अग्निपथ योजना को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पलटवार किया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस बार जनता राहुल गांधी को हटा कर रहेगी। धर्मेंद्र प्रधान ने आगे कहा, "इस बार जनता राहुल गांधी को हटा देगी। नई पीढ़ी के लड़के और लड़कियां अग्निपथ योजना में शामिल होने के लिए बहुत उत्साहित हैं। जिन्हें भारत के बारे में ज्यादा नहीं मालूम, वे बेबुनियाद बातें करते हैं।"
बता दें कि राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा था, "अग्निपथ योजना भारतीय सेना और देश की रक्षा करने का सपना देखने वाले बहादुर युवाओं का अपमान है। यह भारतीय सेना की नहीं, नरेंद्र मोदी के कार्यालय में बनी योजना है जिसे सेना पर थोप दिया गया है। शहीदों के साथ दो तरह का व्यवहार नहीं किया जा सकता, हर व्यक्ति जो देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देता है उसे शहीद का दर्जा मिलना चाहिए। विपक्षी गठबंधन की सरकार बनते ही हम इस योजना को तुरंत रद्द कर पुरानी स्थायी भर्ती प्रक्रिया फिर से लागू करेंगे।"
महाराष्ट्र में एक 58 वर्षीय व्यक्ति को अपनी 19 साल की सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अपनी सौतेली बेटी के साथ पिछले 10 साल से दुष्कर्म कर रहा था। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की भी धमकी दी थी। पीड़िता के शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पांचों आरोपियों ने एक पेट्रोल पंप मालिक से विदेश से तेल का कंटेनर मंगाने के नाम पर एक करोड़ रुपये ठग लिए। पेट्रोल पंप मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी व्यक्तियों ने पेट्रोल पंप मालिक को विदेश से दो करोड़ रुपये में तेल का कंटेनर मंगाने का वादा किया था। पीड़ित ने आरोपियों को एक करोड़ रुपये का भुगतान भी कर दिया था, लेकिन वादे के तहत पेट्रोल पंप मालिक को तेल कंटेनर नहीं मिला। घटना दिसंबर 2023 की है। पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुणे में फूड पॉइजनिंग (भोजन में विषाक्तता) के चलते एक कोचिंग सेंटर के 50 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी छात्रों की हालत स्थिर और खतरे से बाहर है। पुलिस ने बताया कि पुणे के खेड़ तालुका में एक कोचिंग संस्थान है, जिसमें 500 से अधिक छात्र रहते हैं। ये कोचिंग संस्थान जेईई और एनईईटी जैसी प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी कराता है।
शुक्रवार की रात कोचिंग संस्थान में खाना खाने के बाद 50 से ज्यादा छात्रों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें पेट दर्द, उल्टी और दस्त जैसी समस्याएं हुईं। इसके बाद पीड़ित छात्रों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने खाने के नमूने जांच के लिए भेजे हैं और घटना की जांच कर रही है।
महाराष्ट्र के नागपुर में एक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। यह हादसा एक एसयूवी कार के खड़ी कार से टकराने से हुआ। नागपुरी के बुटीबोरी पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान वर्धा के राम नगर निवासी राजेश श्रीवास्तव और उनकी पत्नी पूजा श्रीवास्तव के रूप में हुई है। घायलों में श्रीवास्तव परिवार के पांच अन्य सदस्य और कार का चालक शामिल हैं। ये लोग नागपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद एसयूवी से वर्धा जा रहे थे। एसयूवी चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क पर खड़ी एक कार और फिर ट्रैक्टर की टॉली से टकरा गई। पुलिस ने आईपीसी और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिहार में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए से लोकसभा के लिए चुने जाने वाले एकमात्र मुस्लिम सांसद लोकजन शक्ति पार्टी (एलजेपी) के महबूब अली कैसर रविवार को राजद में शामिल हो गए। कैसर एलजेपी के विभाजन के समय केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस के साथ थे। तमाम कोशिशों के बावजूद चिराग पासवान ने उन्हें टिकट देने से इन्कार कर दिया था। तेजस्वी यादव की उपस्थिति में कैसर राजद में शामिल हुए। इस मौके पर तेजस्वी यादव ने कहा, हमें उनके अनुभव से लाभ मिलेगा।