आज 27 जून 2026 को जेष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी है। आज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिन के सेशेल्स के दौरे पर रहेंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नोएडा के दौरे पर रहेंगे।
मुख्यमंत्री योगी का नोएडा दौरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को नोएडा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-96 में बने प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करेंगे। नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे किनारे 390 करोड़ रुपए की लागत से 7 मंजिल की इमारत बनकर तैयार हुई है। इमारत 24000 वर्ग मीटर में बनाई गई है। शनिवार को मुख्यमंत्री ग्राउंड फ्लोर पर बने ऑडिटोरियम में किसान, उद्यमियों को आवंटन पत्र वितरित करेंगे। 7वें फ्लोर पर बने चेयरमैन ऑफिस के कॉन्फ्रेंस रूम में सीएम पीडब्ल्यूडी की बैठक लेंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का ब्रिटेन दौरा
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ब्रिटेन के दौरे पर हैं। आज उनके दौरे का आखिरी दिन है। इस दौरान उन्होंने उद्योग जगत की हस्तियों और निवेशकों के साथ कई बैठकों में भी हिस्सा लिया।
आज है एमएसएमई दिवस
संयुक्त राष्ट्र ने शनिवार को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) दिवस नियत किया है। यह आयोजन एमएसएमई के उन महत्वपूर्ण योगदानों के प्रति जागरूकता बढ़ाता है जो संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) को हासिल करने में सहायक हैं। इस वर्ष एमएसएमई दिवस का विषय है “नवाचार और सतत औद्योगिक विकास के माध्यम से एमएसएमई का सशक्तिकरण।” है।
आईसीसी महिला टी20 में तीन मुकाबले
आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में शनिवार को तीन मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर तीन बजे से नीदरलैंड और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। ग्रुप चरण के अपने आखिरी मुकाबले में उतर रही दोनों टीमें टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज करने की कोशिश करेंगी। शाम सात बजे आयरलैंड और वेस्टइंडीज आमने-सामने होंगे। वहीं, दिन के आखिरी मैच में रात 11 बजे इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला होगा।