फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: रेल नेटवर्क से जुड़ेगी कश्मीर घाटी; एयरलाइन कंपनियों को निर्देश- 30 मिनट में पहुंचाएं पैसेंजर लगेज

Sun, 18 Feb 2024 05:54 PM IST
निर्मल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोहिमा/कोलकाता

सार

Updates: नगालैंड के विधानसभा अध्यक्ष ने राज्य के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सात विधायकों के खिलाफ अयोग्यता याचिका खारिज की। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र पर लोगों के आधार कार्ड निष्क्रिय करने का आरोप लगाया।
विज्ञापन
नगालैंड विधानसभा। - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नगालैंड के विधानसभा अध्यक्ष शरींगेन लोंगकुमेर ने राज्य के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सात विधायकों के खिलाफ अयोग्यता याचिका खारिज की। शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के राष्ट्रीय महासचिव हेमंत ताकले ने पिछले साल 30 अगस्त को सात विधायकों पिक्टो शोहे, पी लोंगोन, नामरी चांग, वाई म्होनेबेमो हमत्सो, एस तोइहो येप्थो, वाई मनखाओ कोन्याक और ए पोंगशी फोम के खिलाफ याचिका दायर की थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि वे पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। 

विज्ञापन

राकांपा के सात विधायकों ने अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट के पक्ष में समर्थन पत्र दिया था। विधानसभा अध्यक्ष को राकांपा (अजित पवार गुट) की ओर से भी 30 अगस्त को एक पत्र मिला था। जिसमें नगालैंड में राकांपा के सात विधायकों संबंध में अयोग्यता याचिका पर तब तक कोई फैसला न लेने का आग्रह किया गया था, जब तक कि विवाद पर चुनावा आयोग अंतिम फैसला नहीं लेता। विधानसभा अध्यक्ष ने शुक्रवार को फैसला सुनाते हुए कहा कि राकांपा से जुड़ी अयोग्यता याचिका पांच महीने से ज्यादा समय से उनके पास लंबित हैं। 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी। - फोटो : ट्विटर/अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस
केंद्र ने बंगाल के लोगों के आधार कार्ड निष्क्रिय किए: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को भाजपा नीत केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र ने आगामी आम चुनाव से पहले राज्य के लोगों के आधार कार्ड निष्क्रिय कर दिए हैं। ताकि उनकी सरकार की विभिन्न समाज कल्याण योजनाओं का लाभ उन्हें उनके बैंक खातों के जरिए न मिल सके। बीरभूम में एक सार्वजनिक वितरण समारोह में बनर्जी ने यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभार्थियों को भुगतान करना जारी रखेगी, भले ही किसी के पास आधार कार्ड न हो। 

बनर्जी ने कहा, ध्यान रखें..वे (केंद्र सरकार) आधार कार्ड निष्क्रिय कर रहे हैं। बंगाल के कई जिलों में आधार कार्ड निष्क्रिय किए गए हैं। वे आधार कार्ड को डीलिंक कर रहे हैं, ताकि चुनाव से पहले लोगों को लक्ष्मी भंडार योजना का लाभ बैंकों और मुफ्त राशन के जरिए न मिल सके। उन्होंने आगे कहा, लेकिन हम योजनाओं के लाभार्थियों को भुगतान करना जारी रखेंगे, भले ही उनके पास आधार कार्ड न हो। एक भी लाभार्थी पर असर नहीं पड़ेगा। अपनी फसल पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की मांग को लेकर चल रहे किसान आंदोलन पर बनर्जी ने कहा कि बंगाल में किसानों को किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ता है। उन्होंने कहा, मैं किसानों के प्रदर्शन को सलाम करती हूं। मैं उन पर हो रहे हमलों की निंदा करती हूं। 

ओडिशा: हवाई अड्डे के पहले चरण के लिए टेंडर जारी
ओडिशा औद्योगिक बुनियादी ढांचा विकास निगम ने पुरी में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण के विकास, संचालन और रखरखाव के लिए टेंडर जारी किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुरी जिले में सिपासारूबली के नजदीक श्री जगन्नाथ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में 2,203 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 46 लाख यात्रियों के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीए) पर काम किया जाएगा। टेंडर के मुताबिक, पात्र बोलीदाता 1,095 दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा करेगा। अधिकारियों ने बताया कि यह हवाई अड्डा कुल 1,165 एकड़ क्षेत्र में बनाया जाएगा। साल 2021 में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पुरी में एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने के लिये पत्र लिखा था।

पूर्व कांग्रेस विधायक अंशुमन मोहंती ने थामा बीजेडी का दामन
ओडिशा कांग्रेस के पूर्व विधायक अंशुमन मोहंती शुक्रवार को बीजू जनता दल (बीजेडी) में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का दृष्टिकोण नए ओडिशा और उनकी गरीब समर्थक गतिविधियों ने उन्हें बदलाव के लिए प्रेरित किया। राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले इस बदलाव को एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा गया। अंशुमन मोहंती मोहंती ने मुख्यमंत्री पटनायक से उनके आवास पर मुलाकात की। अंशुमन मोहंती राजनगर 2014 में अपने निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीते थे। वह 2019 का आम चुनाव बीजेडी के ध्रुबा साहू से हार गए थे।

पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा को अस्पताल से मिली छुट्टी
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा को रविवार की दोपहर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल ने यह जानकारी दी। अस्पताल के रेस्पाइरेटरी और ट्रांसप्लांट फिजिशियन डॉ. सत्य नारायण मैसूर ने एक बुलेटिन में कहा कि देवगौड़ा फिट हैं और काम कर पा रहे हैं। 90 वर्षीय देवगौड़ा को गुरुवार सुबह मनिपाल अस्पतला में भर्ती कराया गया था। 

अमूल के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अमूल के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेंगे। यह समारोह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। अमूल गुजरात सहकारी दूध विपणन संघ लिमिटेड को 1946 में स्थापित किया गया था। सहकारिता विभाग के तहत एक भारतीय बहुराष्ट्रीय सहकारी समिति है। अमूल के प्रबंध निदेशक जयेन मेहता ने कहा, मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि दुनिया की सबसे बड़ी दुग्ध सहकारी समिति अमूल 22 फवररी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित करने जा रही है। दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता और हमारे प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर किसानों को बधाई देने के लिए मौजूद रहेंगे। यह हमारे लिए गर्व की बात है।  

मछुआरों के मुद्दे पर निर्णायक कार्रवाई करे केंद्र: स्टालिन
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने श्रीलंकाई नौसेना द्वारा हिरासत में लिए गए राज्य के मछुआरों के मुद्दे पर चिंता जताई। उन्होंने केंद्र सरकार से मछुआरों के हितों की रक्षा के लिए निर्णायक कार्रवाई करने का आग्रह किया। एक्स पर उन्होंने रामेश्वरम में मछुआरों के विरोध प्रदर्शन की एक खबर को टैग किया और कहा कि श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों की लगातार गिरफ्तारी गहरी चिंता का विषय है। 

उन्होंने कहा, पिछले दो महीनों में मछुआरों की गिरफ्तारी में तेजी आई है और 69 मछुआरों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें भी ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि तीन मछुआरों को आदतन अपराधियों के रूप में अन्यायपूर्ण तरीके से पेश किया गया, जिससे उन्हें लंबे समय तक के लिए हिरासत में रखा जा सके। 
 

कर्नाटक के इत्र गोदाम में भीषण आग, तीन लोगों की मौत; पांच घायल

कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू के बाहरी इलाके रायसंद्रा के पास इत्र गोदाम में भीषण आग लग गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।

रेल नेटवर्क से जुड़ेगी कश्मीर घाटी; पीएम कल दिखा सकते हैं हरी झंडी

उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना के शुरू होने से कश्मीर घाटी को देश से जोड़ने का सपना जल्द ही साकार हो जाएगा। करीब 48.1 किमी लंबे खंड बनिहाल-खड़ी-सुंबर-संगलदान स्ट्रेच पर ट्रेन सेवाएं शुरू होने वाली हैं। मौसम ठीक रहा तो मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी इस ट्रैक को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और हरी झंडी दिखाकर ट्रेन की शुरुआत करेंगे। बारामुला से बनिहाल तक मौजूदा ट्रेन चलाई जा रही है, जिसमें संगलदान तक विस्तार हो जाएगा।
यूएसबीआरएल परियोजना कश्मीर घाटी को जम्मू क्षेत्र और राष्ट्रीय रेल नेटवर्क के साथ एकीकृत किया जाएगा। इस ट्रैक की कुल लंबाई 272 किमी है, जिसमें से 161 किमी चालू हो चुकी है। इसे आगे बढ़ाते हुए बनिहाल-खड़ी-सुंबर-संगलदान तक मौजूदा ट्रेन सेवाओं को बहाल कर दिया जाएगा।
सुनिश्चित कर रहे समय पर पूरी हो परियोजना... पिछले दिनों ही रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष व मुख्य कार्यकारी अधिकारी जया वर्मा सिन्हा ने इस परियोजना का दौरा कर गहन निरीक्षण किया। तब अधिकारियों ने कहा था कि यह सुनिश्चित किया जाए कि इस परियोजना में किसी प्रकार की कोई देरी न हो।

यूएनएलएफ मणिपुर में बढ़ती हिंसा में शामिल

केंद्र सरकार के साथ पिछले साल नवंबर में संघर्ष विराम समझौता करने के बावजूद प्रतिबंधित यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (यूएनएलएफ) मणिपुर में बढ़ती हिंसा में शामिल है। अधिकारियों ने रविवार को कहा कि इस पर सुरक्षा एजेंसियों ने चिंता व्यक्त की है। ऐसी भी रिपोर्ट मिल रही हैं कि समूह के सदस्य आदिवासियों को निशाना बनाने के मकसद से खासतौर से कुकी आबादी वाले क्षेत्रों के बाहरी इलाके में शिविर स्थापित कर रहे हैं।

हाथियों के हमलों में मरने वालों के परिजनों से मिले राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में उन दो लोगों के परिजनों से मिले, जिनकी हाल में जंगली हाथियों के हमले में मौत हो गई थी। मानव-पशु संघर्ष को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच एक दिन पहले वायनाड के पुलपल्ली इलाके में हिंसा भड़क उठी थी। इस सिलसिले में पुलिस ने तीन केस दर्ज किए गए हैं।

एमटीएस के कर्मियों ने केंद्रीय मंत्री से लगाई पदोन्नति की गुहार

विभिन्न सरकारी कार्यालयों में मल्टी-टास्किंग सेवाओं (एमटीएस) के लिए नियुक्त 600 से अधिक लोगों ने केंद्रीय कार्मिक और प्रशिक्षण मंत्री जितेंद्र सिंह से पदोन्नति के लिए गुहार लगाई है। पत्र में केंद्र सरकार (एन-जी) कर्मचारी संघ ने लिखा, उन्हें दो दशकों से अधिक की सेवा में एक भी पदोन्नति नहीं दी गई है। 
विज्ञापन

एयरलाइन कंपनियों को निर्देश...30 मिनट में पहुंचाएं यात्रियों का सामान

नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) ने एयरलाइन कंपनियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि यात्रियों का सारा सामान हवाई अड्डे पर उड़ान के उतरने के 30 मिनट के भीतर पहुंच जाए। यात्रियों को उड़ान पहुंचने के बाद उनका सामान देने में देरी की शिकायतों के बीच नियामक बीसीएएस ने सात अनुसूचित एयरलाइंस को यह निर्देश दिया है।
आधिकारिक बयान के अनुसार बीसीएएस ने एयरलाइंस से 26 फरवरी तक सामान की समय पर डिलिवरी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपाय लागू करने को कहा है। यह निर्देश 16 फरवरी को सात एयरलाइंस एअर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर, स्पाइसजेट, विस्तारा, एईएक्स कनेक्ट और एयर इंडिया एक्सप्रेस को जारी किया गया। एयरलाइंस को परिचालन, प्रबंधन और आपूर्ति करार (ओएमडीए) के तहत सेवा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यात्रियों का सामान उड़ान उतरने के आधे घंटे के अंदर देना होगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें