तमिलनाडु के कोयंबटूर में भाजपा ने शुक्रवार को 'आतंकवादी के महिमामंडन' की निंदा करते हुए 'काला दिवस जुलूस' निकाला। हालांकि इस दौरान पुलिस ने पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई और हिंदू संगठनों के नेताओं को हिरासत में ले लिया है। बता दें कि, राज्य सरकार पर 'कोयंबटूर बम विस्फोट आतंकवादियों' का समर्थन करने का आरोप लगाने वाले बैनर लेकर जुलूस में शामिल हुए भाजपा कार्यकर्ताओं और हिंदू मुन्नानी समेत आरएसएस संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
राज्य सरकार की तरफ से प्रतिबंधित अल-उम्मा के संस्थापक एसए बाशा के 'अंतिम संस्कार जुलूस' को पुलिस सुरक्षा के साथ कुछ दिन पहले अनुमति देने पर हिंदू संगठनों ने कड़ी आलोचना की। 1998 के बम विस्फोट मामले में दोषियों में से एक एसए बाशा की पैरोल पर उम्र संबंधी बीमारी के कारण मौत हो गई थी। वहीं भाजपा की रैली पर पुलिस ने कहा कि भाजपा को रैली निकालने की अनुमति नहीं दी गई थी और इसलिए उन्हें हिरासत में लिया गया।
इसके बाद भाजपा राज्य अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने एक ट्वीट में कहा, 'हम डीएमके सरकार के कायरतापूर्ण कृत्य की निंदा करते हैं, जिसमें भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को एक आतंकवादी के महिमामंडन की निंदा करने के लिए रैली निकालने पर गिरफ्तार किया गया, जो 1998 में शांतिप्रिय शहर कोयंबटूर में 58 लोगों की जान लेने का कारण था। डीएमके सरकार को यह समझना चाहिए कि भाजपा के कार्यकर्ता ऐसी निरंकुशता के आगे कभी नहीं झुकेंगे और हम हमेशा तमिलनाडु के लोगों की आवाज बने रहेंगे।'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फाइल)
- फोटो : एएनआई
अमित शाह दिसंबर के अंतिम सप्ताह में कर सकते हैं ओडिशा दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर जा सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने बताया कि शाह इसी महीने के अंतिम सप्ताह में ओडिशा दौरा कर सकते हैं। यात्रा के दौरान शाह के भाजपा के कई कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है। सामल के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री 29 और 30 दिसंबर को ओडिशा में रहेंगे। हालांकि, उनके विस्तृत कार्यक्रम को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। संभावना है कि जनवरी में भाजपा ओडिशा इकाई के लिए नए अध्यक्ष का चुनाव भी करेगी।
असम प्रदेश कांग्रेस के खिलाफ मुकदमा
गुवाहाटी में 18 दिसंबर को राजभवन चलो प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने को लेकर असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गुवाहाटी की पुलिस आयुक्त दिगंता बराह ने कहा कि मामले में पुलिस ने स्वत: संज्ञान लिया है।
ममता बनर्जी
- फोटो : PTI
कोलकाता के ब्रिटिशकालीन 'शॉर्ट स्ट्रीट' का नाम बदला
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मध्य कोलकाता में ब्रिटिश काल के 'शॉर्ट स्ट्रीट' का नाम बदलने का फैसला लिया है। अब इसका नाम 16वीं सदी के कैथोलिक मिशनरी सेंट फ्रांसिस जेवियर के नाम पर रखा जाएगा। कोलकाता में सेंट जेवियर्स कॉलेज में आयोजित क्रिसमस समारोह में सीएम ममता बनर्जी ने कहा, सड़क का नाम बदलकर 'सेंट फ्रांसिस जेवियर सरनी' रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सेंट फ्रांसिस जेवियर को श्रद्धांजलि देने के लिए शॉर्ट स्ट्रीट का नाम बदला गया। लोग उनके योगदान के लिए उन्हें हमेशा याद रखेंगे। सेंट फ्रांसिस जेवियर ने सोसाइटी ऑफ जीसस की सह-स्थापना की थी। पुर्तगाली साम्राज्य के प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने 16वीं शताब्दी में जापान में पहले ईसाई मिशन का नेतृत्व किया।
ओडिशा में स्कूली छात्रों पर मधुमक्खियों का हमला, 30 घायल
ओडिशा के केन्द्रपाड़ा जिले में मधुमक्खियों के एक झुंड के हमले में सरकारी हाई स्कूल के करीब 30 छात्र और कुछ शिक्षक घायल हो गए। घटना जिले के डेराबिश ब्लॉक स्थित स्कूल परिसर में स्कूल के वार्षिक समारोह के दौरान घटी। घटना के कारण वार्षिक समारोह स्थगित करना पड़ा। मधुमक्खियों ने स्कूल परिसर में एक पेड़ पर दो फुट लंबा छत्ता बना लिया था। घटना के बाद एक शिक्षक ने बताया कि बंदरों के एक समूह ने छत्ते में तोड़फोड़ की, जिसके बाद मधुमक्खियां उग्र हो गईं। घायल हुए बच्चों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। डेराबिश पुलिस थाने के निरीक्षक किशोर तराई ने बताया कि सभी पीड़ितों की हालत स्थिर है।
राहुल गांधी पर बरसे अरुणाचल प्रदेश के सीएम खांडू
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर नगालैंड से राज्यसभा सांसद फांगनोन कोन्याक के साथ कथित दुर्व्यवहार के लिए निशाना साधा और कहा कि उनका व्यवहार 'अस्वीकार्य' है। नागालैंड से भाजपा सांसद कोन्याक ने गुरुवार को संसद के ऊपरी सदन में आरोप लगाया था कि संसद के मकर द्वार के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी उनके 'नजदीक' आए और उन पर चिल्लाने लगे, जिससे उन्हें 'बेहद असहज' महसूस हुआ। सीएम खांडू ने सोशल मीडिए एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- 'शर्मनाक! नागालैंड से पहली महिला राज्यसभा सांसद के रूप में एस. फांगनोन कोन्याक पूर्वोत्तर के लिए सम्मान और गौरव का प्रतिनिधित्व करती हैं। ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है और सम्मान के मूल्यों के खिलाफ है।
भारत और चीन ने सीमा समाधान पर प्रतिबद्धता जताई- विदेश मंत्रालय
भारत और चीन के बीच विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'भारत और चीन के बीच विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता 18 दिसंबर को हुई। उसके बाद, हमने अपनी प्रेस विज्ञप्ति जारी की है... दोनों पक्षों ने 2005 में सहमत राजनीतिक मापदंडों और मार्गदर्शक सिद्धांतों के अनुसार सीमा प्रश्न के समाधान के लिए एक निष्पक्ष, उचित और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य रूपरेखा तलाशने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की है।
गुजरात: सूरत में 8.57 करोड़ रुपये का सोना जब्त, दो लोग हिरासत में
गुजरात के सूरत में पुलिस ने कथित तौर पर दो लोगों से 8.57 करोड़ रुपये मूल्य का 14.7 किलोग्राम सोना जब्त किया है, जिन्हें जांच के तहत हिरासत में लिया गया है, एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 'बी' डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त पीके पटेल ने बताया कि गुरुवार रात को एक गुप्त सूचना के आधार पर सिमाडा नाका जंक्शन पर हिरेन भट्टी और मंजी धमेलिया से यह बरामदगी की गई। पुलिस ने बताया कि 'गिरफ्तार किए गए लोगों ने अपनी शर्ट के अंदर सोने के आठ टुकड़े छिपा रखे थे, जिनका कुल वजन 14.7 किलोग्राम था। वे सोने से संबंधित दस्तावेज पेश करने में विफल रहे। दोनों को हिरासत में रखा गया है और सोने के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।' एसीपी ने बताया कि भट्टी और धमेलिया ने दावा किया है कि सोना एक दुकान से एकत्र किया गया था और वे इसे बार में बदलने के लिए सोने की रिफाइनरी जा रहे थे।
सौतेली बेटी की हत्या के आरोप में केरल में यूपी की महिला गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश की एक महिला को कोठामंगलम के नेल्लीकुझी में अपनी छह वर्षीय सौतेली बेटी की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मूल निवासी एजाज खान की बेटी मुस्कान गुरुवार सुबह अपने बिस्तर पर मृत पाई गई। घटना के बाद पुलिस ने एजाज खान और उसकी दूसरी पत्नी अनीशा को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान अपराध कबूल करने के बाद शुक्रवार को अनीशा की गिरफ्तारी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 8.30 बजे एजाज के घर से निकलने के बाद अनीशा ने बच्ची का गला घोंट दिया। एजाज नेल्लीकुझी में बढ़ई का काम करता था। इस बीच, पुलिस ने कोठामंगलम के मूल निवासी नौशाद को भी अपनी सलाह से अनीशा और एजाज को प्रभावित करने के संदेह में हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि पारिवारिक विवाद के कारण यह घटना हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस 'काला जादू' और 'टोना-टोटका' से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।
मझगांव डॉकयार्ड ने सौंपे भारतीय नौसेना को दो युद्धपोत
एमडीएल ने सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि, सार्वजनिक क्षेत्र के मझगांव डॉकयार्ड ने आज भारतीय नौसेना को दो युद्धपोत सौंपे। पी17ए श्रेणी के पहले स्टील्थ फ्रिगेट नीलगिरी और पी15बी श्रेणी के चौथे गाइडेड मिसाइल विध्वंसक सूरत के स्वीकृति दस्तावेजों पर शिपयार्ड के सीएमडी और रियर एडमिरल आर. अधीश्रीनिवासन, सीएसओ (टेक) ने हस्ताक्षर किए। इन जहाजों की डिलीवरी एमडीएल की व्यावसायिकता, विशेषज्ञता और जटिल युद्ध प्लेटफार्मों के निर्माण में अनुभव का प्रमाण है।
ओडिशा: मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी का एक्शन
ओडिशा में बैंक धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत बीजद विधायक के दिवंगत भाई से संबंधित एक सामाजिक कल्याण संगठन के खिलाफ ईडी की तरफ से छापेमारी के बाद 82 लाख रुपये के डिपॉजिट और शेयर फ्रीज कर दिए गए।
शुक्रवार को जारी एक बयान में संघीय एजेंसी ने कहा कि दिवंगत खीरोद चंद्र मलिक की तरफ से संचालित भारत एकीकृत सामाजिक कल्याण एजेंसी (बिस्वा) के खिलाफ जांच के सिलसिले में 18 दिसंबर को ओडिशा (संबलपुर) और दिल्ली में चार स्थानों पर छापेमारी की गई। बता दें कि, खीरोद चंद्र मलिक पूर्व मंत्री और बीजू जनता दल (बीजेडी) विधायक प्रमिला मलिक के भाई हैं।
आंबेडकर पर टिप्पणी: ममता बनर्जी ने भाजपा के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का किया आह्वान
टीएमसी अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को भाजपा के खिलाफ 23 दिसंबर को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया और पार्टी पर संविधान निर्माता डॉ. बीआर आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक कड़े शब्दों वाले बयान में, ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में आंबेडकरऔर संविधान मसौदा समिति के अन्य सदस्यों के बारे में 'अपमानजनक टिप्पणी' की थी। ममता बनर्जी ने इन टिप्पणियों को भारत के लोकतंत्र का अपमान और संविधान द्वारा बनाए गए मूल्यों पर हमला बताया। ममता बनर्जी ने कहा, 'हमारे संविधान निर्माता बाबासाहेब आंबेडकर का अपमान अस्वीकार्य है! इस जातिवादी भाजपा सरकार ने बार-बार हमारे लोकतंत्र पर हमला किया है।'
ममता बनर्जी ने फेसबुक पोस्ट में कहा, 'बाबासाहेब अंबेडकर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी और हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के अपमान के विरोध में 23 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक राज्य के हर ब्लॉक और नगर पालिका के साथ-साथ कोलकाता के हर वार्ड में विरोध रैलियां आयोजित की जाएंगी।' उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होने और भाजपा के "अत्याचार और षड्यंत्रों" का विरोध करने का आग्रह किया।
नक्सली संगठन को सक्रिय करने का मामला: यूपी समेत पांच राज्यों में NIA का छापा
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) संगठन को फिर से सक्रिय करने के मामले में शुक्रवार को पांच राज्यों में कई स्थानों पर छापे मारे। इस तलाशी के दौरान मोबाइल फोन, पेन ड्राइव/हार्ड डिस्क, लैपटॉप और मेमोरी कार्ड, सिम कार्ड और नक्सलवाद से संबंधित अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज समेत डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। एजेंसी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि छापे की कार्रवाई पंजाब के पटियाला और मुक्तसर साहिब जिले के दो स्थानों, हरियाणा के मानेसर और गुरुग्राम जिलों में चार स्थानों, नई दिल्ली में दो स्थानों और बिहार के पटना जिले और उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में एक-एक स्थान पर संदिग्धों के परिसरों में व्यापक तलाशी ली गई। जिन संदिग्धों के परिसरों की तलाशी ली गई, माना जाता है कि वे सीपीआई (माओवादी) की विचारधारा का प्रचार करने और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के माध्यम से इसके उत्तरी क्षेत्रीय ब्यूरो विंग को फिर से सक्रिय करने में शामिल थे।
सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा ने मणिपुर कांग्रेस नेता के खिलाफ दर्ज कराई FIR
समुदायों के बीच नफरत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मणिपुर कांग्रेस नेता लम्तीनथांग हाओकिप और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ दो अलग-अलग पुलिस मामले दर्ज किए गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा महासचिव के शरतकुमार सिंह की ओर से इंफाल पुलिस स्टेशन में दी लिखित शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।
सोशल मीडिया पोस्ट कुकी समुदाय के वार्षिक फसल उत्सव 'चवांग कुट' से संबंधित थे। शरत ने अपनी शिकायत में कहा कि हाओकिप की पोस्ट सीधे तौर पर राज्य में रहने वाले मैतेई और कुकी समूहों में दुश्मनी व घृणा बढ़ाने वाला है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हाओकिप ने कहा कि मणिपुर में जातीय हिंसा को कम करने में अपनी असफलता से ध्यान भटकाने की भाजपा ने यह रणनीति अपनाई है।
कोच्चि में बम की अफवाह से मचा हड़कंप
कोच्चि में कक्कनद इन्फोपार्क के पास एक रेस्टोरेंट के बाहर एक बाइक पर रखे हेलमेट से बीप की आवाज आई। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। जांच में टीम ने पाया कि हेलमेट में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखा था। वह विस्फोटक नहीं था। गुरुवार रात 11 बजे एक ग्राहक को अपनी बाइक के ऊपर एक बैग में हेलमेट मिला। वह रेस्तरां मालिक के पास पूछने गया कि बैग और हेलमेट किसका है और उसी समय उसमें से बीप की आवाज आने लगी। इसके बाद पुलिस को फोन किया। सूचना पर बम निरोधक दस्ता वहां पहुंचा और उन्होंने पाया कि उसमें कोई विस्फोटक नहीं था। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
शव भेजने के साथ परिवार से मांगे गए एक करोड़
आंध्र प्रदेश के गोदावरी जिले में एक निर्माणाधीन मकान में रहने वाले परिवार को करीब 45 साल के एक अज्ञात युवक का शव बक्से में बंद करके भेजा गया। पुलिस ने बताया कि परिवार से एक करोड़ रुपये की मांग की गई। पुलिस अधिकारी अदनान नयीम अस्मी ने बताया कि गुरुवार रात को परिवार के चार लोगों को एक पत्र भेजा गया, जिसमें 1.3 करोड़ रुपये की मांग की गई। इसके साथ ही शव भेजा गया। पुलिस ने बताया कि एस तुलसी के निर्माणाधीन घर पर ऑटो रिक्शा ये शव भेजा गया।
सिलीगुड़ी में SSB स्थापना दिवस, गृह मंत्री शामिल होंगे
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) शुक्रवार को अपनी स्थापना का 61वां वर्षगांठ मना रहा है। मुख्य कार्यक्रम पश्चिम बंगाल के रानीडांगा स्थित सिलीगुड़ी फ्रंटियर (एफटीआर) मुख्यालय में मनाया जाएगा। इसमें गृह मंत्री अमित शाह विशेष रूप से शामिल होंगे। वह कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए बृहस्पतिवार रात ही सिलीगुड़ी पहुंच गए थे। लोकसभा चुनाव के बाद यह दूसरा मौका है, जब शाह बंगाल आए हैं।
एक साथ चुनाव संबंधी JPC के अध्यक्ष बन सकते हैं भाजपा सांसद महताब
भाजपा सांसद भर्तृहरि महताब को देश में एक साथ चुनाव (वन नेशन वन इलेक्शन) कराने की संभावनाओं पर विचार के लिए गठित संयुक्त संसदीय समिति (JPC) का अध्यक्ष बनाने पर विचार किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि महताब को संसद की संयुक्त समिति का अध्यक्ष बनाने पर विचार किया जा रहा है जो एक साथ चुनाव कराने के प्रस्ताव वाले दो विधेयकों पर विस्तार से विचार करेगी। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इस महत्वपूर्ण समिति के अध्यक्ष का पद भाजपा को मिलना तय है। महताब का संसदीय अनुभव उनके पक्ष में जा सकता है। बता दें कि ओडिशा से सात बार लोकसभा सदस्य रह चुके महताब 31 सदस्यीय जेपीसी में शामिल हैं। इसमें अनुराग ठाकुर और पीपी चौधरी जैसे वरिष्ठ नेता भी शामिल हैं।
भारतीय और वियतनाम तटरक्षकों का कोच्चि के तट पर संयुक्त समुद्री अभ्यास
वियतनाम तटरक्षक जहाज सीएसबी 8005 शुक्रवार को कोच्चि से रवाना हुआ। आईसीजी अधिकारियों के अनुसार, वियतनाम तटरक्षक (वीसीजी) और भारतीय तटरक्षक (आईसीजी) के बीच साझेदारी को मजबूत करने के लिए एक सफल यात्रा के बाद यह यात्रा की गई। उन्होंने कहा कि चार दिवसीय यात्रा का उद्देश्य दोनों समुद्री बलों के बीच समुद्री सहयोग और अंतर-संचालन को बढ़ाना था।
इस यात्रा का मुख्य आकर्षण कोच्चि के तट पर 'सहयोग - हॉप टैक' नाम का एक व्यापक समुद्री अभ्यास था। यह अभ्यास महत्वपूर्ण समुद्री सुरक्षा मुद्दों पर केंद्रित था और इसमें प्रदूषण प्रतिक्रिया प्रदर्शन समेत कई परिदृश्य शामिल थे, जिसमें भारतीय तटरक्षक जहाजों और विमानों ने समुद्र में तेल रिसाव और अन्य पर्यावरणीय खतरों का जवाब देने में अपनी विशेषज्ञता का प्रदर्शन किया। इसमें कहा गया कि इस अभ्यास में अवैध गतिविधि के संदिग्ध जहाजों का निरीक्षण करने और नशीली दवाओं की रोकथाम के लिए विजिट बोर्ड सर्च एंड सीजर (वीबीएसएस) ऑपरेशन का भी अनुकरण किया गया।