फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

न्यूज राउंडअप: पटेलों का प्रदर्शन, मोदी का 'दीदी' पर हमला', जडेजा की शादी में फायरिंग

Sun, 17 Apr 2016 08:10 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
पटेलों के आरक्षण के लिए चल रहा पाटीदार अनामत आंदोलन फिर से हिंसक हो गया - फोटो : BBC
विज्ञापन
रविवार से गुजरात में पटेलों के आरक्षण के लिए चल रहा पाटीदार अनामत आंदोलन फिर से हिंसक हो गया है। पाटीदार अनामत आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल की गिरफ्तारी के खिलाफ पटेल समुदाय ने रविवार को राज्यव्यापी जेल भरो आंदोलन का ऐलान किया था। 
विज्ञापन


मेहसाणा, सूरत, भावनगर और दूसरे शहरों में बड़ी तादाद में जमा हुए पटेल समुदाय के लोगों ने जिले की सब-जेल की तरफ कूच किया। मेहसाणा में आंदोलन के दौरान हिंसा की खबर है। मेहसाणा सब-जेल की तरफ जाने की कोशिश कर रहे पटेल समुदाय के लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। 

मेहसाणा के कलेक्टर लोचन सेहरा ने कहा, ''जब पुलिस ने पाटीदार समुदाय के सदस्यों को जेल कैंपस में घुसने से रोका, तो भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इसके बाद पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। हमने धारा 144 लगा दी है और इलाके में मोबाइल इंटरनेट पर रोक लगा दी है।''
विज्ञापन


अहमदाबाद दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। 

पाटीदार नेता हरिस्‍केश पटेल ने कहा, ''शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। हमारे नेता लालजी पटेल भी घायल हुए हैं। उत्तर गुजरात में स्थिति एक बार फिर नियंत्रण से बाहर हो गई है।'' 

पिछले साल अक्तूबर में गिरफ्तार किए गए पाटीदार अनामत आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल सूरत में लाजपोर जेल में बंद हैं। पिछले साल पटेल समुदाय ने आरक्षण के लिए आंदोलन चलाया था, जो हिंसक हो गया था। इस आंदोलन में बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुई थीं। 

'अगर संस्‍थाएं टूट जाएंगी तो देश नहीं चल पाएगा'

Narendra modi - फोटो : PTI
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के नादिया में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 'जिस धरती पर उत्तम कवियों के विचार सुनने को मिलते थे। आज वो धरती बम बनाने की फैक्टरी बन गई है। 'पीएम मोदी ने ममता बनर्जी पर सीधा वार करते हुए कहा कि पांच साल यहां के लोगों के दुख देखे होते तो आज चुनाव आयोग को 'देख लूंगी' कहन की जरूरत न होती। मोदी ने कहा कि चुनाव तो आएंगे और जाएंगे दीदी लेकिन अगर संस्‍थाएं टूट जाएंगी तो देश नहीं चल पाएगा।

उन्होंने स्टिंग ऑपरेशन में पकड़े गए टीएमसी के नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरे देश ने देखा कि आप जिनको बड़ा नेता मानते हैं वो कैमरे के सामने बंगाल को बेचने का काम कर रहे हैं। ये सरकार रूपयो को लेती-देती नहीं है। ये आपके भविष्य का सौदा कर रही है। 

मोदी ने इतिहास को याद करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने सरकार का दुरूपयोग किया था। छह साल के लिए उनकी सदस्यता चली गई थी। विकास पर जोर करते हुए कहा कि अगर पूर्वी भारत का विकास नहीं किया गया तो भारत का विकास पूरा नहीं हो पाएगा।

कांग्रेस और सीपीआई के गठजोड़ पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि क्या इस देश की जनता को मूर्ख समझे हो, केरल में कुश्ती करते हो और बंगाल में आकर दोस्ती कर लेते हो।

'सर' जडेजा के सामने पिस्तौल से हुई फायरिंग

रविंद्र जडेजा - फोटो : PTI
टीम इंडिया के हरफनमौला क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की आज रविवार को शादी होने जा रही है और जब वह घोड़ी पर सवार होकर शादी के लिए निकले थे कि बारात में शामिल एक शख्स ने अचानक पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। उस अनजान शख्स ने ताबड़तोड़ 4 बार गोली दागी। जडेजा मंगेतर रीवा सोलंकी के साथ विवाह बंधन में बंधेंगे।

पुलिस मामले की जांच कर रही है, फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

27 साल के जडेजा ने गुजरात में ही एक होटल में शादी से एक दिन पहले 16 अप्रैल को बैचलर पार्टी का आयोजन किया। उनकी शादी में गुजरात लायंस के कप्तान सुरेश रैना, ड्वेन ब्रॉवो और कुछ अन्य भारतीय क्रिकेटर भी शामिल हो सकते हैं। जडेजा ने इसी साल 5 फरवरी को गुजरात की इंजीनियर रीवा सोलंकी के साथ सगाई की थी। शादी के कारण ही जडेजा शनिवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच नहीं खेल सके जिसमें उनकी टीम ने अंतिम गेंद पर जीत हासिल की थी।

बढ़ा विवाद तो येदुरप्पा ने लौटाई 1 करोड़ की कार

कर्नाटक में पक्ष और विपक्ष के नेता एक के बाद एक नए बवाल में फंसते जा रहे - फोटो : ANI
कर्नाटक के भाजपा प्रमुख बीएस येदुरप्पा ने कहा है कि उन्होंने एक करोड़ रुपए की लैंड क्रूजर लौटा दी है। पिछले दिनों इस गाड़ी को लेकर विवाद हो गया था। येदुरप्पा ने कहा है कि उन्होंने यह मुरुगेश निरानी को सौंप दी है जिन्होंने उसे यह कार सूखाग्रस्त इलाके का दौरा करने के‌ लिए उधार दी थी।

इस कार का इस्तेमाल बीएस येदुरप्पा राज्य में अकाल प्रभावित जगहों पर दौरा करने में करने वाले थे। लेकिन अब वे इसका इस्तेमाल नहीं करेंगे। उन्होंने यह निरानी को वापस दे दी है।

कर्नाटक में एक तरफ जहां लोग प्यास के चलते मरे जा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ प्यासों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम वहां के नेता कर रहे हैं। कुछ ऐसा ही किया था कनार्टक के नए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदुरप्पा ने। येदुरप्पा एक करोड़ की कार लैंड क्रूजर प्राडो से पानी की कमी से जूझते उत्तरी कर्नाटक के एक गांव पहुंचे थे। इसके बाद ही कर्नाटक में नया हंगामा शुरू हो गया।

इससे पहले कनार्टक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैय्या का उनकी 70 लाख रूपए की घड़ी ने उनका जीना दुश्‍वार कर दिया था। वहीं अब एक करोड़ की गाड़ी लैंड क्रूजर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा के गले पड़ गई है। अब इस पर भाजपा की तरफ से सफाई भी आने लगी है। कर्नाटक में भाजपा प्रवक्ता एस प्रकाश ने सफाई देते हुए कहा है कि सफेद आलीशान कार दरअसल येदियुरप्पा को एक चीनी मिल मालिक और राजनेता मुरुगेश निरानी ने 'लोन' पर दी है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 2018 में होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव की कमान बीएस येदियुरप्पा को सौंप दी है। राज्य प्रमुख ने 225 विधानसभा सीट में से 150 को जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। येदियुरप्पा को 2008 में कर्नाटक का मुख्यमंत्री चुना गया था लेकिन भ्रष्टाचार के आरोप झेलने के बाद भाजपा ने उन पर कुर्सी छोड़ने का दबाव बनाया। 

पाकिस्तानी हिंदुओं को मिलेगा संपत्ति खरीदने का अधिकार

पाकिस्तानी हिंदुओं और अल्पसंख्यकों को जल्द ही भारत में संपत्ति खरीदने का अधिकार मिलेगा - फोटो : Reuters
भारत में लंबे समय से वीजा पर रहने वाले पाकिस्तानी हिंदुओं और अल्पसंख्यकों को जल्द ही भारत में संपत्ति खरीदने का अधिकार मिलेगा। साथ ही भारत में वो अपना बैंक खाता खुलवा और पैन कार्ड बनवा सकेंगे। मोदी सरकार जल्द ही इस बाबत बड़ा फैसला कर सकती है। अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार भारतीय नागरिक के तौर पर रजिस्ट्रेशन के लिए फीस को घटाकर 15 हजार रूपए से 100 रूपए करने वाली है।

जोधपुर, जैसलमेर, जयपुर, रायपुर, अहमदाबाद, राजकोट, कच्‍छ, भोपाल, इंदौर, मुंबई, नागपुर, पुणे, दिल्‍ली और लखनऊ जैसे शहरों में पाकिस्‍तानी हिंदू शरणार्थियों के करीब 400 शिविर हैं। इन शिविरों में करीब 2 लाख लोग रहते हैं। गृह मंत्रालय की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार भारत में रहने वाले पाकिस्तानी अल्पसंख्यकों की स्थिति पर सरकार नजर बनाए हुए है। जल्द ही इन लोगों को होने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए बड़ा फैसला किया जा सकता है।

केंद्र सरकार के मुताबिक अभी जो अन्‍य सुविधाएं प्रस्‍तावित हैं, उनमें ठहरने वाली जगह पर ही बने रहने के बजाए राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चलने-फिरने की आजादी, एनसीआर रीजन में रह रहे लोगों को आसानी से चलने फिरने की मंजूरी देना, दूसरे राज्‍यों में जाने के लिए नियमों में ढील देना जैसे नियम शामिल है। पाकिस्‍तान के अल्‍पसंख्‍यक समुदाय के लोगों को भारतीय नागरिकता देने की प्रक्रियाओं को आसान बनाने का प्रस्‍ताव भी शामिल है। 

मज‌िस्ट्रेट के सामने लड़की बोली, 'सैन्यकर्मी ने नहीं की थी छेड़छाड़'

handwara - फोटो : Amar Ujala
हंदवाड़ा व‌िवाद का केंद्र रही 16 साल की लड़की ने कुपवाड़ा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष अपना बयान दर्ज करवाया। मजिस्ट्रेट के सामने बयान में लड़की ने बयान में सैन्यकर्मी पर छेड़छाड़ के आरोप को नकार द‌िया है। 

पुल‌िस ने बताया क‌ि, लड़की अपने प‌िता के साथ शन‌िवार शाम को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश हुई और अपने बयान दर्ज करवाए।  लड़की ने अपने बयान में कहा क‌ि 12 मार्च को वह स्कूल की छुट्टी के बाद मैं वहां से गुजरी, वहां पर वह अपनी फ्रैंड को बैग देकर हंदवाड़ा चौक पर स्थ‌ित शौचालय चली गई।

वापस आने के बाद जब मैंने अपना बैग लिया, इतने में एक लड़का आया और मुझे थप्पड़ मार दिया। लड़के ने मैरा बैग छीन लिया। लड़का मेरे स्कूल की वर्दी पहना हुआ था। उसके साथ क‌िसी सैन्यकर्मी ने छेड़छाड़ नहीं की है।

कल लड़की मां की ओर से जम्मू कश्मीर हाईकोर्ट दायर की गई याच‌िक के पर कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए लड़की को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पेश क‌िया गया था। लड़की की मां की ओर से दायर की गई याच‌िक में इस घटना के बाद से पुल‌िस की ह‌िरासत में लड़की, उसके प‌िता और मौसी की र‌िहाई की मांग की गई थी। 

अधिकारियों ने आज जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी में प्रतिबंध हटा दिये वहीं कुपवाड़ा में लोगों की आवाजाही पर पाबंदी आज पांचवें दिन भी बनी हुई है जो सुरक्षा बलों की कार्रवाई में पांच लोगों की मौत के बाद मंगलवार से लागू हंै। अधिकारी ने कहा कि कश्मीर में मोबाइल इंटरनेट सेवा पूरी तरह बंद रहेगी ताकि अफवाहों को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि हालात का जायजा लेने के बाद आज बाद में सेवाएं बहाल की जा सकती हैं।

पूरी घाटी में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं ठप रहीं। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि आज श्रीनगर में कोई पाबंदी नहीं रही। उन्होंने कहा कि शहर के छह थाना क्षेत्रों में बुधवार को लागू की गयी पाबंदियां हटा ली गयी हैं क्योंकि शनिवार को कोई बड़ा प्रदर्शन नहीं हुआ और बंद या विरोध प्रदर्शन का कोई आह्वान नहीं किया गया।

हालांकि अधिकारी के मुताबिक कुपवाड़ा और हंदवाड़ा समेत उत्तर कश्मीर के कुछ इलाकों में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पाबंदियां लागू हैं। इस बीच घाटी में आज सामान्य गतिविधियां बहाल हो गयीं और किसी अलगाववादी समूह ने हड़ताल का आह्वान नहीं किया है।

रविवार को जहां सरकारी दफ्तर और शिक्षण संस्थान बंद रहे वहीं चार दिन के बाद शहर में तथा अन्य जिलों में दुकानें, पेट्रोल पंप और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान खुल गये। सार्वजनिक परिवहन के साधन सड़क पर दिखने लगे हैं।

जापान के बाद इक्वाडोर में भूकंप ने मचाई तबाही, हर तरफ हाहाकार

इक्वाडोर में जबरदस्त भूकंप आया जिसने पूरे देश को हिला कर रख दिया - फोटो : Reuters
दक्षिण अमेरिका के पश्चिमी तट पर स्थित इक्वाडोर में जबरदस्त भूकंप आया जिसने पूरे देश को हिला कर रख दिया। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 7.8 मापी गई जिसकी वजह से कई मकान धराशायी हो गए और अब तक 77 लोगों की मौत हो गई, 570 लोग घायल हैं।  स्थानीय समय के मुताबिक यह भूकंप शनिवार की रात करीब 8 बजे आया (भारतीय समयानुसार रविवार की सुबह करीब 6 बजे) जिसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया।

भूकंप की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी तीव्रता पिछले साल नेपाल में आए भूकंप की तीव्रता जितनी थी। भूकंप का केंद्र प्रशांत महासागर तट पर स्थित होने की वजह से सुनामी की संभावना भी जताई जा रही है जो जिसकी लहरें करीब एक मीटर ऊंची हो सकती हैं।

भूकंप की वजह से राजधानी क्विटो सहित कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। साथ ही साथ राजधानी के कई इलाकों में बिजली सेवा और टेलिफोन सेवा भी बाधित हुई है। मौसम विभाग ने भूकंप की वजह से सुनामी की चेतावनी भी जारी की है। इसके अलावा इक्वाडोर के पड़ोसी देश पेरु में भी सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है।
विज्ञापन

छोटा राजन की मुश्किलें बढ़ीं, दो नए केस दर्ज

छोटा राजन की मुश्किलें बढ़ीं - फोटो : Reuters
गैंगस्टर छोटा राजन गैंग के खिलाफ सीबीआई ने मकोका के तहत दो नए मामले दर्ज किए हैं। ये नए मामले कथित तौर पर जबरन वसूली और हत्या की कोशिश के हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक 2013 में बिल्डर अजय गोसालिया और अरशद शेख की हत्या की कोशिश के मामले में सीबीआई जांच कर रही है। आरोप है कि 55 साल के छोटा राजन गैंग के सदस्य इस साजिश में शामिल थे। आरोप है कि गोसालिया पर मलाड स्थित एक मॉल के बाहर दो शूटरों ने गोली चलाई थी, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गए थे।

मुंबई पुलिस ने तब राजन गैंग के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया था। नीलेश नाम के व्यक्ति से 20 लाख रुपए जबरन वसूली के एक केस में राजन गैंग के सदस्यों के खिलाफ जांच चल रही है। इसी केस में एक अन्य अभियुक्त भारत नेपाली की अब मौत हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक नीलेश ने जान की धमकी मिलने के बाद 20 लाख रुपए दिए थे। सीबीआई प्रवक्ता आरके गौर ने समाचार एजेंसी पीटीआई से पुष्टि की कि महाराष्ट्र सरकार के निर्देश पर सीबीआई इन दो केसों की जांच कर रही है।

सीबीआई की एफआईआर में राजन का नाम नहीं है क्योंकि नियमों के तहत एजेंसी स्थानीय पुलिस की रिपोर्ट को लेती है। जांच के बाद कोर्ट को सौंपी जाने वाली रिपोर्ट में एजेंसी संदिग्धों के नाम शामिल कर सकती है या हटा सकती है। दोनों मामले मकोका, आईपीसी की धारा और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किए गए है। इससे पहले सीबीआई ने पत्रकार जे डे की हत्या के मामले में केस दर्ज किया था जिन्हें राजन के कहने पर गोली मारने का आरोप है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें