असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि पुलिस ने असम के कार्बी आंगलोंग जिले से आठ करोड़ रुपये की 'याबा' गोलियां बरामद की हैं। साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सरमा ने एक्स पर कहा, 'कार्बी आंगलोंग में एक नशीले पदार्थ विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान दिलाई पर एक वाहन को रोका गया। जांच करने पर आठ करोड़ रुपये मूल्य की 40 हजार याबा गोलियां जब्त की गईं।
उन्होंने बताया कि नशीले पदार्थ की तस्करी के सिलसिले में दो लोगों को पकड़ा गया है। बता दें, याबा में नशे की लत लगाने वाला मेथामफेटामाइन और कैफीन होता है। मुख्यमंत्री ने राज्य को नशा मुक्त बनाने की दिशा में असम पुलिस के प्रयासों की भी सराहना की।
कोलकाता में पुलिसकर्मियों पर हमला
कोलकाता के जोरासांको पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों पर कथित रूप से हमला करने के आरोप में बुधवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी दोपहर में थाने में शिकायत दर्ज कराने गए एक व्यक्ति को समर्थन देने की आड़ में जांच अधिकारी के कमरे में घुस गए। उन्होंने ऑन-ड्यूटी अधिकारियों को धक्का दिया और हंगामा किया। सभी आरोपियों को पुलिस स्टेशन की हवालात में रखा गया है। उन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा।
मामूली विवाद पर इंसास राइफल से ASI को मारी गोली
झारखंड के लोहरदगा जिले में बुधवार रात करीब नौ बजे कॉन्सटेबल अनंत सिंह मुंडा ने सहायक उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह की कथित तौर पर इंसास राइफल से गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमान ने कहा कि घटना का विवरण इकट्ठा किया जा रहा है। पीड़ित और आरोपी दो अन्य व्यक्तियों के साथ किराये के मकान में रहते थे।
भारत बनाम पाकिस्तान मैच को लेकर दर्शक उत्साहित
अमेरिका में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 के शानदार आगाज के साथ ही भारत ने आयरलैंड को 8 विकेट से शिकस्त दी, जिससे भारतीय टीम के प्रशंसकों में काफी खुशी है। प्रशंसक सुधीर कुमार चौधरी का कहना है कि मुझे खुशी है कि इस विश्व कप की मेजबानी अमेरिका और वेस्टइंडीज कर रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि 2007 की जीत टीम इंडिया दोबारा दोहराएगी।
वहीं, एक भारतीय प्रशंसक का कहना है कि स्टेडियम में माहौल अच्छा था। भारतीय समर्थक अच्छी संख्या में थे। मैंने मैच का आनंद लिया। एक और प्रशंसक ने कहा कि अमेरिका में क्रिकेट देखना अच्छा लग रहा है। रोहित शर्मा ने अच्छा खेला। विराट कोहली आगामी मैचों में अच्छा खेलेंगे। हम भारत बनाम पाकिस्तान के मैच को लेकर बहुत उत्साहित हैं, हमें उम्मीद है कि भारत कप घर लाएगा।
मुंबई में महिला के ऊपर स्लैब गिरने से मौत
मुंबई के माहिम इलाके में इमारत की पहली और ऊपरी मंजिल का बड़ा स्लैब एक 35 वर्षीय महिला के ऊपर गिर गया, जिससे महिला की मौत हो गई। जबकि, एक अन्य महिला घायल हो गई। बृहन्मुंबई नगर निगम ने बताया कि घटना की सूचना बुधवार शाम 5:31 बजे दी गई। पहली मंजिल पर मलबा हटाने के दौरान एक मजदूर भी स्लैब वाले हिस्से के नीचे फंस गया।
एजीपी अध्यक्ष अतुल बोरा बोले- हम एनडीए का हिस्सा
एनडीए में टूट-फूट की अटकलों पर घटक दलों ने विराम लगा दिया है। बुधवार को हुई एनडीए की बैठक से बाहर निकलने के बाद असम गण परिषद (एजीपी) के अध्यक्ष और असम के मंत्री अतुल बोरा ने कहा कि हम एनडीए का हिस्सा हैं। हम बैठक में शामिल होने के लिए आए थे। टीडीपी, जेडी (यू) और अन्य प्रमुख दल भी बैठक में शामिल हुए। सभी एनडीए के साथी खुश हैं। देश की जनता ने तीसरी बर एनडीए को वोट दिया है।
तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे मोदी: शिंदे
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने एनडीए की बैठक से निकलने के बाद बुधवार को कहा कि एनडीए नेताओं की बैठक पीएम मोदी के नेतृत्व में हुई है। शिवसेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी जल्द ही तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। उन्होंने एनडीए में सेंधमारी की सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
निवेश घोटाला: महाराष्ट्र-गोवा में 38 करोड़ की संपत्ति ईडी ने की जब्त
प्रवर्तन निदेशालय ने करोड़ों के निवेश घोटाले में महाराष्ट्र और गोवा में 38.33 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। ये संपत्तियां दोनों राज्यों के छह से ज्यादा स्थानों पर मौजूद हैं। ईडी की नागपुर इकाई ने समीर जोशी की मल्टी लेवल मार्केटिंग कंपनी श्रीसूर्या इनवेस्टमेंट से जुड़े घोटाले में यह कार्रवाई की है। आरोपपत्र के मुताबिक, जोशी की कंपनी ने कुल 1,267 निवेशकों के साथ 105 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी की।
एजेंसी के मुताबिक, यह संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई 31 मई को की गई थी। जिसमें नागपुर, अमरावती, अकोला और मडगांव सहित महाराष्ट्र और गोवा के अन्य स्थानों पर इन संपत्तियों को जब्त किया गया है। जब्त संपत्तियों में फिक्स्ड डिपोजिट सहित अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं। नागपुर पुलिस की एफआईआर के आधार पर ईडी ने जांच की, जिसमें पता चला कि जोशी ने निवेशकों को निवेश पर मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया। प्रवर्तन निदेशालय ने कहा कि समीर जोशी ने निवेशकों को झूठे आश्वासन देकर उनसे पैसे लिए और उससे अपने और अपने परिजनों व कारोबारी सहयोगियों के लिए संपत्तियां अर्जित कीं।
केरल में समुद्र में फंसे 31 मछुआरों को एंबुलेंस के जरिये बचाया
नाव में आई तकनीकी खराबी के कारण केरल के परप्पनंगडी तट के पास समुद्र में फंसे 31 मुछआरों को समुद्री एंबुलेंस की सहायता से बचा लिया गया। मरीन एनफोर्समेंट विंग (समुद्री बचाव दल) ने बुधवार को कहा, बेपोर बंदरगाह से समुद्र में उतरी नाव नाथन का इंजन खराब हो गया था, जिसमंे 31 मछुआरे सवार थे। दल ने नाव सहित सभी को सुरक्षित बचा लिया। एजेंसी
रक्षा मंत्रालय का पेंशन संबंधी स्पर्श सेवा के लिए चार बैंकों से करार
रक्षा मंत्रालय के रक्षा खाता विभाग (डीएडी) ने पेंशन वितरण व उससे जुड़ी अन्य सेवाओं के लिए चार बैंकों के साथ समझौते किए हैं। इसके तहत इन चार बैंकों की देशभर में 1,128 शाखाओं पर सिस्टम फॉर पेंशन एडमिनिस्ट्रेशन (रक्षा) या स्पर्श के सेवा केंद्र खुलेंगे। यह एक वेब आधारित सिस्टम है जो पेंशन दावों के निस्तारण और सीधे पेंशनधारकों के खाते में पैसे हस्तांतरित करने में मदद करता है। डीएडी ने बैंक ऑफ इंडिया, कैनरा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और दिल्ली में उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक से करार किया है। इस करार से पेंशनभोगियों को अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी मिलेगी।
हैदराबाद में लावारिस कुत्तों के हमले में 6 साल के बच्चे की मौत
तेलंगाना की राजधानी में लावारिस कुत्तों के हमले में छह साल के एक बच्चे की मौत हो गई। बुधवार सुबह एक डंपिंग यार्ड के पास उसका शव मिला। पुलिस ने कहा, बच्चे के शरीर पर कुत्तों के काटने के निशान हैं, लेकिन शव सूजा हुआ था। ऐसे में संदेह है कि वह पास के किसी जलाशय में गिर गया होगा। उसने कहा, अब पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा कि उसकी मौत कैसे हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शरू कर दी है।
गांधीधाम खाड़ी क्षेत्र से 130 करोड़ की कोकीन जब्त
गुजरात के गांधीधाम खाड़ी क्षेत्र से बुधवार को कोकीन के 13 लावारिस पैकेट बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत 130 करोड़ रुपये है। आतंकवाद निरोधी दस्ता के पुलिस अधीक्षक सुनील जोशी ने बताया, अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कोकीन पैकेट रोहर गांव से गुजरने वाले खाड़ी क्षेत्र से बरामद की है।
महाराष्ट्र में मंत्रालय की ऊपरी मंजिल से कूदा शख्स
महाराष्ट्र सरकार के प्रशासनिक कार्यालय मंत्रालय की ऊपरी मंजिल से गुरुवार को एक शख्स ने छलांग लगा दी, लेकिन गनीमत ये रही कि इमारत में लगे सेफ्टी नेट पर जाकर गिरा, जिसकी वजह से उसकी जान बच गई। बाद में पुलिस ने उसे सुरक्षित बचा लिया और नेट से उतार लिया गया। अभी तक ये पता नहीं चला है कि शख्स ने किस बात पर मंत्रालय की इमारत की ऊपरी मंजिल से छलांग लगाई। पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुणे एयरपोर्ट से पकड़ा गया 78 लाख रुपये का सोना, आरोपी यात्री गिरफ्तार
पुणे के कस्टम विभाग ने एक यात्री के पास से 78 लाख रुपये की कीमत का अवैध सोना पकड़ा है। कस्टम विभाग को खुफिया सूचना मिली थी एक यात्री अवैध सोने के साथ दुबई से पुणे एयरपोर्ट पहुंच रहा है। जब कस्टम विभाग के अधिकारियों ने जांच की और जिस जगह हवाई जहाज में वह बैठा था, उस सीट की तलाशी ली तो पहले तो उन्हें कुछ नहीं मिला, लेकिन बाद में सीट के निचले हिस्से में एक पैकेट बरामद किया गया। इस पैकेट से सोना बरामद हुआ, जिसका वजन 1088 ग्राम था और इसकी अनुमानित कीमत 78 लाख रुपये है। कस्टम विभाग ने आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है।
महाराष्ट्र में मानसून सत्र टालने की सिफारिश
महाराष्ट्र कैबिनेट ने महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र को कुछ समय के लिए टालने का फैसला किया जा सकता है। कैबिनेट ने इसकी सिफारिश कर दी है और अब इस सिफारिश को राज्यपाल के पास भेजा जाएगा। महाराष्ट्र में 27 जून से मानसून सत्र की शुरुआत होनी है।