प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलंबिया के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने वाले एबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि भारत और कोलंबिया के बीच दोस्ती लगातार मजबूत हो रही है। मोदी ने उम्मीद जताई कि दोनों देश आने वाले वर्षों में आपसी सहयोग और द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। करोड़पति कारोबारी और राजनीति में नए एबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला को हाल ही में चुनाव अधिकारियों ने विजेता घोषित किया है। प्रधानमंत्री ने उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं भी दीं।
NEET-UG से मिले सबक को अब परखेगी संसदीय समिति
संसद की शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल मामलों की स्थायी समिति एक जुलाई को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली, नीट-यूजी परीक्षा से जुड़े अनुभवों और एजेंसी में किए जा रहे सुधारों की समीक्षा करेगी। समिति के सामने एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह, उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी और एनटीए सुधार समिति के अध्यक्ष तथा इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. के. राधाकृष्णन पेश होंगे। समिति की अध्यक्षता हाल ही में नियुक्त कांग्रेस सांसद मुकुल वासनिक करेंगे। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष दिग्विजय सिंह का स्थान लिया है। समिति की पहली बैठक का मुख्य एजेंडा 21 जून को आयोजित दोबारा नीट-यूजी परीक्षा और उससे मिले अनुभवों की समीक्षा करना है। बैठक में एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह समिति को बताएंगे कि परीक्षा संचालन से क्या सीख मिली और भविष्य में परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी भी सुधारों की जानकारी देंगे।
मणिपुर: जबरन वसूली में शामिल चार उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार जब्त
मणिपुर के तीन जिलों से सुरक्षा बलों ने चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इन पर जबरन वसूली और कई प्रतिबंधित संगठनों में लोगों को भर्ती करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि इस दौरान पश्चिम इंफाल जिले के लामसांग पुलिस थाने इलाके में फायेंग और खारंग कोइरेंग ताइरेनपोकपी के बीच हथियारों और गोला-बारूद का एक जखीरा बरामद किया गया।
सीबीएसई: 10वीं तक नहीं बदलनी होगी विदेशी भाषा
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने स्कूलों में तीन भाषाओं वाली नीति (त्रि-भाषा फॉर्मूला) को लेकर भ्रम को दूर किया है, जिससे लाखों छात्रों को बड़ी राहत मिली है। बोर्ड ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में 7वीं, 8वीं और 9वीं में पढ़ने वाले जिन विद्यार्थियों ने त्रि-भाषा नीति के तहत दो विदेशी भाषाओं को चुना है, उन्हें मौजूदा भाषाएं बदलने की जरूरत नहीं है। ये विद्यार्थी कक्षा 10 तक उन्हीं भाषाओं के साथ पढ़ाई जारी रख सकेंगे।
सीबीएसई के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नई भाषा नीति के तहत कम के कम दो भारतीय भाषाएं पढ़ने की अनिवार्यता अगले सत्र में कक्षा 6 से लागू होगी। इसे कक्षा 7 से 9 में पहले से पढ़ रहे विद्यार्थियों पर नहीं थोपा जाएगा। बोर्ड ने मई में जारी सर्कुलर में कहा था कि एक जुलाई से कक्षा 9 में प्रवेश करने वाले विद्यार्थियों को तीन भाषाएं पढ़नी होंगी, जिनमें दो भारतीय भाषाएं होनी चाहिए। बोर्ड के इस नियम का विद्यार्थियों और अभिभावकों ने विरोध किया था और कई विद्यार्थियों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था।
पहले अनिवार्य की थीं तीन भाषाएं
बोर्ड ने 15 मई को सर्कुलर में कहा था, जब तक तीसरी भाषा की नई पुस्तकें नहीं आ जाती हैं, तब तक कक्षा 9 के विद्यार्थी चुनी भाषा के लिए कक्षा 6 की किताबों का इस्तेमाल करेंगे। अप्रैल में, बोर्ड ने सत्र 2026-27 से कक्षा 6 से त्रि-भाषा नीति लागू करने और कक्षा 9 के लिए गणित व विज्ञान के लिए दो-स्तरीय प्रणाली शुरू करने की घोषणा की थी।
तेलंगाना: नलगोंडा में परिवार के चार लोगों की हत्या मामले में रिश्तेदार निकला कातिल
तेलंगाना के नलगोंडा शहर में पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए शुक्रवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने अपनी पत्नी, एक दोस्त और एक ज्वेलर के साथ मिलकर निजी रंजिश, आर्थिक तंगी और नगदी व सोने के गहने लूटने की मंशा से इस अपराध की साजिश रची थी। नलगोंडा जिले के पुलिस अधीक्षक शरत चंद्र पवार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक जांच की मदद से पुलिस ने यह मामला तीन दिनों के भीतर सुलझा लिया।
मृतकों की पहचान मोहम्मद सुल्तान (45), पत्नी हसीना (38), बेटे मुजम्मिल (20) और बेटी अप्सरा (14) के रूप में हुई है। इन चारों के शव 22 जून को नलगोंडा टाउन के तेलंगाना कॉलोनी स्थित उनके घर से सड़ी-गली हालत में बरामद किए गए थे। जांच में सामने आया कि सैयद असलम पीड़ित परिवार का रिश्तेदार है, उसने ही 20 जून को इस हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने उसकी पत्नी तबस्सुम और दो अन्य सहयोगियों सोहैल और हेमंत कुमार को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हसीना ने एक साल पहले अपनी भांजी तबस्सुम और असलम को 1 लाख रुपए का कर्ज दिया था। बाद में असलम ने दोबारा 1 लाख रुपए का कर्ज मांगा, लेकिन हसीना ने मना कर दिया और पुराना कर्ज लौटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों में रंजिश बढ़ गई और हत्या की साजिश रची गई।
गुजरात: एसीबी ने 5 लाख रुपए की रिश्वत लेते पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया
गुजरात भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को अहमदाबाद ग्रामीण के बोपाल पुलिस स्टेशन में तैनात एक सेवारत सब-इंस्पेक्टर और एक हेड कांस्टेबल को रिश्वत मांगने और लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक मामले में आपराधिक कार्रवाई शुरू होने से रोकने के लिए कथित तौर पर 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने ब्यूरो से संपर्क किया था क्योंकि उसने आरोप लगाया था कि बोपाल पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ दायर एक आवेदन की जांच आरोपी अधिकारियों द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान, अधिकारियों ने शुरू में यह सुनिश्चित करने के लिए 10 लाख रुपए की मांग की कि उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज न हो। बातचीत के बाद, मांग कथित तौर पर घटाकर 5 लाख रुपए कर दी गई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खेड़ा एसीबी टीम ने स्वतंत्र पंच गवाहों के साथ जाल बिछाया।
ऑपरेशन के दौरान, हेड कांस्टेबल दिलीपकुमार भोई ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से बातचीत की और रिश्वत के तौर पर पांच लाख रुपए लिए। इसके बाद, उन्होंने सब-इंस्पेक्टर प्रीतल चौधरी से मोबाइल फोन पर स्पीकर मोड पर संपर्क किया और उन्हें पैसे मिलने की सूचना दी, जिसके बाद उन्होंने कथित तौर पर फोन पर अपनी सहमति दी। कांस्टेबल को मौके पर ही नकदी के साथ पकड़ा गया, जबकि सब-इंस्पेक्टर मौके पर नहीं मिले। जब्त की गई पूरी रकम बरामद कर ली गई और दोनों अधिकारियों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला गुजरात में पुलिसकर्मियों के खिलाफ हाल ही में हुई एसीबी की कार्रवाइयों की श्रृंखला में शामिल है।
मिजोरम: तीन ड्रग रैकेट का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार और 1.31 करोड़ रुपए की हेरोइन जब्त
असम राइफल्स ने मिजोरम पुलिस और आबकारी एवं नारकोटिक्स विभाग के साथ अलग-अलग संयुक्त अभियानों में 1.31 करोड़ रुपए से अधिक की हेरोइन जब्त की और मिजोरम में तीन महिलाओं सहित छह ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर असम राइफल्स के जवानों ने मिजोरम पुलिस के समन्वय से चम्फाई जिले के जोटे क्षेत्र में एक लक्षित अभियान चलाया।
एक संदिग्ध दोपहिया वाहन की तलाशी के दौरान, संयुक्त दल ने 87.2 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 65.40 लाख रुपए है। इस दौरान एक संदिग्ध ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए नशीले पदार्थों, आरोपियों और वाहन को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए चम्फाई स्थित आबकारी एवं नारकोटिक्स विभाग को सौंप दिया गया। एक अन्य खुफिया जानकारी पर आधारित अभियान में असम राइफल्स ने आबकारी एवं मादक पदार्थ विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर आइजोल जिले के तुइकुअल उत्तर में एक घर पर छापा मारा।
टीम ने पांच बक्सों में छिपाई गई लगभग 63 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 47.25 लाख रुपए है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मादक पदार्थों की तस्करी म्यांमार से आइजोल और देश के अन्य हिस्सों में वितरण के लिए की गई थी। इस अभियान के दौरान तीन महिलाओं सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों और जब्त किए गए प्रतिबंधित पदार्थों को आगे की जांच के लिए आबकारी एवं मादक पदार्थ विभाग को सौंप दिया गया। एक तीसरे अभियान में, असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने चम्फाई जिले के जोटे इलाके में फिर से संयुक्त तलाशी अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप एक संदिग्ध वाहन से लगभग 18.60 लाख रुपए मूल्य की 24.8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि नशीले पदार्थों, आरोपी और वाहन को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी एवं नारकोटिक्स विभाग को सौंप दिया गया।
सीजीएचएस मरीजों को बड़ी राहत, अब मेडिकल बिलों की मंजूरी होगी आसान
केंद्र सरकार ने केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) के लाखों लाभार्थियों को बड़ी राहत दी है। अब मेडिकल बिलों के भुगतान, महंगे इलाज की मंजूरी और विशेष चिकित्सा प्रक्रियाओं से जुड़े मामलों का निपटारा पहले की तुलना में कहीं अधिक तेजी से हो सकेगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने अधिकारियों की वित्तीय मंजूरी की सीमा भी बढ़ा दी है, जिससे हर छोटे-बड़े मामले को मंत्रालय भेजने की जरूरत नहीं रहेगी।
नए आदेश के मुताबिक अब सीजीएचएस के अधिकारी पहले से अधिक राशि के मेडिकल क्लेम का निपटारा स्वयं कर सकेंगे। अतिरिक्त निदेशक स्तर के अधिकारी जिला और जोन स्तर पर पहले साल लाख रुपये तक की मंजूरी देते थे। अब 15 लाख रुपये तक की मंजूरी दे सकेंगे। इसी तरह सीजीएचएस निदेशक 15 की बजाय 25 लाख और अतिरिक्त सचिव एवं महानदेशक 25 की बजाय 50 लाख रुपये तक के बिलों की मंजूरी दे सकेंगे। अब केवल 50 लाख रुपये से अधिक के मामलों को स्वास्थ्य मंत्रालय की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
महंगे इलाज और इम्प्लांट के मामलों में भी राहत
ऐसी जांच, प्रक्रियाएं या इम्प्लांट जिनकी सीजीएचएस पैकेज दर तय नहीं है, उनके लिए भी मंजूरी की सीमा बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त निदेशक अब दो लाख रुपये तक मंजूरी दे सकेंगे। पहले एक लाख तक की मंजूरी दे सकते थे। निदेशक, सीजीएचएस अब 5 लाख रुपये तक मंजूरी देंगे। पहले यह तीन लाख रुपये तक की मंजूरी दे सकते थे। इसी तरह अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक अब 10 लाख रुपये तक मंजूरी दे सकेंगे। पहले 5 लाख रुपये तक की मंजूरी दे सकते थे। इससे मरीजों को महंगे इलाज के लिए मंजूरी मिलने में कम समय लगेगा।
तमिलनाडु में मुहर्रम पर दिखी सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल
तमिलनाडु के तंजावुर जिले के कसावलानाडु पुदुर गांव में मुहर्रम के अवसर पर हिंदू और मुस्लिम समुदाय ने मिलकर धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। गांव के सैकड़ों हिंदुओं ने रोजा रखा, दुआ में शामिल हुए और 'अल्लाह' के प्रतीक के साथ निकली शोभायात्रा में भाग लिया। कई लोगों ने अपनी मन्नत पूरी करने के लिए जलते अंगारों पर भी चलकर श्रद्धा जताई। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज के साथ हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव में पिछले करीब 300 वर्षों से सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की यह परंपरा चली आ रही है।
गोवा में 1.03 करोड़ वर्गमीटर भूमि को बनाया गया नो डेवलपमेंट जोन
गोवा सरकार ने दक्षिण गोवा के साल्सेट तालुका में 1.03 करोड़ वर्गमीटर पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील भूमि को 'नो डेवलपमेंट जोन' (एनडीजेड) घोषित किया है। इस क्षेत्र में धान के खेत, नमक के खेत और अन्य प्राकृतिक इलाके शामिल हैं। राज्य के नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा कि इस फैसले का उद्देश्य पर्यावरण और प्राकृतिक पारिस्थितिकी की रक्षा करना है। सरकार का मानना है कि तेजी से हो रहे शहरी विकास के बीच इन संवेदनशील क्षेत्रों को सुरक्षित रखना जरूरी है ताकि गोवा की प्राकृतिक विरासत और कृषि भूमि बची रहे।
यूपी में 2027 चुनाव की तैयारी तेज, जुलाई में आएंगे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन जुलाई के पहले सप्ताह में लखनऊ का दौरा करेंगे। उनके साथ संगठन महासचिव बी.एल. संतोष भी दो दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान नई प्रदेश टीम के साथ चुनावी रणनीति, बूथ सत्यापन अभियान और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा होगी। हाल ही में बीजेपी ने प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव करते हुए नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक अपनी योजनाओं और सरकार के कामकाज को लोगों तक पहुंचाना है।
एफसीआरए संशोधन किसी समुदाय के खिलाफ नहीं- राजीव चंद्रशेखर
केरल बीजेपी अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा है कि विदेशी अंशदान विनियमन कानून (एफसीआरए) में किए गए संशोधन किसी भी समुदाय को निशाना बनाने के लिए नहीं हैं। उनका कहना है कि इन बदलावों का उद्देश्य विदेशी फंड के गलत इस्तेमाल और मनी लॉन्ड्रिंग को रोकना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस मुद्दे का चुनाव के दौरान राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश की। चंद्रशेखर ने कहा कि यदि किसी संस्था को संशोधनों पर कोई चिंता है तो वह गृह मंत्रालय से बातचीत कर सकती है। उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन दो दिवसीय कर्नाटक दौरे पर जाएंगे
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 27 और 28 जून को दो दिवसीय कर्नाटक दौरे पर रहेंगे। 27 जून को वह बंगलूरू में नादप्रभु श्री केम्पेगौड़ा की 517वीं जयंती समारोह में शामिल होंगे। 28 जून को वह राजीव गांधी स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में आयोजित 'नशा मुक्त भारत' सम्मेलन में भाग लेंगे। इससे पहले उपराष्ट्रपति ने भवाईया लोक संस्कृति पर आधारित एक पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि भारत की भाषाएं, संगीत और लोक परंपराएं देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं तथा इन्हें संरक्षित और आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।
भारत-यूके व्यापक व्यापार समझौते का लाभ पहुंचाने के लिए देशभर में 1,000 सलाहकार कर्मी नियुक्त होंगे
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने ऐलान किया है कि भारत-यूके व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए देशभर में 1,000 सलाहकार कर्मी नियुक्त होंगे। साथ ही, व्यापार पोर्टल को भी उन्नत किया जाएगा ताकि व्यवसायों को समझौते से संबंधित सभी सुविधाएं और जानकारी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जा सके। गोयल ने यह बातें लंदन यूके-इंडिया वीक में कहीं। उन्होंने कहा कि 1,000 सलाहकार कर्मी समझौते से संबंधित सभी सुविधाएं और जानकारी प्रभावी ढंग से उद्योगों व निर्यातकों को उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह विकसित होती साझेदारी दोनों देशों के आर्थिक संबंधों की गहराई और विविधता को दर्शाती है।
कोलकाता गोदाम हादसे में 16 लोगों की मौत
कोलकाता के तारातला में निर्माणाधीन गोदाम गिरने के मामले में 16 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 19 लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी कोलकाता पुलिस ने दी है।
केरल में पुलिस स्टेशन से सोने के गहने गायब, जांच शुरू
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि यहां के करिपूर पुलिस स्टेशन से लगभग आठ सॉवरेन (लगभग 64 ग्राम) सोने के गहने कथित तौर पर गायब हो गए हैं। ये गहने आम लोगों को कहीं गिरे हुए मिले थे और उन्होंने इन्हें पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस के अनुसार, राज्य की स्पेशल ब्रांच से मिली जानकारी के बाद डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DySP) की अगुवाई में एक टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इन गहनों में सोने की तीन चेन, दो जोड़ी झुमके, एक अंगूठी और एक ब्रेसलेट शामिल थे, जो आम लोगों ने पाया था और सुरक्षित रखने के लिए पुलिस स्टेशन में जमा कराया था, ताकि इन्हें इनके असली मालिकों को लौटाया जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि इनमें से कुछ गहने करिपूर एयरपोर्ट पर कुछ यात्रियों को गिरे हुए मिले थे और इन्हें पुलिस स्टेशन की एक अलमारी में रखा गया था। उन्होंने बताया कि जांच के तहत यह पता लगाने के लिए स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है कि क्या गहने चोरी हुए थे।
तटरक्षक बल को मिला नई पीढ़ी का तीव्र गश्ती पोत आईसीजीएस अक्षय
भारतीय तटरक्षक बल ने शनिवार को गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा निर्मित नई पीढ़ी के तीव्र गश्ती पोत आईसीजीएस अक्षय को शामिल किया, जिसका उद्देश्य समुद्री सुरक्षा, खोज और बचाव अभियान और तटीय निगरानी को मजबूत करना है। वरिष्ठ तटरक्षक अधिकारियों और सरकारी गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में स्वदेशी जहाज को वास्को स्थित गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में औपचारिक रूप से सेवा में शामिल किया गया। गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा डिजाइन और निर्मित, इस पोत का निर्माण केंद्र की 'आत्मनिर्भर भारत' और 'मेक इन इंडिया' पहलों के तहत किया गया है, जो देश की स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमताओं को प्रदर्शित करता है।
यह तीव्र गति से चलने वाला गश्ती पोत समुद्री कानून प्रवर्तन, तटीय सुरक्षा, खोज और बचाव अभियान, समुद्री पर्यावरण संरक्षण और संकट में फंसे नाविकों की सहायता सहित कई प्रकार के मिशनों को अंजाम देगा। इसकी कमान कमांडेंट (जूनियर ग्रेड) दीपक चौबे के हाथ में होगी। बयान में कहा गया है कि आईसीजीएस अक्षय की शुरुआत तटरक्षक बल के चल रहे बेड़े आधुनिकीकरण कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारत की विशाल तटरेखा पर समुद्री सुरक्षा, संरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ाना है।
शुभेंदु अधिकारी ने मृत BJP कार्यकर्ता के परिवार से की मुलाकात
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को हावड़ा के बागनान स्थित मृत भाजपा कार्यकर्ता प्रशांत डे के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले की तेजी से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। परिजनों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी आश्वासन दिया। प्रशांत डे के बेटे ने बताया कि परिवार ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की, जिस पर मुख्यमंत्री ने न्याय दिलाने का भरोसा दिया। हावड़ा ग्रामीण पुलिस के अनुसार, मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि स्थानीय लोगों का दावा है कि मुख्य आरोपी, जो कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस का नेता है, अभी भी फरार है। 17 जून को प्रशांत डे की कथित राजनीतिक हमले में हत्या कर दी गई थी।
बंगलूरू को मिली 10.7 किमी लंबी सिग्नल-फ्री सड़क
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री एस.एम. कृष्णा के नाम पर बनी 10.7 किलोमीटर लंबी, 100 मीटर चौड़ी सिग्नल-फ्री और टोल-फ्री सड़क का उद्घाटन किया। 631 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस 10-लेन आधुनिक सड़क से मगडी रोड और मैसूर रोड के बीच यात्रा का समय 60 मिनट से घटकर करीब 20 मिनट रह जाएगा। यह कॉरिडोर कदबगेरे क्रॉस को चल्लाघट्टा मेट्रो स्टेशन से जोड़ता है। सड़क पर सर्विस रोड, हरित बुलेवार्ड और साइकिल ट्रैक जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। उद्घाटन के दौरान शिवकुमार ने कहा कि सार्वजनिक परियोजनाओं के लिए स्वेच्छा से भूमि देने वाले लोगों के सम्मान में 'वॉल ऑफ ग्रैटिट्यूड' बनाई जाएगी, जिस पर उनके नाम स्थायी रूप से दर्ज होंगे। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस सड़क का विस्तार 123 किलोमीटर तक करने की योजना है।