फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gujarat: सूरत में एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने की आत्महत्या; आर्थिक तंगी की वजह से उठाया खौफनाक कदम

Sat, 08 Mar 2025 07:44 AM IST
शिव शुक्ला न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

गुजरात के सूरत में आर्थिक तंगी की वजह से एक ही परिवार के तीन लोगों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतकों में 30 वर्षीय एक व्यक्ति और उसके माता-पिता शामिल हैं। सहायक पुलिस आयुक्त डीएस पटेल ने बताया कि हर्ष सासंगिया और उसके माता-पिता भरतभाई सासंगिया (55) और वनिताबेन सासंगिया (50) ने शुक्रवार देर रात अमरोली स्थित अपने फ्लैट में जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

विज्ञापन


उन्होंने बताया कि परिवार ने अपना फ्लैट बेचने के लिए एक व्यक्ति से सौदा कर रखा था और एक खरीदार ने अग्रिम भुगतान भी कर दिया था। हालांकि, फ्लैट पर ऋण था और भुगतान न करने के कारण बैंक दबाव बना रहा था। खरीदार को जब इस ऋण के बारे में पता चला तो उसने अपना अग्रिम भुगतान वापस मांगना शुरू कर दिया।

अमरोली पुलिस थाने के निरीक्षक जेबी वनार ने बताया कि जहर खाने के बाद उनमें से एक ने पड़ोसी को फोन किया, जिसने उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके घर से मिले सुसाइड नोट में कहा गया है कि वे तीनों लेनदारों को भुगतान न कर पाने के कारण यह कदम उठा रहे हैं।

विज्ञापन

चेन्नई में 100 से ज्यादा अफसर पासिंग आउट परेड के बाद सेना से जुड़े
चेन्नई की ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) में शनिवार को भव्य पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ। इनमें महिलाओं समेत 100 से अधिक कैडेट्स शामिल हुए। उन्हें भारतीय सेना में कमीशन देकर अधिकारियों के रूप में शामिल किया गया। परमेश्वरन ड्रिल स्क्वायर में हुई इस शानदार सैन्य परेड में शॉर्ट सर्विस कमीशन और अन्य समकक्ष पाठ्यक्रमों के अधिकारी शामिल थे।  रक्षा मंत्रालय के अनुसार, "133 पुरुष और 24 महिला अधिकारी कैडेट्स को भारतीय सेना की विभिन्न शाखाओं में कमीशन दिया गया, जो कर्तव्य और बलिदान की भावना को दर्शाता है।" इसके अलावा, पांच मित्र देशों के 12 विदेशी कैडेट्स (5 पुरुष और 7 महिलाएं) भी प्रशिक्षण पूरा कर सेना का हिस्सा बने। यह प्रशिक्षण अंतरराष्ट्रीय सहयोग और भाईचारे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।

मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के सात सदस्य गिरफ्तार
लंबे समय से अशांत मणिपुर में सुरक्षा बलों ने चार प्रतिबंधित संगठनों के सात सदस्यों को अलग-अलग अभियानों में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

इंफाल वेस्ट जिले के लम्फेल इलाके से शुक्रवार को प्रतिबंधित कंगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (PWG) के दो कैडर पकड़े गए, जबकि इसी संगठन के एक अन्य सदस्य को बीर तिकेंद्रजीत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के गेट के पास से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोइरांगथेम जीवन सिंह (27), लैशराम टीकेन सिंह (40) और थोउदम प्रेमकुमार सिंह (38) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि लम्फेल में गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से 50,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

इसके अलावा, प्रतिबंधित कंगलेई याओल कन्ना लुप (KYKL) संगठन के दो सदस्य गुरुवार को तेंगनोपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास लोकचाओ नदी के पास से पकड़े गए।

एक अधिकारी ने कहा, "उग्रवादी समूह के इन सदस्यों की पहचान केइशम नाओचा उर्फ निंगसिंगबा (38) और निंगथौजम संजय (18) के रूप में की गई है और उन्हें आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है।"

उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित केसीपी (ताइबंगनबा) के 24 वर्षीय कैडर मायांगलम बोरिश सिंह को भी शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित पीआरईपीएके के एक अन्य सदस्य को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान निंगथौजम धनंजय के रूप में हुई है।

गुजरात के कबाड़ी गोदाम में लगी भीषण आग
गुजरात के कबाड़ी गोदा में आग लगने की खबर है। वलसाड जिले के वापी इलाके में शनिवार तड़के आग लग गई। आग में 15 से ज़्यादा कबाड़ के गोदाम जलकर खाक हो गए। मौके पर 10 दमकल गाड़ियां मौजूद हैं। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग के कारण जानमाल का कितना नुकसान हुआ है। इसका आकलन भी नहीं किया जा सका है।
कोच्चि हवाई अड्डे पर हाइब्रिड गांजा की तस्करी के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार
मुंबई की दो महिलाओं को कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सूखे हाइब्रिड गांजा की कथित तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों महिलाओं के पास से डेढ़ किलो हाइब्रिड गांजा बरामद किया गया है। इसकी कीमत 44 लाख रुपये आंकी गई है। सीमा शुल्क अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि दोनों महिलाएं गुरुवार रात को थाई एयरवेज की फ्लाइट से बैंकॉक से आई थीं। मामले में आगे की जांच चल रही है।

रेलवे महिला RPF कर्मियों को उपलब्ध कराएगा मिर्च स्प्रे
भारतीय रेलवे ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महिला कर्मियों को लेकर एक बडा फैसला लिया है। अरपीएफ ने उन्हें  ‘मिर्च स्प्रे’ के रूप में एक और हथियार मुहैया कराने का फैसला किया है। इस बारे में एक सरकारी प्रेस विज्ञप्ति में भी जारी की गई है। रेल मंत्रालय के अनुसार, यह गैर-घातक किन्तु प्रभावी उपकरण है। यह महिला आरपीएफ कर्मियों को चुनौतीपूर्ण स्थितियों से निपटने में मदद करेगा। यह कदम यह दिखाता है कि भारतीय रेलवे महिला समानता और सुरक्षा के मामलों में गंभीर है और अपनी सेवाओं में महिलाओं को ज्यादा अधिकार और अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।

तेलंगाना विधानसभा का बजट सत्र 12 मार्च से शुरू होगा
तेलंगाना विधानसभा का बजट सत्र 12 मार्च से शुरू होगा। रेवंत रेड्डी सरकार की ओर से इसे लेकर एक आधिकारिक  विज्ञप्ति जारी की गई है। इसमें बताया गया कि राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने 12 मार्च को सुबह 11 बजे विधानसभा की बैठक बुलाने का आदेश दिया है।

उम्मीद है कि राज्य सरकार सत्र के दौरान पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण बढ़ाकर 42 प्रतिशत करने वाला विधेयक पारित करेगी। राज्य कैबिनेट की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में मसौदा विधेयक को मंजूरी दी गई थी।

केंद्र के साथ लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए तेलंगाना सरकार  राज्य के सांसदों के साथ करेगी बैठक
तेलंगाना सरकार शनिवार को केंद्र के साथ लंबित मुद्दों को सुलझाने के एजेंडे के साथ राज्य के सांसदों की बैठक आयोजित करेगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी शामिल होंगे।

उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क के हवाले से एक आधिकारिक विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई। इसमें बताया गया है कि राज्य सरकार इस इरादे से बैठक आयोजित कर रही है कि सांसद संसद के अंदर और केंद्र के साथ लंबित मुद्दों पर बात करें। विक्रमार्क ने केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी और बंदी संजय कुमार सहित राज्य के सभी सांसदों को बैठक के लिए बुलाया।

महिला आयोग खुशहाल विवाह के लिए शुरू करेगा 21 परामर्श केंद्र
खुशहाल विवाह को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) नौ राज्यों में विवाह से पहले 21 परामर्श केंद्र स्थापित करेगा। इन केंद्रों में विशेषज्ञ विवाह से जुड़े सामाजिक, मानसिक और व्यावहारिक पहलुओं पर सलाह देंगे। इन केंद्रों का शुभारंभ शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर किया जाएगा। एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजय रहाटकर ने शुक्रवार को यह घोषणा की। उनके मुताबिक, ये केंद्र राजस्थान के बीकानेर, मध्य प्रदेश के भोपाल, महाराष्ट्र के नासिक, लातूर और मुंबई, साथ ही गुजरात, ओडिशा, केरल और उत्तर प्रदेश के फरीदाबाद में स्थापित किए जाएंगे।  

शिवाजी महाराज के वंशज ने कहा ध्वस्त हो औरंगजेब का मकबरा
मुगल बादशाह औरंगजेब को लेकर सियासी हलचल थमने का नाम नहीं ले रही है। अब छत्रपति शिवाजी महाराज के 13वें वंशज भाजपा सांसद छत्रपति उदयनराजे भोसले ने उनके मकबरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसे ध्वस्त कर दिया जाना चाहिए। उदयनराजे भोसले ने कहा कि औरंगजेब एक कट्टर, क्रूर शासक और इस देश का लुटेरा था। छत्रपति संभाजी महाराज की निर्मम हत्या करने वाले औरंगजेब की कब्र का महाराष्ट्र में महिमामंडन और पूजन किया जा रहा है।  

मुडा मामला : सिद्धरमैया की पत्नी व मंत्री को भेजे ईडी के समन रद्द
कर्नाटक उच्च न्यायलय ने मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (मुडा) मामले में प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की पत्नी पार्वती बीएम और नगर विकास मंत्री बीएस सुरेश (बैरथी सुरेश) को भेजे गए समन को शुक्रवार को रद्द कर दिया। हालांकि, सुरेश इस मामले में आरोपी नहीं हैं, लेकिन ईडी ने उनसे पूछताछ करने के लिए उन्हें समन जारी किया था। यह फैसला न्यायमूर्ति एम नागप्रसन्ना ने पार्वती और सुरेश की दायर याचिकाओं की सुनवाई के बाद दिया। इससे पहले अदालत ने 27 जनवरी को समन पर अस्थायी रोक लगा दी थी।  

टीसीएस, इन्फोसिस, विप्रो जैसी दिग्गज कंपनियां बनाएं स्वदेशी मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम : वैष्णव
केंद्रीय सूचना एवं प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देश की दिग्गज आईटी कंपनियों टीसीएस, इन्फोसिस व विप्रो को चुनौती देते हुए उनसे स्वदेशी मोबाइल ऑपरेटिंग सिस्टम तैयार करने का आह्वान किया। वैष्णव डाटाक्वेस्ट इंडिया के 32वें आईसीटी बिजनेस अवार्ड्स और डीक्यू डिजिटल लीडरशिप कॉन्क्लेव में शिरकत कर रहे थे।

वैष्णव ने कहा, इसमें कोई शक नहीं है कि आप सभी सेवाएं प्रदान करने में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। अब समय आ गया है जब हमें उत्पाद बनाने वाले राष्ट्र के रूप में विकसित होना होगा। सरकार की तरफ से हम समर्थन करेंगे, तकनीक के क्षेत्र में आप काम करें।

इस साल पहली मेड इन इंडिया चिप आएगी
सेमी कंडक्टर पर वैष्णव ने कहा, देश में पांच इकाई शुरू की गई हैं। इस साल हम देश में निर्मित चिप देखेंगे। वैष्णव ने एआई कंप्यूट पोर्टल के शुभारंभ का भी जिक्र किया। यह शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स और सरकारी एजेंसियों के लिए उपलब्ध होगा।  ताकि वे विशेष रूप से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) कार्यों के लिए डिजाइन किए गए अत्यधिक मूल्यवान जीपीयू और उच्च-शक्ति वाले कंप्यूटिंग संसाधनों तक पहुंच सकें।

शाह ने बंगलूरू में किया विश्वेशतीर्थ अस्पताल का उद्घाटन 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगलूरू में श्री विश्वेशतीर्थ मेमोरियल अस्पताल का उद्घाटन किया। शाह ने कहा कि 2 एकड़ भूमि पर 60 करोड़ की लागत से 150 बेड वाले मल्टीस्पेशलिटी विश्वेशतीर्थ अस्पताल गरीबों और समाज के निचले तबके के लोगों के लिए मुफ्त इलाज देगा।

शाह ने कहा, अस्पताल में 60% बेड गरीबों के लिए आरक्षित हैं। केंद्र को कई अत्याधुनिक सेवाओं से युक्त किया गया है। श्री कृष्ण सेवाश्रम ट्रस्ट हमेशा से समाज के गरीब और वंचित लोगों की सेवा के लिए काम करता रहा है। इसकी स्थापना श्रद्धेय श्री विश्वेशतीर्थ स्वामी जी ने की और आज उनके उत्तराधिकारी श्री विश्वप्रसन्नतीर्थ स्वामी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।  यहां श्री कृष्ण मेडिकल सेंटर, श्रीकृष्ण नेत्रालय, दंतालय, श्री विश्वप्रसन्नतीर्थ मेमोरियल क्लीनिक स्थापित किए गए हैं। शाह ने कहा, पेजावर मठ न सिर्फ कर्नाटक और दक्षिण भारत बल्कि पूरे भारत के सभी मठों में एक प्रमुख मठ है। यह पूरे दक्षिण भारत समेत देशभर में श्री विश्वेशतीर्थ स्वामी जी की अगुवाई में राष्ट्रीय एकता, जबरन धंर्मांतरण को रोकने, श्रीराममंदिर आंदोलन और हिंदुत्व और सनातन धर्म की सेवा को लंबे समय से जारी रखकर पूरे देश में सम्माननीय स्थान प्राप्त किया है। 

नौसेना की नारी शक्ति से बात करना गौरवपूर्ण : राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर नौसेना की नाविका सागर परिक्रमा-2 की चालक दल की लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए से बात की। इस चालक दल आईएनएसवी तारिणी से दुनिया की परिक्रमा लगाने निकला है और वर्तमान में फॉकलैंड द्वीप समूह में पोर्ट स्टेनली से 450 समुद्री मील की दूरी पर दक्षिण अटलांटिक महासागर में है। यह दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन की ओर बढ़ रहा है।

रक्षा मंत्री ने चालक दल के साहस, समर्पण और लचीलेपन की सराहना की। राजनाथ ने दुनिया के सबसे अलग-थलग पानी वाले प्वाइंट निमो को पार करने और सबसे खतरनाक जल निकायों में से एक ड्रेक पैसेज से होकर नौकायन करने के उल्लेखनीय मील के पत्थर के लिए क्रू को बधाई दी। रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, नौसेना की नारी शक्ति से बात करना गौरवपूर्ण था। रक्षा मंत्री ने लैंगिक समानता वाले सशस्त्र बल के सरकार के दृष्टिकोण को दोहराया और अधिक युवा महिलाओं को रक्षा और साहसिक खेलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में महिलाओं की अमूल्य भूमिका को स्वीकार किया और रक्षा क्षेत्र में महिलाओं के लिए अवसरों का विस्तार करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। 

पीएम मोदी का आपत्तिजनक कार्टून हटाने का निर्देश
मद्रास हाईकोर्ट ने आनंद विकटन प्रोडक्शंस प्रा. लि. को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आपत्तिजनक कार्टून हटाने का निर्देश दिया है। इसमें पीएम मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक के दौरान बेड़ियों में जकड़े दिखाया गया है। जस्टिस डी भरत चक्रवर्ती ने कहा कि कार्टून हटाने की सूचना मिलने पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय आनंद विकटन वेबसाइट पर से प्रतिबंध हटा देगा। कोर्ट ने यह अंतरिम आदेश आनंद विकटन प्रोडक्शंस प्रा. लि. और आनंद विकटन पब्लिशर्स प्रा. लि. की तरफ से दायर याचिका पर सुनवाई के बाद दिया। 

गोवा : पांच साल की बच्ची की बलि देने पर दंपती गिरफ्तार
गोवा में एक दंपती ने अपनी परेशानी से निजात पाने के लिए तांत्रिक की सलाह पर पड़ोसी की 5 साल की बच्ची की बलि दे दी। हत्यारे दंपती को हत्या और शव को घर के पिछवाड़े दफनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया। पोंडा पुलिस उपाधीक्षक शिवराम वैगंकर ने बताया, पूछताछ के दौरान आरोपी दंपती बाबासाहेब अलार और उसकी पत्नी पूजा ने बताया कि उन्हें काला जादू करने वाले तांत्रिक ने बच्ची की बलि की सलाह दी थी।

ओडिशा में आईएनएस चिल्का से 2,966 अग्निवीर हुए स्नातक
भारतीय नौसेना के 2,966 अग्निवीर शुक्रवार को ओडिशा स्थित नौसेना के प्रमुख प्रशिक्षण प्रतिष्ठान आईएनएस चिल्का से स्नातक हो गए, जिसमें 402 महिलाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 288 वरिष्ठ माध्यमिक भर्ती (चिकित्सा सहायक) और 227 नाविक भी इस अवसर पर स्नातक हुए। नौसेना के 16 हफ्ते के कठोर नौसेना प्रशिक्षण के समापन पर पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया।

विदेश सचिव मिस्री ने मॉस्को में रूसी समकक्ष के साथ की वार्ता
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने शुक्रवार को मॉस्को में अपने रूसी समकक्ष आंद्रे रुदेंको के साथ द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। समझा जाता है कि वार्ता के दौरान यूक्रेन युद्ध का मुद्दा भी उठा।

भारत ने हिंद महासागर में मेगा नौसैनिक अभ्यास पूरा किया
भारत ने हिंद महासागर में तीन महीने तक चलने वाले बड़े नौसैनिक अभ्यास का समापन किया, जिसमें 65 से अधिक युद्धपोत, 10 पनडुब्बियां और 80 से अधिक विमान शामिल थे। इस अभ्यास का उद्देश्य भारतीय नौसेना की युद्ध तैयारियों और सामग्री की तत्परता का आकलन करना था।

बता दें कि यह अभ्यास पश्चिम में होर्मुज जलडमरूमध्य से लेकर पूर्व में सुंडा और लोम्बोक जलडमरूमध्य तक विस्तारित था। भारतीय नौसेना ने बताया कि इस थिएटर लेवल ऑपरेशनल एक्सरसाइज (TROPEX) ने बल की परिचालन क्षमता और युद्ध के लिए तैयार रहने की प्रतिबद्धता को साबित किया। इस अभ्यास में भारतीय नौसेना के 65-70 युद्धपोत, 9-10 पनडुब्बियां और 80 से अधिक विमान शामिल थे। इसके अलावा, अन्य सेवाओं के साथ मिलकर थिएटर स्तर के परिदृश्यों की योजना बनाने और क्रियान्वयन में भी उच्च स्तर का तालमेल देखा गया।

गुजरात : जोक्स साझा करने पर दो मेडिकल इंटर्न पर हमला
गुजरात के भावनगर स्थित एक सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के दो इंटर्न को उनके कुछ सहपाठियों और एक सीनियर ने कथित तौर पर बंधक बनाया और उन पर हमला भी किया। इंटर्न इशान कोटक और अमन जोशी की तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि उनके साथ मारपीट इसलिए की गई क्योंकि साथी छात्र उनकी तरफ से सोशल मीडिया पर साझा किए गए जोक्स से नाराज थे। इंटर्न छात्रों का कहना है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

 
विज्ञापन

पांच गुना बढ़कर 44 अरब डॉलर पहुंच जाएगा भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र : जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि आने वाले समय में भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र पांच गुना बढ़कर 44 अरब डॉलर का हो जाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय अंतरिक्ष नवाचार व अनुप्रयोग (एनएसआईएल) और इन-स्पेस का उल्लेख किया, जिसने सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया है, जिससे भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था 8 अरब डॉलर तक पहुंच गई है।

'स्पेस-टेक फॉर गुड गर्वनेंस' सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, वे दिन चले गए जब हम दूसरों से सीख लेते थे। अब भारत दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। भारत का अंतरिक्ष बजट 2013-14 में 5,615 करोड़ से बढ़कर हाल के बजट में 13,416 करोड़ हो गया है, जो 138.93 प्रतिशत की वृद्धि है। इसरो ने हाल ही में नाविक उपग्रह के साथ अपने 100वें उपग्रह प्रक्षेपण का जश्न मनाया, जो भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। जितेंद्र सिंह ने कहा, स्टार्टअप की संख्या एक से बढ़कर 300 से अधिक हो गई है, जिससे भारत वैश्विक अंतरिक्ष बाजार में राजस्व उत्पन्न करने वाले प्रमुख देश के रूप में स्थापित हो गया है। भारत ने 433 विदेशी उपग्रह प्रक्षेपित किए हैं, जिनमें से 396 वर्ष 2014 से प्रक्षेपित किए गए हैं। इससे 19.2 करोड़ डॉलर और 27.2 करोड़ यूरो का राजस्व प्राप्त हुआ है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें