2018 में स्टरलाइट विरोधी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ तूतीकोरिन पुलिस के गोलीबारी मामले में मद्रास हाईकोर्ट ने सोमवार को मौखिक रूप से कहा कि वह घटना को पचा पाने में असमर्थ है। अदालत ने कहा, पुलिस की गोलीबारी में 13 लोग मारे गए थे। जब लोग भाग रहे थे तो पुलिस ने उनका पीछा किया और गोलियां चलाईं। हमारा दृष्टिकोण पूर्णतः जनहित है। लोगों को धमकाया गया, उनके घरों की तलाशी ली गई। ऐसा कैसे हो सकता है। अदालत ने कहा, लोग खुद को पीड़ित के रूप में सामने लाने से डरने लगे। इसे कुछ व्यक्तियों के इशारे पर पूर्व निर्धारित तरीके से अंजाम दिया गया था और पूरा तंत्र उन लोगों की सुरक्षा करना चाहता है। न्यायमूर्ति एसएस सुंदर और न्यायमूर्ति एन सेंथिल कुमार की खंडपीठ ने सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (डीवीएसी) को स्वतंत्र जांच करने और रिपोर्ट दाखिल करने के लिए तीन महीने का समय दिया है।
अगले महीने तीन देशों के दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच अगस्त से फिजी, न्यूजीलैंड और तिमोर लेस्ते की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान वह वहां के राष्ट्राध्यक्षों से मुलाकात करेंगी और द्विपक्षीय समझौतों को और मजबूत करेंगी। विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि राष्ट्रपति की यात्रा इस बात को रेखांकित करता है कि भारत इन देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को कितना महत्व देता है और उसके लिए एक्ट ईस्ट नीति कितनी महत्वपूर्ण है। पांच और छह अगस्त को फिजी के राष्ट्रपति रातू विलियम मैवलिली काटोनीवरे के आमंत्रण पर इस द्वीपीय देश का दौरा करेंगी। यह भारत के किसी राष्ट्राध्यक्ष की फिजी की पहली यात्रा होगी। इसके बाद वह सात से नौ अगस्त तक न्यूजीलैंड की यात्रा पर रहेंगी। इस दौरान वह गवर्नर जनरल कैंडी कीरो और प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लुक्सन के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेंगी। आखिर में 10 अगस्त को मुर्मू तिमोर लेस्ते रवाना होंगी, जहां वह राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्ता के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी।
स्कॉर्पीन श्रेणी पनडुब्बी: कॉम्बैट सिस्टम भारत में होगा तैयार; 60 फीसदी स्वदेशी उपकरण
फ्रांस से तीन अतिरिक्त स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बियों की खरीद के साथ हिंद महासागर में अपनी सशक्त भूमिका के लिए भारत तैयार है। इन पनडुब्बियों की युद्ध प्रबंधन प्रणाली (कॉम्बैट सिस्टम) यानी हृदय भारत में तैयार होगा। इसका निर्माण भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. (बीईएल) करेगी। इसमें फ्रांसीसी वास्तुकला का इस्तेमाल होगा। भारतीय नौसेना मझगांव डॉकयार्ड्स के साथ समझौते पर बातचीत कर रही है, जो भारतीय नौसेना के लिए तीन और स्कॉर्पीन बनाने के लिए फ्रांसीसी नौसेना समूह के साथ साझेदारी करेगी। आवश्यकताओं के अनुसार, अतिरिक्त तीन पनडुब्बियों में 60 फीसदी तक स्वदेशी सामग्री होनी चाहिए। चीन और पाकिस्तान की चुनौतियों से निपटने की तैयारी : चीन और पाकिस्तान से बढ़ते खतरों से सुरक्षा के लिए भारत पनडुब्बी बेड़ा विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है, जिसमें 21 नई पारंपरिक जहाज और लगभग छह परमाणु-संचालित पनडुब्बियां (एसएसएन) होंगी। नई पनडुब्बियों के निर्माण में कमी और देरी को दूर करने की दिशा में यह अहम प्रयास माना जा रहा है।
जंगल में पेड़ से बंधी मिली अमेरिकी महिला, हालत गंभीर
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के जंगल में 50 वर्षीय एक महिला लोहे की जंजीर के जरिये पेड़ से बंधी हुई मिली। जिला पुलिस अधीक्षक सौरभ अग्रवाल के मुताबिक, महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं और वह पुलिस को कुछ बताने की हालत में नहीं है। उसके पास से अमेरिकी पासपोर्ट की एक फोटोकॉपी और तमिलनाडु के पते वाला आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज मिले हैं। अधिकारी ने संदेह जताया कि तमिलनाडु से आने वाला उसका पति ही उसे बांधकर फरार हो गया। एसपी अग्रवाल ने बताया, महिला बेहद कमजोर है और बयान देने की हालत में नहीं है। उसने कई दिनों से कुछ नहीं खाया और इलाके में बारिश भी हुई है। हमें नहीं पता कि वह कितने वक्त से पेड़ से बंधी हुई थी। महिला के रिश्तेदारों का पता लगाने के लिए टीमें तमिलनाडु, गोवा व अन्य जगहों पर रवाना की गई हैं।
असम लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष को 14 साल की कैद
असम लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष राकेश पॉल को सोमवार को 14 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई है। विशेष अदालत ने यह फैसला सुनाया है। राकेश पॉल पर नौकरी के लिए पैसे लेने का आरोप है। यह मामला कृषि विकास अधिकारियों की भर्ती से जुड़ा है। इसके अलावा असम लोक सेवा आयोग के दो पूर्व सदस्यों बसंत कुमार डोले और समेदुर रहमान को 10-10 साल के कारावास की सजा सुनाई गई। विशेष अदालत के न्यायाधीश दीपांकर ठाकुरिया ने अपने आदेश में आगे बताया कि इस मामले में 29 अन्या लोगों को चार वर्ष की कैद की सजा भुगतनी होगी।
तमिलनाडु: 30 जुलाई तक रिमांड पर पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी
तमिलनाडु की एक विशेष अदालत ने राज्य के पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी की रिमांड 30 जुलाई तक के लिए बढ़ा दी है। आपको बता दें कि बीत वर्ष धन शोधन के मामले में सेंथिल बालाजी को प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किया गया था। सेंथिल बालाजी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला एवं सत्र न्यायाधीश एस अली के समक्ष पेश किया गया। पूर्व मंत्री, चेन्नई के केंद्रीय कारागार में बंद हैं। सुनवाई के दौरान अदालत ने सेंथिल बालाजी की न्यायिक हिरासत भी 30 जुलाई तक के लिए बढ़ा दी। सेंथिल बालाजी को बीते वर्ष 14 जून को गिरफ्तार किया गया था। उन पर नौकरी के लिए पैसे लेने से जुड़े मामले में धन शोधन का आरोप है। उस दौरान सेंथिल बालाजी एआईएडीएमके सरकार में परिवहन मंत्री थे।
वर्ली में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू की चपेट में आने से बाइक चालक की अस्पताल में मौत
मुंबई के वर्ली इलाके में 20 जुलाई को तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार की चपेट में आने से दोपहिया वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए 28 वर्षीय व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि घटना वर्ली सीफेस पर खान अब्दुल गफ्फार खान रोड पर हुई, जब ठाणे स्थित एक परिवहन कंपनी में सुपरवाइजर के तौर पर काम करने वाले विनोद लाड अपने घर वापस जा रहे थे। मौके पर मौजूद लोग उन्हें अस्पताल ले गए और पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को मुंबई सेंट्रल के नायर अस्पताल में विनोद की मौत हो गई। हमने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो दुर्घटना के समय अपने नियोक्ता को वर्ली के एक पांच सितारा होटल में ले जा रहा था। पहले उस पर लापरवाही से गाड़ी चलाकर गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया गया था, लेकिन अब हमने लापरवाही से गाड़ी चलाकर मौत का कारण बनने से संबंधित धारा जोड़ दी है।
नवी मुंबई में हत्या के बाद महिला का शव फेंका
नवी मुंबई में बीते सप्ताह एक रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों से महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए कुछ टीमें गठित की हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। 20 वर्षीय महिला का शव पिछले सप्ताह शनिवार को सुबह उरण रेवले स्टेशन के पास झाड़ियों से बरामद हुआ था। पुलिस का मानना है कि उसकी हत्या शुक्रवार को नवी मुंबई स्थित उसके कार्यालय से आधे दिन की छुट्टी पर जाने के बाद अपराह्न साढ़े तीन से साढ़े चार बजे के बीच की गई।
पुलिस उपायुक्त विवेक पानसरे ने बताया, ‘आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमें भेज दी गई हैं। हम सभी पहलुओं से हत्याकांड की जांच कर रहे हैं।’ मृतक के पिता ने हत्या के लिए दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि पुलिस को उसे तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए। गुस्साए परिजनों ने कहा कि पीड़िता के पिता ने 2019 में उस व्यक्ति के खिलाफ अपनी बेटी को परेशान करने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने उनकी बेटी की हत्या कर दी।
पालघर में तेजाब पीकर पुलिसकर्मी ने आत्महत्या करने की कोशिश की
महाराष्ट्र के पालघर जिले में 42 वर्षीय एक पुलिसकर्मी ने तेजाब पीकर कथित तौर पर आत्महत्या करने की कोशिश की। एक अधिकारी ने बताया कि विरार पुलिस थाने से संबद्ध कांस्टेबल संदीप शेरमाले ने शनिवार रात तेजाब पीकर जान देने की कोशिश की। हालांकि, आनन-फानन में उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस स्टेशन में अपने वरिष्ठ सहयोगियों द्वारा कथित रूप से अपमानित किए जाने के बाद शेरमाले ने जान देने की कोशिश थी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया है और जांच शुरू कर दी गई है।
नवी मुंबई में तीन नकाबपोशों ने की गोलीबारी, दुकान से 11 लाख रुपये के आभूषण लूटकर हुए फरार
नवी मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के खारघर इलाके में तीन नकाबपोश लोगों ने खुलेआम कई गोलियां चलाईं। इसके बाद एक दुकान से 11 लाख रुपये से अधिक के आभूषण लूट ले गए। खारघर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार रात 10 बजे की है। उन्होंने कहा, 'काले कपड़े पहने और हथियार से लैस तीन शख्स दुकान में घुस गए और कर्मचारियों को धमकी दी। इतना ही नहीं, बल्कि कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की और 11.80 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। तीन मिनट में उन्होंने चार से पांच गोलियां चलाईं, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ।'
घटना का एक वीडियो सामने आया है। इसमें तीन व्यक्तियों को मोटरसाइकिल पर घटनास्थल से भागते हुए देखा जा सकता है। अधिकारी ने बताया कि डकैती और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया है और तीनों की तलाश जारी है।
महाराष्ट्र: पिंपरी-चिंचवड़ में बीआईटी रोड पर 15 छात्रों को ले जा रही एक स्कूल बस एक कार से टकरा गई।
पिंपरी-चिंचवड़ एसीपी सचिन हिरे ने बताया, 'ऑटो क्लस्टर के सामने बीआईटी रोड पर एक कार और बस का टक्कर हुआ। बस में 15 छात्र और एक अटेंडेंट मौजूद थे जिसमें से दो छात्रों को मामूली चोटें आईं और सभी सुरक्षित हैं। बस का ड्राइवर हमारे कब्जे में है और कार का ड्राइवर फरार है और हमारी टीम उसकी तलाश कर रही है जल्द उसे पकड़ लेंगे। हम प्राथमिक जांच कर रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद निष्कर्ष पर पहुंचेंगे।'
1400 करोड़ की जीएसटी चोरी: धोखाधड़ी में तेलंगाना के पूर्व मुख्य सचिव समेत 5 पर केस
1,400 करोड़ रुपये की जीएसटी धोखाधड़ी में तेलंगाना के पूर्व मुख्य सचिव सोमेश कुमार और चार अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वाणिज्यिक कर विभाग के एक अधिकारी की शिकायत पर हैदराबाद पुलिस के सेंट्रल क्राइम स्टेशन (सीसीएस) ने 26 जुलाई को इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसमें आईआईटी हैदराबाद के सहायक प्रोफेसर भी नामजद हैं। पुलिस ने कहा कि यह केस आपराधिक विश्वासघात, साजिश और आईटी अधिनियम की अन्य संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। एफआईआर में कहा गया है कि आईआईटी-हैदराबाद की ओर से छिपाए गए 11 मामलों की प्रारंभिक जांच में 400 करोड़ रुपये से अधिक की कर चोरी का पता चला। ऐसा ही एक मामला तेलंगाना स्टेट बेवरेजेज कॉर्पोरेशन लि. का भी था। इसके अलावा, राज्य में इस तरह की धोखाधड़ी के कई अन्य मामलों में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की कर चोरी हुई। फोरेंसिक रिपोर्ट में वाणिज्यिक कर विभाग के मालिकाना डाटा को बिना प्राधिकरण के तीसरे पक्ष को हस्तांतरित करने का भी संकेत दिया गया है।
प. बंगाल : पूर्व टीएमसी नेता ने महिला से की मारपीट, गिरफ्तार
तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता गोपाल तिवारी को एक महिला पर हमला करने के आरोप में पूर्वी वर्धमान जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। घटना का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें तिवारी एक महिला को थप्पड़ मारते और फिर दूसरों के साथ हाथापाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। तिवारी जिले के कालना कस्बे में टीएमसी के पूर्व महासचिव रहे हैं। उन्हें शनिवार रात गिरफ्तार किया गया और रविवार को जमानत पर रिहा कर दिया गया। शिकायतकर्ता का दावा है कि तिवारी अब भी स्थानीय टीएमसी नेता हैं, जबकि पार्टी ने कहा कि उनका पार्टी से कोई संबंध नहीं है। यह घटना एक भूमि विवाद से उपजी है, जिसके दौरान तिवारी और उनके सहयोगियों ने महिला की सास पर हमला किया।
मृत मिला अंडमान के पूर्व मुख्य सचिव पर कार्रवाई की मांग करने वाला शिकायतकर्ता
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पूर्व मुख्य सचिव जितेंद्र नारायण के खिलाफ कार्रवाई की वकालत करने वाले मार्कंडेय तिवारी को पोर्ट ब्लेयर में अपनी कार के अंदर मृत पाया गया। नारायण को 2022 में एक 21 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार किया गया था। एक स्थानीय अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे एबरडीन पुलिस स्टेशन क्षेत्र के चक्कर गांव इलाके में तिवारी का वाहन सड़क से उतर कर एक बिजली के खंभे से टकरा गया था।
मिजोरम में 61.9 करोड़ रुपये की 20.6 किलो ड्रग बरामद
मादक पदार्थों के खिलाफ एक अभियान के तहत असम राइफल्स ने मिजोरम के चंफाई जिले से 61.9 करोड़ की नशे की गोलियां (मेथेम्फेटामाइन) जब्त की हैं। बल ने एक बयान में कहा कि रविवार को खुफिया सूचना पर जोखावथर गांव में छापा मारकर 20.6 किलो ड्रग बरामद की, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दी गई।
समुद्र तट पर नाव पलटी,13 मछुआरों को सुरक्षित निकाला
गोवा के कोलवा समुद्र तट के पास समुद्र में सोमवार सुबह करीब 10:15 बजे छोटी नाव पलट जाने के बाद आंध्र प्रदेश के 13 मछुआरों को बचाया गया। राज्य सरकार की बचाव एजेंसी के एक अधिकारी ने कहा कि नाव के पलट जाने के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया था। मछुआरों की उम्र 20 से 25 वर्ष है। घटना की सूचना मिलने के बाद आठ ऑन-ड्यूटी समुद्री जीवन रक्षकों ने सर्फबोर्ड, जेट स्की और बचाव ट्यूब का इस्तेमाल करते हुए मौत से जूझ रहे मछुआरों की सहायता की। बचाव अभियान के दौरान एक जेट स्की ऑपरेटर की नाक की हड्डी में चोट लग गई और उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। बचाए गए सभी 13 मछुआरों को तट पर लाया गया, जहां उनके स्वास्थ्य की जांच की गई।
मुंबई में फिर हिट एंड रन: तेज रफ्तार एसयूवी ने रिक्शा चालक को रौंदा
मुंबई में हिट एंड रन की एक और घटना सामने आई है। इस बार वाशी इलाके में तेज रफ्तार एसयूवी कार ने रिक्शा चालक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने उसे कुछ घंटों बाद गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी मुंबई पंकज दहाने ने बताया कि एसयूवी का चालक तेज गति से कार चला रहा था और हादसे के बाद वह रिक्शा को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। इससे पहले 9 जुलाई को एक महिला व 20 जुलाई को एक युवक भी हिट एंड रन में अपनी जान गंवा चुके हैं।
मुंबई लोस सीट चुनाव: कीर्तिकर की अर्जी पर वायकर को समन
तीन महीने पहले कराए गए आम चुनाव में शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार अमोल कीर्तिकर मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से प्रत्याशी बने थे। उनकी याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने सोमवार को शिवसेना के रवींद्र वायकर को समन जारी किया। याचिका में वायकर के चुनाव को चुनौती दी गई है। वाइकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना गुट का हिस्सा हैं। उन्होंने मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार अमोल कीर्तिकर को 48 वोटों के मामूली अंतर से मात दी थी। कीर्तिकर ने निर्वाचन क्षेत्र से उन्हें निर्वाचित घोषित करने की मांग की है।