पूर्व केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने हिंसाग्रस्त मणिपुर के राज्यपाल का पदभार संभालने के बाद पहली बार शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। माना जा रहा है कि बैठक के दौरान भल्ला ने शाह को मणिपुर की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। पिछले महीने राज्यपाल के रूप में नियुक्ति के बाद भल्ला विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से मिल रहे हैं और उनसे पूर्वोत्तर राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने के बारे में फीडबैक ले रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा के लिए कम से कम दो बैठकों की अध्यक्षता की और समझा जाता है कि उन्होंने सुरक्षाबलों को आवश्यक निर्देश भी दिए। गृह सचिव रहते भल्ला ने पांच साल तक शाह के साथ काम किया। ऐसा कहा जा रहा है कि शाह ने उन्हें अशांत राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने का काम सौंपा है। मई 2023 से मणिपुर में इंफाल घाटी स्थित बहुसंख्यक मैतेई समुदाय और आसपास की पहाड़ियों में रहने वाले कुकी-जो जनजातियों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
गोवा में पूर्व विधायक दामोदर नाइक ने राज्य भाजपा अध्यक्ष
गोवा में पूर्व विधायक दामोदर नाइक को शनिवार को राज्य भाजपा इकाई का अगला अध्यक्ष चुना गया। दामोदर नाइक के नाम की घोषणा भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक सुनील बंसल, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक, निवर्तमान गोवा भाजपा प्रमुख सदानंद शेत तनावड़े और अन्य की मौजूदगी में की गई। बता दें कि, सदानंद शेत तनावड़े का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से यह पद खाली था। दामोदर नाइक राज्य भाजपा महासचिव थे। राज्य पार्टी प्रमुख के रूप में अपने पहले भाषण में दामोदर नाइक ने भाजपा कार्यकर्ताओं से सार्वजनिक या सोशल मीडिया पर मतभेदों पर चर्चा नहीं करने की अपील की। दामोदर नाइक ने कहा, 'सोशल मीडिया पर अपना असंतोष व्यक्त न करें। भाजपा एक परिवार की तरह है। हमें संगठन के भीतर अपने मतभेदों को सुलझाना चाहिए और सामंजस्य स्थापित करना चाहिए।' उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन को लेकर आम तौर पर चुनाव के दौरान असहमति होती है। 'हालांकि, हमें सही उम्मीदवार चुनने की पार्टी की क्षमता पर भरोसा करना चाहिए। हो सकता है कि आपको वह उम्मीदवार पसंद न आए, लेकिन पार्टी को धोखा न दें। दामोदर नाइक ने 2027 के गोवा विधानसभा चुनाव में 40 में से 27 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा, 'हमारा लक्ष्य 2027 में 27 सीटें जीतना होना चाहिए।'
कलिंग मोयोंग अरुणाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चुने गए
इधर अरुणाचल प्रदेश में पूर्व भाजपा विधायक कलिंग मोयोंग को शनिवार को सर्वसम्मति से राज्य भाजपा इकाई का नया अध्यक्ष चुना गया। कलिंग मोयोंग, जो 2014 से पासीघाट पूर्व विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हुए दो बार विधायक रहे थे, अप्रैल 2024 के चुनावों में अपनी सीट हार गए। वह इस पद के लिए नामांकन पत्र जमा करने वाले एकमात्र उम्मीदवार थे। वे राज्य भाजपा अध्यक्ष के रूप में बियुराम वाहगे का स्थान लेंगे। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कलिंग मोयोंग के चुनाव के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश से तीन राष्ट्रीय परिषद सदस्यों की नियुक्ति की घोषणा की। तीन राष्ट्रीय परिषद सदस्यों में पूर्व पार्टी उपाध्यक्ष टैगिन सिगा और येलम तागा बोरांग और तिरप जिले के पूर्व अध्यक्ष कामरंग तेसिया शामिल हैं।
येदियुरप्पा की याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित
कर्नाटक हाईकोर्ट ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। येदियुरप्पा ने यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत दर्ज मामले को रद्द करने की मांग की थी। भाजपा नेता येदियुरप्पा ने उन आरोपों को खारिज कर दिया कि उन्होंने जानबूझकर शिकायतकर्ता की मृत्यु के बाद अपनी याचिका में देरी की। उन्होंने कहा कि वह यह अनुमान नहीं लगा सकते थे कि उनकी बेटी का निधन कब होगा। बता दें कि एक महिला के आरोपों के आधार पर सदाशिवनगर पुलिस ने 14 मार्च, 2024 को एक प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसने दावा किया था कि येदियुरप्पा ने फरवरी 2024 में बंगलूरू में अपने आवास पर एक बैठक के दौरान उसकी 17 वर्षीय बेटी का यौन उत्पीड़न किया था। इस मामले को सीआईडी को स्थानांतरित कर दिया गया था, जिसने बाद में आरोप पत्र दायर किया। इस मामले में अदालत ने सभी पक्षों की सुनवाई के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया और अंतिम निर्णय आने तक अंतरिम आदेश को बढ़ा दिया।
हैदराबाद में ग्रीन कॉरिडोर, 13 मिनट में पहुंचाया गया हार्ट
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एलएंडटी मेट्रो ने 17 जनवरी 2025 को रात 9:30 बजे ग्रीन कॉरिडोर की सुविधा मुहैया कराई। हृदय परिवहन के लिए बनाए गए इस कॉरिडोर की मदद से एलबी नगर के कामिनेनी अस्पताल से लकड़ी-का-पुल के पास ग्लेनीगल्स ग्लोबल अस्पताल तक मरीज के लिए डोनेट किया गया हार्ट तेज और निर्बाध तरीके से पहुंचाने में सफलता मिली। इस जीवन-रक्षक मिशन में काफी समय की बचत हुई। मेट्रो रूट पर 13 स्टेशनों वाले 13 किलोमीटर की दूरी 13 मिनट में तय की गई।
महुआ मोइत्रा ने खराब आइसक्रीम डिलीवरी की शिकायत की
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने ऑनलाइन फूड ऑर्डरिंग और डिलीवरी सेवा के बारे में एक्स पर शिकायत की। मोइत्रा ने कहा कि उन्होंने जो महंगी आइसक्रीम ऑर्डर की थी, वह खराब आई। मोइत्रा ने बृहस्पतिवार रात, एक्स पर स्विगी को टैग करते हुए लिखा, 'सॉरी स्विगी, आपको अपनी सेवाएं बेहतर बनानी होंगी। यह अस्वीकार्य है कि मैंने महंगी माइनस थर्टी मिनी स्टिक आइसक्रीम ऑर्डर की थी, लेकिन यह खराब और खाने लायक नहीं आई। मुझे जल्द से जल्द रिफंड या रिप्लेसमेंट की उम्मीद है।' स्विगी ने मोइत्रा के इस पोस्ट का जवाब दिया, और कहा, 'यह जानकर खेद है कि आपको अपने ऑर्डर में समस्या आई है। कृपया ऑर्डर अपना नंबर साझा करें। हम इस पर गौर करेंगे।'
आईआईटी-खड़गपुर के छात्रों से आपातकालीन मदद लेने की अपील
आईआईटी-खड़गपुर के छात्रावास में रविवार सुबह इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष का छात्र शॉन मलिक मृत पाया गया था। इस घटना के बाद संस्थान के कार्यवाहक निदेशक अमित पात्रा ने मंगलवार और बुधवार को छात्र संघ प्रतिनिधियों के साथ दो बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि संस्थान मानसिक चिंता से पीड़ित छात्रों की मदद के लिए हमेशा तैयार है। संस्थान के एक अधिकारी ने बताया कि कार्यवाहक निदेशक ने छात्र प्रतिनिधियों से उनके कल्याण से संबंधित मामलों पर चर्चा की। हमने उनसे कहा कि सभी छात्रों को आपातकालीन स्थिति में परामर्श तंत्र का उपयोग करना चाहिए। संस्थान ने मंगलवार को एक परामर्श भी भेजा, जिसमें छात्रों से एक समुदाय के रूप में एक साथ खड़े होने और दुख या किसी भावनात्मक पीड़ा का सामना कर रहे किसी भी व्यक्ति की मदद करने की अपील की गई। अधिकारी ने बताया कि मलिक की मौत की जांच के लिए एक समिति भी बनाई गई है।
मोदी सरकार अमित शाह को बचाने की कोशिश कर रही: सुरजेवाला
कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार को एमयूडीए साइट आवंटन घोटाले के मामले में मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बचाने के लिए भाजपा सरकार की ध्यान भटकाने की रणनीति है। जबकि, ईडी ने कहा कि उसने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और अन्य से जुड़े धन शोधन मामले में लगभग 300 करोड़ रुपये की संपत्तियों की 140 से अधिक इकाइयों को कुर्क किया है।
सुरजेवाला ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बेलगावी में 'जय बापू, जय भीम और य संविधान' कार्यक्रम एक मजबूत संदेश निकल रहा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा लेने के लिए मजबूर करेगा, जिन्होंने भारतीय संविधान के निर्माता बीआर आंबेडकर का अपमान किया है। सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार इस घटना से डर गई है और ईडी की छापेमारी का नाटक कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये छापे शाह के आंबेडकर के अपमान के खिलाफ देश में बने माहौल से ध्यान हटाने के लिए हैं। बता दें कि कांग्रेस आरोप लगा रही है कि अमित शाह ने हाल ही में राज्यसभा में चर्चा के दौरान आंबेडकर का अपमान किया।
तमिलनाडु पुलिस ने कुत्ते को दी 21 तोपों की सलामी
तमिलनाडु की मदुरै सेंट्रल जेल में डॉग सर्विस पुलिस (डीएसपी) के पद पर कार्यरत एक पुलिस कुत्ते की शुक्रवार को मौत हो गई। जेल परिसर में उसे 21 तोपों की सलामी दी गई। साथ ही उसे पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई।
कर्नाटक में हथियारबंद लुटेरों ने सहकारी बैंक से 12 करोड़ लूटे
कर्नाटक के मंगलूरू में शुक्रवार को हथियारबंद नकाबपोश लुटेरों ने एक सहकारी बैंक से करीब 12 करोड़ लूट लिए। घटना मंगलूरू के कोटेकर सेवा सहकारी बैंक में हुई। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पिस्तौल, तलवार और चाकू समेत हथियारों से लैस 5-6 नकाबपोश बैंक में दाखिल हुए। उनकी उम्र 25 से 35 साल है। लुटेरों ने हिंदी और कन्नड़ में बात करते हुए कर्मचारियों को धमकाया और उन्हें सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान वाली तिजोरी खोलने के लिए मजबूर किया। वे नकदी और आभूषण लेकर नीली फिएट कार में भाग गए। पुलिस ने बताया कि घटना के समय बैंक में चार से पांच कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था।
पांच वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म व हत्या के दोषी को मौत की सजा; पॉक्सो कोर्ट ने 55 दिनों के भीतर सुनाई सजा
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के दोषी को कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई है। हुगली जिले के चुंचुड़ा पॉक्सो कोर्ट की जज चंद्रप्रभा चक्रवर्ती ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाया। यह भी संयोग ही था कि जिस दिन दुष्कर्मी को सजा मिली उसी दिन यानी 17 जनवरी को बच्ची का जन्मदिन भी था। कोर्ट ने हत्या के मामले में पड़ोसी अशोक सिंह (42) को घटना के अपराध के 55 दिनों के भीतर फांसी की सजा सुनाई। कोर्ट के फैसले के बाद रोते हुए मां ने कहा कि आज ही बच्ची का जन्मदिन भी है। वह अपने जन्मदिन पर केक खाना चाहती थी, मैं अब उसे कभी भी केक नहीं खिला पाउंगी। मां ने पुलिस जांच और कोर्ट के फैसले पर संतुष्ट जताई।
15 करोड़ की साइबर ठगी मामले में बिहार से एक व्यक्ति गिरफ्तार
शेयर ट्रेडिंग साइबर धोखाधड़ी में नवी मुंबई निवासी से 14.88 करोड़ की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने बिहार के खगड़िया शहर से एक व्यक्ति (30) को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया, नवी मुंबई पुलिस के साइबर सेल ने आरोपी का पता लगाया और उसे पकड़ा। आरोपी की पहचान सुजीत कुमार मदनकुमार सिंह के रूप में हुई है। उसके कंबोडिया में भी संबंध हैं, जहां वह कॉल सेंटरों में काम करता था।
विजयवाड़ा को मिला पांच सितारा ईट राइट रेलवे स्टेशन प्रमाणपत्र
यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन ने प्रतिष्ठित भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का 'ईट राइट स्टेशन' प्रमाण प्राप्त किया। इसी के साथ विजयवाड़ा 'ईट राइट स्टेशन' प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाला विजयवाड़ा डिवीजन में दूसरा और एससीआर जोन में पांचवां स्टेशन बन गया।
बंगाल : 1.5 करोड़ के फेंसिडिल सिरप के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
प. बंगाल पुलिस ने बांग्लादेश की सीमा से सटे नदिया जिले में करीब 1.5 करोड़ की प्रतिबंधित फेंसेडिल कफ सिरप के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। एसटीएफ के एसपी इंद्रजीत बसु ने शुक्रवार को बताया कि एसटीएफ टीम ने बृहस्पतिवार को उत्तर 24 परगना के गनरापोटा बाजार में छापा मारकर एक व्यक्ति को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर टीम ने प्रतिबंिधत दवा व दो आरोपी गिरफ्तार किए।
सिक्किम : वाहन 500 फीट गहरी खाई में गिरा, पांच लोगों की मौत
सिक्किम के ग्यालशिंग जिले में एक कार के सड़क से फिसलकर खाई में गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि घटना बृहस्पतिवार रात की है। पांच लोगों को लेकर जा रही कार रैटोमेटी क्लिफ पर पहाड़ी से लुढ़ककर 500 फीट नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना दी और पांचों शव बरामद कर लिए गए।
कर्नाटक हाईकोर्ट ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले की कार्यवाही पर लगाई रोक
कर्नाटक हाईकोर्ट ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रदेश भाजपा की ओर से दायर आपराधिक मानहानि मामले में निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी। राहुल गांधी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता शशि किरण शेट्टी ने जस्टिस एम नागप्रसन्ना को बताया कि यह पहली बार है, जब मामले की सुनवाई हो रही है। याचिका की समीक्षा करने के बाद, अदालत ने आदेश दिया कि प्रतिवादी को 20 फरवरी तक जवाब देने के लिए नोटिस जारी की जाती है, तब तक आगे की कार्यवाही पर रोक रहेगी। अगली सुनवाई 20 फरवरी को निर्धारित की गई है। बता दें कि मानहानि का मामला कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के भ्रष्टाचार दर कार्ड विज्ञापनों से जुड़ा है।
लोकल केबल ऑपरेटरों के पंजीकरण नियम बने आसान, अब समय पर जारी हो सकेंगे प्रमाणपत्र
सरकार ने स्थानीय केबल ऑपरेटरों (एलसीओ) के पंजीकरण की प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन बनाकर केबल टेलीविजन नेटवर्क को नियंत्रित करने वाले नियमों को आसान बना दिया है जिसमें पंजीकरण प्राधिकारी सूचना और प्रसारण मंत्रालय होगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, संशोधित केबल टेलीविजन नेटवर्क नियम-1994 शुक्रवार से ही लागू हो गए। मंत्रालय ने बताया कि स्थानीय केबल ऑपरेटरों का पंजीकरण प्रमाणपत्र आवेदक के विवरण (आधार, पैन, सीआईएन और डीआईएन और अन्य दस्तावेज) के सफल सत्यापन के बाद वास्तविक समय में जारी किया जाएगा।
देव को छत्तीसगढ़ व सैकिया को असम भाजपा की कमान
विधायक किरण सिंह देव को शुक्रवार को एक बार फिर छत्तीसगढ़ और लोकसभा सदस्य दिलीप सैकिया को निर्विरोध निर्वाचित होने पर असम भाजपा की कमान सौंपी गई है। बस्तर क्षेत्र के कार्यकर्ता देव (63) को भाजपा की छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुना गया। यह उनका दूसरा कार्यकाल होगा। वहीं, भाजपा की असम इकाई के अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होने पर चुनाव अधिकारी व केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सैकिया को आधिकारिक नियुक्ति पत्र सौंपा। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और दारांग-उदालगुरी निर्वाचन क्षेत्र के दूसरी बार के सांसद सैकिया प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र प्रत्याशी थे।
पूर्व विधायक दामोदर नाइक होंगे गोवा भाजपा के अगले अध्यक्ष
गोवा के पूर्व विधायक दामोदर नाइक भाजपा की राज्य इकाई के अगले अध्यक्ष होंगे। पार्टी के केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक सुनील बंसल ने कहा कि कोर कमेटी की शुक्रवार को बैठक हुई और सर्वसम्मति से नाइक (54) को इस पद के लिए नामित करने का फैसला किया गया। नाइक वर्तमान में राज्य भाजपा के महासचिव हैं। उन्होंने बंसल, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, निवर्तमान राज्य इकाई के प्रमुख सदानंद शेत तनावड़े की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। बंसल ने कहा कि नाइक के नाम की औपचारिक घोषणा शनिवार को की जाएगी। तनावड़े का कार्यकाल समाप्त होने के बाद से यह पद रिक्त है।
सिंगापुर के राष्ट्रपति ने ओडिशा के पुरी में कलाकारों के गांव कोणार्क मंदिर का दौरा किया
सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम अपनी पत्नी जेन युमिको इट्टोगी के साथ पांच दिवसीय यात्रा पर भारत आए हुए हैं। ओड़िशा के अपने दौरे के दूसरे दिन थर्मन ने शनिवार को रघुराजपुर कलाकारों के गांव और पुरी जिले के कोणार्क में सूर्य मंदिर का दौरा किया।
सिंगापुर की प्रथम महिला के साथ षणमुगरत्नम ने रघुराजपुर हेरिटेज गांव में एक घंटे से अधिक समय बिताया और दो पट्टचित्र पेंटिंग खरीदीं, जिनमें से एक रामायण और दूसरी भगवान गणेश पर आधारित थी। उन्होंने कलाकारों से बातचीत की, पेंटिंग देखीं और पूछा कि अनूठी पट्टचैत्र कला कैसे बनाई जाती है।
रघुराजपुर शिल्पकार समिति के सदस्य और कलाकार प्रशांत कुमार सुबुद्धि ने कहा, 'सिंगापुर के राष्ट्रपति ने पट्टचैत्र पेंटिंग के इतिहास और उत्पत्ति के बारे में पूछताछ की। उन्होंने पूछा कि हम इस तरह की कलाकृति कैसे बनाते हैं।'
रघुराजपुर गांव के कलाकार आयुष महापात्रा ने पुरी जगन्नाथ मंदिर की पृष्ठभूमि में षणमुगरत्नम और उनकी पत्नी को एक पेंटिंग भेंट की। महापात्रा ने कहा, 'मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति ने खुद मुझसे पेंटिंग प्राप्त की।'
ओडिशा के पुरी जिले में रघुराजपुर अपने पट्टचित्र चित्रों, ताड़ के पत्तों पर नक्काशी और अन्य प्रकार के पारंपरिक शिल्प के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। गांव का हर घर ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की एक गैलरी है।
बाद में, षणमुगरत्नम ने कोणार्क में 13वीं शताब्दी के सूर्य मंदिर का दौरा किया, जहां राज्य सरकार और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एक अधिकारी ने कहा, 'सिंगापुर के राष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर, अन्य पर्यटकों को दोपहर 12 बजे तक मंदिर में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। षणमुगरत्नम की यात्रा के लिए पूरे जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।'
कर्नाटक: शख्स ने की पत्नी की हत्या, एसिड पीकर की आत्महत्या
कर्नाटक में नेल्लुर केमराजे गांव के एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद उसने खुद एसिड को पीकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने बताया कि, रामचंद्र गौड़ा ने शुक्रवार रात अपनी पत्नी विनोदा कुमारी की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, बाद में उसने एसिड पी लिया और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। शख्स कथित तौर पर शराबी था और रात में नशे में धुत होकर अपने परिवार के सदस्यों, जिसमें उसके माता-पिता, पत्नी और बेटा शामिल हैं, से अक्सर झगड़ा करता था। कोडिमाजालू निवासी उसके बेटे प्रशांत एसआर ने बताया कि उसके पिता शुक्रवार को बहुत ज्यादा शराब पीकर घर लौटे और अपने माता-पिता और पत्नी के साथ गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान गुस्से में आकर उन्होंने अपनी पत्नी को बंदूक से गोली मार दी और इस वारदात के बाद उन्होंने एसिड पी लिया और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
येलहंका में 23 जनवरी से 17 फरवरी तक नॉनवेज बिक्री पर रोक
कर्नाटक में एयरफोर्स स्टेशन येलहंका में 10 से 14 फरवरी तक एयरो इंडिया-2025 शो आयोजित किया जाएगा। वहीं ब्रुहत बेंगलुरु महानगर पालिका ने घोषणा की है कि, इसके चलते 23 जनवरी से 17 फरवरी तक एयरफोर्स स्टेशन के 13 किलोमीटर के दायरे में नॉनवेज खाने की बिक्री पर रोक रहेगी।
असम में स्कूल बस पलटने से एक छात्र की मौत, कई घायल
असम के दीमा हसाओ जिले में शनिवार को एक स्कूल बस पलटने से कक्षा 3 के एक छात्र की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। मामले में एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना उमरंगसो पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत 19 किमी क्षेत्र के पास हुई, जब चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के क्षेत्र अधिकारी देबोजीत बोरा ने एक बयान में कहा कि छात्र दलीमार रोंगहांगपी की मौके पर ही मौत हो गई। करीब 16 छात्रों को मामूली चोटें आईं। बोरा ने कहा, 'छह अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत होजई के हाम अस्पताल ले जाया गया।' उन्होंने कहा, 'आपातकालीन प्रतिक्रिया दल और पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच चल रही है। हम भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक उपाय कर रहे हैं।'
हैदराबाद में तकनीकी खराबी के कारण हवा में अटका झूला
हैदराबाद में वार्षिक 'नुमाइश' प्रदर्शनी में एक झूले में तकनीकी खराबी के कारण कुछ मिनट के लिए लोग हवा में ही अटके रहे। यह घटना 16 जनवरी को हुई, जब 'रेंजर' झूले पर सवार 10-12 लोग लगभग 10 मिनट तक फंसे रहे, जब तक कि तकनीशियनों ने बैटरी और उसके बियरिंग से संबंधित खराबी को ठीक नहीं कर दिया। वहीं सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में तकनीशियनों को सवारी की मरम्मत करते हुए दिखाया गया है।
तेलंगाना के सूर्यपेट में सड़क हादसा; दो की मौत, चार घायल
तेलंगाना के सूर्यपेट में वेंकटेश्वर इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एक सड़क हादसा हुआ। जहां गुंटूर से हैदराबाद जा रही एक निजी बस ने ओवरस्पीडिंग के कारण दूसरी बस को पीछे से टक्कर मार दी, जिसकी वजह से दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। इन घायलों में एक की हालत गंभीर है। सूर्यपेट पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ने बताया कि हमने मामला दर्ज कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम जांच (पीएमई) केंद्र में भेज दिया है।
आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला: कांग्रेस विधायक और दो अन्य को मिली अग्रिम जमानत
केरल वायनाड की एक अदालत ने शनिवार को कांग्रेस विधायक आईसी बालाकृष्णन, वायनाड इकाई के अध्यक्ष एनडी अप्पाचन और पार्टी नेता केके गोपीनाथन को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में अग्रिम जमानत दे दी। वायनाड जिला और सत्र न्यायालय ने इस शर्त पर जमानत दी कि आरोपी जिला छोड़कर नहीं जाएंगे, गवाहों को प्रभावित करने, सबूत नष्ट करने या जांच में बाधा डालने का प्रयास नहीं करेंगे। पुलिस के अनुसार, उन्हें जांच में पूरा सहयोग करना भी आवश्यक है। अप्पाचन के वकील ने पुष्टि की कि तीनों व्यक्तियों को शर्तों के साथ अग्रिम जमानत दी गई है।
पुलिस ने 9 जनवरी को पार्टी पदाधिकारी एनएम विजयन और उनके बेटे की मौत के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत बालकृष्णन और तीन अन्य पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। केपीसीसी अध्यक्ष के सुधाकरन को कथित तौर पर यह कदम उठाने से कुछ घंटे पहले लिखे गए पत्र में विजयन ने बालकृष्णन, अप्पाचन और पार्टी के अन्य नेताओं का नाम लिया। राज्य सरकार ने घटना की जांच सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से कराने का आदेश दिया है।
वायनाड जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के कोषाध्यक्ष विजयन (78) और उनके 38 वर्षीय बेटे जिजेश की 27 दिसंबर, 2024 को कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आत्महत्या का प्रयास करने के बाद मौत हो गई। इस घटना ने राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है, सत्तारूढ़ सीपीआई(एम) ने आरोप लगाया है कि बालाकृष्णन से जुड़े एक सहकारी बैंक नौकरी घोटाले के कारण दोनों ने इतना बड़ा कदम उठाया। ऐसे आरोप सामने आए हैं कि विजयन ने पार्टी पदाधिकारी के तौर पर कांग्रेस नियंत्रित सहकारी बैंक में नौकरी चाहने वाले व्यक्तियों से पैसे स्वीकार किए, जो कथित तौर पर बालाकृष्णन के निर्देश पर थे। कांग्रेस ने इस घटना की आंतरिक जांच शुरू कर दी है, जिसका नेतृत्व पार्टी की अनुशासन समिति के अध्यक्ष तिरुवंचूर के विधायक राधाकृष्णन करेंगे।
बंगलूरू से बांग्लादेश लौटते समय त्रिपुरा में 6 रोहिंग्या महिलाएं गिरफ्तार
अगरतला पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह त्रिपुरा के उनाकोटी जिले में छह रोहिंग्या महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। उन्हें कैलाशहर उपखंड के सपरीकांडी गांव से गिरफ्तार किया गया, जब वे बेंगलुरु में काफी समय बिताने के बाद बांग्लादेश वापस जा रही थीं। एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और वे भारत के लिए कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं दिखा सकीं।
ईरानी पुलिस स्टेशन की सब-इंस्पेक्टर तरुणी जमातिया ने बताया, 'पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि वे 15 जनवरी को बेंगलुरु से आई थीं और उनकी बांग्लादेश लौटने की योजना थी। यूएनएचसीआर द्वारा जारी एक पहचान पत्र बरामद किया गया, जिससे पता चलता है कि यह समूह बांग्लादेश में रोहिंग्या शिविर से संबंधित है।' उन्होंने बताया कि पासपोर्ट अधिनियम और बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अगले पांच वर्षों में भारत का ऑटोमोबाइल उद्योग दुनिया में नंबर वन होगा- गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को कहा कि अगले पांच वर्षों में भारत का ऑटोमोबाइल उद्योग दुनिया में नंबर वन होगा। उन्होंने बताया कि उद्योग ने अब तक 4.5 करोड़ नौकरियां पैदा की हैं, जो देश में सबसे ज्यादा है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (एफएडीए) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने आगे कहा कि भारतीय ऑटोमोबाइल उत्पादों की मांग वैश्विक स्तर पर बहुत अधिक है। उन्होंने कहा, 'भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग का आकार अब 22 लाख करोड़ रुपये है। मुझे विश्वास है कि पांच साल के भीतर भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग दुनिया में नंबर वन होगा।' वर्तमान में, अमेरिकी ऑटोमोबाइल उद्योग का आकार 78 लाख करोड़ रुपये है, इसके बाद चीन (47 लाख करोड़ रुपये) और भारत (22 लाख करोड़ रुपये) का स्थान है।
गडकरी ने आगे कहा कि जब उन्होंने 2014 में परिवहन मंत्रालय का कार्यभार संभाला था, तब ऑटोमोबाइल उद्योग का आकार 7.5 लाख करोड़ रुपये था और आज इसका आकार 22 लाख करोड़ रुपये है। मंत्री के अनुसार, ऑटोमोबाइल उद्योग ने अब तक 4.5 करोड़ नौकरियां पैदा की हैं - जो देश में सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा, 'यह ऑटोमोबाइल उद्योग है, जो राज्य सरकार और भारत सरकार को जीएसटी के हिस्से के रूप में सबसे ज्यादा राजस्व दे रहा है।' मंत्री ने बताया कि भारत में निर्मित सभी दोपहिया मोटरसाइकिलों में से 50 प्रतिशत का निर्यात किया जाता है।
उमरंगसो कोयला खदान में फंसे और मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि के चेक दिए गए
असम के उमरंगसो कोयला खदान में फंसे और शव बरामद किए गए खनिकों के परिवारों को शनिवार को अनुग्रह राशि के चेक दिए गए, जबकि खदान से पानी निकालने की प्रक्रिया जारी है। असम के खान एवं खनिज मंत्री कौशिक राय ने चार खनिकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का चेक सौंपा, जिनके शव बरामद किए गए हैं। वहीं एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि खदान के अंदर फंसे पांच खनिकों के परिवारों को 6 लाख रुपये के चेक दिए गए, जबकि शेष राशि बाद में उन्हें सौंपी जाएगी।
दीमा हसाओ जिले के उमरंगसो के कलामाटी इलाके में कोयला खदान में छह जनवरी को अचानक पानी भर गया था, जिससे नौ श्रमिक अंदर फंस गए थे। तब से बचाव अभियान में चार शव बरामद किए गए हैं। राज्य मंत्रिमंडल ने गुरुवार को निर्णय लिया था कि सभी नौ खनिकों के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जिनमें वे लोग भी शामिल हैं जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं और जो फंसे हुए हैं। असम के मुख्यमंत्री राहत कोष से 6 लाख रुपये और असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से शेष 4 लाख रुपये दिए गए हैं। उमरंगसो पुलिस स्टेशन परिसर में आयोजित चेक वितरण कार्यक्रम में बोलते हुए राय ने मुख्यमंत्री की ओर से शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मंत्री ने कहा कि खदान में पानी निकालने की प्रक्रिया अभी भी जारी है और प्रतिदिन लगभग 1 करोड़ लीटर पानी निकाला जाता है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट के एक अन्य निर्णय के अनुसार, मामले पर पहले से दर्ज एफआईआर के आधार पर पूरी घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जा रहा है। असम कैबिनेट ने घटना की न्यायिक जांच की भी घोषणा की है, जिसमें सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय की न्यायाधीश अनिमा हजारिका एक-व्यक्ति पैनल की अध्यक्षता करेंगी। वह पुलिस एसआईटी जांच की निगरानी भी करेंगी।
कल आंध्र प्रदेश में NIDM दक्षिणी परिसर का उद्घाटन करेंगे गृह मंत्री
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान (एनआईडीएम) के दक्षिणी परिसर और विजयवाड़ा के पास राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के 10वीं बटालियन परिसर के साथ-साथ अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। गृह मंत्री कृष्णा जिले के कोंडापवुलुरू में एनडीआरएफ के 20वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि भी होंगे।
एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, 'केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को एनडीआरएफ के 20वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। इस अवसर पर शाह 200 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।' एनआईडीएम के दक्षिणी परिसर और एनडीआरएफ की 10वीं बटालियन परिसर का उद्घाटन करने के अलावा, वह सुपौल (9वीं बटालियन) में क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्र (आरआरसी) परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। एनआईडीएम और एनडीआरएफ भारत में आपदा लचीलापन और देश की आपदा जोखिम न्यूनीकरण प्रणालियों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि वे मानव संसाधन विकास, क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण, अनुसंधान, दस्तावेजीकरण और नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।