फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: 30 सितंबर से लागू होगा अधिवक्ता संशोधन अधिनियम; ओडिशा में दो समुदायों में झड़प, निषेधाज्ञा लागू

Fri, 27 Sep 2024 08:21 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

कानून मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि अधिवक्ता (संशोधन) अधिनियम, 2023 के प्रावधान 30 सितंबर से लागू होंगे। इसके बाद अदालतों में काम करने वाले दलालों पर शिकंजा कसेगा। मंत्रालय ने बताया कि कानून में दलालों की सूची तैयार करने और प्रकाशित करने का प्रावधान है। कानून में टाउट का अर्थ है वह व्यक्ति है जो किसी कानूनी व्यवसायी से किसी भी पारिश्रमिक के बदले में उससे व्यवसाय प्राप्त करता है। कानून में यह भी कहा गया है कि सूची में किसी का नाम तब तक शामिल नहीं किया जाएगा जब तक उसे बेगुनाही साबित करने का मौका न दिया जाए। विधि आयोग ने अपनी रिपोर्ट अप्रचलित कानून: तत्काल निरस्तीकरण की गारंटी में अधिवक्ता अधिनियम 1961 में उपयुक्त संशोधन करने के बाद कानूनी व्यवसायी अधिनियम, 1879 को निरस्त करने की भी सिफारिश की थी।

विज्ञापन

भद्रक में दो समुदायों में झड़प
ओडिशा के भद्रक जिले में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। इसके बाद जिले में तनाव फैल गया। तनाव के मद्देनजर प्रशासन ने पुराना बाजार पुलिस थाना क्षेत्र में अनिश्चित काल के लिए  निषेधाज्ञा लागू कर दी। पुलिस ने बताया कि पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक विशेष समुदाय के युवक की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दूसरे समूह के सदस्यों ने विरोध रैली निकाली। एक अधिकारी ने कहा कि दोनों समुदायों के सदस्यों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर से हमला किया। पुलिस ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची और रैली पर आपत्ति जताई तो प्रदर्शनकारियों ने कर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में भद्रक डीएसपी और भद्रक टाउन पुलिस स्टेशन एसआई को चोटें आईं। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया।

 

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बरामद किया हथियार-विस्फोट

मणिपुर के कांगपोकपी और चुराचांदपुर जिलों में सुरक्षा बलों ने हथियार और विस्फोटक बरामद किया। गुरुवार को कांगपोकपी जिले के हरओथेल और लाम्बुंग पहाड़ी की चोटियों पर मणिपुर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त अभियान में एक इम्प्रोवाइज्ड प्रोजेक्टाइल लॉन्चर (पम्पी), 11 बम, 10 खाली शेल केस मिला।

चुराचांदपुर जिले के सुंगदाई में एक अलग ऑपरेशन में, पुलिस और असम राइफल्स की एक संयुक्त टीम ने घर में बनी 9 मिमी पिस्तौल और एक सिंगल बैरल शॉटगन सहित कई तरह के हथियार बरामद किए। बुधवार को असम राइफल्स के जवानों ने एक तलाशी अभियान के दौरान थौबल जिले में एक आईईडी बरामद किया।

असम पुलिस ने तीन बांग्लादेशियों को पकड़ा

असम पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तीन बांग्लादेशियों को पकड़ा और उन्हें बांग्लादेश के अधिकारियों को सौंप दिया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसकी जानकारी दी। तीनों की पहचान मासूम खान, इकबाल हुसैन और मुजानुर रहमान के तौर पर की गई है। सीएम सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, भारत-बांग्लादेश सीमा पर कड़ी निगरानी रखते हुए असम पुलिस ने तीन बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ा। उन्हें तुरंत बांग्लादेश वापस भेज दिया गया। टीम ने अच्छा काम किया। बता दें कि अबतक करीब 100 बांग्लादेशी घुसपैठियों को हिरासत में लेकर उन्हें बांग्लादेशी अधिकारियों के हवाले कर दिया गया।

सिक्किम में भारी बारिश के कारण भूस्खलन

सिक्किम में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश के कारण कुछ स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं देखने को मिली। इस भूस्खलन के कारण पुराना रंग रंग ब्रिज क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण मंगन जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया। जिला प्रशासन फिलहाल नुकसान का आकलन कर रहा है। कनेक्टिविटी बहाल करने के लिए काम किया जा रहा है। 

गुजरात में बाढ़ के कारण फंसी बस से 29 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

गुजरात के भावनगर में बाढ़ के कारण एक बस फंस गई। रात भर तक जारी ऑपरेशन में तमिलनाडु और पुडुचेरी के 27 तीर्थयात्रियों सहित 29 लोगों को बस से बाहर सुरक्षित निकाला गया। जिला कलेक्टर आरके मेहता ने बताया कि गुरुवार की शाम को कोलियाक गांव के पास एक नाले पर बंस फंस गई। तीर्थयात्री निष्कलंक महादेव मंदिर के दर्शन करने के बाद भावनगर की तरफ जा रहे थे। क्षेत्र में बारी बारिश के कारण नदी पर बना मार्ग जलमग्न हो गया। इसके बावजूद बस चालक ने नदी पार करने का निर्णय लिया। इस दौरान बस का अगला हिस्सा नदी में डूब गया, जबकि पिछला हिस्सा सड़क पर फंसा रह गया। 

ऑपरेशन के दौरान बचावकर्मी एक मिनी ट्रक में घटनास्थल पर पहुंचे और बस के सभी 27 तीर्थयात्रियों और बस चालक एवं क्लीनर को बस की पिछली खिड़की के माध्यम से मिनी ट्रक में स्थानांतरित कर दिया। इस दौरान 29 लोगों से भरा मिनी ट्रक भी सड़क पर फंस गया, जिसके बाद बड़ा ट्रक मंगाया गया और सभी लोगों को उसमें स्थानांतरित किया गया। भावनगर में सभी यात्रियों को खाना और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई।

तमिलनाडु में मिनी बस पलटी, तीन की मौत
तमिलनाडु के श्रीविल्लीपुतुर के पास मम्सपुरम गांधी नगर क्षेत्र में एक मिनी बस पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 घायल हो गए।

टीएमसी सांसद के नाम पर ठेकेदारों से वसूली का आरोप, कोलकाता के मेयर के ओएसडी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अभिषेक बनर्जी के कार्यालय ने कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम के ओएसडी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन पर टीएमसी सांसद के नाम पर ठेकेदारों से वसूली करने का आरोप लगा है। बनर्जी के कार्यालय के मुताबिक हकीम के ओएसडी के खिलाफ शेक्सपियर सारणी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई। बनर्जी के कार्यालय ने कहा कि हमें शिकायत मिली है कि ओएसडी सरकारी अनुबंध दिलाने में मदद करने के नाम पर लोगों से वसूली कर रहा है। इसके लिए अभिषेक बनर्जी के नाम का इस्तेमाल कर रहा था। हमने पुलिस में शिकायत दर्ज करने का फैसला किया। 

पुरी जगन्नाथ मंदिर के महाप्रसाद की गुणवत्ता जांचेगी ओडिशा सरकार
तिरुपति मंदिर प्रसादम विवाद के बाद अब ओडिशा सरकार पुरी के जगन्नाथ मंदिर में इस्तेमाल होने वाले महाप्रसाद और घी की गुणवत्ता की जांच कराएगी। ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि 12वीं सदी के मंदिर में एक खाद्य निरीक्षक नियुक्त किया जाएगा, जो महाप्रसाद की तैयारी के लिए इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच करेगा। उन्होंने कहा कि रोशासला मंदिर की रसोई में जाने से पहले और देवताओं को महाप्रसाद चढ़ाने के बाद सभी वस्तुओं की गुणवत्ता जांच की जाएगी। पुरी जगन्नाथ मंदिर राज्य सरकार के कानून विभाग के अधीन है। मंत्री ने कहा कि महाप्रसाद और अन्य सामग्रियों की गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत नहीं आई है। भविष्य में किसी भी विवाद से बचने और महाप्रसाद की शुद्धता बनाए रखने के लिए यह पहल की गई है। इसके साथ ही 20 पूर्व सैन्यकर्मियों को आनंद बाजार (फूड कोर्ट) में तैनात किया गया है ताकि भक्तों को बासी महाप्रसाद न बेचा जाए।
विज्ञापन

वक्फ संशोधन बिल पर सुझाव लेने गुजरात पहुंची संसदीय समिति

वक्फ संशोधन बिल को लेकर सुझाव लेने के लिए संसदीय समिति (जेपीसी) गुजरात पहुंची। यहां समिति के सदस्यों ने गुजरात सरकार और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने राज्य सरकार के सुझाव पेश किए। वहीं संघवी ने कहा कि गुजरात सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने जेपीसी से मुलाकात की। साथ ही प्रस्तावित संशोधन पर अपने सुझाव दिए। राज्य सरकार के साथ ही आम लोगों ने भी अधिनियम में संशोधन के केंद्र के कदम का स्वागत किया है। इसके बाद जेपीसी ने बार काउंसिल ऑफ गुजरात, अल्पसंख्यक समन्वय समिति के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कांग्रेस विधायक और राज्य वक्फ बोर्ड के सदस्य इमरान खेड़ावाला के नेतृत्व वाले एक प्रतिनिधिमंडल से भी मुलाकात की। सभी ने जेपीसी के सदस्यों को बिल में संशोधन को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें