नगालैंड में एक बस दुर्घटना में आठ छात्र घायल, सेना ने की मदद
भारतीय सेना की स्पीयर कोर ने बताया कि स्पीयर कॉर्प्स के डॉक्टरों और पैरामेडिक्स ने नगालैंड के कोहिमा जिले के गांव किगवेमा में एक बस दुर्घटना में घायल हुए आठ छात्रों की मदद की। उनका इलाज किया।
कई छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप में 37 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार
ईटानगर में स्कूल और कॉलेज की कई छात्राओं से कथित तौर पर छेड़छाड़ करने वाले 37 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि ईटानगर महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पश्चिम कामेंग जिले में दिरांग के नुना कैंप गांव का रहने वाले शख्स को गिरफ्तार किया है।
सात सितंबर को 14 साल की लड़की से छेड़छाड़ के बाद गिरफ्तारी की गई थी। आरोपी ने उसे स्कूल जाते समय स्कूटर पर लिफ्ट दी। उसी समय उसने उसे गलत ढंग से छुआ। बच्ची को बचने के लिए चलती गाड़ी से कूदना पड़ा।
पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज होने के बाद जांच की और ईटानगर में स्कूल और कॉलेज में लड़कियों से छेड़छाड़ करने की घटना का पता चला। यह भी सामने आया कि सात और पीड़ित हैं। चार पीड़ित स्कूली छात्रा, जबकि अन्य चार कॉलेज की हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है।
मुरासोली सेल्वम के निधन पर तमिलनाडु सीएम ने जताया दुख
तमिल दैनिक मुरासोली के पूर्व संपादक मुरासोली सेल्वम का आज सुबह बंगलूरू में निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को दिवंगत डीएमके नेता और पूर्व सीएम कलैगनार करुणानिधि के आवास पर ले जाया जाएगा। सेल्वम के निधन पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने दुख जताया।
उन्होंने कहा, 'मेरे प्यारे भाई मुरासोली सेल्वम, जो बचपन से मेरे भाई-मार्गदर्शक रहे , मुझे परिचालन कार्यों पर सलाह देते रहे, संकट के समय में समाधान देते रहे और संगठन के साथ मेरे विकास में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे। मुख्य कलाकार के जाने के बाद, आज मैंने वह आखिरी कंधा खो दिया है, जिस पर मैं टिक सकता था।'
अहमदाबाद में रिश्वतखोरी के आरोप में 2 सीजीएसटी अधिकारी और बिचौलिया गिरफ्तार
गुजरात भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने गुजरात के अहमदाबाद शहर में रिश्वतखोरी के एक मामले में दो केंद्रीय जीएसटी अधिकारियों और एक बिचौलिए को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों की पहचान केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर लेखा परीक्षा अधीक्षक मोहम्मद रिजवान शेख, सीजीएसटी निरीक्षक कुलदीप कुशवाह और बिचौलिया भौमिक सोनी के रूप में हुई है। मोहम्मद रिजवान शेख, जो द्वितीय श्रेणी का अधिकारी है, ने हाल ही में शहर स्थित एक बुलियन ट्रेडिंग फर्म के मालिक को जुलाई 2017 से मार्च 2023 तक के उनके खातों का ऑडिट करने के लिए नोटिस जारी किया था।
पंजाब के एक गांव में गोलीबारी में 4 लोग घायल
पंजाब के फगवाड़ा-होशियारपुर मार्ग पर स्थित एक गांव में छह अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने चार लोगों पर गोलीबारी की, जिसमें वे घायल हो गए। मामले में फगवाड़ा की उप-मंडल पुलिस अधीक्षक रूपिंदर कौर भट्टी ने बताया कि घायल हुए लोगों - सतपाल उर्फ बिट्टू, जशनप्रीत सिंह, बूटा राम और सुरिंदरपाल उर्फ शिंदा का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात पीड़ित गांव में खुले मैदान में बैठे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह हमलावर आए और उन पर गोलियां चला दीं। उन्होंने बताया कि पुलिस को मौके से 12 खाली खोखे मिले हैं। घायलों को फगवाड़ा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से बिट्टू और जशनप्रीत को जालंधर रेफर कर दिया गया।
सूरत में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी की पुलिस हिरासत में मौत
गुजरात के सूरत जिले में एक लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो लोगों में से एक आरोपी की गुरुवार को पुलिस हिरासत में मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिवशंकर चौरसिया, जो पहले हत्या और चोरी के मामलों में नामजद आरोपी था, और मुन्ना पासवान को नाबालिग पर कथित यौन उत्पीड़न के लिए बुधवार को गिरफ्तार किया गया। सूरत जिले के पुलिस अधीक्षक हितेश जॉयसर ने कहा, मुझे बताया गया है कि शिवशंकर चौरसिया ने दोपहर करीब 2 बजे सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की थी और उसे कामरेज इलाके के एक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। फिर उसे नए सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मणिपुर में कांग्रेस में शामिल हो रहे कई प्रमुख राजनीतिक नेता- इबोबी सिंह
मणिपुर कांग्रेस ने गुरुवार को दावा किया कि कई प्रमुख राजनीतिक नेता चरणबद्ध तरीके से इस पुरानी पार्टी में शामिल होने के लिए कतार में हैं और लोग इस पर विश्वास करने लगे हैं। कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता ओ इबोबी सिंह ने नौ नए सदस्यों के अभिनंदन समारोह में कहा, राज्य में दुर्भाग्यपूर्ण जातीय संकट मणिपुर को छोड़कर देश में कहीं और नहीं हुआ है।
मणिपुर में भारी मात्रा हथियार और गोला-बारूद जब्त
मणिपुर के कई हिस्सों से पिछले तीन दिनों में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को पूर्वी जिले के चंफाई पहाड़ी पर एक अभियान में सुरक्षा बलों ने एक एम-16 राइफल और एक .22 राइफल, दो एसएलआर, एक देसी स्टेन गन, दो कार्बाइन, आठ देसी बनी नौ एमएम पिस्तौल, 30 मैगजीन और दो इंच के 12 मोर्टार जब्त किए। उन्होंने बताया कि जिले के लुवांगशांगबाम इलाके में एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने .32 पिस्तौल, नौ एमएम की एक पिस्तौल, दो हथगोले और दो तात्कालिक मोर्टार समेत अन्य हथियार बरामद किए।
इसी तरह का एक अभियान मंगलवार को इंफाल पश्चिम जिले के खेलाखोंग में चलाया गया था। पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए सामानों में एक एसएलआर राइफल, एक संशोधित .303 राइफल, एक नौ एमएम पिस्तौल, 16 कारतूस और हथगोले शामिल हैं। वहीं, सोमवार को बिष्णुपुर जिले के गेलबुंग गांव में तलाशी अभियान में एक एके-47 राइफल, एक मैगजीन, एक 12 बोर की राइफल, एक 12 बोर की पिस्तौल और एक नौ एमएम कार्बाइन मशीन गन बरामद की गई। पांच डेटोनेटर और 2.5 किलोग्राम आईईडी भी जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि चुराचांदपुर के कांगवई में छापेमारी के दौरान दो देसी मोर्टार, दो देसी हथगोले और दो देसी पिस्तौल बरामद की गई।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के साले मुरासोली सेल्वम का बेंगलुरु में निधन हो गया। सीएम स्टालिन, डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन ने श्रद्धांजलि दी।
बंगाल के राज्यपाल ने डॉक्टरों से अनशन खत्म करने का किया आग्रह
पश्चिम बंगाल में पिछले पांच दिनों से अनशन के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति से चिंतित पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने जूनियर चिकित्सकों से अनशन समाप्त करने का आग्रह किया है और उन्हें अपने स्वास्थ्य को प्रभावित किए बिना अपना विरोध जारी रखने की सलाह दी है, राजभवन के एक सूत्र ने गुरुवार को यह जानकारी दी। राज्यपाल बोस की यह अपील कुछ जूनियर डॉक्टरों द्वारा संकट में हस्तक्षेप करने के आग्रह के बाद आई है। इसके बाद, वह धर्मतला में अनशन स्थल पर जूनियर डॉक्टरों के पास गए और उन्हें स्थिति से निपटने के लिए सभी हितधारकों को शामिल करते हुए जल्द ही एक शांति बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया।
एक अधिकारी ने बताया, राज्यपाल शनिवार से अनशन कर रहे आंदोलनकारी युवा चिकित्सकों की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति से बहुत चिंतित हैं। बंगाल के लोगों, भारत के नागरिक समाज और एक पिता के रूप में, उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे जूनियर डॉक्टरों से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की।
सुकमा जिले में चार नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में गुरुवार को चार नक्सलियों ने सुरक्षाकर्मियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें से एक पर 2 लाख रुपये का इनाम था। एक अधिकारी ने बताया कि चारों नक्सलियों- मिद्यम भीमा, सोदी मुन्ना उर्फ मनोज, मुचाकी देवा और सुला मुचाकी उर्फ कवासी ने आत्मसमर्पण किया। उन्होंने बताया कि वे राज्य सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति और कल्याणकारी योजनाओं से भी प्रभावित थे।