फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Update: PM ने साझा कीं अहमदाबाद अंतर्राष्ट्रीय पुष्प प्रदर्शनी की झलकियां; दुमका में सड़क हादसे में चार की मौत

Sat, 04 Jan 2025 02:16 PM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद अंतर्राष्ट्रीय पुष्प प्रदर्शनी की झलकियां साझा कीं। पीएम मोदी ने कहा कि इस प्रदर्शनी से मेरा एक गहरा लगाव है, क्योंकि मैंने मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान इसे बढ़ते देखा है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि इस तरह के शो प्रकृति की सुंदरता का जश्न मनाते हैं और पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूकता को प्रेरित करते हैं। प्रधानमंत्री ने लिखा- 'अहमदाबाद अंतर्राष्ट्रीय पुष्प प्रदर्शनी की कुछ झलकियां यहां दी गई हैं। मुझे इस शो से एक गहरा लगाव है, क्योंकि मैंने मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान इसे बढ़ते देखा है। ऐसे शो प्रकृति की सुंदरता का जश्न मनाते हैं और पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूकता पैदा करते हैं। वे स्थानीय किसानों, बागवानी करने वालों और उत्साही लोगों को अपनी रचनात्मकता दिखाने के लिए एक मंच प्रदान करते हैं।'

विज्ञापन






अक्षय सचदेवा होंगे सिक्किम के अगले डीजीपी
अक्षय सचदेवा को सिक्किम का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने शनिवार को यह जानकारी दी। बता दें कि, 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी अक्षय सचदेवा अपनी पिछली पोस्टिंग में स्पेशल डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) थे। वह डीजीपी के तौर पर एके सिंह की जगह लेंगे। सीएम तमांग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, 'सिक्किम के पुलिस महानिदेशक के तौर पर पदोन्नति पर अक्षय सचदेवा, आईपीएस को हार्दिक बधाई।' उन्होंने कहा, 'अक्षय सचदेवा का सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पण सिक्किम को और अधिक प्रगति और उत्कृष्टता की ओर ले जाने की उनकी क्षमता में विश्वास जगाता है। मैं इस महत्वपूर्ण भूमिका में उनकी जबरदस्त सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं।' सीएम ने निवर्तमान डीजीपी को उनकी सेवा के लिए धन्यवाद दिया और उनके सुखद, स्वस्थ और संतुष्ट सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।

असम में 11 साइबर अपराधी गिरफ्तार 
असम के मोरीगांव जिला पुलिस ने ऑनलाइन ऋण लेने के लिए फर्जी सिम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल करके साइबर वित्तीय अपराधों में शामिल 11 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें एक स्कूल शिक्षक, चार महीने पहले जेल से छूटे दो साइबर अपराधी और एक बकरी व्यापारी शामिल हैं। मोरीगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समीरन बायस्या ने कहा कि पकड़े गए आरोपी एक बड़े गिरोह का हिस्सा हैं, इन्हें जिले के अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। ये लोग वित्तीय संस्थानों से ऋण प्राप्त करने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे। इन्होंने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर 20 करोड़ रुपये का घोटाला किया। पुलिस ने आरोपियों से सिम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक समेत कई फर्जी दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस ने वित्तीय संस्थानों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर ये कार्रवाई की।

भुवनेश्वर, झारसुगुड़ा हवाई अड्डों से नई उड़ान सेवाएं शुरू
ओडिशा की नई गंतव्य नीति (एनडीपी) 2024 के तहत शुक्रवार को भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बीपीआईए) से जयपुर, कोच्चि, लखनऊ और पटना के लिए नई उड़ान सेवाएं शुरू की गईं। इसके साथ ही झारसुगुड़ा के वीर सुरेंद्र साईं हवाई अड्डे से हैदराबाद, रायपुर और लखनऊ के लिए भी नई उड़ान सेवाएं शुरू की गईं।

इन उड़ान सेवाओं का संचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस और स्टार एयर द्वारा किया जाएगा। भुवनेश्वर के विधायक बाबू सिंह ने भुवनेश्वर से जयपुर और कोच्चि के लिए उद्घाटन उड़ानों को हरी झंडी दिखाई। लखनऊ के लिए उड़ानें शनिवार से शुरू होंगी, जबकि पटना के लिए 15 जनवरी को सेवाएं शुरू होंगी।

 

बीड के सरपंच हत्या मामला: एसआईटी ने तीन लोगों से की पूछताछ
बीड के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या की जांच कर रहे अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शुक्रवार को तीन लोगों से पूछताछ की। बता दें कि मसजोग के सरपंच संतोष देशमुख को 9 दिसंबर को अपहरण कर प्रताड़ित किया गया और उनकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, देशमुख ने क्षेत्र में एक पवन चक्की परियोजना चला रही ऊर्जा कंपनी पर जबरन वसूली की कोशिशों को रोकने का प्रयास किया था।

पुलिस ने दी जानकारी
मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों से पूछताछ की गई, उनमें एक डॉक्टर भी शामिल है, जो फरार आरोपी सुदर्शन घुले का करीबी बताया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इस व्यक्ति ने घुले को भागने में मदद की। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमें तैनात की गई हैं।

ओडिशा में धनु यात्रा' शुरू होने पर राष्ट्रपति ने लोगों को दी
ओडिशा के बारगढ़ जिले में शुरू हुई धनु यात्रा पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने शुक्रवार लोगों को बधाई दी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि मैं देश के लोगों, विशेषकर ओडिशा के लोगों को बारगढ़ की प्रसिद्ध धनु यात्रा के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देश-विदेश में अपने विशाल खुले मंच के लिए जानी जाती है। मुझे उम्मीद है कि हमारी पौराणिक कथाओं पर आधारित लोक नाट्य देश के लोगों को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेंगे। मैं धनु यात्रा महोत्सव की सफलता की कामना करती हूं।

हैदराबाद में सेना के कैप्टन की बालकनी से गिरकर मौत
हैदराबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां सेना का एक कैप्टन की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि एएमसी (आर्मी मेडिकल कोर) में कार्यरत एक कैप्टन की यहां चौथी मंजिल पर स्थित अपने फ्लैट की बालकनी से दुर्घटनावश गिरने से मौत हो गई।

पुलिस ने जारी किया बयान
पुलिस की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि शंकर राज कुमार (30 वर्षीय) नया साल मनाने के लिए लखनऊ से घर लौटे थे और 2 जनवरी को दोपहर करीब 12.45 बजे बालकनी में खड़े थे। जब उनकी पत्नी और नौकरानी ने आवाज सुनी तो वे दौड़कर बाहर आईं और उन्हें ग्राउंड फ्लोर पर खून से लथपथ पाया। पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से कैप्टन को एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां शाम को उनकी मौत हो गई।

ओडिशा ने मासिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 3,500 रुपये की
ओडिशा सरकार ने 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों और 80 प्रतिशत से अधिक विकलांग व्यक्तियों के लिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में शुक्रवार को राज्य मंत्रिमंडल ने इस साल जनवरी से पेंशन को बढ़ाकर 3,500 रुपये प्रति माह करने का प्रस्ताव मंजूर किया है।

मुख्य सचिव मनोज आहूजा ने बताया कि अब तक 1,200 रुपये माहाना मिलने वाली पेंशन को बढ़ाकर 3,500 रुपये किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को भी लागू करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत राज्यभर में 3 लाख घरों को मुफ्त बिजली मिलेगी।

बीजेपी विधायक राजा सिंह ने अयप्पा भक्तों से की अपील
तेलंगाना के भाजपा विधायक राजा सिंह ने शुक्रवार को केरल के सबरीमाला मंदिर में आने वाले अयप्पा भक्तों से अपील की कि वे अपनी तीर्थयात्रा के दौरान किसी भी मस्जिद में न जाएं। उन्होंने कहा कि भक्तों को 'अयप्पा दीक्षा' के नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए, और अगर वे मस्जिद (वावर) में जाते हैं तो वे अशुद्ध हो जाएंगे। सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि यह एक साजिश है, जिसके तहत भक्तों को मस्जिद में जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

इसके अलावा, गोशामहल विधायक ने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ए रेवंत रेड्डी और एन चंद्रबाबू नायडू से भी आग्रह किया कि वे केरल सरकार से पत्र लिखकर भक्तों के लिए आवास बनाने के लिए 10 एकड़ जमीन की मांग करें।

भारत खरीदेगा फ्रांस का युद्धपोत चार्ल्स द गॉल
फ्रांस का परमाणु ऊर्जा से चलने वाला विमानवाहक पोत चार्ल्स द गॉल और इसका पूरा कैरियर स्ट्राइक (सीएसजी) शनिवार को भारत पहुंच रहा है। यह मिशन 'क्लेमेंस्यू 25' के तहत गोवा और कोच्चि के बंदरगाह पर पहुंचेगा। चार्ल्स द गॉल राफेल-एम लड़ाकू विमानों से लैस है, जिसे भारत खरीदने की तैयारी में है। ऐसे में युद्धाभ्यास के दौरान ये विमान अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे।

फिलहाल 'चार्ल्स द गॉल' के साथ सीएसजी हिंद महासागर में है, जहां यह भारत समेत क्षेत्रीय सहयोगियों के साथ संयुक्त प्रशिक्षण कर रहा है। इसके बाद यह ला पेरोस अभ्यास के लिए इंडोनेशियाई और फिर प्रशांत महासागर में पैसिफिक स्टेलर अभ्यास के लिए जाएगा। भारत में फ्रांस के दूतावास ने कहा कि मिशन 'क्लेमेंस्यू 25' के तहत चार्ल्स द गॉल सीएसजी और भारतीय नौसेना के जहाज 42वें वार्षिक वरुण द्विपक्षीय अभ्यास में भाग लेंगे।

केंद्र ने खाद्य पदार्थों में माइक्रोप्लास्टिक जांच के लिए गठित की समिति
खाद्य पदार्थों और बोतलबंद पानी में माइक्रोप्लास्टिक कणों की जांच के लिए सरकार ने समिति का गठन किया है, जो जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमित निगरानी के लिए देश में एक जैसे मानदंड की सिफारिश करेगी। भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के निर्देश पर साल 2024 में लखनऊ स्थित सीएसआईआर के भारतीय विष विज्ञान अनुसंधान संस्थान, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), इंस्टीट्यूट ऑफ
फिशरीज टेक्नोलॉजी कोच्चि और बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (बिट्स), पिलानी के शोधकर्ताओं ने खाद्य पदार्थों में माइक्रोप्लास्टिक कणों का पता लगाया था। 

कांग्रेस का जय बापू जय भीम, जय संविधान अभियान अब कल से
कांग्रेस का जय बापू जय भीम और जय संविधान अभियान अब रविवार से शुरू होगा। पार्टी इस बारे में शनिवार को विस्तार से जानकारी देगी। पहले इस अभियान को 27 दिसंबर को बेलगावी कर्नाटक से शुरू होना था।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के चलते पार्टी ने इस अभियान को भी आगे बढ़ा दिया।

कांग्रेस का यह अभियान महात्मा गांधी की विरासत और संविधान को बचाने के लिए हर ब्लॉक जिले और राज्य में रैलियां की जाएंगी। इसका समापन 26 जनवरी को बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली मध्यप्रदेश के महू में होगा। पार्टी ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अभियान 26 जनवरी के बाद भी जारी रह सकता है।

असम पुलिस ने जब्त की 2 करोड़ रुपये मूल्य की कोडीन कफ सिरप
असम से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां असम पुलिस ने शुक्रवार को कछार जिले के दमचेरा के पास एक वाहन से 2 करोड़ रुपये कीमत की कोडीन आधारित कफ सिरप की 11,100 बोतलें जब्त की। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर जानकारी दी कि कछार पुलिस ने विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर मादक द्रव्य विरोधी अभियान चलाया।

सीएम सरमा ने बताया कि विश्वसनीय जानकारी के आधार पर कछार पुलिस ने दमचेरा में अवैध पदार्थों से भरे एक वाहन को रोका और उसकी गहन तलाशी लेने पर यह बड़ी मात्रा में कफ सिरप बरामद की। असम पुलिस का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने यह भी बताया कि 2024 में पुलिस ने 682.44 करोड़ रुपये की 183 किलोग्राम हेरोइन और अन्य ड्रग्स जब्त की हैं। उन्होंने बताया कि 2021 में पुलिस ने 420.17 करोड़ रुपये की ड्रग्स, 2022 में 784.55 करोड़ रुपये की ड्रग्स, और 2023 में 742.09 करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की थी।

संबलपुर में गोल्ड लोन कंपनी से 30 किलो सोना लूटा गया

ओडिशा के संबलपुर शहर में एक गोल्ड लोन कंपनी की शाखा से बंदूक की नोक पर करीब 30 किलो सोना लूट लिया गया पुलिस ने बताया कि लूट की यह घटना शुक्रवार सुबह बुधराजा मेन रोड पर मणप्पुरम फाइनेंस की शाखा में हुई। पुलिस के अनुसार, सोने के अलावा लुटेरे 4 लाख रुपये से अधिक नकदी भी लूट ले गए।

पुलिस ने बताया कि लुटेरों का गिरोह शाखा खुलते ही अंदर घुस गया। तीन कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया गया, जबकि शाखा प्रबंधक के हाथ-पैर बांध दिए। जब कुछ लुटेरे शाखा के कर्मचारियों को बंधक बना रहे थे, तब गिरोह के अन्य सदस्यों ने तिजोरी की चाबियां और पासवर्ड हासिल कर लिया और सोने के आभूषण और नकदी लूट ली। एफआईआर के अनुसार, लुटेरों से कुछ साथी शाखा के बाहर पहरा भी दे रहे थे।
 

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबादा में बम धमाके में एक घायल

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में एक घर में हुए धमाके में एक व्यक्ति घायल हो गया है। घटना शुक्रवार की है। घटना की सूचना मिलने के बाद बम स्कवॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। 
 

अमित शाह ने कामकाजी महिला छात्रावास ब्लॉक 'सुषमा भवन' का किया उद्घाटन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज नए कामकाजी महिला छात्रावास ब्लॉक का उद्घाटन किया। छात्रावास का नाम पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के नाम पर रखा गया है। वो दिल्ली की मुख्यमंत्री भी रही थीं। 'सुषमा भवन' का उद्घाटन करने के बाद शाह ने कहा कि सुषमा जी को पार्टी की महान नेताओं में से एक के रूप में सदैव याद किया जाएगा।

कांग्रेस का भ्रष्टाचार किया था उजागर
उन्होंने कहा, 'देश के राजनीतिक इतिहास में वह उन नेताओं में से एक हैं, जो एनडीए 1 और एनडीए 2 के दौरान मंत्री थीं और वह भी महत्वपूर्ण विभागों में। मगर, उन्हें केवल एक मंत्री के रूप में नहीं बल्कि विपक्ष के नेता के रूप में याद किया जाएगा। यह सुषमा जी ही थीं, जिन्होंने संसद में कांग्रेस के भ्रष्टाचार को उजागर किया था।'

विपक्षी नेता के रूप में याद रखा जाएगा
उन्होंने आगे कहा, 'मैं उम्मीद करता हूं कि विपक्ष के सभी नेताओं को उनके काम का अध्ययन करना चाहिए और उन्होंने जो किया उसका अनुसरण करने का प्रयास करना चाहिए। देश का लोकतांत्रिक इतिहास सुषमा स्वराज जी को एक संघर्षशील और प्रभावशाली विपक्षी नेता के रूप में याद रखेगा। विपक्ष के नेता के पद की महत्ता का उदाहरण जब दिया जाएगा, तो सुषमा जी का नाम अवश्य लिया जाएगा।'

बंगाल में भाजपा नेता की हत्या में वांछित आरोपी पुणे से गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने प. बंगाल में भाजपा नेता बिजॉय कृष्ण भुनिया की हत्या में शामिल आरोपी मोहन मंडल को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया। वह मामले में गिरफ्तार होने वाला तीसरा आरोपी है। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, एजेंसी ने मंडल को एनआईए ने मामले में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि प. बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के मोयना के गोरामहल गांव में मई 2023 को भुनिया का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। मंडल के फरार होने के बाद उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। मामले में गिरफ्तार किए जा चुके दो अन्य आरोपी नबा कुमार मंडल और शुभेंदु भौमिक हैं। एनआईए ने 5 अप्रैल, 2024 को कलकत्ता हाईकोर्ट के निर्देश पर स्थानीय पुलिस से जांच अपने हाथ में ले ली थी।

बंगलूरू में तेज रफ्तार ट्रक ने दो महिलाओं को रौंदा
बंगलूरू पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को तेज रफ्तार बृहत बेंगलुरू महानगर पालिका (बीबीएमपी) के ट्रक ने कथित तौर पर उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी और दो महिलाओं को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान दो बहनों के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 30 और 36 वर्ष थी। पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 11.20 बजे हुई, जब बीबीएमपी के कचरा ट्रक ने पीछे से दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। दोनों महिलाएं वाहन से गिर गईं और ट्रक के पहियों के नीचे आ गईं, जिससे उनकी तत्काल मौत हो गई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीबीएमपी ट्रक के आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसे पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने कहा, 'शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) और धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना) के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।' उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है।

सूरत एयरपोर्ट पर CISF जवान ने खुद को मारी गोली
सूरत पुलिस ने बताया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के एक जवान ने शनिवार को सूरत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अपनी सर्विस हथियार से खुद को गोली मार ली। पुलिस ने बताया कि सीआईएसएफ के जवान किसन सिंह ने एयरपोर्ट के शौचालय में दोपहर करीब 2.10 बजे आत्महत्या की। मामले में डुमस थाने के इंस्पेक्टर एनवी भारवाड़ ने बताया कि सिंह जयपुर के रहने वाले थे और सूरत एयरपोर्ट पर तैनात थे। उन्होंने खुद को पेट में गोली मारी थी। एनवी भारवाड़ ने बताया कि, इस घटना के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि जवान ने किस वजह से आत्महत्या की इसकी वजह अभी साफ नहीं है।

गोवा के मर्मुगाओ पोर्ट ट्रस्ट जेटी पर पहुंचा 'चार्ल्स डी गॉल'

फ्रेंच नेवी का विमानवाहक पोत 'चार्ल्स डी गॉल' गोवा के मर्मुगाओ पोर्ट ट्रस्ट जेटी पर पहुंचा। इस विमानवाहक पोत के स्ट्राइक ग्रुप के तत्व, जिनमें राफेल मरीन फाइटर विमान शामिल हैं, अगले कुछ दिनों में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों के साथ अभ्यास करेंगे। वहीं, युद्धपोत 42वें संस्करण के द्विपक्षीय वरुण अभ्यास का आयोजन करेंगे, जब वे प्रशांत महासागर में इंडोनेशिया समेत अन्य सहयोगियों के साथ किए गए अभ्यासों के बाद लौटेगा।
 


तेलंगाना में फैक्ट्री में विस्फोट में एक की मौत

तेलंगाना के यदाद्री-भुवनगिरी जिले में शनिवार को एक फैक्ट्री में हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। मामले में पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति के चेहरे और हाथ जल गए, जबकि बाकी दो की चोटें गंभीर नहीं हैं। कंपनी के अधिकारियों के हवाले से उन्होंने बताया कि घटना के समय मौके पर चार लोग मौजूद थे। फैक्ट्री परिसर में अन्य इमारतों में काम कर रहे लोगों ने जब तेज आवाज सुनी तो वे घबराकर बाहर निकल आए। पुलिस ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों को लगा कि मैग्नीशियम सामग्री को छर्रों में भरने के दौरान कथित तौर पर गलत तरीके से संभाले जाने के कारण यह घटना हुई होगी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मैग्नीशियम सामग्री के अत्यधिक विस्फोटक होने के कारण विस्फोट स्थल पर तुरंत पहुंचना संभव नहीं था। इसके ठंडा होने के बाद, जांचकर्ता सामग्री एकत्र करेंगे, जिसे फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। एक अधिकारी ने आश्वासन दिया कि गहन जांच के बाद किसी भी लापरवाही के लिए कार्रवाई की जाएगी। वहीं सत्तारूढ़ कांग्रेस विधायक बीरला इलैया ने दावा किया कि विस्फोट का प्रभाव इतना था कि आस-पास के पांच गांवों में तीन बार आवाजें सुनी गईं और घरों में बर्तन अलमारियों से गिर गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन ने श्रमिकों के कल्याण के लिए मजबूत कदम उठाए बिना लाभ के उद्देश्य से काम किया, उन्होंने कहा कि घटना की गहन जांच की जाएगी।

टाटा कंपनी के चेयरमैन के साथ सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने की बैठक

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट कर बताया कि, 'टाटा कंपनी के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के साथ मेरी बैठक काफी उपयोगी रही। आगामी एडवांटेज असम 2.0 से संबंधित विषयों के अलावा, हमने निवेशकों और उद्यमियों के लिए असम की समृद्ध संभावनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।'
 

बीजेपी और आप में कोई अंतर नहीं- ओवैसी

दिल्ली चुनाव पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'बीजेपी और आप में कोई अंतर नहीं है। दोनों विचारधारा के मामले में एक जैसे हैं। आरएसएस उनकी मां है। आरएसएस ने जनसंघ बनाया और बाद में 1980 में बीजेपी बनी। दूसरी पार्टी 2012-13 में एक बड़े संस्थान में विकसित हुई और यह प्रयोगशाला में बनी है।'
 

सोमनाथ महादेव मंदिर में मुकेश और अनंत ने की पूजा-अर्चना

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी और उनके बेटे अनंत अंबानी ने गुजरात के सोमनाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की।

आसियान में भारत का नए राजदूत बने श्रीनिवास गोत्रु

विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए बताया कि, 1997 बैच के आईएफएस अधिकारी श्रीनिवास गोत्रु, जो वर्तमान में मंत्रालय में संयुक्त सचिव हैं, को आसियान में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है।

जामनगर रिफाइनरी के 25 साल पूरे होने का जश्न

गुजरात में रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी ने जामनगर रिफाइनरी के 25 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए एकत्रित कर्मचारियों और उनके परिवारों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कर्मचारियों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
 

झारखंड के बोकारो में NIA की बड़ी कार्रवाई

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने झारखंड सीपीआई (माओवादी) साजिश मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। झारखंड के बोकारो जिले के गोविंदपुर (बी) निवासी बच्चा सिंह उर्फ बच्चा बाबू सिंह को कल एनआईए ने गिरफ्तार किया। आरोपी प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन सीपीआई (माओवादी) और उसके शीर्ष नेताओं से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था। वह संगठन की विचारधारा को बढ़ावा देने और झारखंड और अन्य स्थानों पर इसकी गतिविधियों को मजबूत करने के लिए धन एकत्र करने में शामिल था। मामले में आगे की जांच जारी है।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज झारखंड के बोकारो जिले में प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) आतंकवादी संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा फरवरी 2024 में सुरक्षा बलों पर किए गए हमले के सिलसिले में कई स्थानों पर तलाशी ली। एनआईए की टीमों ने आठ स्थानों पर संदिग्धों और ओवरग्राउंड वर्कर्स (ओडब्ल्यूजी) के परिसरों की तलाशी ली और लैपटॉप, मोबाइल फोन और मेमोरी कार्ड जैसे डिजिटल उपकरणों के साथ-साथ सिम कार्ड, पॉकेट डायरी और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए। एनआईए की जांच के अनुसार, जिन संदिग्धों/ओजीडब्ल्यू के परिसरों की तलाशी ली गई, वे सीपीआई (माओवादी) के सदस्यों से जुड़े थे और रसद सहायता प्रदान करते थे और लेवी के पैसे वसूलने में मदद करते थे।
 

 
विज्ञापन

दुमका में ऑटो और ट्रक की टक्कर, चार की मौत

झारखंड के दुमका जिले में ऑटो और ट्रक की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। मामले में एसडीपीओ विजय कुमार महतो ने बताया, 'मुफस्सिल थाना क्षेत्र में ऑटो और ट्रक के बीच हुई टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई...घायलों का इलाज चल रहा है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें