फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: आडवाणी फिर अस्पताल में भर्ती कराए गए; कोर्ट से मृत घोषित आरोपी को सीबीआई ने किया गिरफ्तार

Tue, 06 Aug 2024 08:37 PM IST
बशु जैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विदेश मंत्रालय की 23 मई 2016 की प्रेस विज्ञप्ति में आंशिक संशोधन करते हुए लीबिया की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों पर प्रतिबंध लगाया गया है। विदेश मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी है। मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि इसके साथ ही लीबिया में मौजूदा सुरक्षा स्थिति के हमारे आकलन के जवाब में, भारतीय नागरिकों को लीबिया की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है। साथ ही वे सावधानी बरतें, सड़क मार्ग से अंतर-प्रांतीय यात्रा से बचें। इसके अलावा, आपातकालीन फोन नंबर +218943992046 पर त्रिपोली में भारतीय दूतावास के संपर्क में रहें। 

विज्ञापन

 

मिजोरम में प्राकृतिक आपदाओं में मार्च से मई के बीच 42 लोगों की मौत

मिजोरम में मई से मार्च के बीच अलग-अलग प्राकृतिक आपदाओं में 42 लोगों की मौत हो गई। सोमवार को मुख्यमंत्री लालदुहोमा की अध्यक्षता में मिजोरम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसडीएमए) की बैठक में अधिकारियों ने बताया कि आपदाओं में 5,938 मकान और इमारतें नष्ट हुई हैं। 42 मृतकों में से 34 की मौत 28 मई को आइजोल में अचानक हुए भूस्खलन में हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि जून में मिजोरम आई केंद्रीय टीम ने चक्रवात रेमल से हुए नुकसान पर रिपोर्ट सौंप दी है। उन्होंने केंद्र से सहायता मिलने की उम्मीद जताई। राज्य के आपदा प्रबंधन और पुनर्वास मंत्री के सपदांगा ने बताया कि मिजोरम सरकार ने रेमल चक्रवात कारण हुए भूस्खलन और बारिश से प्रभावित लोगों के पुनर्वास व सड़क मरम्मत के लिए केंद्र से 237 करोड़ रुपये की मांग की है।

महाराष्ट्र के नागपुर में मंगलवार सुबह एक ईंट फैक्टरी में वॉयलर फटने से विस्फोट हुआ। इसमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि नौ लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक मौदा तालुका स्थित इकाई में ईंट फैक्टरी में जोरदार धमाके साथ वॉयलर फट गया। पुलिस ने बताया कि घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

अपार्टमेंट का गेट तोड़कर निकाला वृद्ध का शव
ठाणे शहर के एक फ्लैट में एक बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक वृद्ध मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित था। आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख यासीन तडवी ने कहा कि मौत का समय और कारण अभी तक पता नहीं चला है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया कि अग्निशमन केंद्र को सिद्धेश्वर तालाब के पास हंस नगर इलाके के एक फ्लैट में शव मिला। अधिकारी ने बताया कि पड़ोसियों को फ्लैट से दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद उन्होंने अपार्टमेंट को तोड़ दिया। क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन सेल टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे और फ्लैट में क्षत-विक्षत शव पड़ा पाया। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद मृतक की पहचान की गई और वह मानसिक रोगी था। नौपाड़ा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया और दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया।

पद्मश्री से सम्मानित कारोबारी वित्तीय धोखाधड़ी में गिरफ्तार

केरल के कारोबारी व पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित सुंदर सी मेनन (63) को वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतों के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट ने व्यवसायी को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, 2016 में पद्मश्री प्राप्त करने वाले मेनन पर दो फर्मों के नाम पर लोगों से पैसा जमा कराने से जुड़ी वित्तीय धोखाधड़ी के 18 मामले दर्ज हैं। इनमें से एक फर्म में वह निदेशक थे। पुलिस ने बताया, उन्होंने लोगों से 7.78 करोड़ रुपये जमा कराए, पर परिपक्वता अवधि के बाद पैसे वापस नहीं किए।

कोर्ट से मृत घोषित आरोपी को सीबीआई ने किया गिरफ्तार
बैंक धोखाधड़ी के मामले में 20 साल से फरार घोषित अपराधी वी. चलपति राव को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। राव को स्थानीय अदालत ने कुछ साल पहले मृत घोषित कर दिया था। सीबीआई ने मई 2002 में वी. चलपति राव के खिलाफ एसबीआई बैंक के साथ फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। तब वह हैदराबाद में भारतीय स्टेट बैंक की चंदूलाल बिरादरी शाखा में कंप्यूटर ऑपरेटर था। वह 2004 से लापता था। मामले में आरोपी उसकी पत्नी ने हैदराबाद पुलिस में राव के लापता होने की शिकायत दर्ज कराने के सात साल बाद उसे मृत घोषित करने के लिए दीवानी अदालत का रुख किया था। अदालत ने उसे मृत घोषित करने का आदेश दिया था। इसके बाद राव बार-बार अपनी जगह, मोबाइल नंबर और पहचान बदलता रहा। हालांकि, सीबीआई उसके पीछे लगी रही और तमिलनाडु के एक गांव से उसे दबोच लिया।

आडवाणी फिर अस्पताल में भर्ती

पूर्व उप प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी (96) की तबीयत मंगलवार को फिर बिगड़ गई। उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। न्यूरोलॉजिस्ट डॉ विनीत सूरी की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉ. सूरी ने बताया, फिलहाल वह ठीक हैं, जल्द उन्हें छुट्टी मिल जाएगी। इससे पूर्व 26 जून को एम्स में उनका छोटा ऑपरेशन हुआ था। अगले दिन उन्हें छुट्टी मिल गई थी। 
विज्ञापन

बीएसएफ महानिदेशक ने सीमा पर लिया सुरक्षा तैयारियों का जायजा

बांग्लादेश में जारी उथल-पुथल के बीच सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक (कार्यवाहक) दलजीत सिंह चौधरी ने मंगलवार को उत्तर 24 परगना जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात आईसीपी पेट्रापोल और 68वीं बटालियन की बेहद संवेदनशील सीमा चौकी राणाघाट का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने यहां सुरक्षा तैयारियों को जायजा लिया।

मणिपुर के फेरजावल और जिरीबाम में रात्रि कर्फ्यू
मणिपुर सरकार ने बांग्लादेश से घुसपैठ रोकने के लिए फेरजावल और जिरीबाम जिले के कुछ हिस्सों में रात्रि कर्फ्यू लगा दिया। फेरजावल में सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक और जिरीबाम में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें