महाराष्ट्र के अमरावती में एक बस और कंटेनर ट्रक की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना वडोना शिवनी गांव में पांच बजे के करीब घटी। दोनों ही वाहन एक ही तरफ से आ रहे थे। दो यात्री और एक चालक का सहायक हादसे का शिकार हो गया। बस महाराष्ट्र में अहमदनगर से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की तरफ जा रही थी।
अयोग्यता से संबंधित याचिका की सुनवाई में शामिल हुए शरद पवार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार गुरुवार को अजित पवार और आठ विधायकों के एकनाथ शिंदे सरकार में शामिल होने के बाद पिछले साल जुलाई में पार्टी में विभाजन के संबंध में दायर अयोग्यता याचिकाओं की महाराष्ट्र विधान भवन में हुई सुनवाई में शामिल हुए। सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर द्वारा की जा रही सुनवाई में पूर्व केंद्रीय मंत्री एक घंटे के लिए मौजूद रहे, जबकि अजित पवार गुट का प्रतिनिधित्व लोकसभा सदस्य सुनील तटकरे ने किया।
नाबालिग बेटी से बलात्कार के दोषी को कुल 150 साल की सजा
केरल की एक अदालत ने 42 वर्षीय व्यक्ति को अपनी तीन पत्नियों में से एक से पैदा हुई नाबालिग बेटी के साथ अपने घर पर बार-बार बलात्कार करने के लिए गुरुवार को दोषी ठहराया और कुल 150 साल की सजा सुनाई। पेरिंतलमन्ना फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट के न्यायाधीश सिनी एस आर ने व्यक्ति को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया और कुल 150 साल की सजा सुनाई। जेल की सारी सजा एक साथ काटनी होंगी।