पूर्व राज्यसभा सांसद गोपालराव पाटिल का निधन
महाराष्ट्र के लातूर शहर में मंगलवार सुबह पूर्व राज्यसभा सांसद और प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गोपालराव पाटिल का निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। परिवार के अनुसार उन्होंने सुबह 7:12 बजे एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे 94 वर्ष के थे। डॉ. पाटिल का जन्म 3 अक्तूबर 1931 को धाराशिव जिले के कावठा गांव में हुआ था। उन्होंने हैदराबाद की उस्मानिया यूनिवर्सिटी से मेडिकल की पढ़ाई की थी और बाद में लातूर के एक प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में अपनी पहचान बनाई।
- केंद्र सरकार ने मनरेगा मजदूरों के लिए जारी की 17,744 करोड़ रुपये की पहली किस्त
केंद्र सरकार ने मनरेगा मजदूरों के लिए 17,744 करोड़ रुपये की किस्त जारी कर दी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की यह पहली अदायगी है। इस राशि से अब विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मजदूरों को समय पर मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार, चालू वित्तीय वर्ष में अब तक काम की मांग में कोई असामान्य वृद्धि नहीं देखी गई है। हालांकि, सामान्य रूप से इस अवधि में विभिन्न राज्यों में रोजगार की मांग अधिक रहती है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रस्तावित वीबी-जी रामजी कानून के लागू होने तक मनरेगा पूरी तरह प्रभावी रहेगा। ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने में कोई बाधा नहीं आएगी। मनरेगा के तहत मांग पर रोजगार देने, समय पर मजदूरी भुगतान सहित सभी कानूनी अधिकार पहले की तरह जारी रहेंगे। सरकार ने यह कदम ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों को पश्चिम एशिया संकट से प्रभावित होने से बचाने के लिए उठाया है। ताकि कामगारों को सुरक्षा मिले और आय का साधन चलता रहे। मंत्रालय ने कहा कि मजदूरी भुगतान समय पर हो, इसके लिए लगभग 17,744 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की जा रही है। नया कानून लागू होने पर 125 दिनों के रोजगार की बेहतर गारंटी दिए जाने का प्रस्ताव है। संशोधित मजदूरी दरें अलग से घोषित की जाएंगी।
- ग्रामीण आवास योजना पर विशेष जोर
मंत्रालय के मुताबिक, ग्रामीण आवास योजना पर केंद्र का विशेष जोर है। ग्रामीण क्षेत्रों में सभी के लिए आवास लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत मार्च 2029 तक 4.95 करोड़ घरों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण सामग्री की आपूर्ति या कीमतों में उतार-चढ़ाव की संभावना को देखते हुए समय पर डीबीटी भुगतान, आवास से निगरानी, जियो-टैगिंग और अधूरे घरों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।
- ईडी के समन के बाद कोलकाता पुलिस के डीसीपी शांतनु लापता, संदेह गहराया
कोलकाता पुलिस के उपायुक्त (डीसीपी) शांतनु सिन्हा बिस्वास को लेकर संदेह गहराता जा रहा है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन के बावजूद वह सोमवार को सॉल्टलेक स्थित सीजीओ कॉम्प्लेक्स में पेश नहीं हुए। रविवार तड़के से उनके बालीगंज के आवास पर करीब 20 घंटे चले छापों के बाद से ही शांतनु का पता नहीं चला है।
सोमवार को ईडी ने शांतनु और उनके दो बेटों- सायंतन और मनीष को पूछताछ के लिए तलब किया था, पर दोपहर तक तीनों में से कोई भी नहीं पहुंचा। इस दौरान छापों को लेकर परस्पर विरोधी दावे भी सामने आए। शांतनु के बेटे सायंतन ने कहा था कि छापों के वक्त उनके पिता घर पर ही थे। वहीं, ईडी सूत्रों का दावा है कि शांतनु वहां नहीं थे। फिलहाल उनका मोबाइल बंद है और लोकेशन को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। इस मामले के तार सोना पप्पू और बेहाला के गिरफ्तार कारोबारी जॉय कामदार के वित्तीय लेनदेन से जुड़े हैं। एजेंसी को संदेह है कि शांतनु या उनके बेटों का इन लोगों से आर्थिक संबंध हो सकता है। शांतनु के दोनों बेटे शिक्षा संस्थानों से जुड़े कारोबार में सक्रिय हैं और उनकी कामदार से जान-पहचान बताई जा रही है। ईडी के समन की अनदेखी और अचानक संपर्क से बाहर होने के कारण यह मामला अब प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
तेलंगाना में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 20 किलो हश ऑयल बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 2.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मिली सूचना के आधार पर की गई। आरोपी ओडिशा और आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्हें वारंगल बस स्टैंड के पास रेलवे गुड्स शेड इलाके में संदिग्ध हालत में पकड़ा गया, जहां वे मुंबई जाने की तैयारी में थे और ड्रग्स की तस्करी करने की कोशिश कर रहे थे।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह गांजे से हश ऑयल तैयार कर अलग-अलग शहरों में सप्लाई करता था। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी अपने गांव में गांजे की खेती करता था और वहीं से ड्रग्स बनाकर गिरोह के साथ मिलकर बेचता था। पुलिस ने यह भी बताया कि हाल ही में गिरोह ने करीब 40 किलो हश ऑयल तैयार किया था, जिसमें से 20 किलो एक फरार आरोपी अपने साथ ले गया था। बाकी 20 किलो बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है, ताकि इस अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी रैकेट को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
बंगलूरू की एक अदालत ने कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। यह आदेश हाल ही में एक कबड्डी मैच के दौरान उनके द्वारा सट्टेबाजी को लेकर की गई एक कथित टिप्पणी के बाद आया है। अदालत ने पुलिस को इस मामले में तत्काल जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
पूरा मामला तुमकुरु में आयोजित एक राज्य स्तरीय कबड्डी टूर्नामेंट से जुड़ा है। फाइनल मैच के बाद पुरस्कार वितरण के दौरान परमेश्वर ने मजाक में कहा था कि मैं 500 रुपये हार गया, क्योंकि मैंने डिप्टी कमिश्नर के साथ शर्त लगाई थी कि विजयपुरा की टीम जीतेगी। हालांकि यह बयान हंसी-मजाक में दिया गया था, लेकिन इसकी काफी आलोचना हुई।