कट्टप्पना फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट ने 2021 में इडुक्की के वंडीपेरियर में छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में आरोपियों के खिलाफ सबूतों की कमी होने के कारण उन्हें बरी कर दिया।अदालत के इस फैसले पर भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने तिरुवनंतपुरम में डीजीपी के आवास पर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि बाद में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है।
केरल के एडक्कलथुर में एक 38 वर्षीय व्यक्ति को अपने घर पर अपनी मां की कथित तौर पर हत्या करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। एडक्कलथुर के कैपराम्बु का निवासी अनिल को इस अपराध के तुरंत बाद ही पकड़ लिया गया था।
पुलिस अधिकारी ने कहा, 'आरोपी के शराब के नशे में होने की आशंका है। पहले वह अपनी मां पर हमला किया और फिर हथियार से काट डाला।' महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन गंभीर चोटों की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले में आरोपी से पूछताछ कर रही है।
चेन्नई में पेट्रोलियम रिफाइनरी में लगी भीषण आग
तमिलनाडु की राजधानी में शनिवार को चेन्नई पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीपीसीएल) की एक रिफाइनरी में भीषण आग लग गई, लेकिन गनीमत यह रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। कंपनी के दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों ने कहा कि आग मनाली की रिफाइनरी में लगी थी। हादसे से नुकसान का पता लगाने के लिए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मुंबई में सीआईएसएफ कांस्टेबल ने गोली मारकर की आत्महत्या
सीआईएसएफ के एक कांस्टेबल ने मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉप्लेक्स (बीकेसी) में अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्हत्या कर ली। पुलिस ने कहा कि कांस्टेबल ने यह आत्मघाती कदम शनिवार सुबह उस वक्त उठाया, जब वह जियो सेंटर में बने अपने कैबिन में अकेले बैठ हुए थे। माना जा रहा है कि पारिवारिक कारणों के चलते उन्होंने ऐसा किया।
एक अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच के मुताबिक, कांस्टेबल ने रिवॉल्वर को अपनी ठोड़ी के नीचे लगाकर चलाया, जिससे गोली उनके सिर को भेद कर बाहर निकल गई। उन्होंने कहा कि उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
अरुणाचल के पूर्व विधायक की गोली मारकर हत्या
तिरप जिले में राहो गांव के पास दोपहर करीब तीन बजे उग्रवादी ने अरुणाचल प्रदेश के पूर्व विधायक यमसेन मातेई की गोली मारकर हत्या कर दी। वह शनिवार को किसी निजी काम से घर से बाहर गए थे। राहो गांव म्यांमार सीमा के करीब स्थित है। रक्षा सूत्रों ने हत्या में एनएससीएन-केवाईए की संलिप्तता का संकेत दिया है।