प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अगस्त को बंगलूरू के येलो लाइन मेट्रो का उद्घाटन करेंगे और मेट्रो फेज-3 का शिलान्यास भी करेंगे। यह जानकारी भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने रविवार को दी। येलो लाइन मेट्रो 19.15 किलोमीटर लंबी है और इसमें 16 स्टेशन होंगे। यह प्रोजेक्ट ₹5,056.99 करोड़ की लागत से बना है। मेट्रो फेज-3 की लंबाई 44.65 किलोमीटर होगी और इसकी लागत ₹15,611 करोड़ है। तेजस्वी सूर्या ने कहा कि येलो लाइन से बंगलूरू साउथ के करीब 8 लाख लोगों को फायदा होगा और 'सिल्क बोर्ड जाम' जैसी समस्या में काफी राहत मिलेगी। इस परियोजना को 15 अगस्त तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया था, जो अब पीएम के उद्घाटन के साथ पूरा होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।
असम में चोरी के आरोप में नाबालिग समेत दो पर हमला
असम के गोलाघाट जिले में चोरी के संदेह में भीड़ ने एक नाबालिग समेत दो लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को सरूपथार विधानसभा क्षेत्र के गेलाबिल इलाके में हुई, जब तीन भाइयों के नेतृत्व वाली भीड़ ने कथित तौर पर दोनों पीड़ितों को शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। गोलाघाट जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि इस घटना के पीछे तीन भाई मुख्य आरोपी थे। इस बीच, दोनों घायलों को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए निंदा की। साथ ही कहा कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरमा ने कहा, 'हम निश्चित रूप से गहन जांच करेंगे और दोषियों को सजा दी जाएगी।'
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने यूपी-उत्तराखंड से जब्त की 20 करोड़ की नशे की गोलियां
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चलाए गए तीन ऑपरेशनों के तहत ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम जैसी 5 लाख से ज्यादा नशे की गोलियां जब्त की हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इन मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। नारकोटिक्स ने बताया कि मई से शुरू हुए इन ऑपरेशनों के दौरान देहरादून, जसपुर (उधम सिंह नगर, उत्तराखंड), मुजफ्फरनगर, बरेली और सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में छापेमारी की गई। जांच में पता चला कि एक दूध विक्रेता ने महज 5,000 रुपये प्रति माह पर अपना थोक दवा बिक्री लाइसेंस इस सिंडिकेट को दे दिया था। यह सिंडिकेट नकली थोक दवा विक्रेताओं और लाइसेंस के दुरुपयोग के जरिए फार्मा ड्रग्स को गैरकानूनी रूप से फैला रहा था। एनसीबी ने बताया कि अब इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
रांची में रक्षा प्रदर्शनी 17 सितंबर से
झारखंड की राजधानी रांची में 17 से 19 सितंबर तक रक्षा प्रदर्शनी 'ईस्टटेक 2025' का आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी पूर्वी भारत में रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और उद्योगों के विकास की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट में बताया कि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने झारखंड की पहली रक्षा प्रदर्शनी की घोषणा की है, जो सितंबर में रांची में होगी। इस प्रदर्शनी में 200 से ज्यादा कंपनियां और 50 से अधिक छोटे और मध्यम उद्योग (MSME) हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम स्टार्टअप्स, नई तकनीक, और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देगा। मंत्रालय ने कहा कि यह आयोजन पूर्वी भारत के रक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने और उद्योगों को बढ़ाने में मदद करेगा।
मेघालय से गायब हुआ 4,000 टन कोयला
मेघालय सरकार ने राज्य से 4,000 मीट्रिक टन कोयले के गायब होने के आरोपों की जांच का आदेश दिया है। उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन तिनसॉन्ग ने शनिवार को बताया कि जिला अधिकारियों और पुलिस को इस मामले की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईकोर्ट द्वारा गठित एक समिति ने खुलासा किया था कि दो भंडारण स्थलों से यह कोयला गायब हो गया है। तिनसॉन्ग ने कहा कि अगर कुछ भी गड़बड़ है, तो हम कानून के मुताबिक आगे बढ़ेंगे। अगर इसके लिए हमें सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़े, तो भी हम ऐसा करेंगे। जांच में कोयले और डीजल की आवाजाही, दस्तावेजीकरण और क्षेत्र सत्यापन पर गौर किया जाएगा। इसकी एक विस्तृत रिपोर्ट कोर्ट को भी सौंपी जाएगी।
प्रख्यात शिक्षाविद् वी वसंती देवी का निधन
प्रख्यात शिक्षाविद् और तमिलनाडु के तिरुनेलवेल्ली स्थित मनोनमनियम सुंदरनार विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति वी वसंती देवी (87) का हृदयाघात से निधन हो गया है। उनके परिवार के एक करीबी सूत्र ने बताया कि देवी ने मदुरै में अपने घर पर शुक्रवार दोपहर बाद बेचैनी की शिकायत की और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। उनके परिवार में एक बेटी और एक बेटा हैं। देवी, मानवाधिकार कार्यकर्ता होने के साथ-साथ तमिलनाडु महिला आयोग की अध्यक्ष भी थीं। उन्होंने 2016 के विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता के खिलाफ आरके नगर से चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गईं।
आरजी कर पीड़िता के माता-पिता की अपील- नवान्न अभिजन में शामिल हों सभी गैर-टीएमसी दल
आरजी कर मेडिकल कॉलेज पीड़िता के माता-पिता ने शनिवार को कहा कि वे 9 अगस्त को होने वाले नवान्न अभिजन (पश्चिम बंगाल सचिवालय तक मार्च) में शामिल होने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों से संपर्क कर रहे हैं। इस मार्च में ठीक एक साल पहले अपने कार्यस्थल पर बलात्कार और हत्या की शिकार हुई चिकित्सक के लिए न्याय की मांग की जाएगी। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने माता-पिता से 9 अगस्त के मार्च में शामिल होने का अनुरोध किया था, जहां कोई भी पार्टी का झंडा नहीं लहराया जाएगा और केवल 'हम न्याय की मांग करते हैं' का नारा होगा। अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि वह और अन्य भाजपा नेता इस रैली में भाग लेंगे और घटना के पीछे की व्यापक साजिश की गहन जांच की मांग करेंगे और इस जघन्य अपराध में शामिल सभी अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग करेंगे। पीड़िता के पिता ने कोलकाता के पास सोदपुर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) से लेकर सीपीआई(एम), कांग्रेस और भाजपा तक हम टीएमसी को छोड़कर सभी दलों से न्याय के लिए इस रैली में शामिल होने का आग्रह कर रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को क्यों शामिल नहीं किया जा रहा है, उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी नेताओं और प्रशासन ने मेरी बेटी की मौत की जांच को दबाने की कोशिश की और उसके शव को जल्द से जल्द ठिकाने लगाने की कोशिश की।
रेलवे ट्रैक के पास लगा मिला सीपीआई एम का झंडा
दक्षिण पूर्व रेलवे के सीपीआरओ ने बताया कि रात के समय रंगरा और करमपदा स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक के पास सीपीआई (एमएल) समूह द्वारा एक बैनर/झंडा लगाया गया था। इस पर कार्रवाई करते हुए आरपीएफ, स्थानीय पुलिस और पीडब्ल्यूआई कर्मचारी घटनास्थल की ओर बढ़े। साइट पर जांच से संकेत मिलता है कि केएम नंबर 477/34-35 पर विस्फोट करके रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इससे स्लीपरों को नुकसान पहुंचा है। यह स्थान ओडिशा राज्य के सुंदरगढ़ जिले के अंतर्गत आता है। मामले की सूचना समय पर एसआरपी और एसपी राउरकेला को दे दी गई है। एएससी/आरपीएफ, राउरकेला भी निगरानी के लिए और स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए स्थान पर चले गए हैं। इस खंड में कोई कोचिंग ट्रेन (यात्री ट्रेन) नहीं चलती है और केवल सेल लोडिंग साइडिंग की सेवा देने वाली मालगाड़ियां चल रही हैं।
ओटीईटी प्रश्नपत्र लीक मामले में बीएसई उपाध्यक्ष गिरफ्तार
पुलिस ने रविवार को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (बीएसई) के उपाध्यक्ष को विशेष ओडिशा शिक्षक पात्रता परीक्षा (ओटीईटी)-2025 के पेपर लीक में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किया। बीएसई को 20 जुलाई को विशेष ओटीईटी-2025 आयोजित करनी थी। इससे एक दिन पहले सोशल मीडिया पर उत्तरों के साथ एक हस्तलिखित प्रश्नपत्र वायरल होने के बाद बोर्ड ने परीक्षा स्थगित कर दी। पुलिस महानिदेशक (अपराध शाखा) विनयतोष मिश्रा ने कहा कि जांच के दौरान बीएसई के उपाध्यक्ष निहार मोहंती की लापरवाही पाई गई। उनका मुख्य आरोपी जीतन मोहराणा के साथ संदिग्ध संबंध था। मोहराणा बीएसई कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था। प्रश्नपत्र लीक मामले में अब तक बीएसई उपाध्यक्ष और एक डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में पुलिस को पता चला कि जीतन मोहराणा ने पहले हस्तलिखित प्रश्नपत्र दो अन्य आरोपियों को दिया और फिर इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने पूरी की अब्दुल की इच्छा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक दिव्यांग व्यक्ति की इच्छा पूरी करते हुए उसे बैटरी से चलने वाली व्हीलचेयर भेंट की। सीएम सरमा ने ट्वीट किया, 'हाल ही में, जब मैं अपने दोस्त अब्दुल से मिला, तो उसने बैटरी से चलने वाली व्हीलचेयर के लिए आवेदन किया था। मैं उसके अनुरोध को कैसे अस्वीकार कर सकता था? अब्दुल, खुश रहो। मुझे उम्मीद है कि यह सुविधा तुम्हारे जीवन में बड़ा बदलाव लाएगी।'
मंत्री के. सुरेखा पर कोर्ट ने केस दर्ज करने का दिया आदेश
हैदराबाद की एक अदालत ने कथित तौर पर पुलिस को बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (केटीआर) की तरफ से दायर मानहानि के मामले में तेलंगाना के मंत्री कोंडा सुरेखा के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है। इस पर बीआरएस नेता दासोजू श्रवण कुमार ने कहा, 'यह सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि रेवंत रेड्डी की तरफ से केटीआर की छवि धूमिल करने के लिए शुरू किए गए पूरे दुर्भावनापूर्ण मिशन पर करारा तमाचा है। कम से कम अब, रेवंत रेड्डी की सरकार को समझदारी दिखानी चाहिए कि वह विपक्षी नेताओं को बदनाम करने के ऐसे घटिया हथकंडे न अपनाए। दिल्ली में राहुल गांधी संवैधानिक मूल्यों और लोकतंत्र की भावना की खूब बातें करते हैं। फिर भी, जब तेलंगाना की बात आती है, तो संविधान के हर सिद्धांत और लोकतांत्रिक अधिकारों को दबा दिया जाता है... राहुल गांधी जो भी बयानबाजी करते हैं, वह तेलंगाना के बाहर भी लागू होती है... अब समय आ गया है कि राहुल गांधी अपना मुंह खोलें।'
केरल के राज्यपाल और मंत्रियों के बीच वीसी नियुक्तियों पर चर्चा
केरल के मंत्रियों पी. राजीव और आर. बिंदु ने रविवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्तियों को लेकर चर्चा की। यह बैठक सुप्रीम कोर्ट के उस निर्देश के बाद हुई, जिसमें राज्य सरकार और राज्यपाल से इस मुद्दे पर बातचीत कर हल निकालने को कहा गया था। राज्यपाल विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति होते हैं।
मंत्री पी. राजीव ने बैठक के बाद कहा कि यह बातचीत कोर्ट के फैसले से पहले ही शुरू हो चुकी थी और अब यह और महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार और राज्यपाल के बीच यह संवाद आगे भी जारी रहेगा ताकि विश्वविद्यालयों में स्थायी कुलपति नियुक्त किए जा सकें।
मिजोरम में 350 करोड़ की ड्रग्स जब्त, एक गिरफ्तार
मिजोरम में पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में लगभग ₹350 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त की हैं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक गुप्त सूचना के आधार पर सीआईडी (स्पेशल ब्रांच) और स्पेशल नारकोटिक पुलिस ने मिलकर 1 अगस्त को आइजोल के पास एक पिकअप ट्रक को रोका।
जांच में वाहन के छिपे हुए हिस्से से 20.3 किलोग्राम क्रिस्टल मेथ (₹300 करोड़) और 1.65 किलोग्राम हेरोइन (₹49.5 लाख) जब्त की गई। गिरफ्तार चालक की पहचान बी. ललथाजुआला (45) के रूप में हुई है। उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है और मामले की जांच जारी है।
हैदराबाद के पास फार्महाउस पार्टी में ड्रग्स लेते पकड़े गए 6 आईटी प्रोफेशनल्स
हैदराबाद के पास एक फार्महाउस में बर्थडे पार्टी के दौरान ड्रग्स लेने के आरोप में छह आईटी प्रोफेशनल्स को गिरफ्तार किया गया है। एक्साइज डिपार्टमेंट की स्पेशल टास्क फोर्स ने चेवेल्ला क्षेत्र में शनिवार रात यह छापेमारी की।
पुलिस ने पार्टी से एलएसडी ब्लॉट्स, 20.21 ग्राम हैशिश, शराब की बोतलें और तीन कारें जब्त कीं। सभी लोगों का ड्रग टेस्ट किया गया, जिसमें वे पॉजिटिव पाए गए। फार्महाउस का मालिक और एक अन्य व्यक्ति फरार हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।