फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: मणिपुर में बम धमाके में बच्चे की मौत, पिता घायल; अरुणाचल में 189 साल बाद फिर खोजी गई दुर्लभ वनस्पति

Sat, 14 Mar 2026 06:18 PM IST
Devesh Tripathi न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मणिपुर के नोनी जिले के ताओलिंगपुंग गांव में शनिवार सुबह बम विस्फोट में एक चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार घटना सुबह करीब 8:30 बजे नामकाओलोंग पार्ट-2 इलाके में उस समय हुआ, जब बच्चों के हाथ लगा एक संदिग्ध विस्फोटक अचानक फट गया। बताया जा रहा है कि बच्चे उसे घर लेकर आए थे और पिता उसे सुरक्षित तरीके से नष्ट करने का प्रयास कर रहे थे। मृतक बच्चे की पहचान कलाइंगामपौ पामेई (4) के रूप में हुई है। धमाका इतना तेज था कि पास खड़े बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। घायल पिता थुआनकुंगाम पामेई (40) को तुरंत इंफाल स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विस्फोटक आखिर बच्चों के हाथ कैसे लगा। अधिकारियों ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
विज्ञापन


केरल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की रणनीति
आगामी केरल विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा पर कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन ने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी के लिए एआईसीसी द्वारा एक प्रक्रिया प्रस्तावित की गई है। यह प्रक्रिया कई वर्षों से चली आ रही है। वह प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि हमें स्क्रीनिंग कमेटी में इस पर विस्तार से चर्चा करनी होगी। फिर स्क्रीनिंग कमेटी एक दस्तावेज प्रस्तावित करेगी और उसे केंद्रीय चुनाव समिति के समक्ष प्रस्तुत करेगी। उन्होंने बताया कि कल हमने कई सीटों के लिए उम्मीदवार चुन लिए हैं, लेकिन अभी तक घोषणा नहीं की है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव की तारीखों के एलान पर निर्भर करता है। अब यह स्पष्ट है कि चुनाव की तारीख बढ़ा दी गई है। चुनाव की तारीख जाने बिना हम उम्मीदवारों की घोषणा कैसे कर सकते हैं? उन्होंने कहा कि केरल में एलडीएफ के साथ भी यही स्थिति है। उन्होंने 8 तारीख को घोषणा करने का फैसला किया था, लेकिन चुनाव की घोषणा को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। भाजपा ने केरल में एक भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इसीलिए हम देरी कर रहे हैं। हम केवल चुनाव की तारीख के कारण ही देरी कर रहे हैं। 

श्रीलंका से स्वदेश लौटे 14 भारतीय मछुआरे
श्रीलंका में हिरासत में लिए गए 14 भारतीय मछुआरों को स्वदेश वापस भेज दिया गया है। यह जानकारी श्रीलंका स्थित भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को दी। कोलंबो स्थित भारतीय दूतावास ने एक पोस्ट में बताया, "आज 14 भारतीय मछुआरों को श्रीलंका से स्वदेश वापस भेज दिया गया है और वे अपने घर लौट रहे हैं।" इससे पहले श्रीलंका के सांसद हर्षा डी सिल्वा ने एएनआई को बताया कि श्रीलंका में भारतीय मछुआरों का मुद्दा एक चिरस्थायी समस्या है और यह जल्द ही हल नहीं होगा, क्योंकि दोनों पक्ष अपनी आजीविका के लिए मछली पकड़ने पर निर्भर हैं।

हैदराबाद: गैस की कमी से होटलों में लकड़ी से पक रहा खाना, मेनू सीमित
एलपीजी सिलिंडरों की लगातार कमी के कारण होटलों को लकड़ी के चूल्हे का इस्तेमाल करना पड़ रहा है और मेनू में कटौती करनी पड़ रही है। हैदराबाद में प्रवासी मजदूर खाना पकाने के लिए पुराने पंप स्टोव की मरम्मत कर रहे हैं, जिससे पंप स्टोव मरम्मत केंद्रों पर मांग बढ़ गई है। यह सब पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण एलपीजी की वैश्विक आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच हो रहा है। हैदराबाद में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी के चलते प्रवासी मजदूर खाना पकाने के लिए पंप स्टोव की मरम्मत कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप पंप स्टोव मरम्मत केंद्रों पर बिक्री में तेजी आई है।

इसरो ने क्रायोजेनिक इंजन का सफल परीक्षण किया

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने तमिलनाडु के महेंद्रगिरी स्थित इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स में CE20 क्रायोजेनिक इंजन के सी-लेवल हॉट टेस्ट का सफल परीक्षण किया है। 22-टन थ्रस्ट क्षमता वाले इस परीक्षण में इंजन ने 220 सेकंड तक प्रदर्शन किया। यह सफलता भारत की उन्नत क्रायोजेनिक प्रणोदन क्षमताओं को मजबूत करने और एलवीएम3 (LVM3) कार्यक्रम की विश्वसनीयता को और बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। परीक्षण के दौरान नोजल प्रोटेक्शन सिस्टम और मल्टी-एलिमेंट इग्नाइटर जैसी महत्वपूर्ण प्रणालियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन प्रणालियों की सफलता यह सुनिश्चित करती है कि भविष्य के मिशनों में इंजन की दक्षता और सुरक्षा बनी रहेगी।

शनिवार को असम के कार्बी आंगलोंग जिले में एक बस का संतुलन बिगड़ने और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा जाने के कारण कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह घटना बोकाजान पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्खीजान में तड़के सुबह हुई, जब बस मध्य असम के मोरीगांव जिले के मोइराबाड़ी से नागालैंड के दीमापुर जा रही थी।

उन्होंने आगे बताया, 'जब बस एक मोड़ से गुजरने की कोशिश कर रही थी, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में चालक सहित चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।'

अरुणाचल में 189 साल बाद फिर खोजी गई दुर्लभ वनस्पति
भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई) के वैज्ञानिकों ने अरुणाचल प्रदेश में एक अत्यंत दुर्लभ पौधे की प्रजाति को दोबारा खोज निकाला है। हेंकेलिया मोनोफिला नामक इस प्रजाति को लगभग 189 वर्षों के बाद लोहित जिले में देखा गया है। आखिरी बार इसे 19वीं शताब्दी की शुरुआत में रिकॉर्ड किया गया था। गेसनेरियासी परिवार से संबंधित यह एक बारहमासी शाकीय पौधा है, जो आर्द्र वन क्षेत्रों में पाया जाता है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने वैज्ञानिकों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह खोज अरुणाचल की समृद्ध जैव विविधता को दर्शाती है। वनस्पति शास्त्रियों के अनुसार, ऐसी दुर्लभ प्रजातियों का मिलना हिमालयी क्षेत्र में निरंतर सर्वेक्षण और संरक्षण की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

राजकोट: एम्स के प्रशिक्षु डॉक्टर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में सहपाठियों पर पीटने का लगाया आरोप
गुजरात के राजकोट स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कार्यरत 25 वर्षीय प्रशिक्षु डॉक्टर ने शनिवार को आत्महत्या कर ली। उसने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है जिसमें उसने दावा किया है कि उसके सहपाठियों ने उस पर हमला किया था।पुलिस उपायुक्त (जोन 2) राकेश देसाई ने बताया कि राजस्थान के जैसलमेर निवासी रतनकुमार मेघवाल का शव शहर के पास घंटेस्वर और पारा पिपलिया के बीच रेलवे ट्रैक पर मिला। गांधीग्राम पुलिस को सुबह करीब 5:30 बजे घटना की सूचना मिली। अधिकारी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और मेघवाल का शव बरामद किया, जो ट्रेन की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया था। रेलवे ट्रैक के पास से उनका लैपटॉप, मोबाइल फोन, मेडिकल फाइलें और पहचान पत्र बरामद हुए।

तमिलनाडु: करूर के पास मालगाड़ी से भिड़ी कॉलेज की बस, 20 से ज्यादा छात्र घायल
तमिलनाडु के करूर में एक मालगाड़ी की चपेट में एक बस के आने से एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के 20 से अधिक छात्र घायल हो गए। द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) के नेता सेंथिल बालाजी ने जिला सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे घायल छात्रों से मुलाकात की। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना शनिवार शाम को उस समय हुई जब बस क्षेत्र में वीरारक्कियम और पलायम के बीच मानवरहित रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रही थी। उन्होंने आगे बताया कि इसके बाद मालगाड़ी ने पीछे से बस को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा, “लगभग 25 छात्र घायल हो गए, जिन्हें जिला सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इनमें से दो छात्रों को बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि 23 छात्रों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।”
विज्ञापन

जमीन के बदले नौकरी घोटाले में लालू, अन्य के खिलाफ पर्याप्त सबूत 
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत को बताया कि जमीन के बदले नौकरी घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के लिए पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।

ईडी ने विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने की अदालत में अपनी दलीलें पूरी करते हुए कहा कि जांच में ऐसे प्रमाण मिले हैं जिनसे स्पष्ट होता है कि आरोपियों ने अपराध से अर्जित धन का उपयोग किया। अदालत ने अब इस मामले में आरोपियों की ओर से दलीलें सुनने के लिए 23 से 30 मार्च की तारीख तय की है। इस मामले में अदालत पहले ही लालू प्रसाद यादव, उनके पुत्र और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, व्यवसायी अमित कात्याल सहित 16 आरोपियों को समन जारी कर चुकी है। सितंबर 2024 में अदालत ने लालू यादव के पुत्र तेजप्रताप यादव समेत अन्य लोगों को भी समन जारी किया था।

ट्विन टनल प्रोजेक्ट के खिलाफ याचिका  
केरल सरकार की महत्वाकांक्षी मारीपुझा ट्विन टनल सड़क परियोजना विवादों में घिर गई है। पर्यावरण कार्यकर्ताओं और समूहों ने इसे आत्मघाती बताते हुए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। उनका आरोप है कि यह प्रोजेक्ट बिना किसी वैज्ञानिक अध्ययन या पर्यावरणीय प्रभाव आकलन के शुरू किया गया है।

वायनाड पर्यावरण संरक्षण समिति का कहना है कि सुरंगों के लिए अत्यंत संवेदनशील पहाड़ों में ड्रिलिंग की जा रही है। इससे क्षेत्र में 2024 के मुंडक्कई और चूरलमाला जैसे विनाशकारी भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि पहाड़ों से लाखों लीटर पानी निकलने से भूजल का मार्ग बदल जाएगा, जिससे भविष्य में भीषण सूखा और अस्थिरता पैदा होगी।

केरल : हत्या के आरोपी की दिनदहाड़े हत्या, चार गिरफ्तार
केरल के कोल्लम में शनिवार सुबह नेशनल हाईवे-66 पर एक सनसनीखेज वारदात हुई। यहां एक कुख्यात गैंगस्टर और हत्या के आरोपी अलुवा अतुल की हथियारबंद हमलावरों ने दिनदहाड़े हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो मुख्य हमलावर शामिल हैं।
घटना सुबह करीब 11 बजे करुणागापल्ली पुलिस स्टेशन के पास हुई, जब अतुल स्टेशन से लौट रहा था। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने अपनी गाड़ी से अतुल की कार का पीछा किया और उसे सड़क किनारे गड्ढे में धकेल दिया। इसके बाद 4-5 हमलावरों ने लाठियों और धारदार हथियारों से कार के शीशे तोड़ दिए। उन्होंने अतुल को बाहर खींचकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

वीबी-जी राम जी कानून में राज्य की 60 व केंद्र की हिस्सेदारी 40%
सरकार ने स्पष्ट किया कि मनरेगा से अधिक मजबूत और पारदर्शी वीबी-जी राम जी अधिनियम, 2025 है। इसमें भी राज्य की 60 और और केंद्र की हिस्सेदारी 40 फीसदी है। मनरेगा की तरह ही योजना का प्राथमिक लक्ष्य ग्रामीण विकास ढांचे को विकसित भारत के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप बनाना है।(ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने राज्यसभा में एक लिखित सवाल के जवाब में कहा, नई योजना में सालाना 125 दिनों की बढ़ी हुई वैधानिक मजदूरी की गारंटी ग्रामीण परिवारों को प्रदान की जाएगी। इसके तहत स्वेच्छा से अकुशल शारीरिक श्रम करने के वालों को वरीयता दी जाएगी। इससे वह विस्तारित आजीविका सुरक्षा ढांचे में अधिक प्रभावी ढंग से भाग ले सकें।

 विकसित नई योजना मांग-आधारित प्रकृति रखता है, इसलिए श्रमिक को अधिनियम के तहत 125 दिनों की काम की गारंटी है। नई योजना में मापदंडों के आधार पर प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए राज्यवार मानक आवंटन निर्धारित किया जाएगा। साथ ही नए कानून के तहत कार्यान्वित योजनाएं केंद्र प्रायोजित होंगी और केंद्र व राज्य सरकार के बीच निधि बंटवारे का अनुपात पहले ही तरह रहेगा।

बैंक धोखाधड़ी में जय अनमोल अंबानी से दूसरे दिन भी पूछताछ
नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े 228 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में उद्योगपति अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी से शनिवार को लगातार दूसरे दिन पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि उनसे करीब पांच घंटे तक पूछताछ की गई।

रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) के पूर्व निदेशक जय अनमोल से सीबीआई के मुख्यालय में पूछताछ की गई। इस मामले में आरएचएफएल के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी और पूर्णकालिक निदेशक रविंद्र सुधाकर समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। कंपनी की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सीबीआई ने 9 दिसंबर 2025 को जय अनमोल अंबानी और अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद उनके आवास पर तलाशी भी ली थी। जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (पूर्व में आंध्रा बैंक) की शिकायत के आधार पर की थी।

मिजो सरदारों को अतिरिक्त मुआवजा देने से सुप्रीम इन्कार
सुप्रीम कोर्ट ने मिजोरम के पारंपरिक मिजो सरदारों की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें 1955 में उनकी भूमि राज्य के अधीन किए जाने के बदले अतिरिक्त मुआवजे की मांग की गई थी। शीर्ष अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता यह साबित करने में असफल रहे कि संबंधित भूमि पर उनका पूर्ण स्वामित्व था। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की पीठ ने कहा कि मिजो चीफ काउंसिल ने अपने दावे के समर्थन में मुख्य रूप से ऐतिहासिक लेखों और विद्वानों के विवरणों का सहारा लिया, जो कानूनी रूप से पर्याप्त साक्ष्य नहीं माने जा सकते।

पीठ ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण मामले में अस्पष्ट और अपर्याप्त प्रमाणों के आधार पर निर्णय नहीं दिया जा सकता। पीठ ने इस तर्क को भी खारिज कर दिया कि मिजो सरदारों को स्वतंत्रता के बाद पूर्व रियासतों के शासकों की तरह ‘प्रिवी पर्स’ दिया जाना चाहिए था। शीर्ष अदालत ने कहा कि प्रिवी पर्स विशेष राजनीतिक समझौतों के तहत दिए गए थे, जो भारतीय संघ में विलय के समय तत्कालीन रियासतों के शासकों और भारत सरकार के बीच हुए थे।

उद्योग की परिभाषा तय करेगा सुप्रीम कोर्ट 17 मार्च से सुनवाई करेगी संविधान पीठ
सुप्रीम कोर्ट की नौ जजों वाली संविधान पीठ 17 मार्च से औद्योगिक विवाद अधिनियम, 1947 में उद्योग शब्द की परिभाषा से जुड़े महत्वपूर्ण और लंबे समय से विवादित मुद्दे पर सुनवाई शुरू करेगी। यह मामला देश में श्रम कानूनों और सरकारी गतिविधियों की कानूनी स्थिति पर बड़ा असर डाल सकता है।

सुप्रीम कोर्ट की कारण सूची के अनुसार, इस मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली नौ सदस्यीय पीठ करेगी। पीठ में जस्टिस बीवी नागरत्ना, जस्टिस पीएस नरसिम्हा, जस्टिस दीपांकर दत्ता, जस्टिस उज्ज्वल भुइंया, जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा, जस्टिस जॉयमाल्या बागची, जस्टिस आलोक अराधे और जस्टिस विपुल एम पंचोली शामिल हैं। कोर्ट ने 16 फरवरी को इस मामले से जुड़े मुख्य कानूनी सवाल तय किए थे। इनमें यह भी शामिल है कि 1978 के बंगलूरू जल आपूर्ति केस में जस्टिस वीआर कृष्णा अय्यर की ओर से तय किया गया टेस्ट सही कानून है या नहीं। यह भी देखा जाएगा कि औद्योगिक विवाद अधिनियम, और औद्योगिक संबंध संहिता, पर क्या प्रभाव पड़ता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें