हसन-सोलापुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सोमवार सुबह एक डिब्बे से धुआं निकलने के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई। कलबुर्गी जिले के मराथुर गांव के पास सुबह करीब 5:45 बजे जब ट्रेन संख्या 11312 सोलापुर जा रही थी, तब तकनीकी खराबी के कारण चौथे कोच के ब्रेक बाइंडिंग से धुआं निकलता देखा गया। मराठुर में सतर्क रेलवे कर्मचारियों ने इस समस्या को देखा और तुरंत ट्रेन को रोकने का संकेत दिया। जैसे ही ट्रेन रुकी, आग लगने के डर से घबराए यात्री अपना सामान लेकर जल्दी से ट्रेन से बाहर निकल आए। रेलवे कर्मियों ने तुरंत मामले को संभाल लिया। अधिकारियों ने खराबी का कारण जानने के लिए तकनीकी निरीक्षण शुरू कर दिया है।
सीएम स्टालिन को आया चक्कर, अस्पताल में भर्ती
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन को सोमवार सुबह चक्कर आने के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी अस्पताल की ओर से दी गई।
राज्य के जल संसाधन मंत्री दुरैमुरुगन ने अस्पताल जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की और कहा कि उनकी तबीयत अब ठीक है। दुरैमुरुगन ने पत्रकारों से कहा, मुख्यमंत्री अब ठीक हैं। वह जल्द ही घर लौटेंगे। उधर, उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री के बेटे उदयनिधि स्टालिन भी अस्पताल पहुंचे और अपने पिता से मुलाकात की। मुख्यमंत्री को सुबह की सैर के दौरान हल्का चक्कर आया, जिसके बाद उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, ताकि उनकी तबीयत की जांच की जा सके। अस्पताल के चिकित्सा सेवा निदेशक डॉ. अनिल बी. जी. ने अपने बयान में कहा, जरूरी जांच की जा रही है।
मणिपुर में 76 करोड़ के नशीले पदार्थ जब्त
असम राइफल्स ने मणिपुर पुलिस और सीआरपीएफ के साथ संयुक्त अभियान में जिरीबाम जिले से 76 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद किए। अर्धसैनिक बल ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने रविवार को जिले में 616 साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई हेरोइन और 50,000 प्रतिबंधित मेथम्फेटामाइन गोलियां जब्त कीं। इनको जिरीबाम जिले में बराक नदी पर एक नाव से ले जाया जा रहा था। पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने एक्स पर लिखा कि मैं क्षेत्र में प्रमुख मादक पदार्थों की तस्करी के प्रयासों को विफल करने में उनकी निर्णायक कार्रवाई के लिए असम राइफल्स की सराहना करता हूं। उन्होंने अर्धसैनिक बल से सीमा पार तस्करी पर अपनी कार्रवाई जारी रखने का भी आग्रह किया।
तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो ने निवेश धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किए तीन लोग
तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो (TGCSB) ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। टीजीसीएसबी ने बताया कि हैदराबाद के एक व्यक्ति को एक मैसेजिंग एप पर एक लिंक भेजा गया था। उस लिंक पर क्लिक करके वह एक ग्रुप में शामिल हो गया, जहां रोज शेयर बाजार, ब्लॉक ट्रेडिंग और आईपीओ से जुड़ी जानकारियां दी जाती थीं। ग्रुप एडमिन और उसके साथियों की बातों पर भरोसा कर वह एक एप में शामिल हो गया। फिर उसे सलाह दी गई कि वह ब्लॉक ट्रेड और IPO में पैसे लगाए, और कहा गया कि उसे अच्छा मुनाफा मिलेगा। इस भरोसे में आकर पीड़ित ने 30 मई से 9 जुलाई 2025 के बीच कुल 3 करोड़ 24 लाख 85 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। वह एक बार 20 जून को 5 लाख रुपये निकालने में सफल रहा। लेकिन जब उसने 8 जुलाई को फिर पैसे निकालने की कोशिश की, तो एप पर ट्रांजेक्शन सफल दिखा, लेकिन पैसा उसके खाते में नहीं आए।
इंदौर के पास कंटेनर से टकराई बस, आग लगने से दो लोग घायल
मध्य प्रदेश में इंदौर के पास आगर-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम को एक निजी बस कंटेनर से टकरा गई। इसके बाद बस में आग लग गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि वातानुकूलित बस में 30 से 35 यात्री सवार थे और बस महाराष्ट्र के नासिक जा रही थी। किशनगंज थाने के उप-निरीक्षक राजू सिंह चौहान ने बताया कि बस चालक और एक महिला यात्री घायल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि रात आठ बजे दमकल विभाग ने हादसे के बारे में सूचना दी। जब तक पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका था। उन्होंने बताया कि हादसे के कारण ट्रैफिक जाम हो गया। हालांकि, आग बुझा दी गई है और जाम भी खुलवा दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, आग लगने से ठीक पहले यात्री बस से उतर गए थे।
अरुणाचल के नामसाई में आईईडी बरामद, आतंकी साजिश नाकाम
अरुणाचल के नामसाई जिले से सुरक्षाबलों ने आईईडी बरामद कर उग्रवादियों के मनसूबों में पानी फेर दिया है। उग्रवादी अक्सर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए जमीन में आईईडी बिछा देते हैं। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि आईईडी असम रायफल्स ने शनिवार को एक नियमित अभियान के दौरान प्योंग सर्कल में आने वाले नांगटॉ गांव से बरामद की। उन्होंने कहा, आईईडी संभवतः पुरानी है और सुरक्षाबल इसकी जांच कर रहे हैं। इसके बाद बम निरोधक दस्ता उसे निष्क्रिय कर देगा।
मोदी ने मोटरसाइकिल सवारों से कहा-कच्छ जरूर घूमें, ले प्राकृतिक सुंदरता का आनंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार सुबह गुजरात के कच्छ की खूबसूरती को दिखानों की कोशिशों की सराहना करते हुए कहा कि मोटरसाइकिल सवारों को इस खारे दलदली रेगिस्तान का सफर जरूर करना चाहिए। दरअसल, शनिवार को टीवीएस मोटर कंपनी के वेणु श्रीनिवासन और सुदर्शन वेणु ने पीएम मोदी से मुलाकात की। पीएम ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर उनके कच्छ की खूबसूरती को सामने लाने की कोशिशों की तारीफ करने के साथ ही मोटरसाइकिल सवारों को वहां जाने के लिए प्रोत्साहित भी किया। पीएम ने लिखा, वेणु श्रीनिवासन और सुदर्शन वेणु से मिलकर खुशी हुई। मैं कच्छ की खूबसूरती को सामने लाने और मोटरसाइकिल सवारों को वहां जाने के लिए प्रोत्साहित करने के उनकी कोशिशों की सराहना करता हूं।
भारत असैन्य परमाणु क्षेत्र में निवेश पर निजी क्षेत्र की चिंता का समाधान करेगा : जितेंद्र
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने रविवार को कहा कि भारत असैन्य परमाणु क्षेत्र में निवेश को लेकर वैश्विक स्तर पर निजी क्षेत्र की आशंकाओं का समाधान करेगा। उन्होंने कहा कि देश में 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा उत्पादन के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने के लिए असैन्य परमाणु क्षेत्र को निजी निवेश के लिए खोला गया है। भारत इस समय 8,780 मेगावाट परमाणु ऊर्जा का उत्पादन करता है और 2031-32 तक इसे बढ़ाकर 22,480 मेगावाट करने की योजना है। परमाणु ऊर्जा विभाग का प्रभार भी संभाल रहे जितेंद्र सिंह ने साक्षात्कार के दौरान कहा, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में निजी क्षेत्र को आसान बनाने के लिए प्रासंगिक नियमों और कानूनों में बदलाव करने होंगे, जिन पर इस समय सरकार का कड़ा नियंत्रण है।
बंगाल के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता अबू हेना का निधन
पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अबू हेना का लंबी बीमारी के बाद साल्क लेक स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि 75 वर्षीय हेना ने रविवार रात करीब 10:45 बजे अंतिम सांस ली। वह मुर्शिदाबाद जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष थे। वे 1991 से 2021 तक पश्चिम बंगाल विधानसभा में लालगोला विधानसभा सीट से विधायक रहे। वहीं 2011 में वह तृणमूल कांग्रेस की पहली सरकार में मंत्री बने। कांग्रेस के सरकार से समर्थन वापस लेने के बाद उन्होंने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पहली बार टीएमसी उम्मीदवार मुहम्मद अली ने हराया था। अबू के पिता अब्दुस सत्तार सिद्धार्थ शंकर रे के मंत्रिमंडल के सदस्य थे।
मणिपुर में छह गिरफ्तार
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पूर्व और काकचिंग जिलों से दो प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि गोला-बारूद के व्यापार में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में तीन अन्य लोगों को भी इंफाल पश्चिम जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन प्रेपक के स्वयंभू सार्जेंट मेजर को शनिवार को इंफाल पूर्वी जिले के कोंथा अहलुप स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। वहीं प्रतिबंधित यूपीपीके के दो सक्रिय सदस्यों को रविवार को काकचिंग के एक बाजार से जिले और आसपास के क्षेत्रों में जबरन वसूली की गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने रविवार को इम्फाल पश्चिम जिले के थांगमेइब और खुयाथोंग पोलेम लेइकाई क्षेत्रों से गोला-बारूद की अवैध बिक्री में कथित संलिप्तता के लिए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि उनके पास से 100 से अधिक गोला-बारूद बरामद किया गया।
केरल पुलिस ने दबोचे ऑनलाइन फ्रॉड के आरोपी
केरल पुलिस ने उत्तर प्रदेश से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। फर्जी परिवहन सॉफ्टवेयर से ऑनलाइन धोखाधड़ी मामले में पकड़े गए दोनों युवकों पर गिरोह संचालित करने के आरोप लगे हैं। साइबर अपराध पुलिस प्रभाग ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से दोनों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह पूरे देश में ऑनलाइन धोखाधड़ी करता है। केरल पुलिस ने बताया कि यूपी के मूल निवासी अतुल कुमार सिंह (32) और मनीष यादव (24) को गिरफ्तार किया गया है। ये लोगों को व्हाट्सएप के माध्यम से नकली एंड्रॉइड पैकेज किट (एपीके) फाइलें भेजकर कथित धोखाधड़ी को अंजाम देते थे। बता दें कि एपीके फाइलों का उपयोग मोबाइल एप्लिकेशन इंस्टॉल करने के लिए किया जाता है। दोनों आरोपियों ने टेलीग्राम बॉट के माध्यम से वाहनों के विवरण जमा किए। फर्जी एपीके बनाने के पीछे मनीष यादव के 16 वर्षीय रिश्तेदार का दिमाग था। आरोपियों को इंस्पेक्टर शमीर खान और अधिकारी अरुण, अजित राज, निखिल जॉर्ज, अल्फिट एंड्रयूज और शराफुद्दीन की पुलिस टीम ने डिजिटल साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तार किया।
महिलाओं के खिलाफ अपराध मामला: कर्नाटक के श्रीक्षेत्र धर्मस्थल ने SIT जांच का समर्थन किया
कर्नाटक की प्रसिद्ध धार्मिक संस्था 'श्री क्षेत्र धर्मस्थल' ने महिलाओं के खिलाफ अपराध के आरोपों को लेकर अहम बयान दिया है। प्रसिद्ध तीर्थस्थल में कई अज्ञात शवों को दफनाने से संबंधित इस मामले की एसआईटी जांच कराए जाने को लेकर श्री क्षेत्र धर्मस्थल के प्रवक्ता के. पार्श्वनाथ जैन ने इस बात पर जोर दिया कि सत्य और विश्वास सामाजिक विश्वास की बुनियाद हैं। उन्होंने कहा, 'हमारी सच्ची आशा और गंभीर मांग है कि एसआईटी उच्चतम स्तर की जांच कर सच्चाई का पता लगाए।' बता दें कि धर्मस्थल पुलिस स्टेशन की तरफ से दर्ज कराए गए इस मामले से पूरे देश में हंगामा मच गया है।
मंगलवार को वापस उड़ान भरेगा ब्रिटिश लड़ाकू विमान
तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करने वाला ब्रिटिश रॉयल नेवी का एफ-35बी लाइटनिंग लड़ाकू विमान मंगलवार को वापस ब्रिटेन रवाना होगा। हवाई अड्डे के सूत्रों के अनुसार ब्रिटेन के सबसे उन्नत स्टील्थ बेड़े के इस जेट विमान की मरम्मत का काम पूरा हो गया है। इसे अब हैंगर से बाहर लाया जा रहा है। जेट को हमारे बे में लाया जाएगा और यह मंगलवार को वापस उड़ान भरेगा। तकनीकी खराबी आने के बाद यह विमान 14 जून से यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खड़ा है। बाद में आवश्यक मरम्मत कार्य के लिए ब्रिटेन से विमानन इंजीनियर यहां पहुंचे। उन्होंने बताया कि लैंडिंग शुल्क के अलावा हवाई अड्डे पर विमान के लिए दैनिक किराया और पार्किंग शुल्क भी देना होगा।
ओडिशा: सीएम माझी ने राज्यपाल से की मुलाकात, मंत्रीमंडल के विस्तार के अटकलें तेज
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को राजभवन में राज्यपाल हरिबाबू कंभापति से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद राज्य में संभावित मंत्रीमंडल के विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने इस मुलाकात को एक शिष्टाचार भेंट बताया है। हालांकि, बैठक में क्या चर्चा हुई, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई।
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब कुछ दिन पहले ओडिशा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन समल ने कहा था कि मुख्यमंत्री माझी के मंत्रीमंडल में जल्द ही फेरबदल किया जाएगा। मनमोहन समल ने नौ जुलाई को पत्रकारों से कहा था, मंत्रीमंडल के विस्तार को लेकर केंद्रीय नेताओं के साथ बातचीत हो चुकी है। मुख्यमंत्री माझी इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं, जिनमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बी. एल. संतोष भी शामिल हैं। मोहन चरण माझी ने 12 जून 2024 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और उनके साथ दो उपमुख्यमंत्री तथा 13 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली थी। फिर भी छह मंत्री पद पिछले एक साल से खाली हैं। इन रिक्त पदों और मुख्यमंत्री व राज्यपाल की अचानक हुई मुलाकात के चलते राज्य में मंत्रीमंडल विस्तार को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
मुंबई ट्रेन धमाके मामला: मौत की सजा पाए दो आरोपी नागपुर जेल से रिहा
मुंबई 7/11 ट्रेन विस्फोट मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट की ओर से बरी किए गए 12 आरोपियों में से दो को नागपुर जेल से रिहा कर दिया गया है। इन्हें पहले मौत की सजा मिली थी।
जस्टिस मनिंद्र मोहन ने मद्रास हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में ली शपथ
जस्टिस मनिंद्र मोहन ने सोमवार को मद्रास हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में शपथ ली।
एअर इंडिया की दिल्ली-कोलकाता फ्लाइट में तकनीकी खराबी, उड़ान आज शाम के लिए टली
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि फ्लाइट एआई2403 अब सोमवार शाम के लिए पुनर्निर्धारित (रिशेड्यूल) कर दी गई है, जो 21 जुलाई 2025 को दिल्ली से कोलकाता जा रही थी। टेक-ऑफ के दौरान तकनीकी खराबी पाए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया। प्रवक्ता ने बताया, टेक-ऑफ के दौरान तकनीकी समस्या का पता चलने पर कॉकपिट क्रू ने मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन करते हुए टेक-ऑफ रोकने का फैसला लिया। सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार दिया गया है और दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की ग्राउंड टीम यात्रियों को आवश्यक मदद दे रही है।
केआईआईटी आत्महत्या मामला: यूजीसी ने विश्वविद्यालय को कारण बताओ नोटिस जारी किया
कटक के कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी), भुवनेश्वर में हुई दो नेपाली छात्राओं की आत्महत्या के मामले में गंभीर लापरवाहियां पाए जाने के बाद विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सोमवार को संस्थान को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यूजीसी ने मई में एक फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी बनाई थी, जब 20 साल की नेपाली छात्रा अपने हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटकी हुई पाई गई थी। इससे पहले 16 फरवरी को इसी विश्वविद्यालय की एक और नेपाली छात्रा प्रकृति लम्साल ने भी आत्महत्या की थी।
यूजीसी के एक अधिकारी ने कहा, इन घटनाओं ने विश्वविद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य सहयोग प्रणाली, सुरक्षा उपायों और प्रशासनिक प्रतिक्रिया तंत्र को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में कई गंभीर चूकें बताई हैं, जो हालात को बिगाड़ने के लिए जिम्मेदार रहीं।