मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले के दो गांवों में तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने हाओलेनजांग गांव के बाहरी इलाके में चार आग्नेयास्त्र, एक मोर्टार और गोला-बारूद जब्त किया। एक अधिकारी ने बताया कि उनके पास से 120 रुपये के नकली नोट भी मिले।
वहीं एक अन्य छापेमारी में पश्चिमी इंफाल जिले के कीसपंत जंक्शन से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से दो एसएलआर राइफलें भी जब्त की गई है। एक अधिकारी ने बताया कि उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
महाराष्ट्र: बस में लगी आग, बाल-बाल बचे यात्री
महाराष्ट्र के ठाणे में रविवार को राज्य परिवहन की एक बस में आग लगने से उसमें यात्रा कर रहे लगभग 45 यात्री बाल-बाल बच गए। यह घटना सुबह के 8:18 मिनट की है। यह घटना तब घटी जब बस 40-45 यात्रियों को लेकर पड़ोसी रायगढ़ जिले के खोपट बस डिपो से पाली की तरफ जा रही थी। बस में अचानक से आग लग गई।
घटना की जानकारी पाकर पुलिस ने आपदा प्रबंधन सेल को इसी सूचना दी। स्थानीय दमकल और आपदा प्रबंधन सेल के कर्मचारियों ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। आग लगने का कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
असम में हथियार और गोला-बारूद के तीन गिरफ्तार
असम के कर्बी आंगलोंग जिले में तीन लोगों को भारी हथियार और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाया, जिसके तहत आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के बाद आरोपी पुलिस को उस स्थान पर ले गए, जहां उन्होंने हथियार छिपाकर रखा था। हथियार प्लास्टिक के पैकेट में लपेटकर रखा हुआ था। हथियार में एके श्रृंखला वाली राइफल्स और मैगजीन्स भी शामिल थी। इसके अलावा, तीन पिस्तौल, तीन जिंदा ग्रेनेड और दो मोबाइल भी बरामद किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
ठाणे में छह कुत्तों की जहर से मौत
ठाणे के गणेशपुरी इलाके में छह कुत्तों को जहर देकर मार दिया गया। मामले की जांच तब शुरू हुई जब भिवंडी निवासी मनीषा पाटिल ने पुलिस को बताया कि उनके दो कुत्ते 21 फरवरी को उल्टी कर रहे थे और उसके बाद ही उनकी मौत हो गई।
इलाके के तीन अन्य लोग, काशीनाथ रावते, दिनेश जाधव और रवींद्र रावते भी पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत की कि उनके पालतू कुत्तों की भी इसी तरह मौत हो गई है। उनके अलावा एक आवारा कुत्ते की भी मौत हो गई थी।
छह कुत्तों में दो लैब्राडोर और एक जर्मन शेफर्ड शामिल है। पुलिस का मानना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें जहर दिया है। भारतीय दंड संहिता की धारा 428 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अबतक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हैदराबाद: डिप्टी मेयर और बीआरएस नेता कांग्रेस में हुए शामिल
हैदराबाद की डिप्टी मेयर मोथे श्रीलता शोभन रेड्डी और उनके पति बीआरएस नेता शोभन रेड्डी रविवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।
कर्नाटक: कांग्रेस विधायक राजा वेंकटप्पा नाइक का निधन
कर्नाटक के शोरापुर से कांग्रेस विधायक राजा वेंकटप्पा नाइक का दिल का दौरा पड़ने निधन हो गया। वह 64 वर्ष के थे। उन्होंने रविवार को एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। चार बार के विधायक को हाल ही में कर्नाटक राज्य भंडारण निगम के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने अस्पताल जाकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। सिद्धरमैया ने कहा, मैं तीन दिन पहले उनसे मिला था और उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाइक के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा, लोगों के बीच एक लोकप्रिय व्यक्तित्व वाले राजा वेंकटप्पा नाइक का निधन व्यक्तिगत और राज्य की राजनीति दोनों के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं प्रार्थना करता हूं कि उनकी दिवंगत आत्मा को शांति मिले।
ओडिशा: ट्रक और कार की भिड़ंत, दो की मौत
ओडिशा के बालेश्वर जिले में रविवार को एक कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर कुरूदा इलाके में हुई, जब तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि कार सवार दो लोगों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। उन्होंने बताया कि दोनों मृतक बालासोर जिले के रहने वाले थे। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
ओडिशा: आयुध फैक्ट्री में आग लगी
ओडिशा के बोलांगीर जिले में स्थित बदमाल आयुध कारखाने में रविवार को भीषण आग लग गई। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बोलांगीर के पुलिस अधीक्षक खिलारी ऋषिकेश दन्यादेव ने बताया कि आयुध कारखाने की अस्थायी भंडारण इकाई में आग लग गई। फैक्ट्री की आंतरिक दमकल टीम और हमारे स्थानीय दमकल कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
तमिलनाडु: पल्लीकरनई में युवक की हत्या
चेन्नई के उपनगर पल्लीकरनई में ऑनर किलिंग के एक कथित मामले में एक व्यक्ति की उसके बहनोई और चार अन्य साथियों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिय गया है। उन्होंने बताया कि जी प्रवीण (26 वर्षीय) को शनिवार की रात पल्लीकरनई में उसकी पत्नी के बड़े भाई दिनेश और उसके दोस्तों ने घेर लिया था। पांच सदस्यों के गिरोह प्रवीण पर धारदार हथियार से हमला किया और उसे गंभीर रूप से घायल किया। इसके बाद मौके से फरार हो गए। पुलिसकर्मियों ने प्रवीण को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि प्रवीण 2022 में हत्या के एक मामले में आरोपी था। उसने नवंबर 2023 में अपने परिवार के सदस्यों की इच्छा के खिलाफ महिला से शादी की थी। प्रवीण और उनकी पत्नी अलग-अलग समुदायों से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस की एक विशेष टीम ने आज सुबह शहर के बाहरी ममबक्कम इलाके से सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।
तमिलनाडु: रामेश्वरम में मछुआरों की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी
श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों की लगातार गिरफ्तार के खिलाफ रामेश्वरम के मछुआरों की भूख हड़ताल रविवार दूसरे दिन भी जारी है।
मछुआरे श्रीलंका की नौसेना द्वारा लगातार गिरफ्तारी, उनकी नौकाएं जब्त किए जाने और द्वीप राष्ट्र की अदालत द्वारा मछुआरों को अधिकतम सजा दिए जाने का विरोध कर रहे हैं।
इस महीने की शुरुआत में श्रीलंकाई नौसेना ने रामेश्वरम से कथित तौर पर सीमा पार करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए 18 मछुआरों को रिहा किया था। इन मछुआरों को आठ फरवरी को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वे पाक खाड़ी सागर में डेल्फ्ट द्वी के पास मछली पकड़ रहे थे।
वाईएस शर्मिला के खिलाफ अपमानजनक सामग्री पोस्ट करने पर शिकायत दर्ज
आंध्र प्रदेश कांग्रेस प्रमुख वाईएस शर्मिला के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक सामग्री पोस्ट करने पर उनके एक सहयोगी ने रविवार को यहां साइबर अपराध पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि जब से शर्मिला आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष बनीं और राज्य के जिलों का दौरा कर रही हैं, तब से उन्हें और उनके समर्थकों को अपमानजनक टिप्पणियों से निशाना बनाया जा रहा है। शिकायत में ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जाऔ रही है।
मंत्रियों-विधायकों के चालकों का ड्राइविंग टेस्ट लेगी तेलंगाना सरकार
तेलंगाना सरकार अब अपने मंत्रियों, विधायकों, आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के चालकों का ड्राइविंग टेस्ट लेगी। बीआरएस विधायक लस्या नंदिता की सड़क दुर्घटना में मृत्यु के बाद सरकार ने यह घोषणा की। परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा यह अनुभवहीन चालकों के कारण होता है। लंबी दूरी की यात्राओं के लिए सक्षम चालकों को नियुक्त करने की जरूरत है।
हथियारों का निर्माण करने वाली फैक्ट्री में भीषण आग
ओडिशा के सैंतला में हथियारों का निर्माण करने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने की सूचना है। रिपोर्ट के मुताबिक रविवार रात आग लगी। हादसे और हताहतों के बारे में स्थानीय लोगों ने कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। समाचार एजेंसी ANI पर जारी विजुअल के आधार पर हादसा बड़ा होने की आशंका है।
चंडीगढ़ में जल्द खुलेगा फिल्म सेंसर बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को पंचकूला में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सेंसर बोर्ड) का क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ में खोलने की घोषणा की। पांचवें चित्र भारती फिल्मोत्सव के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे अनुराग ने कहा, अब फिल्मकारों को फिल्म प्रमाणन के लिए दिल्ली या मुंबई जाने की आवश्यकता नहीं है। ऑनलाइन माध्यम से ही प्रमाणपत्र प्राप्त किया जा सकता है। चंडीगढ़ में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड का क्षेत्रीय केंद्र खुलने से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड के फिल्मकारों को विशेष लाभ मिलेगा। क्षेत्रीय सिनेमा उद्योग से जुड़े लोग लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। इससे पूर्व अनुराग ने फिल्म फेस्टिवल में विजेता फिल्मकारों को ट्रॉफी, नचेक व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। अनुराग ने कहा कि केंद्र सरकार फिल्म जगत को पायरेसी मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए हाल ही में संसद में एक कानून भी पारित किया गया है।
केरल में लुप्तप्राय विशाल सॉफ्टशेल कछुए मिले
केरल में दुर्लभ विशाल सॉफ्टशेल वाले कछुए पेलोचिल्स कैंटोरी की आबादी की खोज की गई है। ये मुख्य रूप से दक्षिण और दक्षिण पूर्व एशिया की नदियों में रहते हैं। वर्तमान में मीठे पानी के इन कछुओ को अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ (आईयूसीएन) की संकटग्रस्त प्रजातियों की लाल सूची में लुप्तप्राय के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
ओरिक्स पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन की अगुवाई इंग्लैंड के पोर्ट्समाउथ विश्वविद्यालय और जूलॉजिकल सोसाइटी ऑफ लंदन ने की है। इसमें मियामी विश्वविद्यालय और जर्मनी के सेनकेनबर्ग सोसाइटी फॉर नेचर रिसर्च में जूलॉजी संग्रहालय के साथ अमेरिका के फ्लोरिडा म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री के संरक्षणवादियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साथ ही इसमें भारतीय वन्यजीव संस्थान की भी अहम भूमिका है।
प्रधान ने किया स्वतंत्रता सेनानी गर्तिया की प्रतिमा का अनावरण
ओडिशा के संबलपुर में केंद्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान ने ओडिशा के संबलपुर के उयोमुरा ग्रामीण पार्क में युयोमुरा के जमींदार, स्वतंत्रता सेनानी शहीद मधु गर्तिया की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा, मधु गर्तिया देश के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी वीर सुरेंद्र साय के करीबी सहयोगी थे। वहीं, शहीद मधु गर्तिया स्मारक समिति व गोंड समाज ने प्रतिमा का अनावरण कर उनकी स्मृति को प्रकाश में लाने के लिए आभार व्यक्त किया।
कश्मीर भारत का हिस्सा है और रहेगा: फारूक
फारूक अब्दुल्ला (फाइल)
- फोटो : ANI
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि कश्मीर भारत का हिस्सा है.. रहा है और रहेगा। हालांकि, उन्होंने देश को मजबूत बनाने के लिए इसकी विविधता को संरक्षित करने की जरूरत भी बताई। श्रीनगर से लोकसभा सांसद ने ईवीएम के बारे में चिंता जताई और उम्मीद जताई कि चुनाव आयोग इस पर ध्यान देगा और यह सुनिश्चित करेगा कि लोगों को सच्चा चुनाव मिले। पूर्व सीएम फारूक ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की।
डोर्नियर विमान से पुणे से लाया गया लिवर दिल्ली में पूर्व सैनिक की जान बचाई
दिल्ली में एक पूर्व सैनिक की जान बचाने में भारतीय वायुसेना के डोर्नियर विमान ने अहम भूमिका निभाई है। दरअसल, पुणे से लिवर लाने के लिए दिल्ली स्थित सेना के अस्पताल से डॉक्टरों की एक टीम को अल्प सूचना पर डोर्नियर विमान से एयरलिफ्ट किया गया। फिर दिल्ली में प्रत्यारोपण सर्जरी से पूर्व सैनिक की जान बचाई गई।
भारतीय वायुसेना ने सोशल मीडिया पर विमान और डॉक्टरों की टीम की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। पोस्ट में 'हर काम देश के नाम' को टैग किया और लिखा भारतीय वायुसेना लोगों की जान बचाने के लिए सदैव तत्पर रहती है। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि 23 फरवरी देर रात डॉक्टरों की टीम को दिल्ली से पुणे और वापस एयरलिफ्ट किया गया, उन्होंने बताया कि लिवर प्रत्यारोपण दिल्ली के आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) में किया गया।