ही घंटों में उन्हें छुड़ा लिया गया। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती हैं।
हालात तनावपूर्ण, सेना तैनात
मणिपुर में पुलिस अधिकारी के अपहरण के बाद तनाव और बढ़ गया है, जिसके बाद सेना को बुलाया गया है। इतना ही नहीं, इंफाल पूर्वी जिले में असम राइफल की चार टुकड़ियां भी तैनात करनी पड़ी हैं। स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। दरअसल, एएसपी अमित ने कुछ दिन पहले वाहन चोरी के आरोप में मैतेई संगठन अरामबाई तेंगगोल के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद संगठन ने अपने सदस्यों की रिहाई को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था।
बंगाल : अधिकारियों के तबादले पर सरकार से आयोग ने मांगी रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल में हाल ही में हुए प्रशासनिक तबादलों पर चुनाव आयोग ने बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय और राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब की है। उनसे पूछा गया है कि लोकसभा चुनाव से पहले नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण आयोग की ओर से निर्धारित नए मानदंडों के अनुरूप किए गए हैं या नहीं।
सूत्रों के मुताबिक, नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों को उसी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के अधिकार क्षेत्र में या निकटवर्ती जिले में स्थानांतरित न करने के आयोग के अन्य निर्देश का कुछ मामलों में पालन नहीं किया गया है।
महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी का तबादला
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत देशपांडे को हटा दिया गया है। उनके स्थान पर एस चोकलिंगम को तुरंत प्रभाव से यह प्रभार सौंपा गया है। ओडिशा सरकार और सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) से सरकारी पैसे का इस्तेमाल कर जारी किए विज्ञापनों में पार्टी के चिह्न ‘शंख’ के कथित उपयोग को लेकर स्पष्टीकरण मांगा भी आयोग ने मांगा है।
तेलंगाना: सांसद बोले-भाजपा को वोट दीजिए नहीं तो नरक में जाएंगे
तेलंगाना में निजामाबाद के लोकसभा सदस्य डी अरविंद का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसमें वह यह कहते सुनाई देते हैं कि मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के बाद भी यदि लोग भाजपा का समर्थन नहीं करेंगे तो नरक में जाएंगे। उनका बयान सामने आने के बाद वे ट्रोलर्स के निशाने में आ गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो एक विजय संकल्प यात्रा का है, जिसमें अरविंद एक जनसभा में लोगों से अनुरोध करते हुए दिखाई दे रहे हैं कि जो हाथ आपको खिला रहा हो, उसे मत काटिए। इसमें उन्हें यह कहते हुए देखा जा सकता है कि आपको मुफ्त भोजन, मुफ्त गैस मिल रही है, अच्छे स्कूल खोले जा रहे हैं। वह (प्रधानमंत्री) आपके स्वास्थ्य का ध्यान रख रहे हैं। इन सब बातों के बाद भी यदि आप कांग्रेस या बीआरएस को वोट देते हैं तो ऊपरवाला आपको नरक में ले जाएगा। आप स्वर्ग में नहीं जाएंगे।
पश्चिम बंगाल में गंगा नदी का पानी स्नान योग्य नहीं : एनजीटी
राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) ने कहा कि पश्चिम बंगाल में गंगा के पूरे हिस्से में मलीय कोलीफॉर्म की मात्रा अधिक है। इससे नदी का पानी स्नान योग्य नहीं है। एनजीटी ने प्रदूषण से निपटने में कोई प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जुर्माना लगाने की चेतावनी दी।
एनजीटी ने 21 फरवरी के आदेश में कहा कि 258.67 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) अनुपचारित सीवेज सीधे नदी में बह रहा है। एनजीटी प्रत्येक जिले और राज्य में गंगा के प्रदूषण की रोकथाम, नियंत्रण और कमी से संबंधित एक मामले की सुनवाई कर रही है, जहां नदी या उसकी सहायक नदियां बहती हैं।
वाईएसआरसीपी सांसद मगुंटा ने पार्टी से दिया इस्तीफा
आंध्र प्रदेश में ओंगोल लोकसभा सदस्य मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी ने बुधवार को आत्मसम्मान का हवाला देते हुए सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी से इस्तीफा दे दिया। कहा कि मगुंटा परिवार और उसके सदस्यों में अहंकार नहीं, बहुत स्वाभिमान है। अपने आत्म-सम्मान की रक्षा के लिए यह जरूरी है। कुछ अपरिहार्य कारणों के कारण हमें वाईएसआरसीपी छोड़नी पड़ी। यह एक दुखद घटना है, लेकिन मैं वाईएसआरसीपी से इस्तीफा दे रहा हूं। रेड्डी ने कहा, उनके बेटे एम राघव रेड्डी ओंगोल से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
नौकरी के बदले जमीन घोटाले में राबड़ी और दो बेटियों को जमानत
दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को रेलवे में नौकरी के बदले जमीन घोटाले में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी और उनकी बेटियों मीसा भारती व हेमा यादव को नियमित जमानत दे दी। 9 फरवरी को अंतरिम जमानत की अवधि समाप्त होने और ईडी का विरोध नहीं किए जाने पर राउज एवेन्यू कोर्ट के विशेष न्यायाधीश विशाल गोग्ने ने यह फैसला किया।
अभिनेत्री से मारपीट केस में दिलीप की जमानत रद्द करने से इन्कार
केरल हाईकोर्ट ने बुधवार को 2017 के अभिनेत्री उत्पीड़न मामले में आरोपी मलयालम अभिनेता दिलीप को दी गई जमानत रद्द करने से इन्कार कर दिया। जस्टिस सोफी थॉमस ने 2022 में राज्य अभियोजन पक्ष द्वारा दायर एक याचिका पर फैसला सुनाया। हाईकोर्ट ने कहा कि अगर दिलीप की जमानत याचिका अब रद्द कर दी जाती है, तो इससे मुकदमे और अधिक बढ़ सकते हैं। मुश्किलें पैदा होने के साथ कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए खिंच सकती है।
जम्मू-कश्मीर के दो संगठनों पर लगा प्रतिबंध
केंद्र सरकार ने मुस्लिम कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर (सुमजी गुट) और मुस्लिम कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर (भट गुट) को प्रतिबंधित संगठन घोषित कर दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को यह जानकारी दी।
शाह ने कहा कि सरकार आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है। गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ये संगठन राष्ट्र की संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ गतिविधियां चला रहे थे। इससे पहले, केंद्र सरकार ने मंगलवार को जमात-ए-इस्लामी पर प्रतिबंध पांच साल के लिए बढ़ा दिया था।
हिंद-प्रशांत में संयुक्त सैन्य अभ्यास के लिए भारत-जर्मनी तैयार
भारत और जर्मनी ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से रक्षा क्षेत्र में प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान पर सहयोग का संकल्प लिया है। मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। इससे पहले, भारत-जर्मनी उच्च रक्षा समिति (एचडीसी) की मंगलवार को बर्लिन में हुई बैठक में दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सुरक्षा और रक्षा के मुद्दों पर भी चर्चा की।
बैठक के बाद अधिकारियों ने कहा कि भारत और जर्मनी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में संयुक्त सैन्य अभ्यास करने के लिए तैयार हैं। इससे दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग बढ़ेगा। बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने किया, जबकि जर्मनी का नेतृत्व उसके रक्षा मंत्रालय के सचिव बेनेडिक्ट जिमर ने किया। एक बयान में यह भी कहा गया कि कहा गया है कि दोनों पक्षों ने करीबी रक्षा साझेदारी की जरूरत और दोनों पक्षों के रक्षा उद्योगों को एकसाथ जोड़ने पर बल दिया।
बंगाल व असम में कांग्रेस को बड़ा झटका, कौस्तव व राणा ने सौंपा इस्तीफा
लोकसभा चुनाव से पहले बंगाल व असम में कांग्रेस को झटका लगा है। बंगाल में कांग्रेस नेता कौस्तव बागची ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, असम में कांग्रेस नेता राणा गोस्वामी ने पार्टी प्रमुख को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। दोनों ही नेताओं के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं चल रही है।
कौस्तव बागची ने कहा, मैं कांग्रेस के तृणमूल से हाथ मिलाने के खिलाफ हूं। मैं अपने आत्मसम्मान के साथ समझौता नहीं करना चाहता हूं। भाजपा में शामिल होने का संकेत देते हुए बागची ने कहा, एक या दो दिन के भीतर सब स्पष्ट हो जाएगा। मैं कहना चाहूंगा कि फिलहाल भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ही हैं, जो टीएमसी को हटा सकते हैं।
कांग्रेस ने चाय वाला कहकर पीएम मोदी का उड़ाया था मजाक अब विकास पथ पर अग्रसर देश
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब भाजपा ने नरेंद्र मोदी को अपने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया था तो कांग्रेस ने उन्हें चाय बेचने वाला और पिछड़ा व्यक्ति कहकर अपमानित किया था, लेकिन उसी ईमानदार नेता ने देश को मजबूती से विकास के पथ पर खड़ा किया है।
राष्ट्रीय आर्थिक सम्मेलन को बुधवार को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा, प्रधानमंत्री का विकसित भारत का संकल्प एक चर्चा का विषय बन गया है, जिस पर सम्मेलनों, सार्वजनिक बैठकों और राजनीतिक रैलियों में बहस हो रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, विकसित भारत एक सपना नहीं बल्कि संकल्प है, जिसे हमें हकीकत में बदलना है। ठाकुर ने कहा कि सिर्फ 10 साल पहले, देश घोटालों, नीतिगत पंगुता, लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था और वैश्विक स्तर पर गिरते ग्राफ के बीच था। नेतृत्व कमजोर दिखाई दिया और रिमोट कंट्रोल पर चला। गठबंधन धर्म का पालन केवल भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए किया गया था। नेहरू जी के समय में दिया गया गरीबी हटाओ के नारे के बावजूद गरीब और गरीब होते जा रहे थे।
समृद्ध और विकसित भारत के लिए काम करें छात्र : राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को छात्रों से समृद्ध और विकसित भारत के लिए काम करने का आह्वान किया। वह रांची में केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के तीसरे दीक्षांत को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा, भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, जहां 55% आबादी 25 साल की उम्र से कम है। भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। हमने 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाने का लक्ष्य रखा है, इसलिए, छात्रों को इसी के अनुसार अवसर का लाभ उठाना चाहिए।
204 ग्राम हेरोइन के साथ एक नाइजीरियाई समेत 3 गिरफ्तार
मुबारकपुर पुलिस ने 204 ग्राम हेरोइन के साथ एक नाइजीरियाई समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नशा तस्करों की पहचान राजन निवासी करतार नगर, खन्ना जिला लुधियाना और सचिन शर्मा निवासी नवागांव, जिला मोहाली के रूप में हुई है। दिल्ली निवासी नाइजीरियाई युवक दोनों नशा तस्करों को हेरोइन सप्लाई करता था।
24 जवानों के हत्यारे 13 माओवादियों को उम्रकैद
पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में 14 साल पहले ईएफआर कैंप पर हुए माओवादी हमले के 23 दोषियों में से 13 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। मेदिनीपुर के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने बुधवार को सजा सुनाई।
न्यायाधीश सलीम शाहीर की अदालत बाकियों की सजा पर बृहस्पतिवार को फैसला करेगी। उल्लेखनीय है कि 15 फरवरी, 2010 को सीपीआई-माओवादी के गुरिल्ला दस्ते ने शिलदा हेल्थ सेंटर के पास ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स (ईएफआर) कैंप पर हमला कर दिया था। इसमें 24 ईएफआर जवानों की हत्या के अलावा, बड़ी संख्या में हथियार भी लूट लिए गए थे।
इनको उम्रकैद
मानस महतो, राजेश हांसदा, शुकलाल सारेन, कनाई हांसदा, शांतनु सारेन, श्यामचरण हांसदा, कल्पना मैती (अणु), राजेश मुंडा, मंसाराम हेम्ब्रम, ठाकुरमनी हेम्ब्रम (तारा), इंद्रजीत कर्मकार, काजल महतो और मंगल सारेन को अदालत में पेश किया गया था।
बी777-200 एलआर विमान में तकनीकी खराबी
एयर इंडिया द्वारा पट्टे पर लिए गए बी777-200 एलआर विमान की केबिन लाइटनिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी पाई गई। इस वजह से यात्रा के दौरान, केबिन की लाइट चमकती रही। लाइट कम या बंद भी नहीं हो पा रही थी। इसलिए यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें आई मास्क उपलब्ध कराए गए। बता दें, एयर इंडिया ने अमेरिकी कंपनी डेल्टा एयरलाइंस से पांच B777-200 LR विमान पट्टे पर लिए हैं।