फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Update: PM मोदी आज 43 लाख युवाओं को देंगे PM-VBRY की पहली किस्त; ओडिशा में 128 मेडिकल अफसरों पर होगी कार्रवाई

Fri, 19 Jun 2026 11:19 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
ओडिशा सरकार ने लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले सरकारी डॉक्टरों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई का फैसला किया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में तैनात उन मेडिकल अधिकारियों और डेंटल सर्जनों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं, जो वर्षों से बिना अनुमति ड्यूटी से गायब हैं।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, राज्य के अलग-अलग सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में नियुक्त 128 मेडिकल ऑफिसर और डेंटल सर्जन पिछले पांच वर्ष या उससे अधिक समय से सेवा से अनुपस्थित हैं। इन अधिकारियों की स्थिति स्पष्ट करने और उन्हें जवाब देने का अवसर देने के लिए सरकार ने समाचार पत्रों में सार्वजनिक नोटिस भी प्रकाशित किए थे। इसके बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और लंबे समय तक अनधिकृत अनुपस्थिति जारी रहने के कारण उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

सरकार का मानना है कि डॉक्टरों की अनुपस्थिति का सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की देखभाल पर पड़ता है। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में चिकित्सकों की कमी से लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित होती है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने एक अलग मामले में कंधमाल पुलिस अस्पताल की पूर्व मेडिकल ऑफिसर डॉ. बिचक्षणा पाणिग्रही को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का आदेश भी दिया है। अधिकारियों के अनुसार, डॉ. पाणिग्रही वर्ष 2012 से बिना अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित थीं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा उन्हें कई बार नोटिस जारी कर अनुपस्थिति का कारण बताने और पुनः कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए, लेकिन उन्होंने किसी भी नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
विज्ञापन


पीएम मोदी आज देंगे 43 लाख युवाओं को पीएम-वीबीआरवाई की पहली किस्त की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को विज्ञान भवन में पीएम विकसित भारत रोजगार योजना (पीएम-वीबीआरवाई) के तहत लाभार्थियों को पहली किस्त जारी करेंगे। इस योजना के माध्यम से पहली बार नौकरी पाने वाले 43.26 लाख युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री 2400 करोड़ रुपये की राशि उनके खातों में ट्रांसफर करेंगे।

इस योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को दो किस्तों में कुल 30,000 रुपये (15-15 हजार) दिए जाएंगे। पहली किस्त छह महीने की सेवा पूरी होने पर और दूसरी 12 महीने के बाद मिलेगी। इसके अतिरिक्त, युवाओं को रोजगार देने वाली कंपनियों को भी प्रति कर्मचारी 3,000 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। विनिर्माण क्षेत्र पर केंद्रित इस योजना के लिए 99,446 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। योजना का लाभ 18 से 30 वर्ष के उन युवाओं को मिल रहा है, जिनका ईपीएफओ में पहली बार खाता खुला है। वर्तमान में इस योजना से 60 लाख युवा जुड़े हैं। इनमें 18.04 लाख महिलाएं शामिल हैं। 19 जून को जारी होने वाली यह किस्त उन युवाओं के लिए है, जिन्होंने 1 अगस्त 2025 को पहली बार नौकरी शुरू की थी।  

प्रधानमंत्री मोदी कल 9.44 करोड़ किसानों के खाते में भेजेंगे 19,880 करोड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के दौरे के दौरान पीएम-किसान योजना के तहत 23वीं किस्त जारी करेंगे। देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में सीधे 19,880 करोड़ ट्रांसफर होंगे।

पीएम मोदी पश्चिम बंगाल में 12,200 करोड़ के कुल परिव्यय के साथ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना (आरडब्ल्यूबीसीआईएस) की शुरुआत भी करेंगे। इसके तहत वर्ष 2026-27 के दौरान 30 लाख हेक्टेयर में 1.10 करोड़ किसानों को फसल बीमा कवर देने का लक्ष्य है। इसके अलावा प्रधानमंत्री डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत एग्री-टेक प्लेटफॉर्म, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (346 क्लस्टर) और पुरुलिया, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार व झाड़ग्राम जिलों के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना लॉन्च करेंगे। ग्रामीण कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए पीएमजीएसवाई-3 के तहत 213 करोड़ से अधिक की 49 सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा।  
 

राष्ट्रपति मुर्मू के जन्मदिन पर पहाड़पुर पहुंचेगे पीएम मोदी
ओडिशा के मयूरभंज जिले के लिए 19 और 20 जून का दिन इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज होने जा रहा है। पहली बार देश के दो सर्वोच्च सांविधानिक पदों पर आसीन नेता, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एक साथ जिले का दौरा करेंगे। राष्ट्रपति के गृह जनपद और उनके पैतृक गांव पहाड़पुर में इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने पैतृक गांव पहाड़पुर आने का निमंत्रण दिया था। प्रधानमंत्री ने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए 20 जून को पहाड़पुर पहुंचने का कार्यक्रम तय किया है। इस घोषणा के बाद से पूरे मयूरभंज, विशेषकर रायरंगपुर और पहाड़पुर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। गांव के लोग, जिन्होंने द्रौपदी मुर्मू को बचपन से देखा है, अपनी 'माटी की बेटी' के साथ-साथ पहली बार प्रधानमंत्री मोदी को इतने करीब से देखने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। प्रशासनिक तैयारियों के साथ-साथ गांव को भी विशेष रूप से सजाया जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मू 19 जून को दोपहर 3:15 बजे डंडबोस एयरस्ट्रिप पहुंचेंगी। वहां से सड़क मार्ग से रायरंगपुर स्थित अपने आवास जाएंगी और लगभग 3:30 बजे पहुंचने की संभावना है। शाम 6 बजे वह रायरंगपुर अस्पताल परिसर में एम्स द्वारा आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर का दौरा करेंगी और आम लोगों से संवाद करेंगी। इसके बाद, 20 जून को राष्ट्रपति सुबह 10:30 बजे पहाड़पुर गांव पहुंचेंगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11:05 बजे गांव पहुंचेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।

गोवा: 22 सितंबर से राज्यव्यापी अभियान शुरू करेगी कांग्रेस
गोवा में विपक्षी कांग्रेस ने गुरुवार को घोषणा की कि वह 22 सितंबर से एक राज्यव्यापी अभियान शुरू करेगी, जिसका उद्देश्य भाजपा सरकार के खिलाफ जनता को एकजुट करना है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मौजूदा सरकार युवाओं को बेरोजगारी की ओर धकेल रही है और जमीन की अनियंत्रित बिक्री को बढ़ावा दे रही है।

कांग्रेस का यह 'गोएम राखोन यात्रा' (गोवा बचाओ अभियान) वर्ष 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले शुरू किया जा रहा है। उत्तर गोवा के मापुसा में आयोजित 'जनक्रांति' कार्यक्रम में विपक्ष के नेता और कांग्रेस विधायक यूरी अलेमाओ ने कहा कि यह यात्रा लोगों को यह समझाने के लिए निकाली जाएगी कि भाजपा सरकार ने जमीन, नौकरी बेचकर और लोकतंत्र को कमजोर कर गोवा को बर्बाद किया है।

उन्होंने कहा,हम लोगों को बताएंगे कि भाजपा ने कैसे युवाओं को बेरोजगारी की ओर धकेला और जमीन, नौकरी बेचकर लोकतंत्र को कमजोर किया। अलेमाओ ने आरोप लगाया कि भाजपा पूरे देश में विपक्षी दलों को कमजोर करने के लिए धनबल, सरकारी एजेंसियों और राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर निजी क्षेत्र में स्थानीय लोगों के लिए 80 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। गोवा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडणकर ने भी भाजपा सरकार पर राज्य की पहचान बदलने का आरोप लगाया और कहा कि पूरे राज्य में भूमि माफिया और विकास के नाम पर विनाश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

भाकपा (माले) ने कांग्रेस के आरोपों को किया खारिज
भाकपा (माले) लिबरेशन ने झारखंड राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के दोनों विधायकों ने तय योजना के अनुसार कांग्रेस उम्मीदवार को ही वोट दिया था। पार्टी ने कांग्रेस पर अपने ही विधायकों का समर्थन न जुटा पाने का आरोप लगाया और इसे भाकपा (माले) को बदनाम करने तथा इंडिया ब्लॉक की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश बताया।

सीपीआई(एमएल) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने 'एक्स' पर कहा कि झारखंड राज्यसभा मतदान को लेकर जो अटकलें लगाई जा रही हैं, वे गलत हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के दोनों वरिष्ठ नेताओं ने वोटिंग प्रक्रिया की पुष्टि की है और दोनों विधायकों ने कांग्रेस उम्मीदवार को ही वोट दिया।

बाद में जारी बयान में पार्टी ने कहा कि चुनाव परिणाम से यह साफ है कि कांग्रेस अपने ही सभी विधायकों का समर्थन नहीं जुटा सकी। पार्टी ने कहा, दूसरों पर उंगली उठाने से पहले बड़ी पार्टियों को खुद के भीतर झांकना चाहिए। भाकपा (माले) ने यह भी कहा कि ऐसे बयान न केवल उनकी पार्टी को बदनाम करते हैं, बल्कि उन विधायकों की छवि को भी नुकसान पहुंचाते हैं जिन्होंने भरोसे के साथ कांग्रेस उम्मीदवार को वोट दिया।

गुवाहाटी पहुंचीं वित्त मंत्री सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गुरुवार शाम गुवाहाटी पहुंचीं। वह अपने दो दिवसीय मेघालय दौरे से पहले असम में पहुंची हैं। गुवाहाटी के गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने वित्त मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर असम के वित्त मंत्री जयंता मल्ला बरुआ भी हवाई अड्डे पर मौजूद थे। मेघालय दौरे के दौरान सीतारमण पूर्वोत्तरी राज्यों में 'बाहरी सहायता प्राप्त परियोजनाओं (ईएपीएस) का उपयोग' विषय पर एक सेमिनार में शामिल होंगी।

ओडिशा: सामाजिक सुरक्षा पेंशन के भुगतान में देरी पर विवाद
ओडिशा में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के भुगतान में देरी को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। बीजद प्रमुख और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से दखल कर राज्यभर में पेंशन का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।

यह मामला उस घटना के बाद उठा, जिसमें गंजाम जिले की 66 वर्षीय विधवा की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि तीन महीने तक पेंशन नहीं मिलने के कारण उन्होंने आत्महत्या की। मृतका बी सबित्री दोरा चढेइपाड़ा गांव की रहने वाली थीं। परिवार के मुताबिक, वह पूरी तरह से एक हजार रुपये मासिक पेंशन पर निर्भर थीं और उन्हें आखिरी बार मार्च में भुगतान मिला था।

नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया पोस्ट में स्थिति को 'बेहद दुखद' बताया और कहा कि राज्य में लाखों लाभार्थियों को पिछले तीन महीने से पेंशन नहीं मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेंशन बढ़ाने और नियमित भुगतान सुनिश्चित करने के अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। पटनायक ने कहा कि देरी से बुजुर्गों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, यहां तक कि दवाइयां और जरूरी खर्च भी प्रभावित हो रहे हैं।

वहीं, राज्य के मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा कि पेंशन पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण भुगतान में देरी हुई है और जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा। मुख्य सचिव अनु गर्ग ने भी कहा कि ऐसे तकनीकी मुद्दे अन्य राज्यों में भी देखे गए हैं और सुधार की प्रक्रिया जारी है।

केरल: पुलिस ने व्यक्ति पर भीड़ के हमले के आरोपों को खारिज किया
केरल के कुट्टीयाड़ी इलाके में एक व्यक्ति के साथ भीड़ द्वारा मारपीट के आरोपों को पुलिस ने गलत बताया है। पुलिस का कहना है कि यहां कोई 'भीड़ द्वारा सजा देने' जैसी घटना नहीं हुई।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, जिस व्यक्ति पर मामला है, वह केरल एंटी-सोशल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट के तहत आरोपी है। पिछले हफ्ते उसकी गाड़ी से कुछ कारों को टक्कर लगी थी, जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने यह भी कहा कि यह दावा सही नहीं है कि उस व्यक्ति और उसके साथ मौजूद महिला को भीड़ ने पीटा। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल जांच में दोनों के शरीर पर किसी तरह की चोट नहीं मिली। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि टक्कर के बाद लोगों ने गाड़ी रोकी और उसे बाहर निकाला। कुछ वीडियो में भीड़ द्वारा मारपीट और उसे बांधने जैसी तस्वीरें दिखाई दी हैं। लेकिन पुलिस का कहना है कि हालात को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया था।

मिजोरम: सीएम लालदुहोमा ने 219 नए पुलिस वाहनों को दिखाई हरी झंडी
मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने गुरुवार को राज्य पुलिस बल की क्षमता बढ़ाने के लिए 219 नए पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन केंद्र की राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पुलिस आधुनिकीकरण सहायता योजना के तहत खरीदे गए हैं। इसका उद्देश्य पुलिस की आवाजाही बेहतर करना, कामकाज को तेज और प्रभावी बनाना और पूरे राज्य में सेवा व्यवस्था को मजबूत करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना के तहत मिजोरम को कुल 44.53 करोड़ रुपये मिले हैं, जिसमें राज्य का योगदान भी शामिल है। इसमें से 30.45 करोड़ रुपये नए वाहनों की खरीद पर खर्च किए गए, जबकि बाकी राशि आधुनिक पुलिस उपकरण और बुनियादी ढांचे पर लगाई गई।

तमिलनाडु में ओपीडी अपॉइंटमेंट अब व्हाट्सऐप से मिलेगा, मदुरै एम्स का काम भी तेज होगा: स्वास्थ्य मंत्री
 
तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री अरुण राज ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार सरकारी अस्पतालों में ओपीडी (बाह्य रोगी विभाग) पंजीकरण के लिए व्हाट्सऐप आधारित एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है। इसका उद्देश्य बड़े सरकारी अस्पतालों में लंबे इंतजार के समय को कम करना है।

इस व्यवस्था के तहत मरीज घर बैठे 30 मिनट के स्लॉट में अपॉइंटमेंट ले सकेंगे, जैसे निजी अस्पतालों में होता है। मंत्री ने कहा कि जिन लोगों के पास स्मार्टफोन नहीं है, उनकी मदद के लिए अस्पताल कर्मियों की व्यवस्था भी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार लंबे समय से अटके मदुरै एम्स के निर्माण कार्य को तेज करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है और सभी सरकारी अस्पतालों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के बराबर लाने पर काम चल रहा है।
 

अल नीनो की चुनौती से निपटने को गुजरात तैयार: भूपेंद्र पटेल
गुजरात सरकार ने अल नीनो के संभावित असर से निपटने की अपनी तैयारियों की समीक्षा की है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को गांधीनगर में एक हाई-लेवल मीटिंग की अध्यक्षता की, जिसमें मानसून से जुड़े मौसम के हालात को देखते हुए पानी की उपलब्धता, खेती की योजना और अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल का जायजा लिया गया। 

राज्य सरकार के अधिकारियों के अनुसार, इस बैठक में पीने के पानी की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पशुधन की सुरक्षा करने और आपातकालीन योजना के जरिए किसानों की मदद करने पर ध्यान दिया गया। बैठक में कृषि, सिंचाई, जलापूर्ति, नर्मदा, वन और राजस्व विभागों के वरिष्ठ प्रतिनिधि शामिल हुए। राज्य के प्रवक्ता और कृषि मंत्री जीतू वाघाणी ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 'अल नीनो' की संभावना के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में तालमेल के साथ काम कर रहा है।

 

कोलकाता: आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश और सीएम शुभेंदु अधिकारी की मुलाकात, दिए उपहार 
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश के बीच मुलाकात हुई। यह मुलाकात सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से की गई। इस दौरान सीएम अधिकारी ने आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश को बंगाल की पारंपरिक कला और संस्कृति से जुड़े दो विशेष उपहार भेंट किए। इनमें षड्भुज-मूर्ति पटचित्र स्क्रॉल और हस्तनिर्मित शोलापिथ नौका शामिल रही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री अधिकारी ने कहा कि बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना जरूरी है। उन्होंने इन उपहारों के माध्यम से पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के बीच ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित किया।



मंगोलिया में जुटेगी दुनिया भर की सेनाएं, भारत से 40 सैनिकों का दल रवाना
नई दिल्ली। सेना की एक टुकड़ी मंगोलिया के उलानबटार में बहुराष्ट्रीय संयुक्त सैन्य अभ्यास खान क्वेस्ट में भाग लेने के लिए रवाना हो गई है। इस वर्ष यह सैन्य अभ्यास 20 जून से 3 जुलाई तक यहां के फाइव हिल्स ट्रेनिंग एरिया में आयोजित किया जा रहा है। अभ्यास में सेना के 40 कर्मियों का दल शामिल हो रहा है, जिसका नेतृत्व मुख्य रूप से जाट रेजीमेंट की एक बटालियन कर रही है।  

मुख्य फोकस...
अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत वैश्विक शांति स्थापना अभियानों में विभिन्न देशों की सेनाओं के बीच आपसी तालमेल बढ़ाना है। सैन्य अभ्यास के दौरान मुख्य रूप से संयुक्त योजना बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इनमें स्टेटिक और मोबाइल चेक पोस्ट की स्थापना, घेराबंदी व तलाशी अभियान, गश्त, नागरिकों को सुरक्षित निकासी जैसे अभ्यास होंगे।

बिना पर्ची सिरप बिक्री बंद होने से 57 अरब का कारोबार प्रभावित
नई दिल्ली। सिरप आधारित दवाओं की ओवर-द-काउंटर (ओटीसी) बिक्री पर सरकार की रोक से करीब 57 अरब रुपये के कफ और सर्दी-जुकाम दवा बाजार पर असर पड़ने की आशंका है। ब्रोकरेज फर्म कोटक की रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि नियमों का सख्ती से पालन हुआ तो इस श्रेणी की दवाओं की बिक्री में और भी गिरावट आ सकती है। सरकार ने 16 जून से सभी प्रकार की सिरप दवाओं की ओटीसी बिक्री परं रोक लगा दी है। यह फैसला सिरप दवाओं के दुरुपयोग, गुणवत्ता संबंधी चिंताओं को देखते हुए लिया गया है।  

भारतीय दवा बाजार में कफ और कोल्ड सेगमेंट का आकार कुल फार्मा बाजार का लगभग 2.2 फीसदी है। अकेले कफ सिरप का बाजार करीब 47 अरब रुपये का है।

भाजपा कार्यकर्ता की हत्या का इनामी आरोपी सिलीगुड़ी से गिरफ्तार
सीबीआई ने 2021 के विधानसभा चुनाव बाद हुई हिंसा के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी श्यामल बर्मन को सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया है। उस पर कूचबिहार के सीतलकुची में भाजपा कार्यकर्ता माणिक मैत्रा की हत्या का आरोप है। सीबीआई के अनुसार, एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही बर्मन फरार था और जांच या ट्रायल में शामिल नहीं हुआ था। उसकी गिरफ्तारी पर एजेंसी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 

बर्मन को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 2 मई 2021 को चुनाव परिणाम के बाद माणिक मैत्रा पर लोहे की रॉड से हमला किया गया और गोली मारी गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी। उच्च न्यायालय के निर्देश पर सीबीआई ने मामले की जांच अपने हाथ में ली थी और अब तक कुल 24 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
 

केंद्र ने ग्रामीण अंचलों में सड़कों के लिए दिए 18,907 करोड़ रुपये
नई दिल्ली। गांवों तक आसान पहुंच के लिए केंद्र सरकार ने 26,474 किलोमीटर ग्रामीण अंचलों में सडकों का जाल बिछाने के लिए वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान 18,907 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। यह फैसला प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना- पीएमजीएसवाई की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल की अध्यक्षता में लिया गया। इसके तहत ग्रामीण विकास मंत्रालय पीएमजीएसवाई और वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों को वरीयता देगा।

मंत्रालय का लक्ष्य है कि इस वित्तवर्ष में हर गांव तक सड़कों की पहुंच सुनिश्चित की जा सके, इसलिए राज्यों को पीएमजीएसवाई- एक और पीएम-जनमन के तहत त शेष सभी असंबद्ध बस्तियों के निर्माण को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। इसमें संवेदनशील जनजातीय समूह (पीवीटीजी) बस्तियों पर खास ध्यान दिया गया है। इसके अलावा मंत्रालय का जोर नई सड़कों के निर्माण में हर मौसम के अनुकूल सड़कों की जरूरत पर है। इसके लिए राज्यों से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने में तेजी लाने, कार्यान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने और लंबित सड़क परियोजनाओं को वक्त पर पूरा करने की अपील की।

राहत : एलपीजी सिलिंडर की लंबित आपूर्ति अब घटकर सिर्फ दो दिन हुई
अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद अब बदलते हालात के बीच भारत में एलपीजी सिलिंडर की लंबित आपूर्ति घटकर केवल 2 दिन रह गई है। सरकार स्थिति की समीक्षा कर रही है और संभव है कि गैस बुकिंग की 28 फरवरी से पूर्व की स्थिति बहाल हो जाए।

पेट्रोल व प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बृहस्पतिवार को अंतर मंत्रालयी प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, प्राकृतिक गैस और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह स्थिर है। रिफाइनरियां अपनी सर्वोत्तम क्षमता पर काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार बनाए रखा गया है। खुदरा बिक्री केंद्र और गैस वितरक सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं। पिछले तीन दिनों में 1.36 करोड़ बुकिंग के मुकाबले 1.47 करोड़ सिलिंडरों की डिलीवरी की गई है।

ईंधन की कीमतों पर चर्चा करते हुए शर्मा ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में उतार चढ़ाव के देश पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन किया जा रहा है। इसके आधार पर खुदरा कीमतों पर उचित निर्णय किया जाएगा।

तटरक्षक बल में शामिल हुआ स्वदेशी होवरक्राफ्ट
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने बृहस्पतिवार को अपने बेड़े में पहला स्वदेशी होवरक्राफ्ट (एयर कुशन व्हीकल) शामिल कर लिया। यह छह होवरक्राफ्ट की शृंखला का पहला पोत है, जिसे देश में ही डिजाइन और निर्मित किया गया है।  अधिकारियों के अनुसार, इससे तटरक्षक बल की समुद्री सुरक्षा, निगरानी और राहत अभियानों की क्षमता और मजबूत होगी। आईसीजी ने बताया कि एसीवी एच-561 नामक इस होवरक्राफ्ट को गोवा में चौगुले एंड कंपनी प्रालि. के रासायम शिपयार्ड में आयोजित समारोह के दौरान सेवा में शामिल किया गया।

स्वदेशी होवरक्राफ्ट एच-561 की खासियतें
  • पानी और जमीन दोनों पर संचालन में सक्षम: आपदा राहत और आपात स्थितियों में तेजी से मौके पर पहुंच सकता है।  समुद्री सीमाओं की निगरानी, गश्त और सुरक्षा अभियानों के लिए उपयुक्त।
  • तस्करी, अवैध घुसपैठ और अन्य समुद्री अपराधों पर नजर रखने में मदद करेगा।
  • विभिन्न समुद्री अभियानों के लिए विकसित उन्नत एयर कुशन तकनीक का उपयोग।
  • भारत में डिजाइन और निर्मित।
  • तटरक्षक बल की परिचालन क्षमता बढ़ाने के साथ समुद्री हितों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

9 राज्यों में खुलेंगे 50 जेम सुविधा केंद्र
सार्वजनिक खरीद पोर्टल गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) ने कॉमन सर्विस सेंटर के साथ साझेदारी की है। इसके जरिए विक्रेताओं को पंजीकरण से लेकर कैटलॉग सूचीबद्ध करने में मदद मिलेगी। इसके लिए 50 जेम सुविधा केंद्र शुरू होंगे। यह केंद्र दिल्ली-एनसीआर, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में खोले जाएंगे। केंद्र समर्पित सहायता केंद्र के रूप में कार्य करेंगे, जहां विक्रेता और सेवा प्रदाता जेम प्रक्रियाओं से संबंधित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, ऑनबोर्डिंग सहायता तथा अन्य सहयोग प्राप्त कर सकेंगे। 

भारत ऊर्जा संक्रमण सूचकांक में 70वें स्थान पर पहुंचा
विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की ऊर्जा संक्रमण सूचकांक (ईटीआई) 2026 रिपोर्ट में भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर 70वें पायदान पर पहुंच गया है। ऊर्जा संक्रमण सूचकांक में स्वीडन, फिनलैंड और डेनमार्क ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान बरकरार रखा है। शीर्ष 20 देशों में जर्मनी, फ्रांस, ब्रिटेन, चीन, ब्राजील और अमेरिका भी शामिल हैं। डब्ल्यूईएफ ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि ऊर्जा संक्रमण की तैयारी के मामले में भारत वैश्विक स्तर पर बड़ी मजबूती दर्ज करने वाले देशों में शामिल हो गया है। 

ऊर्जा इंफ्रा के विस्तार, नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में वृद्धि एवं हरित हाइड्रोजन परियोजनाओं और वित्तीय निवेश में बढ़ोतरी ने इसमें अहम भूमिका निभाई है। वर्ष 2024 में भारत में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में रोजगार बढ़कर 13 लाख तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 25 फीसदी अधिक है।

होटल-रेस्तरां के किचन में अब नहीं चलेंगे जंग लगे चाकू, मिले तो कार्रवाई
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने होटलों, रेस्तरां और ढाबों के किचन में जंग लगे, टूटे-फूटे या खराब चाकुओं के इस्तेमाल पर सख्ती की है। इसको लेकर जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक चाकू, कटर और अन्य धारदार उपकरण अच्छी स्थिति में होने चाहिए। जंग लगे, टूटे या क्षतिग्रस्त उपकरणों को तुरंत बदलना होगा। साथ ही किचन में केवल उच्च गुणवत्ता वाले, जंग-रोधी स्टेनलेस स्टील के चाकुओं के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है।  एखाद्य कारोबार संचालकों को अपने किचन में इस्तेमाल सभी उपकरणों की नियमित जांच करने के लिए एसएसएआई ने कहा है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर दिशा-निर्देशों में कहीं ढिलाई दिखी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।  खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार जंग लगे चाकुओं की सतह पर बैक्टीरिया और अन्य सूक्ष्मजीव आसानी से पनप सकते हैं। ऐसे चाकुओं से काटे गए फल, सब्जियां या अन्य खाद्य पदार्थ दूषित हो सकते हैं, जिससे संक्रमण और फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है। 


ई-मार्केटप्लेस व कॉमन सर्विस सेंटर मिलकर करेंगे काम
सार्वजनिक खरीद पोर्टल गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जेम) ने कॉमन सर्विस सेंटर के साथ साझेदारी की है। इससे विक्रेताओं को पंजीकरण से लेकर कैटलॉग सूचीबद्ध करने में मदद मिलेगी। इसके लिए 50 जेम सुविधा केंद्र शुरू होंगे। ये केंद्र दिल्ली-एनसीआर, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल में खोले जाएंगे। 

राजकोट : 1.11 करोड़ रुपये का मिलावटी स्टॉक जब्त
राजकोट। गुजरात के राजकोट जिले में खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने गोंडल कस्बे के भीमवाड़ी इलाके में स्थित एक मसाला फैक्टरी पर छापा मारकर 35,500 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध मिलावटी खाद्य उत्पाद जब्त किए हैं। जब्त किए गए स्टॉक की कुल कीमत 1.11 करोड़ रुपये से अधिक है। अधिकारियों ने धनिया, मक्का, मिर्च और हल्दी पाउडर के संदिग्ध नमूने एकत्रित किए हैं। 

खराब मौसम : नौसेना ने लक्षद्वीप से दो मरीजों को कोच्चि पहुंचाया
भारतीय नौसेना ने खराब मौसम के बावजूद लक्षद्वीप से दो गंभीर रूप से बीमार मरीजों को सुरक्षित रूप से कोच्चि पहुंचाने के लिए विशेष एयरलिफ्ट अभियान चलाया। लक्षद्वीप प्रशासन के अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, एक मरीज कवरत्ती और दूसरा अगत्ती द्वीप का निवासी था। दोनों की हालत गंभीर थी और उन्हें तत्काल उन्नत चिकित्सा सुविधा की जरूरत थी।  

कावेरी नदी पर बांध के विरोध तमिलनाडु विधानसभा में पेश होगा विधेयक 
तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच कावेरी जल विवाद एक बार फिर गरमा गया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री  सी. जोसेफ़ विजय शुक्रवार को राज्य विधानसभा में कर्नाटक के मेकेदातु क्षेत्र में कावेरी नदी पर प्रस्तावित बांध के खिलाफ एक प्रस्ताव पेश करेंगे। प्रस्ताव में केंद्र सरकार से आग्रह किया जाएगा कि वह इस परियोजना को किसी भी प्रकार की तकनीकी और पर्यावरणीय मंजूरी न दे। तमिलनाडु का आरोप है कि कर्नाटक इस परियोजना को एकतरफा तरीके से आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, जबकि अंतरराज्यीय नदी से जुड़े ऐसे किसी भी कदम के लिए संबंधित राज्यों की सहमति आवश्यक है। 

राज्य सरकार का कहना है कि मेकेदातु में बैलेंसिंग रिजर्वॉयर बनने से तमिलनाडु के जल हित प्रभावित हो सकते हैं और कावेरी के जल बंटवारे पर असर पड़ सकता है। दूसरी ओर, कर्नाटक सरकार का दावा है कि यह परियोजना मुख्य रूप से बंगलुरु की बढ़ती पेयजल जरूरतों को पूरा करने और बिजली उत्पादन के लिए तैयार की गई है। कर्नाटक का यह भी कहना है कि प्रस्तावित रिजर्वॉयर से तमिलनाडु के हिस्से के पानी या उसके हितों को कोई नुकसान नहीं होगा। ऐसे में विधानसभा में आने वाला यह प्रस्ताव दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे कावेरी विवाद को नई राजनीतिक और कानूनी बहस दे सकता है।


मोटरसाइकिल और मिनी ट्रक की टक्कर में तीन की मौत 
असम के तामुलपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार रात रंगिया-भूटान मार्ग पर स्थित ताराबारी गांव के पास हुई, जब एक मोटरसाइकिल और मिनी ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार 16 वर्षीय मजरुल, उसका 14 वर्षीय भाई जुबैद हुसैन और 21 वर्षीय सुल्तान अली की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मिनी ट्रक चालक के नशे की हालत में होने की आशंका है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवक एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

सीएम सुवेंदु अधिकारी से मिले आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश
आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री नारा लोकेश ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद नारा लोकेश ने मीडिया से बात करते हुए कहा कल मुझे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री से मिलने का मौका मिला। हमने काफी समय साथ बिताया और मैं उनकी ऊर्जा देखकर हैरान रह गया। मुझे एहसास हुआ कि अब आंध्र प्रदेश के पास मुकाबला करने के लिए एक और मजबूत राज्य पश्चिम बंगाल है।

उन्होंने आगे कहा कि आंध्र प्रदेश हमेशा बिजनेस के लिए तैयार रहता है। मेरा पक्का मानना है कि जब राज्य आपस में मुकाबला करते हैं, तो भारत की जीत होती है। भारत की तरक्की की कहानी तो अभी शुरू ही हुई है। असली बात मौकों को भुनाने में है और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों को इस तरक्की के सफर में सबसे आगे रहना चाहिए। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू अब अपने चौथे कार्यकाल में हैं। वे एक युवा टीम के साथ वही ऊर्जा और विजन लेकर आए हैं। हमारे 50 प्रतिशत विधायक पहली बार चुने गए हैं और 25 में से 17 मंत्री पहली बार मंत्री बने हैं। हम कामकाज में ऊर्जा, जोश और नए विचार ला रहे हैं।
 
विज्ञापन

कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नाथू ला लिपुलेख बने अस्थायी आव्रजन चेकपोस्ट
 केंद्र सरकार ने कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के मद्देनजर सिक्किम के नाथू ला और उत्तराखंड के लिपुलेख चेकपोस्ट को अस्थायी रूप से अधिकृत आव्रजन चेकपोस्ट घोषित किया है। गृह मंत्रालय की अधिसूचना में यह जानकारी दी गई। यात्रा 20 जून से शुरू होने जा रही है। यह व्यवस्था वैध यात्रा दस्तावेज रखने वाले यात्रियों पर लागू होगी। इस बीच, यात्रा के पहले जत्थे के श्रद्धालु सिक्किम पहुंच चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, 44 सदस्यीय दल में दो संपर्क अधिकारी और एक चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं। दल में 32 पुरुष और 12 महिला श्रद्धालु हैं। श्रद्धालुओं ने चार दिन का अनुकूलन कार्यक्रम पूरा कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि 20 जून को यह दल नाथू ला मार्ग से तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के ग्यांत्से के लिए रवाना होगा। यह शहर नाथू ला मार्ग से कैलाश मानसरोवर जाने वाले यात्रियों के लिए प्रमुख ट्रांजिट केंद्र माना जाता है। कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील की यह धार्मिक यात्रा भारत और चीन के बीच सहमति से संचालित की जाती है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में स्थित हिंदू, बौद्ध, जैन और बोन धर्म के लिए अत्यंत पवित्र माने जाने वाले स्थलों के दर्शन करते हैं।

नेहरू-गांधी परिवार से पीएम बनना अब सुदूर अतीत की बात: सुधांशु
भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 56वें जन्मदिन पर उन्हें भविष्य का प्रधानमंत्री बताए जाने के दावों पर तीखा तंज कसा है। नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार से किसी सदस्य का प्रधानमंत्री बनना अब सुदूर अतीत की बात हो चुकी है। साल 1989 में दिवंगत राजीव गांधी के बाद इस परिवार का कोई सदस्य इस पद पर नहीं रहा है। त्रिवेदी ने राहुल गांधी को जमीन पर गंभीर काम करने की सलाह दी।

भौतिकी में वोल्फ पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय मूल के व्यक्ति बने जैनेंद्र जैन
अमेरिका स्थित भारतीय मूल के सैद्धांतिक भौतिक विज्ञानी जैनेंद्र के. जैन को भौतिकी के प्रतिष्ठित वोल्फ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि पाने वाले वे पहले भारतीय मूल के व्यक्ति हैं। उन्हें कंपोजिट फर्मिऑन्स की खोज के लिए यह सम्मान मिला है, जिसने क्वांटम भौतिकी की समझ को नई दिशा दी है। पुरस्कार समारोह बृहस्पतिवार को यरूशलम के नेसेट में आयोजित हुआ, जहां इस्राइली राष्ट्रपति इसाक हरजोग ने उन्हें सम्मानित किया। राजस्थान के सांभर कस्बे में पले-बढ़े जैन वर्तमान में पेंसिल्वेनिया स्टेट यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं। भारत के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार के कार्यालय ने जैन और कृषि श्रेणी में सम्मानित वेंकटेशन सुंदरेशन को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी है। 1978 से दिया जा रहा यह पुरस्कार विज्ञान के क्षेत्र में सर्वोच्च सम्मानों में गिना जाता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें