ओडिशा के खुर्दा जिले में एक 24 वर्षीय महिला की आत्महत्या से मौत हो गई। महिला ने भुवनेश्वर के एक प्राइवेट अस्पताल में विस्फोट के कारण पति की मौत होने के बाद यह कदम उठाया।
महिला की पहचान सौम्यश्री सामंतराय के तौर हुई है। जटनी के पास नुआगांव में अपने पिता के घर पर महिला ने फांसी लगा ली। पति के मौत की वजह से महिला सदमे में थी। उसका पति दिलीप एक एसी मैकेनिक था, जिसकी मौत शुक्रवार को अस्पताल में एसी में गैस भरने के दौरान सिलेंडर के फटने से हुई थी। इस हदसे में दिलीप का आधे से ज्यादा शरीर जल चुका था, जिस वजह स रविवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। महिला का शव पोस्ट मॉर्टम के बाद परिवारवालों को सौंप दिया गया है।
कोलकता में नए साल के दिन अव्यवस्था फैलाने के आरोप में 341 लोग गिरफ्तार
कोलकाता पुलिस ने नए साल के दिन अव्यवस्था फैलाने के आरोप में 341 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि अन्य 828 लोगों के खिलाफ शराब पीकर गाड़ी चलाने और नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में मुकदमा चलाया गया है। कुल 307 बाइक चालक और पीछे बैठने वाले 154 लोगों पर हेलमेट न पहनने का, 146 लोगों को शराब पीकर वाहन चलाने और 60 लोगों पर अन्य कारणों से मामला दर्ज किया गया है।
नकाबपोश गिरोह ने बेलगावी के गांव में मचाया उत्पात
कर्नाटक के बेलगावी में एक जनवरी को 30 लोगों का एक नकाबपोश गिरोह ने गांव में जमकर उत्पात मचाया, जिस वजह से गांव के लोगों में दहशत फैल गई। तरवार, लकड़ियों और अन्य हथियारों से लैस इस गिरोह ने मुख्य रूप से चार घरों को निशाना बनाया।
गिरोह ने वाहनों के साथ अन्य वस्तुओं को भी नुकसान पहुंचाया। इस घटना की जानकारी पाकर महिला एवं शिशु विकास मंत्री लक्ष्मी हेब्बलकर मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आशंका जताई है कि यह मामला प्रेम-प्रसंग को लेकर हुई होगी।
आंध्र प्रदेश में कार के दूसरे वाहन से टकराने से तीन की मौत
पूर्वी गोदावरी जिले में मंगलवार को एक कार की दूसरे वाहन से टक्कर हो जाने से एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसा पूर्वी गोदावरी जिले के देवरापल्ली मंडल में बंधापुरम के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। टायर फटने के बाद कार ने नियंत्रण खो दिया और विपरीत दिशा से आ रही दूसरी कार से टकरा गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।
अलीपुरद्वार और उखरुल में आया भूंकप
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में मंगलवार रात भूंकप का झटका लगा। जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मणिपुर के उखरुल में भी 3.0 तीव्रता का भूकंप आया। जिसका केंद्र उखरुल से 26 किमी दक्षिण-पश्चिम में था।
तिरुपति में भक्तों ने 10 दिन में 40 करोड़ का चढ़ावा चढ़ाया
आंध्र प्रदेश के तिरुपति में श्री वेंकटेश्वर मंदिर के बैकुंठद्वार दर्शन के दौरान 10 दिनों में भक्तों ने 40 करोड़ रुपये का चढ़ावा चढ़ाया है। तिरूमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के कार्यकारी अधिकारी ए वी धर्म रेड्डी ने कहा, 10 दिन में (23 दिसंबर 2023 से 1 जनवरी 2024) रिकॉर्ड 6.47 लाख भक्तों ने वैकुंठद्वार के दर्शन किए। इस दौरान 36 लाख तिरुपति लड्डू (प्रतिष्ठित मिठाई) बेचे और 2 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों के मुंडन अनुष्ठान किए गए। उन्होंने कहा, टोकन के माध्यम से भक्तों को कतार में लंबे समय तक इंतजार करने से बचाया गया।
दयानिधि मारन ने अभद्र टिप्पणी पर मांगी माफी
डीएमके सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री दयानिधि मारन ने उत्तर प्रदेश व बिहार के श्रमिकों पर अभद्र टिप्पणी के लिए खेद व्यक्त किया है। मारन ने कहा, मेरी बातों को गलत समझा गया। अगर मेरी टिप्पणी से किसी को ठेस पहुंची है, तो मुझे खेद है।
अभिषेक बनर्जी से जुड़ी साढ़े 7 करोड़ की संपत्ति होगी जब्त
पश्चिम बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में ममता बनर्जी के भतीजे तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी की परेशानी बढ़ने वाली है। सीबीआई व ईडी ने मंगलवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में जस्टिस अमृता सिन्हा की पीठ को दो अलग-अलग जांच रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में सौंपी। ईडी के वकील ने दावा किया कि एजेंसी ने लीप्स एंड बाउंड्स कंपनी की 7.5 करोड़ रुपये की आठ संपत्तियों की कुर्की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभिषेक इस कंपनी के सीईओ हैं वह निदेशक मंडल में भी रहे हैं। वहीं, सीबीआई की रिपोर्ट में भ्रष्टाचार के तरीके का खुलासा है।
केरल के सबरीमाला मंदिर दर्शन के लिए 10 से स्पॉट बुकिंग बंद...
सबरीमाला मंदिर का प्रबंधन करने वाली शीर्ष संस्था त्रावणकोर देवस्वम बोर्ड (टीडीबी) ने श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ के मद्देनजर 10 जनवरी से स्पॉट बुकिंग बंद करने का निर्णय किया है। मंदिर में 15 जनवरी को मकरविलक्कु उत्सव आयोजित होना है, इस दौरान मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इस दिन ऑनलाइन प्रारूप से की जाने वाली बुकिंग को 40,000 तक सीमित कर दिया है।
केरल : थाना घेरने पर तीन कांग्रेस विधायकों और सांसद पर केस दर्ज
केरल में एक जनवरी की रात पलारीवट्टोम पुलिस स्टेशन का घेराव करने पर विपक्षी कांग्रेस के एर्नाकुलम से सांसद हिबी ईडन, विधायक उमा थॉमस, टीजे विनोद और अनवर सदाथ पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि कांग्रेस के इन नेताओं के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं की रिहाई की मांग को लेकर पुलिस स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन करते हुए थाने का घेराव किया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और उनके कैबिनेट सहयोगियों के खिलाफ काले झंडे दिखाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उनके खिलाफ दंगा करने और ड्यूटी में बाधा डालने का मामला दर्ज किया गया है।
आईपीएल सट्टा और कोयला घोटाले की जांच सीबीआई ने की बंद
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 2019 आईपीएल सट्टेबाजी मामले की जांच बंद कर दी है। सीबीआई ने कोर्ट में पेश रिपोर्ट में बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत नहीं है। वहीं, सीबीआई ने 1998 में निप्पॉन डेनरो इस्पात लि. को महाराष्ट्र में किल्होनी कोयला ब्लॉक के आवंटन में हुए घोटाले की जांच भी बंद कर दी है। एजेंसी ने 2012 में केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश पर जांच शुरू की थी। एजेंसी ने सट्टा मामले में दो प्राथमिकी दर्ज कर सात लोगों को नामजद किया था। पहली प्राथमिकी में दिल्ली के दिलीप कुमार, हैदराबाद के गुर्रम वासु और गुर्रम सतीश को आरोपी बनाया गया। दूसरी में राजस्थान के सज्जन सिंह, प्रभू लाल, राम अवतार और अमित को आरोपी बनाया गया।
गुजरात के वडोदरा में स्वाइन फ्लू के मरीज की इलाज के दौरान मौत
गुजरात के वडोदरा में स्वाइन फ्लू के एक मरीज (57) की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सरकारी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवशी हेलैया ने बताया कि व्यक्ति एक निजी अस्पताल में एच1एन1 वायरस से संक्रमित मिला था। इसके बाद उसे एसएसजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मरीज पिछले 10 वर्षों से ऑस्टिन रोग, हाई ब्लडप्रेशर, डायबिटीज और हृदय रोग सहित कई बीमारियों से पीड़ित था।
कांग्रेस में पार्टी विलय को लेकर आज खरगे से मिलेंगी शर्मिला
वाईएसआर तेलंगाना पार्टी की संस्थापक वाईएस शर्मिला कांग्रेस में अपनी पार्टी के विलय को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात करेंगी। शर्मिला ने मंगलवार को अपनी पार्टी की बैठक की अध्यक्षता की। सूत्रों ने बताया कि शर्मिला और उनकी पार्टी के अन्य नेता कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और राहुल गांधी से मिलेंगे। साथ ही तीन जनवरी को दिल्ली में शर्मिला की पार्टी के विलय को लेकर घोषणा की जाएगी।
रेल हादसे रोकने के लिए क्या किया, केंद्र से मांगी जानकारी
देश में रेल दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को केंद्र से स्वचालित रेल सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ के कार्यान्वयन व अन्य सुरक्षात्मक उपायों के बारे में विवरण मांगा है। जस्टिस सूर्यकांत और केवी विश्वनाथन की पीठ ने याचिकाकर्ता विशाल तिवारी से कहा कि वह अपनी याचिका की एक प्रति अटॉर्नी जनरल के कार्यालय को सौंपें। इसमें कहा गया है कि अटॉर्नी जनरल अदालत को ‘कवच’ योजना सहित उन सुरक्षात्मक उपायों के बारे में जानकारी दें, जो सरकार द्वारा लागू किए गए हैं या लागू करने के लिए प्रस्तावित हैं। पीठ ने मामले को चार सप्ताह बाद सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया है। उल्लेखनीय है कि याचिकाकर्ता तिवारी ने शीर्ष अदालत से पिछले साल जून में ओडिशा के बालासोर जिले में ट्रेन दुर्घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने एक सुरक्षा प्रणाली शुरू की थी। इस संबंध में क्या कदम उठाए गए हैं इस बारे में अवगत कराना चाहिए।
‘कवच’ प्रणाली से कितना वित्तीय बोझ पड़ेगा
पीठ ने केंद्र से पूछा, क्या इस बारे में कोई कवायद की गई है कि ‘कवच’ प्रणाली को अखिल भारतीय आधार पर पेश किए जाने पर इसका कितना वित्तीय बाझ पड़ेगा। इसमें कहा गया, हर चीज का वित्तीय पहलू से सह-संबंध होता है क्योंकि अंतत: इसका बोझ यात्रियों पर डाला जाएगा।
अमेरिका में मारे गए आंध्र के पांच लोगों के शव गृहनगर भेजे गए
बीते दिनों अमेरिका में एक कार दुर्घटना में मारे गए आंध्र प्रदेश के 5 लोगों के शवों को उनके गृहनगर अमलापुरम भेज दिया गया। ये लोग मुम्मीदीवरम विधायक पी वेंकट सतीश कुमार के रिश्तेदार थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव मंगलवार सुबह 11 बजे हैदराबाद के हवाईअड्डे से अमलापुरम पहुंचे। इसके बाद श्रद्धांजलि के लिए उन्हें करीब तीन घंटे तक घर पर रखा गया।