फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: कांग्रेस ने कई मुद्दों पर चर्चा के लिए रखी मांग; RSS से जुड़ा न्यास करेगा शिक्षा में भारतीयता पर मंथन

Fri, 18 Jul 2025 10:24 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शुक्रवार को कहा कि संसद के मानसून सत्र में पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर, चीन की भूमिका और डोनाल्ड ट्रंप के दावों जैसे मुद्दों पर कम से कम दो दिन की बहस होनी चाहिए और यह विपक्ष की गैर-समझौतावादी मांग है। रमेश ने कहा कि इन मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुद संसद में जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संसद में सहमति नहीं बनाती, बल्कि मेरे तरीके से या फिर कोई तरीका नहीं जैसी नीति अपनाती है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर तीन वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के खुलासों को गंभीर बताते हुए विस्तृत चर्चा की मांग की। इसके साथ ही बिहार में मतदाता सूची में संशोधन के मुद्दे पर भी बहस की मांग की।

विज्ञापन


बिहार में एसआईआर का काम करीब 95 फीसदी पूरा
बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जारी है। मात्र 5.2 फीसदी मतदाता फॉर्म भरने के लिए बाकी है। अब तक कुल 94.68 मतदाताओं ने 1 अगस्त, 2025 को प्रकाशित होने वाली मसौदा मतदाता सूची में शामिल होने के लिए अपना गणना फॉर्म जमा कर दिया है।

विज्ञापन


असम के गोलपारा में सुरक्षाबलों पर हमला, 10 गिरफ्तार
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को कहा कि पैकन रिजर्व फॉरेस्ट में कथित अतिक्रमणकारियों की तरफ से सुरक्षा बलों पर किए गए हमले के सिलसिले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। उन्होंने दावा किया कि उस इलाके से सभी अतिक्रमणकारियों को हटा दिया गया है, जहां पिछले हफ्ते अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। सीएम सरमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'हमने पहले ही कार्रवाई कर दी है। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमारी कार्रवाई पूरी हो गई है।'।

सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर बोला हमला
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के चुनाव आयोग पर दिए गए बयान को लेकर सियासत तेज हो गई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने अब उनपर हमला किया है। उन्होंने कहा कि वह चुनाव आयोग पर व्यक्तिगत रूप से हमला कर रही हैं क्योंकि चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल में रोहिंग्या घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाने पर विचार कर रहा है। पश्चिम बंगाल इस सबका केंद्र है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी डर गई हैं और इसे ही छिपाने के लिए वह भाजपा और चुनाव आयोग के खिलाफ इस प्रकार की बातें कह रही हैं। चुनाव आयोग को टीएमसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान अधिकारी ने मांग करते हुए कहा कि अगर जरूरी हो तो उन्हें टीएमसी का पंजीकरण भी रद्द करना चाहिए।

झारखंड में ट्रक खोलने से इनकार किया तो दोस्तों ने की हत्या, ईद की रात रची थी साजिश
रामगढ़ जिले में एक 24 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई को मुहर्रम की रात उसके ही तीन दोस्तों ने उसे चाकू से गोदकर मार डाला, क्योंकि उसने मिनी ट्रक को खोलकर उसके पार्ट्स बेचने से इनकार कर दिया था। मृतक की पहचान सावुद अंसारी के रूप में हुई है, जो बरकाकाना के दुर्गी बस्ती का रहने वाला था। वह एक मिनी ट्रक चलाता था। उसके लापता होने के बाद पिता की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ। 13 जुलाई को उसका शव एक बंद ईंट-भट्ठे से बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि पहले आरोपी अश्फाक अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसके साथियों आफताब और आबाद अंसारी ने मिलकर सावुद की हत्या की और शव को छिपा दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

ओडिशा में नाबालिग लड़की की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर डालने वाले युवक को 5 साल की सजा
ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले की एक विशेष पॉक्सो अदालत ने गुरुवार को मध्य प्रदेश के एक युवक को नाबालिग लड़की की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में दोषी ठहराते हुए 5 साल की कठोर सजा सुनाई। इसके साथ ही अदालत ने उस पर ₹10,000 का जुर्माना भी लगाया।

बता दें कि यह मामला साल 2021 का है, जब आरोपी और पीड़िता दोनों ऑनलाइन मेडिकल कोचिंग क्लास कर रहे थे। उसी दौरान दोनों की सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई। पुलिस के अनुसार, बाद में युवक ने लड़की को परेशान करना शुरू कर दिया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिए।

इंडिया गठबंधन की अहम बैठक 19 जुलाई को, ऑनलाइन होगा मंथन
कांग्रेस महासचिव (संगठन) और लोकसभा सांसद केसी वेणुगोपाल ने जानकारी दी है कि विपक्षी दलों के गठबंधन INDIA की अगली बैठक 19 जुलाई 2025 को शाम 7 बजे ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। इस बैठक में देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी। सभी सहयोगी दलों के शीर्ष नेताओं के इस मीटिंग में शामिल होने की उम्मीद है। वेणुगोपाल ने यह जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से साझा की।बैठक को आगामी रणनीतियों और सरकार पर विपक्षी हमले की दिशा तय करने के लिहाज़ से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

महिला ने स्कूल शिक्षक पर लगाया 15 साल की बेटी के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप
गुजरात के सूरत के लिम्बायत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक महिला ने पुलिस स्टेशल में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी 15 साल की बेटी के स्कूल शिक्षक ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ की। यह पहली बार नहीं है, बल्कि शिक्षक ने पहले भी लड़की के साथ ऐसी हरकत करने की कोशिश की थी। सूरत जोन-2 के डीसीपी भगीरथ टी गढ़वी ने बताया कि आरोपी शिक्षक, जिसकी उम्र 20 साल से अधिक है, को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।

देश की हर भाषा में सूचना पहुंचाने के लिए एआई का सहारा ले रहा प्रसारण मंत्रालय
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने देश के हर कोने और हर भाषा बोलने वाले लोगों तक सही और समय पर सूचना पहुंचाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआईI) आधारित तकनीक अपनान रहा है। ।इस दिशा में मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने गुरुवार को हैदराबाद स्थित टी-हब में बैठक की। यहां उन्होंने एआई और मशीन लर्निंग तकनीक पर काम कर रहे स्टार्टअप्स और इनक्यूबेटर्स से बातचीत की।

बैठक में टी-हब के अधिकारी, स्टार्टअप्स, आईआईटी हैदराबाद, एनआईटी और अन्य तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। टी-हब की स्थापना तेलंगाना सरकार और देश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से 2015 में की गई थी। मंत्रालय का उद्देश्य है कि तकनीक की मदद से भाषा की दीवार को हटाकर देश के हर नागरिक तक जरूरी सूचना आसानी से पहुंचाई जा सके।

केंद्र सरकार ने हिमाचल, ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए नए जनगणना निदेशक नियुक्त किए
केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए जनगणना निदेशक (डीसीओ) और नागरिक पंजीकरण निदेशक (डीसीआर) नियुक्त किए हैं। बृहस्पतिवार को जारी सरकारी आदेश के अनुसार, 2012 बैच के कर्नाटक कैडर के आईएएस अधिकारी एम. सुंदरेश बाबू को तमिलनाडु और पुडुचेरी का डीसीओ व डीसीआर बनाया गया है।

वहीं, उनके बैचमेट और ओडिशा कैडर के आईएएस अधिकारी निखिल पवन कल्याण को ओडिशा के लिए इसी पद पर नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश के लिए 2011 बैच की भारतीय वन सेवा (आगमुट कैडर) की अधिकारी दीप शिखा शर्मा को डीसीओ/डीसीआर बनाया गया है। आदेश के मुताबिक, बाबू और शर्मा की नियुक्ति 23 जून से प्रभावी होगी, जबकि कल्याण की नियुक्ति 16 जून से लागू हो गई है। ये अधिकारी 31 दिसंबर 2025 तक या अगले आदेश तक इस पद पर रहेंगे।

केरल में स्कूल में करंट लगने से छात्र की मौत, कांग्रेस ने बताया गैरजिम्मेदाराना लापरवाही
केरल के कोल्लम जिले में एक स्कूल परिसर में करंट लगने से एक छात्र की मौत हो गई। इस दुखद घटना के खिलाफ एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने तिरुवनंतपुरम सचिवालय की ओर विरोध मार्च निकाला। इस घटना पर कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुखद और हैरान करने वाली घटना है। स्कूल प्रशासन की यह बेहद गैरजिम्मेदाराना लापरवाही है। सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि ऐसी घटनाएं स्कूलों में होना चिंता की बात है। सरकार को इस पर सख्त और ठोस कदम उठाने चाहिए और यह दिखाना चाहिए कि वह ऐसे मामलों को लेकर संवेदनशील है।"

कर्नाटक में 100 करोड़ के घोटाले में 15 जगह छापे
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक में शुश्रुति सौहार्द सहकारी बैंक, श्रुति सौहार्द बैंक और श्रीलक्ष्मी महिला सौहार्द बैंक से जुड़े 100 करोड़ रुपये से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बंगलूरू और आसपास के 15 ठिकानों पर छापे मारे। कार्रवाई के दौरान 20 से अधिक उच्च मूल्य वाली संपत्तियां पाई गईं। संघीय जांच एजेंसी वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रंगि से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर रही है। यह कार्रवाई एन श्रीनिवास मूर्ति, उनकी पत्नी धारिणी देवी, बेटी मोक्षतारा और अन्य करीबी सहयोगियों के खिलाफ दर्ज मामले के आधार पर की गई है। 

अपात्र व घुसपैठियों के भी बन गए आधार
कुछ भाजपा सांसदों ने बृहस्पतिवार को लोक लेखा समिति (पीएसी) की बैठक में अपात्र लोगों, घुसपैठियों की ओर से आधार हासिल करने का मुद्दा उठाया। सूत्रों के अनुसार, सांसदों ने कहा कि आधार के जरिये ये लोग वोटर आईडी जैसे अन्य आधिकारिक दस्तावेज हासिल कर रहे हैं, जिससे वे सरकारी योजनाओं के लाभ उठा रहे हैं। जबकि, ये लाभ सिर्फ भारतीय नागरिकों के लिए हैं। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल की अध्यक्षता वाली पीएसी ने यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (यूआईडीएआई) के कामकाज पर चर्चा की। कुछ सांसदों ने आधार में गलत विवरण सुधारने की प्रक्रिया को सरल करने की भी मांग की, ताकि इसके लाभ आसानी से मिल सकें।

तेलंगाना में 40 लाख के इनामी माओवादी दंपती का आत्मसमर्पण
प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के सक्रिय 20-20 लाख रुपये के इनामी माओवादी दंपती ने बृहस्पतिवार को तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस आयुक्तालय ने बताया कि माला संजीव और उनकी पत्नी दीना वर्षों से भूमिगत थे। आयुक्त ने बताया कि 1980 में तेलंगाना के मेडचल-मलकजगिरी जिले के मूल निवासी माला संजीव, गुम्मादी विट्टल के नेतृत्व में सीपीआई (एमएल) में शामिल हुए थे। 

कर्नाटक में पत्नी ने कराया युवक का जबरन धर्मांतरण
कर्नाटक के गडग जिले में एक हिंदू युवक ने अपनी पत्नी और ससुराल के लोगों पर उसका जबरन धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने कहा, इस दंपती ने तीन साल तक प्रेम संबंध में रहने के बाद 2024 में विशेष विवाह अधिनियम के तहत शादी की थी। पीड़ित ने दावा किया कि शादी के पांच महीने बाद आरोपियों ने इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार उनकी फिर शादी कराई और उसका जबरन धर्मांतरण करा दिया।

राजनीतिक समाधान के लिए केंद्र व नगा समूहों के बीच अहम बैठक
केंद्र सरकार के शांति वार्ता वार्ताकार एके मिश्रा ने बृहस्पतिवार को नगालैंड के चुमौकेदिमा में नागा राजनीतिक समूहों के प्रतिनिधियों के साथ एक संयुक्त बैठक की। यह कदम लंबे समय से चले आ रहे नगा राजनीतिक मुद्दे के स्थायी समाधान की ओर बढ़ने का प्रयास है। बैठक में एनएनपीजी की कार्यसमिति के दो गुट एक साथ आए। एक गुट का नेतृत्व एन किटोवी झिमोमी कर रहे थे और दूसरा गुट नियोकपाओ कोन्याक और एलेजो वेनुह के नेतृत्व में था। मिश्रा के अपने दौरे के दौरान एनएससीएन (के) निकी समूह के प्रतिनिधियों से भी मिलने की उम्मीद है।  आखिरी बैठक 12 जून को हुई थी। एनएनपीजी की कार्य समिति के संयोजक एन किटोवी झिमोमी ने शीघ्र राजनीतिक समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। 

भर्ती घोटाला : कांग्रेस विधायक की 1.32 करोड़ की संपत्ति कुर्क
कर्नाटक के कोलार-चिक्काबल्लापुर जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लि. (कोमुल) में भर्ती घोटाले से जुड़े एक मामले में ईडी ने कांग्रेस विधायक के वाई नानजेगौड़ा की 1.32 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है। नानजेगौड़ा, कोमुल के चेयरमैन हैं। ईडी ने बृहस्पतिवार बताया कि भर्ती प्रक्रिया कोमुल ने पूरी की थी, जिसमें लिखित परीक्षा और साक्षात्कार लिया गया था। इसमें रिश्वत और राजनीतिक सिफारिश के बदले अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया था। 

बंगाल : अभिनेत्री से छेड़छाड़, एसिड अटैक की धमकी, दो दबोचे
दक्षिण कोलकाता के जादवपुर इलाके में एक टेलीविजन अभिनेत्री से छेड़छाड़ करने और उस पर तेजाब फेंकने की धमकी देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना बुधवार तड़के करीब 3.30 बजे हुई, जब अभिनेत्री शूटिंग के बाद घर लौट रही थीं और चार दोस्तों के साथ कृष्णा ग्लास फैक्ट्री के पास चाय पीने के लिए रुकी थीं। अभिनेत्री की शिकायत के अनुसार, नशे की हालत में दो युवक कार में आए और उन्हें गालियां देने लगे। शिकायत में कहा गया है कि जब उन्होंने विरोध किया, तो अभिनेत्री पर हमला किया और छेड़छाड़ का प्रयास किया। पुलिस गश्ती दल के आने के बाद ही स्थिति नियंत्रण में आई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दोनों ने उन पर तेजाब से हमला करने की धमकी दी थी। जादवपुर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उनकी शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। और दोनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

राजकोट अग्निकांड मामले में 15 लोगों के खिलाफ आरोप तय
गुजरात के राजकोट में मई 2024 में हुए टीआरपी गेम जोन अग्निकांड मामले में बृहस्पतिवार को एक अदालत ने नगर निगम के अधिकारी समेत 15 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में आरोप तय किए। इनमें गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराएं भी शामिल हैं। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डीएस सिंह की अदालत ने गेम जोन के सह मालिकों समेत 15 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए और सभी ने खुद को निर्दोष बताया। अगली सुनवाई 31 जुलाई को होगी।

ओडिशा में छात्रा के यौन शोषण पर सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार
ओडिशा के संबलपुर में बृहस्पतिवार को एक 20 वर्षीय छात्रा के साथ यौन शोषण के आरोप में एक सरकारी विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि छात्रा की शिकायत पर संबलपुर महिला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। शिकायत के अनुसार, प्रोफेसर ने छात्रा को शादी का झूठा वादा कर अपने आधिकारिक आवास पर यौन शोषण किया और बाद में शादी से मना कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

असम : जंगल से अवैध कब्जे हटाने के दौरान हिंसा, एक की मौत
असम में अतिक्रमण के खिलाफ जारी अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को ग्वालपाड़ा के कृष्णाई रेंज के अंतर्गत पाइकन रिजर्व फॉरेस्ट में हिंसा भड़क उठी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। अतिक्रमण हटाने के लिए अधिकारी जैसे ही पहुंचे स्थानीय लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते हिंसा भड़क उठी। इस दौरान पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारी घटना पर नजर बनाए हुए हैं।

जयशंकर ने की दक्षिण कोरियाई प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत यात्रा पर आए दक्षिण कोरिया के एक शिष्टमंडल से बृहस्पतिवार को यहां मुलाकात की और आर्थिक, प्रौद्योगिकी, रक्षा तथा समुद्री सहयोग पर चर्चा की। जयशंकर ने सोशल मीडिया में मुलाकात का विवरण साझा करते हुए लिखा, आज सुबह दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री किम बू-क्यूम के नेतृत्व में कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति लीजे म्युंग के भारत में विशेष दूतों के प्रतिनिधिमंडल से मिलकर प्रसन्नता हुई। इस दौरान आर्थिक, प्रौद्योगिकी, रक्षा और समुद्री सहयोग पर चर्चा हुई। 

अरुणाचल प्रदेश में भारी मात्रा में हथियार जब्त
अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में असम राइफल्स को बड़ी कामयाबी मिली है। असम राइफल्स की इकाइयों ने मियाओ-विजयनगर मार्ग के एमएस 38 क्षेत्र में एक तलाशी अभियान के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का बड़ा जखीरा बरामद किया। जानकारी के मुताबिक, खुफिया जानकारी मिलने पर तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी में उन्नत तकनीकी उपकरणों और खोजी श्वान की मदद ली गई। तलाशी दल ने क्षेत्र की तलाशी लेकर हथियारों का जखीरा ढूंढ़ निकाला। जब्त हथियारों में 2 एके सीरीज राइफल, एक अन्य राइफल, एक लथोड गन, एक अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (यीबीजीएल), एक स्थानीय रूप से निर्मित 7.62 मिमी राइफल साथ ही बड़ी मात्रा में गोलाबारूद और युद्धक सामग्रियां शामिल हैं।

आरजी कर मामलाः कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त ने हाईकोर्ट से माफी मांगी;  पीड़िता का नाम उजागर करने का मामला
कोलकाता के पूर्व पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में में दुष्कर्म और हत्या की पीड़िता का नाम उजागर करने के लिए कलकत्ता हाईकोर्ट से माफी मांगी है। उन्होंने बृहस्पतिवार को अपने वकील के माध्यम से हाईकोर्ट को एक पत्र भेजा। विनीत गोयल ने 'अनजाने में हुई गलती' के लिए माफी मांगते हुए और खेद व्यक्त करते हुए न्यायाधीश राजशेखर मंथा की खंडपीठ को एक पत्र लिखा। पत्र के मिलने के बाद, खंडपीठ ने विनीत गोयल के खिलाफ दायर अदालत की अवमानना के मामले का निपटारा कर दिया। सभी पहलुओं की जांच के बाद, अदालत का मानना है कि पूर्व पुलिस आयुक्त द्वारा पीड़िता का नाम जानबूझकर नहीं लिया गया था। उन्होंने एक्साइटमेंट के कारण ऐसा किया था। हालांकि, यह उचित नहीं है। इसलिए, मामले का निपटारा करने के बाद, न्यायाधीश राजशेखर मंथा और न्यायाधीश अजय कुमार गुप्ता की खंडपीठ ने राज्य पुलिस महानिदेशक को सलाह दी कि वे पुलिस बल को ऐसे मुद्दों पर और अधिक प्रशिक्षण या कार्यशालाएं प्रदान करें।

अल-कुट अग्नि मामले में भारत ने इराक के प्रति दिखाई एकजुटता
 विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शुक्रवार को इराक के पूर्वी शहर अल-कुट में लगी भीषण आग पर गहरा दुख जताया है। इसमें कम से कम 61 लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल या लापता हो गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इराक के लोगों और सरकार के प्रति भारत की संवेदना व्यक्त की।

जायसवाल ने लिखा, हम 16 जुलाई को इराक के अल-कुट शहर में हुई विनाशकारी आग की घटना में निर्दोष लोगों की दुखद मृत्यु और घायल हुए लोगों के लिए गहरा दुख व्यक्त करते हैं। हम इराक सरकार और इराकी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और पीड़ितों के परिवारों और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। इस मुश्किल घड़ी में, भारत के लोग इराक के लोगों के साथ एकजुटता में खड़े हैं। इराक के गृह मंत्रालय के मुताबिक, वासित प्रांत के कुट शहर में एक पांच मंजिला व्यावसायिक इमारत में बुधवार देर रात आग लग गई। अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, एक हफ्ते पहले ही खुली इस इमारत में एक हाइपरमार्केट, एक रेस्टोरेंट और कई अन्य खुदरा दुकानें थीं। 

हैदराबाद में सड़क हादसे में पांच की मौत
शुक्रवार तड़के हैदराबाद के आउटर रिंग रोड पर एक कार ने पीछे से लॉरी को टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 3 ने मौके पर और 2 ने अस्पताल में दम तोड़ा। तेज़ रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है।

कर्नाटक में भारी बारिश के कारण स्कूल बंद
कर्नाटक के उडुपी, कोडागु और अन्य तटीय जिलों में भारी बारिश के कारण स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र आज बंद हैं। कोडागु के डीसी ने बताया कि बारिश मदिकेरी, विराजपेट और सोमवरपेट में भी जारी है।

प्रश्नकाल सरकार को जवाबदेह ठहराने के लिए विपक्ष के पास कुछ विकल्पों में से एक है- डेरेक ओ ब्रायन
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ ब्रायन ने शुक्रवार को कहा कि प्रश्नकाल विपक्ष के पास सरकार को जवाबदेह ठहराने के लिए अब भी उपलब्ध कुछ विकल्पों में से एक है।
राज्यसभा में तृणमूल के नेता ने एक 'ब्लॉगपोस्ट' में कहा कि विपक्षी दलों की मांग के अनुसार, पहलगाम आतंकवादी हमले और उसके बाद की घटनाओं पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र नहीं बुलाया गया, क्योंकि सरकार को कठिन सवालों का सामना करना पड़ता। ओ ब्रायन का कहना है कि आगामी सोमवार से शुरू होने वाले मानसून सत्र की तारीखों की घोषणा सत्र से 45 दिन पहले की गई थी, जबकि आमतौर पर सत्रों के कार्यक्रम 18 से 20 दिन पहले घोषित किए जाते हैं। तृणमूल नेता ने आरोप लगाया कि सरकार दिसंबर, 2023 से विपक्ष द्वारा प्रस्तावित एक भी चर्चा (किसी भी नियम के तहत) की अनुमति देने से कतराती रही है।

तृणमूल कांग्रेस की शहीद दिवस रैली पर कलकत्ता हाईकोर्ट का निर्देश
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को 21 जुलाई को कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस की शहीद दिवस रैली से पहले सुबह 8 बजे से 11 बजे के बीच के समय को छोड़कर, जुलूस निकालने की अनुमति दे दी। अदालत ने निर्देश दिया कि कोलकाता पुलिस के अधिकार क्षेत्र में सभी जुलूस उस दिन सुबह 8 बजे तक ही निकाले जा सकेंगे और उसके बाद शहर के मध्य में एस्प्लेनेड स्थित विक्टोरिया हाउस के पास भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए एक घंटे का समय दिया जाएगा।

न्यायमूर्ति तीर्थंकर घोष ने निर्देश दिया कि सुबह 9 बजे से 11 बजे तक, पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि कलकत्ता उच्च न्यायालय की ओर जाने वाली सड़कों और कोलकाता के केंद्रीय व्यावसायिक जिले के पांच किलोमीटर के दायरे में यातायात जाम न हो। अदालत ने निर्देश दिया कि इसके बाद सुबह 11 बजे से जुलूस निकाले जा सकते हैं। अदालत ने 21 जुलाई को यातायात बाधित न हो, यह सुनिश्चित करने की मांग वाली एक याचिका पर सुनवाई करते हुए, कोलकाता पुलिस आयुक्त को सुचारू यातायात सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। न्यायमूर्ति घोष ने राज्य सरकार को याचिकाकर्ता की दलीलों के विरोध में 22 अगस्त तक हलफनामा दाखिल करने और याचिकाकर्ता को 4 सितंबर तक जवाब देने का निर्देश दिया।

पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से महाधिवक्ता किशोर दत्ता ने आदेश पर रोक लगाने की प्रार्थना की, लेकिन अदालत ने उनकी प्रार्थना को अस्वीकार कर दिया। अदालत ने कहा, याचिका पर सुनवाई के दौरान, तृणमूल कांग्रेस के वकील ने कहा कि लगभग 10 लाख लोग एकत्रित होंगे। 21 जुलाई को लोगों की भारी भीड़ के संबंध में, तृणमूल कांग्रेस के वकील ने दावा किया कि याचिकाकर्ताओं ने राजनीतिक उद्देश्य से वार्षिक शहीद दिवस कार्यक्रम को प्रभावित करने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया था।

उच्च शिक्षण संस्थान महिला हेल्पलाइन नंबर करें प्रदर्शित- ओडिशा सरकार
ओडिशा के बालासोर में एक कॉलेज में कथित यौन उत्पीड़न की घटना के बाद एक छात्रा की तरफ से आत्मदाह करने की घटना के बाद, ओडिशा सरकार ने शुक्रवार को सभी उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए परिसर में महिला हेल्पलाइन नंबर-181 को प्रमुखता से प्रदर्शित करना अनिवार्य कर दिया।

उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी विश्वविद्यालयों, सरकारी कॉलेजों, सहायता प्राप्त कॉलेजों और निजी कॉलेजों के रजिस्ट्रार और प्रमुखों को लिखे एक पत्र में, सरकार ने निर्देश दिया कि सभी इसे अत्यंत आवश्यक समझें। इसके अलावा, उच्च शिक्षा विभाग ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम, 2013 (POSH अधिनियम, 2013) और इस संबंध में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की तरफ से जारी दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने और इससे संबंधित जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन करने का भी निर्देश दिया है।

विश्वविद्यालय और कॉलेज के सभी छात्र, शिक्षण और गैर-शिक्षण कर्मचारी, आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) के सदस्य कार्यशाला में भाग लेंगे और पीओएसएच अधिनियम, 2013 के प्रावधानों का सख्ती से पालन करने की शपथ लेंगे। पत्र में उल्लेख किया गया है कि कार्यशाला का विवरण अगले तीन दिनों के भीतर उच्च शिक्षा विभाग को प्रदान किया जाएगा।

मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार 
मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार किए गए हैं। उनपर जबरन वसूली की गतिविधियों में कथित संलिप्तता का आरोप है। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन प्रेपक के एक सदस्य को बुधवार को बिष्णुपुर जिले के थिनुंगेई ममांग पाटन इलाके से गिरफ्तार किया गया। वहीं, एक अन्य प्रतिबंधित संगठन नेशनल रिवोल्यूशनरी फ्रंट ऑफ मणिपुर के एक सदस्य को इंफाल पूर्वी जिले के कोइरेंगेई अवांग पोतशांगबाम रोड से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों पर अपने संगठन के लिए धन जुटाने के लिए फिरौती मांगने और हथियार व गोला-बारूद की आपूर्ति करने का आरोप है।

RSS से जुड़ा न्यास करेगा शिक्षा में भारतीयता पर मंथन
शिक्षा में भारतीयता को बढ़ावा देने पर मंथन के लिए आरएसएस से जुड़ा शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास 25 से 28 जुलाई तक केरल के कलाडी में चार दिवसीय बैठक आयोजित करेगा। इसमें करीब 300 शिक्षाविद शामिल होंगे और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद रहेंगे। मामले में न्यास के राष्ट्रीय सचिव अतुल कोठारी ने शुक्रवार को बताया कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत 25 जुलाई से आदि शंकराचार्य की जन्मस्थली कलाडी में होने वाली इस बैठक में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि बैठक के लिए केरल के राज्यपाल, उत्तराखंड, गुजरात, मध्य प्रदेश और पुडुचेरी सहित विभिन्न राज्यों के शिक्षा मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है।
 

कांग्रेस ने सीबीआई पर नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया
कांग्रेस ने शुक्रवार को सीबीआई पर फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) के अध्यक्ष मोंटू पटेल के खिलाफ करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की जांच में नरम रुख अपनाने का आरोप लगाया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) मुख्यालय में राज्यसभा सांसद और पार्टी प्रवक्ता शक्तिसिंह गोहिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि सीबीआई ने अदालत के समक्ष सभी तथ्य प्रस्तुत नहीं किए, जिसके कारण पटेल को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत मिली।

उन्होंने कहा कि मोंटू पटेल के खिलाफ सबूत होने के बावजूद, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को प्राथमिकी दर्ज करने में दो साल लग गए। उन्होंने आरोप लगाया कि संघीय एजेंसी ने मोंटू पटेल के प्रति नरम रुख अपनाया और मामले के तथ्यों को अदालत के समक्ष ठीक से प्रस्तुत नहीं किया, क्योंकि आरोपी गुजरात में भाजपा की युवा शाखा, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का पदाधिकारी है। सीबीआई की ओर से आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। शक्ति गोहिल ने कहा कि एजेंसी को अपनी जांच का पूरा रिकॉर्ड, सबूतों और प्रमाणों के साथ, अदालत के सामने पेश करना चाहिए ताकि अगली सुनवाई पर मोंटू पटेल की अग्रिम जमानत रद्द हो जाए। उन्होंने दावा किया कि मोंटू पटेल पर 5,000 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है, जिसमें बिना किसी भौतिक सत्यापन के फार्मेसी कॉलेजों को मंज़ूरी देना शामिल है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि 13 दिनों के भीतर 870 ऐसे कॉलेजों को मंज़ूरी दे दी गई।

एनआईए ने माओवादी नेता सी.पी. मोईदीन के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन सीपीआई (माओवादी) के वरिष्ठ नेता सी.पी. मोईदीन उर्फ गिरीश के खिलाफ देशविरोधी साजिश के मामले में चार्जशीट दाखिल की है। एनआईए की जांच में सामने आया कि मोईदीन वेस्टर्न घाट्स स्पेशल जोनल कमेटी (WGSZC) का सदस्य था और सितंबर 2023 में संजय दीपक राव की गिरफ्तारी के बाद उसने सचिव पद संभाला। वह केरल-कर्नाटक-तमिलनाडु की सीमा पर सक्रिय PLGA दस्तों का नेतृत्व कर रहा था, भर्ती अभियान चला रहा था और माओवादी विचारधारा फैला रहा था। एनआईए के अनुसार, वह सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की योजना भी बना रहा था। मोईदीन को अगस्त 2024 में केरल पुलिस ने पकड़ा और जनवरी 2025 में एनआईए ने उसे गिरफ्तार किया। मामला पहले तेलंगाना पुलिस ने दर्ज किया था और बाद में एनआईए को सौंपा गया।

बांग्लादेश ने 34 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार
बांग्लादेश ने अपने जलक्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने के आरोप में 34 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और भारत उनकी सुरक्षित और जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए ढाका पर दबाव बना रहा है। मामले में सूत्रों ने बताया कि मछुआरों को उनके दो मछली पकड़ने वाले ट्रॉलरों के साथ 14 और 15 जुलाई की दरम्यानी रात को गिरफ्तार किया गया। सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही, बांग्लादेश स्थित भारतीय उच्चायोग ने राजनयिक माध्यमों से और मछुआरों तक तत्काल कांसुलर पहुँच प्रदान करके बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ इस मामले को उठाया।

एक सूत्र ने कहा, 'हम सभी मछुआरों और उनकी नावों की सुरक्षित और जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।' सूत्रों ने बताया कि बांग्लादेश के अधिकारियों ने मोंगला के पास कुल 34 भारतीय मछुआरों को उनके दो भारतीय मछली पकड़ने वाले ट्रॉलरों - एफबी झोर और एफबी ममगल चांदी - के साथ गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि बांग्लादेशी अधिकारियों ने भारतीय नागरिकों पर अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार करने और बांग्लादेशी जलक्षेत्र में मछली पकड़ने का आरोप लगाया है। यह घटना भारत-बांग्लादेश संबंधों में जारी तनाव के बीच हुई है। पिछले साल अगस्त में बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के ढाका छोड़कर भारत में शरण लेने के बाद से दोनों देशों के संबंधों में भारी गिरावट आई है।
विज्ञापन

केरल में छात्र ने छात्रा के मां-बाप पर किया मिर्च स्प्रे
राजक्कड़ थाना क्षेत्र के एक सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 12वीं के एक छात्र ने शुक्रवार सुबह दोस्ती पर सवाल उठाए जाने पर छात्रा के माता-पिता पर मिर्च स्प्रे कर दिया। इस स्प्रे का असर उसके सहपाठियों पर भी पड़ा। इनमें चार छात्राएं भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मिर्च स्प्रे के इस्तेमाल के बाद बेचैनी महसूस करने वाले विद्यार्थियों और छात्रा के माता-पिता को अस्पताल ले जाया गया। शाम को सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। छात्र ने आरोप लगाया कि लड़की के माता-पिता ने उस पर हमला किया, जिसके बाद उसने मिर्च स्प्रे का इस्तेमाल किया। लड़की के माता-पिता के खिलाफ छात्र पर हमला करने का मामला दर्ज किया गया है। वहीं, छात्र की हरकत की सूचना किशोर न्याय बोर्ड को दी गई है, क्योंकि वह 17 साल का है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें