महाराष्ट्र के ठाणे में आग लगने से तीन दुकानें जलकर खाक
महाराष्ट्र के ठाणे में शुक्रवार की सुबह आग लगने से तीन दुकानें जलकर खाक हो गई। मुंब्रा के शिल फाटा इलाके में सुबह के आठ बजे एक दुकान में आग लग गई और आसपास की दुकानों में भी फैल गई। घटना की खबर पाकर स्थानीय दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। अस हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ता की मौत
पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर में एक 18 वर्षीय भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। मृतक की पहचान दीनबंधु बंद्दया के तौर पर की गई है। भाजपा कार्यकर्ता का शव गोरामहल गांव के मयना क्षेत्र में एक पान के खेत में मिला। मृतक के परिवार ने बताया कि टीएमसी नेताओं ने पहले उनका अपहरण किया और बाद में हत्या कर दी।
मृतक की मां ने कहा, "मेरा बेटा बुधवार से लापता था। कुछ समय से टीएमसी के कुछ नेत हमें धमकी दे रहे थे। मुझे यकीन है कि मेरे बेटे की हत्या उन्हीं लोगों ने की है।" उन्होंने सीबीआई जांच की भी मांग की है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्ट मॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। टीएमसी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा हर चीज के लिए टीएमसी को जिम्मेदार ठहराती है।
ओडिशा की 4 लोकसभा सीटों के लिए 39 प्रत्याशी, 28 विधानसभा सीटों पर 266 लोगों के बीच मुकाबला
ओडिशा में 13 मई को चार लोकसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए 29 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। 28 विधानसभा सीटों पर 266 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। पहले दौर के चुनाव में कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट और बेरहामपुर लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। इसी दिन 28 विधानसभा सीटों पर भी मतदान होगा। एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि 29 उम्मीदवारों ने 75 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। 28 विधानसभा क्षेत्रों के लिए 266 प्रत्याशियों ने 483 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। बता दें कि एक उम्मीदवार कई नामांकन पत्र दाखिल करता है। बरहामपुर लोकसभा सीट पर सबसे ज्यादा 24 नामांकन दाखिल हुए हैं।
बेरहामपुर विधानसभा सीट पर अधिकतम 30 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। नबरंगपुर लोकसभा सीट पर झारीगांव से केवल पांच नामांकन दाखिल किए गए हैं। आयोग के मुताबिक कागजात की जांच शुक्रवार को होगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 29 अप्रैल है। ओडिशा सरकार ने मतदान के दिन अपने कर्मचारियों के लिए छुट्टियों की घोषणा की है। लोकसभा और विधानसभा सीटों के लिए 13 मई के अलावा 20, 25 मई और 1 जून को मतदान होगा।
राष्ट्रीय युद्ध स्मारक परिसर में वायुसेना के पहले अलंकरण समारोह का आयोजन
राष्ट्रीय युद्ध स्मारक परिसर में वायुसेना के पहले अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह परम योद्धा स्थल के पास आयोजित किया गया। इस दौरान वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने 3 युद्ध सेवा पदक, सात वायु सेना पदक (वीरता), 13 वायु सेना पदक और 28 विशिष्ट सेवा पदक विजेताओं सहित 51 वायु योद्धाओं को राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान किए। पुरस्कार पाने वालों में ग्रुप कैप्टन लोकेश मिश्रा, स्क्वाड्रन लीडर निकिता मल्होत्रा और एयर वाइस मार्शल राजेश भंडारी शामिल हैं।
मेघालय के डिप्टी सीएम के घर पर पेट्रोल बम से हमला
अज्ञात बदमाशों ने मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग में उपमुख्यमंत्री स्नियावभालंग धर के आवास पर पेट्रोल बम फेंका। पुलिस ने बताया कि डिप्टी सीएम का निवास पूर्वी खासी हिल्स जिले के नोंगमिनसोंग में स्थित है। पुलिस ने कहा, शुक्रवार को धार के आवास को अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया। पेट्रोल बम बालकनी पर गिरा। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। डिप्टी सीएम की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई और परिसर में सुरक्षा उपाय बढ़ा दिए गए।
गर्मी से बचने को मेघालय सरकार का जरूरी फरमान
मेघालय सरकार ने राज्य के शैक्षणिक संस्थानों से गर्मी के दुष्प्रभाव से बचने के जरूरी उपाय करने को कहा है। बच्चों की तबियत का ध्यान रखते हुए बाहरी गतिविधियों (Outdoor Actvities) या खेल-कूद के आयोजन नहीं करने का निर्देश देते हुए शुक्रवार को स्कूल शिक्षा और साक्षरता निदेशक स्वप्निल टेम्बे ने कहा, लू के बीच छात्रों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। प्रचंड गर्मी पूरे राज्य को खासकर गारो हिल्स और री-भोई जिलों के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर रही है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि स्कूल परिसर में पर्याप्त पानी की सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए ताकि सभी छात्र नियमित अंतराल पर पानी पीकर हाइड्रेटेड रहें। छात्रों को भी स्कूल आते समय टोपी-छतरी के इस्तेमाल की नसीहत दी गई है।
ओडिशा में तीन गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद भी बरामद
एक 9-एमएम पिस्तौल, एक लोहे की तलवार और दो मोबाइल हैंडसेट जब्त किए गए हैं।
यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की चेतावनी- एड-हॉक समिति की वापसी पर डब्ल्यूएफआई पर प्रतिबंध
बीते कुछ समय से भारत में पहलवानी यानी रेसलिंग का खेल अनिश्चितताओं से घिरा हुआ है। ताजा घटनाक्रम राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से जुड़े फैसले लेने के लिए बनाई गई एड-हॉक समिति से जुड़ा है। कुश्ती के खेल के लिए शीर्ष वैश्विक संस्था- यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) ने चेतावनी दी है कि अगर भारत में एड-हॉक समिति को वापस लाया गया तो भारत पर फिर से प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। साथ ही उसके पहलवानों को अगले महीने होने वाले अंतिम ओलंपिक क्वालीफायर से भी बाहर कर दिया जाएगा।
शुक्रवार को UWW ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) को लिखे एक पत्र में अपना रुख साफ किया। यूडब्लूडब्लू ने दोहराया कि वे किसी भी देश के राष्ट्रीय संघ के संचालन में किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप की अनुमति नहीं देंगे। यूडब्लूडब्लू अध्यक्ष नेनाद लालोविक ने ई-मेल पर भेजे सख्त संदेश में लिखा, भारतीय कुश्ती महासंघ के मामलों की निगरानी के लिए एक तदर्थ समिति बनाने की सूरत में अगली सूचना तक आपके महासंघ को निलंबित कर दिया जाएगा। इस बार निलंबन के दायरे में एथलीट भी आ सकते हैं।
बता दें कि हाल ही में, दिल्ली उच्च न्यायालय ने भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) से जवाब मांगा था। अदालत ने एक हलफनामा दाखिल कर उन परिस्थितियों की जानकारी मांगी, जिसके कारण राष्ट्रीय कुश्ती संस्था को चलाने के लिए एड-हॉक समिति को भंग करने की नौबत आ गई।
महबूबा मुफ्ती की रैली में बच्चे; NCPCR ने आयोग से कार्रवाई की अपील की
कोलकाता के अलीपुर चिड़ियाघर में विशाखापत्तनम से आए नए मेहमान
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से सफेद बाघ को कोलकाता के अलीपुर प्राणी उद्यान में लाया गया है। इसी के साथ अलीपुर चिड़ियाघर में बाघों की संख्या बढ़कर आठ हो गई। चिड़ियाघर के निदेशक शुभंकर सेनगुप्ता ने बताया कि बाघ पशु विनिमय कार्यक्रम के तहत आंध्र प्रदेश के इंदिरा गांधी प्राणी उद्यान से लाया गया। कुल 17 जानवरों को लाया गया है। चिड़ियाघर में सफेद बाघों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
बाघ समेत कुल 17 जानवरों को शिफ्ट किया गया
जानवरों को केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण और पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के मुख्य वन्यजीव वार्डन की अनुमति के बाद शिफ्ट किया गया। बाघ के अलावा, रिंग-टेल्ड लेमर्स, ग्रे भेड़िये, धारीदार लकड़बग्घे, काले हंस, पांच जंगली कुत्ते और तीन हॉग हिरण की एक-एक जोड़ी बंगाल शिफ्ट की गई। सभी को सड़क मार्ग से छह वातानुकूलित एम्बुलेंस में लाया गया। कुछ देर की निगरानी के बाद जानवरों को बाड़ों में छोड़ दिया गया।
नागालैंड में बोर्ड परीक्षा के परिणा जारी, बेटियों ने मारी बाजी
नागालैंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (एनबीएसई) ने 10वीं और 12वीं कक्षा के बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी कर दिए हैं। लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा। एनबीएसई चेयरपर्सन असानो सेखोसे ने बताया कि कक्षा 10वीं की परीक्षा में, 22,136 उम्मीदवारों में से कुल 15,588 उम्मीदवार 71.87 प्रतिशत अंक के उत्तीर्ण हुए। पिछले साल की तुलना में 1.55 प्रतिशत अधिक बच्चे पास हुए। एनबीएसई अध्यक्ष ने कहा कि लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 51.92 फीसदी, जबकि लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 49.79 प्रतिशत रहा।
100 से अधिक पर्यावरण संगठनों की मांग, ग्रीन क्रेडिट स्कीम वापस ले सरकार
पर्यावरण से जुड़े मुद्दे पर 100 से अधिक संगठनों का दावा है कि केंद्र सरकार की योजना- ग्रीन क्रेडिट कार्यक्रम के कारण जंगलों की अंधाधुंध कटाई होगी। इससे वनों में रहने वाले समुदाय के लोगों के अधिकार भी कुचले जाएंगे। इन पर्यावरण संगठनों ने कहा कि लाभ कमाने के लिए बनाई गई इस योजना से जुड़ी सभी अधिसूचनाओं और आदेशों को केंद्र सरकार वापस ले। इन संगठनों का कहना है कि इस कार्यक्रम के तहत बाजार आधारित तंत्र के तहत लोगों और समुदायों के साथ-साथ निजी क्षेत्र के लोगों को पर्यावरणीय कार्य देने का प्रावधान है। लेट इंडिया ब्रीद, फ्राइडेज फॉर फ्यूचर, सेंटर फॉर फाइनेंशियल अकाउंटेबिलिटी, हिमधारा कलेक्टिव और फ्रेंड्स ऑफ लद्दाख के अलावा नर्मदा बचाओ आंदोलन से जुड़े पर्यावरण संगठनों ने प्राकृतिक भूमि के संरक्षण का जिक्र करते हुए इस कार्यक्रम का विरोध किया है।
ग्रीन क्रेडिट कार्यक्रम क्या है?
आधिकारिक तौर पर अक्तूबर, 2023 में इसकी शुरुआत हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्सर मिशन लाइफ (Mission LiFE / जीवनशैली और पर्यावरण) का जिक्र करते हैं, यह इसी से जुड़ा है। ग्रीन क्रेडिट कार्यक्रम का लक्ष्य स्थिरता पर जोर देना, अपशिष्ट को कम करना और पर्यावरण और प्राकृतिक के साथ-साथ बेहतर बनाना है।