तेलंगाना में आंशिक रूप से जला हुआ महिला का शव बरामद
हैदराबाद में लगभग 25-30 साल की महिला का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि आउटर रिंग रोड (ओआरआर) के पास मेडचल में एक पुलिया के नीचे आंशिक रूप से जला हुआ महिला का शव बरामद किया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहंची पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच के मुताबिक मृतका शादीशुदा थी। महिला के हाथ पर तेलुगू में 'श्रीकांत' और अंग्रेजी में 'नरेंद्र' का टैटू बना हुआ पाया गया है। शव नग्न अवस्था में मिला और उसे जलाने से पहले उसके कपड़े उस पर डाल दिए गए। सिर पर एक बड़ा पत्थर मारकर उसकी हत्या की गई। अपराधियों ने महिला की पहचान छिपाने के लिए शव पर केरोसिन या पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने महिला पर यौन हमले की आशंका से इनकार नहीं किया है। पुलिस वैज्ञानिक जांच दल के साथ मिलकर सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है। मेडचल पुलिस थाने में पिछले कुछ दिनों में गुमशुदगी का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
किच्चा सुदीप ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार लेने से किया इनकार
कन्नड़ अभिनेता किच्चा सुदीप ने वार्षिक फिल्म पुरस्कारों में ‘पेलवान’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार लेने से मना कर दिया है। उन्होंने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, वह पुरस्कार लेना छोड़ चुके हैं। यह पुरस्कार किसी ऐसे कलाकार को मिले जिसने दिल लगाकर काम किया हो तो मुझे बहुत खुशी होगी।
टोरेस ज्वैलरी मामला : बैंकों में जमा 21 करोड़ ईडी ने किए जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुंबई स्थित टोरेस ज्वैलरी समूह के प्रवर्तकों के ठिकानों पर छापा मारकर 21 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की बैंक जमा राशि जब्त की है। इसके अलावा ईडी ने कुछ डिजिटल उपकरण व दस्तावेज भी जब्त किए। समूह पर निवेश धोखाधड़ी के जरिये कई निवेशकों को ठगने का आरोप है। ईडी ने इस हफ्ते की शुरुआत में प्लेटिनम हर्न प्राइवेट लि. के खिलाफ मामले में मुंबई और जयपुर में 13 परिसरों पर छापा मारा।
गुजरात में 107 करोड़ की प्रतिबंधित दवा के साथ छह गिरफ्तार
गुजरात के आणंद जिले में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने प्रतिबंधित दवा अल्प्राजोलम बनाने वाली फैक्टरी पर छापा मारा। एटीएस ने 107 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित दवाओं के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया है। नींद के लिए दी जाने वाली अल्प्राजोलम का नशीले पदार्थ के रूप में दुरुपयोग किया जाता है, इस कारण यह नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्स्टांसेस (एनडीपीएस) एक्ट के दायरे में आती है। सहायक पुलिस आयुक्त हर्ष उपाध्याय ने बताया कि आरोपी खंभात के पास किराये की फैक्टरी में अल्प्राजोलम बनाते थे। बृहस्पतिवार शाम छापा मारकर 107 किलोग्राम अल्प्राजोलम जब्त की गई। दवा उत्पादन के लिए आरोपियों के पास लाइसेंस भी नहीं था।
इस्राइल में भारत के नए राजदूत होंगे जेपी
अनुभवी राजनयिक जितेंद्र पाल सिंह (जेपी सिंह) को इस्राइल में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात को देखते हुए उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बयान जारी कर बताया कि सिंह 2002 बैच के भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी हैं। वर्तमान में वह विदेश मंत्रालय के महत्वपूर्ण पाकिस्तान-अफगानिस्तान-ईरान प्रभाग में संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं।
गणतंत्र दिवस पर इंडोनेशियाई राष्ट्रपति की भागीदारी मित्रता का सही संदेश: विदेश मंत्री जयशंकर
भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने वाले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो से मिले विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा, उनकी भागीदारी भारत से मित्रता का सही संदेश है। जयशंकर ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के साथ बैठक का विवरण साझा करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो से मुलाकात करके प्रसन्नता हुई। भारत के 76वें गणतंत्र दिवस में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति की भागीदारी हमारी प्रिय मित्रता का एक उपयुक्त उत्सव होगा। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो बृहस्पतिवार रात भारत की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे थे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति सुबियांतो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात करेंगे। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस पर इंडोनेशिया से 352 सदस्यीय मार्चिंग और बैंड दल कर्त्तव्य पथ पर परेड में भाग लेंगे। यह पहली बार होगा कि इंडोनेशियाई मार्चिंग और बैंड दल विदेश में राष्ट्रीय दिवस परेड में भाग लेगा।
मणिपुर में तीन उग्रवादी गिरफ्तार हथियार और गोला-बारूद बरामद
मणिपुर के थौबल और इंफाल पश्चिम जिलों में अलग-अलग अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठनों के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके पास से पिस्तौल, गोला-बारूद, नकदी और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी कांगलेई यावोल कन्ना लूप से जुड़े हैं।
आर्द्रभूमि वाले शहरों में शामिल हुए इंदौर व उदयपुर, देश में वेटलैंड की संख्या हुई 87
दो और शहर इंदौर व उदयपुर आर्द्रभूमि (वेटलैंड) वाले शहरों में शामिल हो गए। इसके साथ ही देश में इनकी संख्या 85 से बढ़कर 87 हो गई। केंद्रीय वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा कर इस उपलब्धि के लिए मध्य प्रदेश और राजस्थान को बधाई दी। कहा, यह उपलब्धि पीएम नरेंद्र मोदी के अर्थव्यवस्था व पारिस्थितिकी को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ने के दृष्टिकोण का प्रमाण है।
आईआईटी बॉम्बे को पूर्व छात्र दंपती ने दिए 95 करोड़ रुपये
आईआईटी बॉम्बे के पूर्व विद्यार्थी रहे एक पति-पत्नी की जोड़ी ने संस्थान को करीब 1.1 करोड़ डॉलर (94,81,17,500 रुपये) की भारी-भरकम राशि दान की है। इस मदद से संस्थान में सेमीकंडक्टर तकनीक, छात्रावासों की मरम्मत समेत बेटियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर काम किया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया की 1994 बैच के बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की छात्र रहे जितेंद्र मोहन और 1995 बैच की बीटेक, सिविल इंजीनियरिंग की छात्रा स्वप्ना सामंत ने अपने पूर्व संस्थान को 1.1 करोड़ डॉलर दिए हैं। उनके योगदान का प्रमुख फोकस महिलाओं और उनके काम को आगे बढ़ाने पर है। इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में चेयर प्रोफेसरशिप विद्या शर्मा उनके इस काम में मदद कर रही हैं। विद्या शर्मा के मुताबिक, यह पहल महिला वैज्ञानिक और शोधकर्ता को आगे बढ़ाने में काफी सहायक साबित होगी। इसके अलावा छात्रावास का नवीनीकरण भी किया जाएगा।
बिरयानी प्रसाद वाले मंदिर में वार्षिक उत्सव, तमिलनाडु में उमड़े श्रद्धालु
तमिलनाडु के मदुरै के वडक्कमपट्टी में मुनियांदी स्वामी मंदिर में वार्षिक उत्सव के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। यहाँ बिरयानी को प्रसाद के रूप में परोसा जाता है। स्थानीय लोगों का मानना है कि बिरयानी भगवान मुनियांदी का पसंदीदा भोजन है।
असम में नाबालिग पर यौन हमला करने के आरोप में दो गिरफ्तार
असम के गुवाहाटी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में एक नाबालिग लड़की पर एक सफाईकर्मी ने यौन हमला किया। पुलिस ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा, 21 जनवरी को बानागढ़ थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी कि जीएमसीएच में इलाज करा रही एक नाबालिग लड़की पर एक सफाईकर्मी ने यौन हमला किया। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में है।
नगालैंड पुलिस ने अभियान चलाकर 35 करोड़ के मादक पदार्थ को किया नष्ट
नगालैंड के दीमापुर और मोन जिलों में पुलिस ने दो अभियानों चलाकर 35 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ को नष्ट किया है। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिन मादक पदार्थों को नष्ट किया गया उनमें ब्राउन सुगर, हेरोइन, क्रिस्टल मेथ (मेथामफेटामाइन), याबा टैबलेट, कफ सिरफ की बोतलें और अफीम शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि दीमापुर की जिला मादक पदार्थ निस्तारण समिति (डीडीडीसीडी) ने शुक्रवार को 34.82 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ को नष्ट किया। उन्होंने कहा कि मोन जिले में यह आंकड़ा 22.5 लाख रुपये का था।
अदालत ने सीएम सिद्धारमैया के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस द्वारा दायर क्लोजर रिपोर्ट स्वीकार किया
निर्वाचित प्रतिनिधियों के खिलाफ आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए एक विशेष अदालत ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से जुड़े रिश्वत मामले में लोकायुक्त पुलिस द्वारा दायर क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया है। यह मामला भाजपा नेता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित था। भाजपा नेता ने सीएम सिद्धारमैया पर बेंगलुरु टर्फ क्लब (बीटीसी) में एक प्रबंधक की नियुक्ति के बदले मुख्यमंत्री के तौर पर अपने पिछले कार्यकाल के दौरान 1.3 करोड़ रुपये लेने आरोप लगाया था।
तकनीकी कारणों के चलते विशाखापत्तनम जा रहा विमान बंगलूरू लौटा
बंगलूरू से विशाखापत्तनम जा रहा एयर इंडिया का विमान को तकनीकी समस्या के कारण वापस बंगलूरू एयरपोर्ट पर लौटना पड़ा। सुबह 10 बजे विमान ने उड़ान भरा। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि इमरजेंसी लैंडिंग नहीं कराई गई। तकनीकी समस्या के कारण विमान को वापस लौटना पड़ा।
तेलंगाना 'किडनी रैकेट मामले' की CID जांच होगी
तेलंगाना सरकार ने किडनी रैकेट मामले में सीआईडी जांच कराने का फैसला लिया है। स्वास्थ्य मंत्री सी दामोदर राजनरसिम्हा ने कहा कि हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में कथित अवैध किडनी प्रत्यारोपण सर्जरी की जांच अब तेलंगाना पुलिस की अपराध अनुसंधान शाखा (CID) करेगी। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक के बाद निर्देश दिया कि इस मामले में पड़ोसी राज्यों कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल की सरकारों को भी सूचना दी जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने निजी और कॉरपोरेट अस्पतालों में की जाने वाली सर्जरी पर निगरानी और पंजीकरण के निर्देश भी दिए। कथित अवैध सर्जरी पर डॉक्टरों की एक समिति ने प्रारंभिक जांच के बाद जो रिपोर्ट सौंपी है, इसके मुताबिक अस्पताल के पास इस तरह के ऑपरेशन की अनुमति नहीं थी। तमिलनाडु की दो महिलाओं से ली गई किडनी निजी अस्पताल में कर्नाटक की महिलाओं को दे दी गई। बदले में पैसे का प्रलोभन भी दिया गया। पुलिस निजी अस्पताल के खिलाफ बिना अनुमति के किडनी प्रत्यारोपण सर्जरी करने का मामला दर्ज किया है।
मणिपुर में जब्त 314.471 किलोग्राम मादक पदार्थ किया गया नष्ट
मणिपुर में जारी संघर्ष के बीच बड़ी खबर सामने आर रही है। जहां जब्त किए गए 314.471 किलोग्राम मादक पदार्थ को इंफाल पश्चिम जिले में स्थित बायो-मेडिकल अपशिष्ट उपचार सुविधा में नष्ट कर दिया गया। मामले में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में 2018 से ड्रग्स के खिलाफ एक बड़ी मुहिम शुरू की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि यह मणिपुर की आने वाली पीढ़ियों की रक्षा, समाज की अखंडता की रक्षा और राज्य के उज्जवल भविष्य को सुनिश्चित करने का एक मिशन है।
राज्स में ड्रग्स के खिलाफ लगातार कार्रवाई
साथ ही सीएम सिंह ने यह भी बताया कि राज्य सरकार लगातार ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जिसमें हजारों एकड़ अफीम की खेती को नष्ट किया गया है, 70,000 करोड़ रुपये की दवाइयां जब्त की गई हैं और 2,000 से 3,000 लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें से लगभग 200 को दोषी ठहराया गया है। हर साल जब्त की गई दवाइयां पारदर्शिता दिखाने के लिए सार्वजनिक रूप से नष्ट की जाती हैं।
भारत-बांग्लादेश सीमा पर 1.4 करोड़ रुपये की फेंसेडिल की बड़ी खेप जब्त की
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इसके तहत छापेमारी के दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने भूमिगत टैंकों से 1.4 करोड़ रुपये की फेंसेडिल कफ सिरप की 62000 बोतवों की बड़ी खेप को जब्त किया। इस बात की पुष्टि अर्धसैनिक बल ने शनिवार को की है।
पार्टी पदाधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने पर कांग्रेस विधायक गिरफ्तार
केरल में कांग्रेस विधायक आईसी बालकृष्णन को वायनाड जिले में एक पार्टी पदाधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के कारण बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने दी जानकारी
पुलिस के मुताबिक, दो दिन की पूछताछ के बाद बालकृष्णन को गिरफ्तार किया गया, लेकिन अदालत से अग्रिम जमानत मिलने के कारण उन्हें रिहा कर दिया गया। इससे पहले वायनाड जिला कांग्रेस अध्यक्ष एनडी अपचन और पार्टी के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष केके गोपीनाथ को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिन्हें अग्रिम जमानत मिलने के बाद रिहा कर दिया गया।
78 साल के एनएम विजयन और उनके बेटे जितेश (38) ने आत्महत्या कर ली थी। दोनों की पिछले महीने 27 दिसंबर को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। विजयन वायनाड जिला कांग्रेस के कोषाध्यक्ष थे।
नगालैंड में 35 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ नष्ट किये गए
नगालैंड में पुलिस ने 35 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की ड्रग्स नष्ट कर दी। इसे दीमापुर और मोन जिलों में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान जब्त किया गया था।
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि नष्ट की गई ड्रग्स में ब्राउन शुगर, हेरोइन, क्रिस्टल मेथमफेटामाइन, याबा की गोलियां, कफ सिरप की बोतलें और अफीम का भूसा शामिल है। उन्होंने बताया कि दीमापुर जिला औषधि निपटान समिति ने शुक्रवार को 34.82 करोड़ रुपये मूल्य के जब्त मादक पदार्थ नष्ट किये। मोन जिले में यह आंकड़ा 22.5 लाख रुपये था।
अवैध रूप से मछली पकड़ रही नाव को तटरक्षा बल ने पकड़ा
केरल की तट पर अवैध रूप से मछली पकड़ रही तमिलनाडु की नाव को शनिवार को भारतीय तटरक्षा बल ने धर दबोचा। इसको लेकर रक्षा विभाग ने बताया कि तमिलनाडु की एक मछली पकड़ने वाली नाव को विझिनजाम तट के पास बिना वैध पंजीकरण के मछली पकड़ते हुए रोका।
विभाग के द्वारा जारी बयान में बताया गया कि न्यू थारू 2 नामक यह नाव तमिलनाडु के थूथुकुडी में पंजीकृत पाई गई और इसका संचालन नाबालिग चालक दल द्वारा किया जा रहा था। जो केरल समुद्री मछली पकड़ने के नियमन अधिनियम (केएमएफआरए) का उल्लंघन है।
झारखंड : सरकारी धन गबन मामले में 47.96 करोड़ जब्त, 1.83 करोड़ की नकदी बरामद
सरकारी धन के गबन के मामलों में झारखंड पुलिस एसआईटी ने विभिन्न खातों में लगभग 47.96 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए। इसके अलावा 1.83 करोड़ रुपये की नकदी की बरामद की गई है और 16.70 लाख रुपये के आभूषण जब्त किए। पुलिस के अनुसार, यह बरामदगी एक बैंक के शाखा प्रबंधक लोलाश लाकड़ा की गिरफ्तारी के बाद की गई।
एक आधिकारिक बयान में शनिवार को कहा गया कि आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) के पुलिस अधीक्षक ऋषभ झा के नेतृत्व में एसआईटी, ऊर्जा और पर्यटन विभागों में राज्य सरकार के उपक्रमों से जुड़े खातों से लगभग 109 करोड़ रुपये की फर्जी निकासी के मामलों की जांच के तहत ये कार्रवाई की गई। मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके पहले एसआईटी ने 20 जनवरी को डोरंडा में राम लखन यादव के आवास पर छापा मारकर 60 लाख रुपये की नकदी बरामद की थी। मामले की जांच जारी है।
भारत ने भूमध्यरेखीय गिनी को भेजी 10 टन की चिकित्सा सहायता
भारत ने भूमध्यरेखीय गिनी को 10 टन की चिकित्सा सहायता की खेप भेजी है। इसमें एंटी-रेट्रोवायरल दवाएं, एचआईवी/एड्स प्रबंधन के लिए डायग्नोस्टिक किट और दवाएं शामिल हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, अफ्रीकी राष्ट्र की स्वास्थ्य सेवा क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से यह सहायता शनिवार को नई दिल्ली से रवाना हुई। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, इस मानवीय सहायता से भूमध्यरेखीय गिनी की स्वास्थ्य सेवा क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।
आंध्र प्रदेश में अवैध किडनी प्रत्यारोपण रैकेट के नौ लोग गिरफ्तार
पुलिस ने अवैध रूप से किडनी का प्रत्यारोपण करने वाले रैकेट के नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। यह रैकेट एक निजी अस्पताल में अवैध रूप से किडनी प्रत्यारोपण के काम में लिप्त था। गिरफ्तार लोगों में निजी अस्पताल के प्रबंध निदेशक सुमंत सहित दो डॉक्टर और पांच चिकित्सा सहायक हैं। दो लोगों को 23 जनवरी को ही गिरफ्तार किया गया था।
हैदराबाद पुलिस ने शनिवार को बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर इस मामले में 21 जनवरी को केस दर्ज किया गया था। रंगारेड्डी पुलिस ने जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर 21 जनवरी को इस रैकेट का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर के एक-एक सर्जन और रैकेट तीन लोग अब भी फरार हैं। पुलिस के मुताबिक सरूर नगर स्थित अस्पताल का प्रबंधन अवैध किडनी प्रत्यारोपण में लिप्त था। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि अस्पताल में तमिलनाडु के चार लोग आए, जिनमें दो किडनी दानदाता और प्राप्तकर्ता शामिल थे। दो लोगों का पहले ही किडनी प्रत्यारोपण किया जा चुका है और सभी चारों को सरकारी गांधी अस्पताल में आगे के उपचार लिए शिफ्ट किया गया है। जांच के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल को सील कर दिया था। जांच में यह भी सामने आया कि निजी अस्पताल किडनी प्रत्यारोपण सर्जरी के लिए अधिकृत नहीं था।
केरल में कारोबारी से 10 लाख की ऑनलाइन धोखाधड़ी
केरल के कोच्चि में एक कारोबारी से 10 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस सिलसिले में आरोपी धीरज गिरी (28) को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया गया। वह अब तक कई राज्यों के लोगों को अपना निशाना बना चुका था।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि आरोपी गिरी ने पीड़ित कारोबारी के मोबाइल फोन पर बैंक आधार अपडेट करने के अनुरोध वाला मैसेज भेजकर धोखाधड़ी की साजिश रची। पीड़ित ने जब भेजे गए लिंक पर क्लिक किया, तो उसने लेनदेन के लिए बैंक द्वारा भेजे गए वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) तक पहुंच प्राप्त कर ली।
एक अधिकारी ने बताया कि इसके बाद, आरोपी ने कई बार ऑनलाइन लेनदेन कर कारोबारी के खाते से 10 लाख रुपये निकाल लिए। जांच शुरू होने पर अधिकारियों को उसकी लोकेशन उत्तर प्रदेश और दिल्ली से मिली। इसके बाद भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई 4 सी), साइबर डोम और पुलिस की साइबर सेल की मदद से केस को सुलझा लिया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान गिरी के पास से लगभग 20 बैंकों की पासबुक, कई एटीएम और चेकबुक, विभिन्न नामों के पैन और आधार कार्ड, छह हाई-एंड मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड जब्त किए गए। पूछताछ में गिरि ने बताया कि अपराध से प्राप्त आय का इस्तेमाल वह विलासितापूर्ण जीवन जीने के लिए करता था। पुलिस को उसके पास एक फ्लैट और लग्जरी गाड़ियां भी मिलीं। अधिकारी ने बताया कि जल्द ही आरोपी को कोर्ट से समक्ष पेश किया जाएगा।
एनआईए ने दो फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार किया
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 2019 के तमिलनाडु में हुए रामलिंगम हत्याकांड के दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपियों का नाम अब्दुल मजीथ और शाहुल हमीद है, और ये दोनों तमिलनाडु के तंजावुर जिले के रहने वाले हैं। ये दोनों आरोपी प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) से जुड़े हुए हैं।
ओडिशा में पारंपरिक साड़ी पहनकर मैराथन में दौड़ीं 6,000 महिलाएं
भुवनेश्वर के ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में शनिवार को एक अनोखी मिनी-मैराथन 'पैटाथॉन' आयोजित की गई। इसमें लगभग 6,000 महिलाओं ने पारंपरिक साड़ी पहनकर शिखरचंडी मंदिर चौराहे से केआईएसएस एथलेटिक्स स्टेडियम तक दौड़ में भाग लिया। महिला सशक्तिकरण और सभी के लिए शिक्षा की थीम पर आयोजित पैटाथॉन में राज्य के विभिन्न हिस्सों की महिलाओं के साथ-साथ केआईआईटी, केआईआईएस और केआईएमएस की महिला कर्मचारी भी शामिल हुईं।
मैराथन का आयोजन कोआईआईटी-डीयू की ओर से किया गया। यह ओडिशा के सभी जिलों और भारत के विभिन्न शहरों में आयोजित की गई। इसमें राउरकेला की किरण महतो ने 50,000 रुपये का पहला पुरस्कार हासिल किया, जबकि कटक की तेजस्विनी किस्पट्टा और सस्मिता बेहरा ने क्रमशः 40,000 और 30,000 रुपये प्राप्त कर दूसरा और तीसरा पुरस्कार जीता।
खराब गैस लीक होने पर 14 लोगों की बिगड़ी तबीयत
चेन्नई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां शनिवार को एक एयर कंडीशनिंग यूनिट से गैस लीक होने के कारण 108 एंबुलेंस सेवा के कार्यालय के 14 कर्मचारियों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम ने अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की और डॉक्टरों से उनकी सेहत के बारे में पूछा। उन्होंने सोशल मीडिया पर डॉक्टरों और कर्मचारियों से बातचीत करते हुए तस्वीरें भी साझा कीं।
बता दें कि 108 एंबुलेंस सेवा के कार्यालय में एक कॉल सेंटर है, जो आपातकालीन कॉल्स को संभालता है। गैस लीक होने के बाद कर्मचारियों को खांसी और गले में खराश जैसी समस्याएं महसूस होने लगीं, इसलिए उन्हें अस्पताल भेजा गया। हालांकि, एंबुलेंस सेवा पर कोई असर नहीं पड़ा क्योंकि सभी कॉल्स को पुदुकोट्टई स्थित एक अन्य केंद्र में डायवर्ट कर दिया गया और कुछ समय बाद चेन्नई केंद्र ने फिर से कॉल्स को संभालना शुरू कर दिया।
बंगलूरू में क्लीनिकल ट्रायल की दवा खाने से युवक मौत
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में आर एंड डी कंपनी की दवा के क्लीनिकल ट्रायल में शामिल एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पीड़ित नागेश वीरान्ना (22) अपने भाई रेवना सिद्दप्पा के जलाहल्ली स्थित घर पर मृत मिला। सिद्दप्पा का आरोप है कि परीक्षण के दौरान दी गई दवाओं के दुष्प्रभावों के कारण उसके भाई की मौत हुई। एक अधिकारी ने बताया कि सिद्दप्पा की शिकायत पर 22 जनवरी को बीएनएस की धारा 194 (3) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मामले में सिद्दप्पा ने बताया कि ट्रायल में भाग लेने से पहले वीरन्ना को कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं थी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल दिसंबर कुछ परेशानी होने पर वीरन्ना को एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। तब आर एंड डी कंपनी ने उनसे संपर्क किया और परीक्षण के तहत दवा (गोलियां और इंजेक्शन) की पेशकश की।
साथ ही रिपोर्ट में कहा गया है कि 21 जनवरी की रात को दोनों भाइयों ने खाना खाया और हमेशा की तरह बिस्तर पर चले गए। बुधवार सुबह जब सिद्दप्पा ने नागेश को जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह अचेत मिला। उन्होंने तुरंत आर एंड डी फर्म के डॉक्टर से संपर्क किया, जिन्होंने उन्हें नागेश को उसी अस्पताल में ले जाने का निर्देश दिया, जहां उनका पहले इलाज किया गया था। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने नागेश को मृत घोषित कर दिया।
गोवा में विक्षिप्त से सामूहिक दुष्कर्म, पांच गिरफ्तार
दक्षिणी गोवा में मानसिक रूप में विक्षिप्त युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस सिससिले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात की है। आरोपियों में से एक ने मडगांव बस स्टैंड पर 20 वर्षीय युवती से दोस्ती की और उसे बस में बिठाकर एक फ्लैट में ले गया। बाद में वहां चार अन्य आरोपी भी पहुंच गए और उन्होंने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया गया और उनकी गिरफ्तारी हुई।
केरलः जेल में बाल काटे जाने से यूट्यूबर की मानसिक स्थिति बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
केरल के त्रिशूर की एक जेल में बाल काटने जाने पर यूट्यूबर मोहम्मद शाहीन शाह का मानसिक संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बताया जा रहा है कि अपने रंगीन और लंबे बालों के कारण ही उसने प्रसिद्धि पाई थी।
शाहीन शाह (26), मनावलन मीडिया नामक यूट्यूब चैनल चलाता है, जिसके 14.4 लाख सब्सक्राइबर हैं। हत्या के प्रयास के एक मामले में पिछले दिनों कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था। पिछले साल अप्रैल में शाहीन शाह ने कॉलेज के छात्रों को अपनी कार से कुचलने की कोशिश की थी।
शाहीन शाह के परिजनों ने शनिवार को आरोप लगाया कि जेल के अधिकारियों ने उसके बाल जबरन कटवा दिए, जिससे उसकी मानसिक स्थिति पर असर पड़ गया है। हालांकि, एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जेल के नियमों के तहत उसके बाल काटे गए थे। मानसिक रूप से परेशान नजर आने पर उसे त्रिशूर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल वह चिकित्सकों की निगरानी में है। परिजनों ने यह भी कहा कि शाहीन शाह को एक फिल्म में भूमिका मिलने की उम्मीद थी और उसकी शादी भी होने वाली थी। इसलिए उसने बाल न काटे जाने का अनुरोध किया, लेकिन उसकी एक न सुनी गई।
इंफाल पूर्वी जिले से हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद
मणिपुर के इंफाल पूर्वी जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने एक तलाशी अभियान के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया। पुलिस ने शनिवार को कहा कि सुरक्षा बलों एवं पुलिस ने हिंगांग इलाके में अवांग पोटशांगबाम पहाड़ियों में अभियान चलाकर एक राइफल, पिस्तौल, कार्बाइन, मोर्टार और हथगोले बरामद किए। आगे की जांच चल रही है।