फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ठाणे: पत्नी को घुमाने के लिए नहीं थे पैसे तो शुरू कर दी मोटरसाइकिलों की चोरी, मुख्य आरोपी समेत छह लोग धरे गए

Thu, 23 Dec 2021 04:36 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ठाणे

सार

हाल ही में शादी करने के बाद अपनी पत्नी के साथ बाहर घूमने जाने के लिए ठाणे के युवक ने पैसे जुटाने के लिए मोटरसाइकिलों की चोरी करने का काम शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को उसके पांच और सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक नवविवाहित व्यक्ति को मोटरसाइकिल चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि इस शख्स की हाल ही में शादी हुई है और अपनी पत्नी के साथ बाहर जाने का खर्चा उठाने के लिए उसने मोटरसाइकिल चुराने का फैसला किया। इस मामले में उसके सहयोगी पांच और लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चोरी के कुछ वाहन बरामद भी किए हैं जिनकी कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने कम से कम 17 मोटरसाइकिलें चुराई हैं।
विज्ञापन

कल्याण के डीसीपी (जोन-3) एसबी गुंजाल ने बताया कि मानपाड़ा के आस-पास बीते दिनों में मोटरसाइकिल चोरी की कई शिकायतें मिली थीं। इसकी जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने जानकारियों, सीसीटीवी और गवाहों से बातचीत के आधार पर कुछ संदिग्ध चिह्नित किए। जांच के दौरान अंबरनाथ के रहने वाले दीपक सालगारे को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह मानपाड़ा, कोलसेवाड़ी, विट्ठलवाड़ी, अंबरनाथ, नारपोली, सेंट्रल और बाजारपेठ थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिलों की चोरी में संलिप्त था।

पत्नी को घुमाने ले जाना था और पैसे नहीं थे...
बाद में गिरफ्तार किए गए दीपक ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी पत्नी को घुमाने के लिए लेकर जाना था और इसके लिए पैसे जुटाने के लिए वह मोटरसाइकिलें चुरा रहा था। चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचकर मिले पैसों से वह यह खर्च उठाना चाहता था। वह कुछ मोटरसाइकिलें बेच भी चुका था। उसने इनकी बिक्री राहुल भागवत डाबरे नामक एक शख्स के जरिए ग्राहकों को यह कहते हुए बेची थीं कि गाड़ी के कागज बाद में दिए जाएंगे। इसके अलावा कुछ गाड़ियां उसने कबाड़ का काम करने वाले चिनमुन चौहान उर्फ बबलू को भी बेची थीं। 
विज्ञापन


बबलू इन मोटरसाइकिलों को कबाड़ के रूप में धर्मदेव चौहान, शमशेर शब्बीर खान और भैरवसिंह प्रेमसिंह खरवाड़ को बेचता था। ये सभी डोंबिविली के रहने वाले हैं। अधिकारी ने बताया कि इस मामले में सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ पुलिस ने कई वाहन और अन्य कीमती वस्तुएं बरामद की हैं जिनकी कुल कीमत लगभग 8.24 लाख रुपये है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें