मुंबई की दिंडोशी पुलिस ने कार चोरी करने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से डेढ़ करोड़ की कीमत की पांच कारें बरामद की है। ये सभी कारें दिल्ली, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से चोरी की गई थी।
हावड़ा के पेपर मिल में लगी आग
पश्चिम बंगाल के हावड़ा के रानीहटी में एक पेपर मिल में भीषण आग लग गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने की कोशिश कर रही है।
हावड़ा अग्निशमन अधिकारी रंजन कुमार घोष ने कहा, 'सुबह के साढ़े चार बजे हमें घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद कुल पांच दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग को बुझाने में जुट गई। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।'
डेमाजी में एक गोदाम में लगी आग, लाखों की संपत्ति नष्ट
असम के डेमाजी के जोनई मिगोम डोलुंग इलाके में एक गोदाम में आग लग गई, जिसमें कई लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। आग की सूचना पाकर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची।
कांग्रेस के विधायक ही नहीं कार्यकर्ता भी भाजपा से जुड़ रहे: रुषिकेश पटेल
कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने की खबरों पर गुजरात के मंत्री रुषिकेश पटेल ने बताया कि सिर्फ भाजपा ही नहीं कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा, 'केवल विधायक ही नहीं कई कार्यकर्ता भी लक्ष्यहीन कांग्रेस का साथ छोड़कर राष्ट्र निर्माण करने वाली भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं। हमारी पार्टी अपनी स्थापना के बाद से कभी भी अपने वादे से विचलित नहीं हुई है। इसलिए 21वीं सदी में हम अपने विश्वगुरु की उपाधि फिर से हासिल कर सकते हैं।'
संजय राउत के खिलाफ राजद्रोह का आरोप हटा
महाराष्ट्र पुलिस ने शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र सामना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक लेख लिखने को लेकर पार्टी के नेता संजय राउत के खिलाफ दर्ज मामले से देशद्रोह का आरोप हटा लिया गया है। संजय राउत 'सामना' के कार्यकारी संपादक हैं।
एक अधिकारी ने बताया पुलिस द्वारा कानूनी राय लेने और परामर्श करने के बाद राउत के खिलाफ राजद्रोह का आरोप हटा दिया गया। यवतमाल जिले की पुलिस ने 11 दिसंबर को शिवसेना (यूबीटी) नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
राउत के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) धारा 124 (ए) (देशद्रोह), 153 (ए) (धर्म, नस्ल, जन्म स्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना), धारा 505 (2) (वर्गों के बीच शत्रुता, घृणा या दुर्भावना पैदा करने या बढ़ावा देने वाले बयान) के तहत मामला दर्ज किया गया।
क्योंझर में एक करोड़ रुपये मूल्य से अधिक हेरोइन के साथ व्यक्ति गिरफ्तार
ओडिशा के क्योंझर जिले में एक 46 वर्षीय व्यक्ति को एक करोड़ रूपये से अधिक मूल्य की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि गुप्त सुचना के आधार पर अपराध शाखा के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की एक टीम ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर जोडियाघाटी इलाके के पास छापेमारी की और मादक पदार्थ तस्कर से 1.080 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया।
व्यक्ति के खिलाफ 'स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम' (एनडीपीएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी के अनुसार एसटीएफ ने 2020 से अब तक 74 किलोग्राम से अधिकहेरोइन, 202 ग्राम कोकीन, 116 क्विंटल गांजा और 3.36 किलोग्राम अफीम जब्त की है। उन्होंने 184 ड्रग्स तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
ईडी ने 78 लाख कीचीजें, दस्तावेज जब्त किए
प्रवर्तन निदेशालय ने 300 करोड़ रुपये से अधिक के कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत तेल और गैस क्षेत्र की कुछ कंपनियों के खिलाफ छापेमारी के बाद 78 लाख की संपत्ति जब्त की गई। छापेमारी 15 दिसंबर को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में एसवीओजीएल ऑयल गैस एंड एनर्जी लिमिटेड और मैक्स टेक ऑयल एंड गैस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और उनसे जुड़ी संस्थाओं के परिसरों पर की गई थी।
स्कूली छात्रा के यौन उत्पीड़न के आरोप में व्यक्ति को 20 साल जेल
केरल की एक कोर्ट ने 22 वर्षीय एक व्यक्ति को मंगलवार को 20 साल जेल की सजा सुनाई। उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दोस्ती करने के बाद एक स्कूली छात्रा का अपहरण करने और उसका यौन उत्पीड़न करने का दोषी करार दिया गया था। पेरुंबवूर फास्ट ट्रैक विशेष अदालत के न्यायाधीश दिनेश एम पिल्लई ने यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम की धारा 3 के तहत प्रवेशक यौन उत्पीड़न के अपराध के लिए आरोपी को दोषी ठहराया और 20 साल की सजा सुनाई।
नेपाल में 380 किलोग्राम ड्रग्स के साथ दो भारतीय नागरिक गिरफ्तार
नेपाल के भरतपुर शहर में मंगलवार को दो भारतीय नागरिकों को 380 किलोग्राम मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों की पहचान 45 वर्षीय अनिल गिरि और 30 वर्षीय राजपाल के रूप में हुई है, जिन्हें चितावन जिला पुलिस की एक टीम ने ट्रकों की नियमित सुरक्षा जांच के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 380 किलो चरस बरामद की है।
नकली पेंटिंग बेचकर बैंकर से 18 करोड़ ठगने के आरोप में दो के खिलाफ मामला
मुंबई पुलिस ने एक कला डीलर और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ जालसाजी का मामला दर्ज किया है। उन पर कथित तौर पर एक निवेश बैंकर को नकली पेंटिंग बेचकर 17.9 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। दावा किया गया कि वे मंजीत बावा और फ्रांसिस न्यूटन सूजा जैसे प्रसिद्ध कलाकारों की कृतियां थीं। ताड़देव पुलिस ने सोमवार को वकील विश्वांग देसाई और कला डीलर राजेश राजपाल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी) और 467,468,471 (जालसाजी से संबंधित अपराध) के तहत मामला दर्ज किया। अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बाढ़ प्रभावित दक्षिणी तमिलनाडु में फंसे सभी रेल यात्रियों को बचाया गया
दक्षिणी तमिलनाडु में थूथुकुडी के पास भारी बाढ़ वाले श्रीवैकुंटम में फंसे सभी 809 ट्रेन यात्रियों को मंगलवार को बचा लिया गया। दक्षिण रेलवे के मुताबिक, मंगलवार शाम तक 809 यात्रियों में से 509 लोगों को श्रीवैकुंटम रेलवे स्टेशन से निकाल लिया गया। उन्हें बसों द्वारा वांची मनियाची रेलवे स्टेशन ले जाया गया, जहां से उन्हें चेन्नई ले जाने के लिए एक विशेष ट्रेन निर्धारित की गई है। वैकुंटम के एक स्कूल में ठहराए गए 300 अन्य रेल यात्रियों में से 270 यात्री स्वयं ही चले गए, क्योंकि उनमें से अधिकांश आसपास के स्थानों के थे। बता दें कि 17 दिसंबर (21.19 बजे) को एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 20606 (तिरुचेंदुर-चेन्नई एग्मोर, चेंदूर एक्सप्रेस) के यात्री श्रीवैकुंटम रेलवे स्टेशन पर फंस गए थे।