फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Updates: केरल में घर से मिले दो बच्चों समेत मिले तीन के शव; मिजोरम में 68.41 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त

Fri, 12 Jan 2024 08:23 PM IST
काव्या मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

केरल में 35 साल का एक व्यक्ति और दो बच्चे अपने घर के अंदर मरे हुए मिले। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि जोस प्रमोद ने पहले अपने दो बेटों की कथित तौर पर हत्या की, बाद में खुद की जान दे दी। 
 
विज्ञापन
crime - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

केरल में उस समय सनसनी फैल गई, जब वहां 35 साल का एक शख्स और दो बच्चे अपने घर के अंदर मरे हुए मिले। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शख्स ने पहले अपने दो छोटे बच्चों को मौत के घाट उतार दिया। उसके बाद खुद की जान दे दी। वहीं, दूसरी ओर, मिजोरम में दो अलग-अलग अभियानों में 68.41 करोड़ रुपये की कीमत के मादक पदार्थ जब्त किए गए और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

विज्ञापन


पहले बच्चों का उतारा मौत के घाट, फिर खुद दी जान
केरल में 35 साल का एक व्यक्ति और दो बच्चे अपने घर के अंदर मरे हुए मिले। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि जोस प्रमोद ने पहले अपने दो बेटों  (नौ साल के देवनारायणन और सात साल के देवानंद) की कथित तौर पर हत्या की, बाद में पट्टथनम इलाके के पास अपने घर में खुद की जान दे दी। 

पुलिस ने बताया कि घटना का पता तब चला जब प्रमोद के ससुर शुक्रवार सुबह घर आए। दरवाजा न खुलने पर उन्होंने पड़ोसियों से मदद मांगी। बाद में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि अंदर तीन लाश पड़ी हुई हैं। 
विज्ञापन


अधिकारी ने बताया कि प्रमोद की पत्नी एक डॉक्टर हैं और घटना के समय वह ड्यूटी पर थीं। बच्चे फंदे से लटके मिले, जबकि प्रमोद दूसरे कमरे में मरा हुआ मिला। पुलिस को ऐसा संदेह है कि प्रमोद ने आत्महत्या करने से पहले बच्चों की हत्या की।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिजोरम में 68.41 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त
असम राइफल्स ने शुक्रवार को कहा कि मिजोरम में दो अलग-अलग अभियानों में 68.41 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

एक गुप्त सूचना के आधार पर असम राइफल्स के जवानों ने बुधवार को सियाहा जिले के बुआलपुई गांव में छापा मारा और 225 ग्राम हेरोइन जब्त की। पुलिस ने बताया कि हेरोइन की अनुमानित कीमत 1.75 करोड़ रुपये है ।

वहीं, सुरक्षा बलों ने गुरुवार को एक अन्य कार्रवाई कर चंफाई जिले में जोखावथार-मेलबुक रोड से मेथामफेटामाइन गोलियों के 20 पैकेट जब्त किए, जिनका वजन 22.2 किलोग्राम था। अधकारियों ने बताया कि  66.66 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ को कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी एवं नारकोटिक्स विभाग को सौंप दिया गया है। इस मामले में एक व्यक्ति को भी पकड़ा गया है।

तिरुनेलवेली के मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव वापस 

डीएमके मेयर पीएम सरवनन को अपनी ही पार्टी के पार्षदों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव का सामना करना पड़ा। हालांकि, शुक्रवार को यह प्रस्ताव उस समय वापस भी ले लिया गया, जब कोई भी सदस्य बैठक में शामिल ही नहीं हुआ।

तिरुनेलवेली शहर नगर निगम के आयुक्त शुभम ज्ञानदेवराव ठाकरे ने कहा कि मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव वापस ले लिया गया है। इसे नो कोरम माना गया है। यानी बैठक में जितनी संख्या में सदस्यों की जरूरत थी, उतने नहीं पहुंचे थे। इसलिए कोई बैठक नहीं हुई। ना कोई अविश्वास प्रस्ताव लाया गया।

डीएमके के 38 पार्षदों ने सरवनन के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया था और आरोप लगाया था कि उनके संबंधित वार्डों को उचित कोष आवंटित नहीं किया गया है।

तिरुनेलवेली शहर नगर निगम के 55 वार्डों में से 51 पर डीएमके और कांग्रेस सहित उसके सहयोगी दलों का कब्जा है। डीएमके ने करीब 45 वार्डों में जीत दर्ज की थी। अन्नाद्रमुक चार का प्रतिनिधित्व करती है। दिलचस्प बात यह है कि डीएमके के ज्यादातर पार्षद शहर से बाहर बताए जा रहे हैं।

10 लाख रुपये का इनामी माओवादी नेता गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल पुलिस ने 10 लाख रुपये के इनामी माओवादी नेता सब्यसाची गोस्वामी उर्फ किशोर को पुरुलिया जिले से गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोस्वामी को गुरुवार रात झारखंड सीमा के पास एक जंगल से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा, 'हमें झारखंड सीमा के पास एक जंगल के पास उसकी गतिविधि के बारे में सूचना मिली थी और हमने छापेमारी शुरू की। आखिरकार हमने उसे चौनिया के पास जंगल से गिरफ्तार कर लिया।'

उन्होंने बताया कि उसके पास से कुछ गोलियां, एक 9 एमएम पिस्तौल और कुछ दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

गोस्वामी एनआईए की वांछितों की सूची में शामिल था और उसके सिर पर 10 लाख रुपये का इनाम था। उसे अदालत में पेश किया जाएगा। 
 

घर के अंदर मिला शव, गले में लगी थी चोट

हाल ही में खाड़ी देश से लौटा लुकोस अपने कमरे में मरा हुआ मिला। पुलिस ने बताया उसकी पत्नी जब सुबह उठी तो लुकोस अपने कमरे में मरा हुआ था।

पुलिस ने बताया कि व्यक्ति के गले पर किसी धारदार चीज से चोट के निशान मिले है। हालांकि शुरुआत में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन पुलिस ने कहा कि वे सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं।

उन्होंने कहा कि लुकोस कुछ महीने पहले ही विदेश से केरल लौटा था।

वाईएसआरसीपी ने विजयवाड़ा संसदीय क्षेत्र से केसिनेनी नानी का उतारा

वाईएसआरसीपी ने विजयवाड़ा संसदीय क्षेत्र से केसिनेनी नानी को मैदान में उतारा है। वह विजयवाड़ा सांसद पद और टीडीपी से इस्तीफा देने के बाद पार्टी में शामिल होने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

सिक्किम से भाजपा प्रत्याशी लेप्चा राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित
 सिक्किम में एकमात्र राज्यसभा सीट पर भाजपा भाजपा उम्मीदवार दोरजी शेरिंग लेप्चा को शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, लेप्चा नामांकन दाखिल करने वाले एकमात्र व्यक्ति थे, और जांच में कागजात सही पाए जाने के बाद उन्हें निर्वाचित घोषित किया गया।

लेप्चा ने राज्य विधानसभा के सचिव और रिटर्निंग ऑफिसर ललित कुमार गुरुंग से संसद के उच्च सदन के लिए चुने जाने का प्रमाणपत्र हासिल किया। राज्यसभा सांसद के तौर पर लेप्चा एसडीएफ के हिशे लाचुंगपा का स्थान लेंगे, जिनका दूसरा कार्यकाल 23 फरवरी को पूरा होने वाला है।

सूरत की इमारत पर लगाया गया भगवान राम का 115 फीट ऊंचा बैनर
 गुजरात के सूरत में एक इमारत पर भगवान राम का करीब 115 फीट ऊंचा बैनर लगाया गया है। इस पर 'जय श्री राम' के नारे के साथ भगवान राम की तस्वीर बनी है। बैनर निर्माता प्रवीण गुप्ता ने कहा, ऐसी कई इमारतें हैं जिन पर हम ऐसे बैनर लगा रहे हैं। सूरत शहर में इस तरह का कोई उत्पाद नहीं है। यह सभी के योगदान के कारण हो रहा है। ऐसा लगता है जैसे भगवान राम आ गए हैं। 21 जनवरी को शोभा यात्रा है। हर घर में 11 दीपक जलाए जा रहे हैं। हमारी इमारत में एक कार्यक्रम है जहां हम दीपक लाएंगे। वहां कुल 132 फ्लैट हैं और उन सभी में रहने वाले लोग उत्साहित हैं। हम चाहते हैं कि जय श्री राम का नारा हर जगह गूंजे। हमारी बिल्डिंग में अभी सुंदरकांड का पाठ चल रहा है।

ओडिशा : स्कूल में लटका मिला 9वीं कक्षा के छात्र का शव
ओडिशा के मयूरभंज जिले स्थित अनलागुंजा गांव में सरकारी हाईस्कूल की नवीं कक्षा के छात्र विश्वभूषण नंदा (15) का शव लटका पाया गया। वह छात्रावास में रहता था।

बंगरीपोशी पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी रोजलिन बेहरा ने कहा, बृहस्पतिवार की रात छात्रावास के अन्य बच्चों के साथ भोजन करने के बाद छात्र सोने चला गया। अगली सुबह उसका शव एक कक्षा में लटका हुआ पाया गया।
शुक्रवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

झारखंड : सहपाठियों ने की छात्र की हत्या, 6 दिन बाद मिला शव
पिछले सप्ताह लापता होने वाले 11वीं कक्षा के छात्र का शव शुक्रवार को झारखंड के हजारीबाग जिले में एक कुएं से बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि लड़का एक प्रसिद्ध अंग्रेजी-माध्यम स्कूल का छात्र था। कुछ विवादों के कारण उसके सहपाठियों ने उसकी हत्या कर दी और शव को इचाक इलाके के कुएं में फेंक दिया। कोर्रा पुलिस स्टेशन की प्रभारी निशि कुमारी ने कहा, छात्र 6 जनवरी को अपने कुछ सहपाठियों के साथ विवादों को सुलझाने के लिए बाहर गया था, लेकिन घर नहीं लौटा। उसके माता-पिता ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद जांच शुरू की गई। माता-पिता ने छात्र के शव की पहचान कर ली है। संदेह है कि उसका गला घोंटा गया है।

अगले सप्ताह मेघालय जाएंगी राष्ट्रपति मुर्मू  
मेघालय के राज्यपाल फागू चौहान ने शुक्रवार को पश्चिमी गारो हिल्स क्षेत्र में स्थित तुरा में राज्य के दूसरे राजभवन का उद्घाटन किया। राज्यपाल ने शिलांग से टेली कान्फ्रेंसिंग के जरिये इसका उद्घाटन किया। जबकि, मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा, उनके कैबिनेट सहयोगी और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।

संगमा ने कहा, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अगले सप्ताह गारो हिल्स की अपनी यात्रा के दौरान परिसर में रुकेंगी। यह राज्य और विशेष रूप से गारो पहाड़ी क्षेत्र के इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण है। मैं इस परियोजना के लिए राज्यपाल को धन्यवाद देता हूं। राजभवन सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि समावेशिता का प्रतीक है। यह दिखाता है कि राज्य के सभी लोग एक हैं और एकजुट हैं।

 के-फॉन के खिलाफ वीडी सतीसन पहुंचे केरल हाईकोर्ट का दरवाजा
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीसन ने शुक्रवार को केरल हाईकोर्ट में याचिका दायर कर वाम सरकार की के-फॉन (केरल फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क) परियोजना के लिए अनुबंध देने में भ्रष्टाचार की सीबीआई जांच की मांग की। इस योजना के तहत गरीबों को मुफ्त इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रदान की जाती है।

दायर याचिका में कांग्रेस नेता सतीसन ने आरोप लगाया कि योजना को लागू करने में बड़ी देरी हुई है। परियोजना जो मील का पत्थर बन सकती थी, उसे कार्यान्वयन के लिए अयोग्य लोगों को सौंप दिया गया। सतीसन ने परियोजना के लिए अनुबंध और ठेके देने में भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की।

अंडमान पुलिस के जवान पर्यटकों की सहायता के लिए सीखेंगे अंग्रेजी  
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पुलिसकर्मी अब अंग्रेजी भाषा सीखेंगे। इसके लिए अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक लैंग्वेज लैब बनाई गई है। उन्हें अंग्रेजी सिखाने की यह पहल इसलिए की जा रही है, ताकि वे पर्यटकों की बेहतर तरीके से सहायता कर सकें।

पुलिस महानिदेशक देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लैंग्वेज लैब का एक  उद्देश्य पुलिस कर्मियों के भाषा कौशल को बढ़ाना है। इसका द्वीपों पर आने वाले पर्यटकों के लिए सकारात्मक अनुभव बनाने पर सीधा प्रभाव पड़ेगा। डीजीपी ने गुरुवार को पोर्ट ब्लेयर में एक पुनर्निर्मित फायर कंट्रोल रूम का भी उद्घाटन किया।
विज्ञापन

मुंबई कोर्ट ने एमएससीबी घोटाला मामले में एनसीपी नेता और उनके पिता को जमानत दी  
महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक (एमएससीबी) घोटाला मामले में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और राकांपा नेता प्राजक्त तनपुरे और उनके पिता प्रसाद तनपुरे को जमानत मिल गई है। मुंबई की एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को उन्हें राहत दी। विशेष न्यायाधीश आरएन रोकड़े ने मामले के अन्य आरोपियों को भी जमानत दे दी। इन नेताओं में कांग्रेस नेता रणजीत देशमुख, शिवसेना नेता अर्जुनराव पंडितराव खोतकर, बिल्डर जुगल किशोर तापड़िया और उद्योगपति पद्माकर मुले शामिल हैं।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दायर दो पूरक आरोपपत्रों पर संज्ञान लेने के बाद, अदालत ने पिछले महीने आरोपियों को 12 जनवरी को उसके सामने पेश होने के लिए कहा था।

ईडी ने इस साल मार्च में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और उनकी पत्नी सुनेत्रा से जुड़ी एक फर्म सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मामले में अपना पहला आरोपपत्र दायर किया था। एफआईआर 22 अगस्त, 2019 के बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में दर्ज की गई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि सहकारी सखार कारखाना (एसएसके) महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक (एमएससीबी) के तत्कालीन अधिकारियों और निदेशकों द्वारा धोखाधड़ी से बेचा गया था। इसकी बिक्री के लिए बिना उचित प्रक्रिया का पालन बिना किए  संबंधित संस्थाओं को औने-पौने दाम में दे दिया गया था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें