फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Air India: न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की उड़ान में बम की धमकी, वापस मुंबई लौटा विमान

Mon, 10 Mar 2025 12:29 PM IST
राहुल कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की उड़ान में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विमान को हवा में ही मुंबई की तरफ मोड़ा गया।
विज्ञापन
उड़ान भरने के बाद वापस मुंबई लौटा एयर इंडिया का विमान (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की उड़ान में बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विमान को हवा में ही मुंबई की तरफ मोड़ा गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एअर इंडिया की एक उड़ान में बम रखे होने की सूचना मिलने के बाद इसे मुंबई वापस लाया गया।  विमान में 320 से अधिक लोग सवार थे और यह सुरक्षित रूप से मुंबई में उतर गया। सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं।

एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, आज 10 मार्च 2025 को मुंबई-न्यूयॉर्क (जेएफके) उड़ान एआई 119 में संभावित सुरक्षा खतरे का पता चला। आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन करने के बाद विमान में सवार सभी लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को वापस मुंबई ले जाया गया। सूत्रों ने बताया कि विमान में बम रखे होने की सूचना मिली थी और इस बाबत विमान के शौचालय में एक पत्र मिला।

एक सूत्र ने बताया कि बोइंग 777-300 ईआर विमान में चालक दल के 19 सदस्यों सहित 322 लोग सवार थे। एयरलाइन के अनुसार विमान सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर सुरक्षित रूप से मुंबई में उतरा। बयान में कहा गया, विमान की सुरक्षा एजेंसियों द्वारा जांच की जा रही है और एअर इंडिया अधिकारियों को अपना पूरा सहयोग दे रही है। उड़ान का समय बदलकर 11 मार्च सुबह पांच बजे कर दिया गया है। एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्रियों को होटल में आवास, भोजन और अन्य सहायता की पेशकश की गई है।

विज्ञापन


इससे पहले एयर इंडिया की शिकागो-दिल्ली हवाई सेवा को तकनीकी खराबी के चलते वापस शिकागो लौटना पड़ा था। एयर इंडिया के विमान ने गुरुवार को अमेरिका के शिकागो से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन करीब 10 घंटे बाद विमान को वापस शिकागो लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से बताया जा रहा है कि विमान के शौचालय जाम हो गए थे।
 
एयर इंडिया ने असुविधा के लिए जताया खेद
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि 6 मार्च 2025 को शिकागो से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली AI126 विमान तकनीकी समस्या के कारण शिकागो वापस लौट गया। शिकागो में उतरने पर, सभी यात्री और चालक दल सामान्य रूप से उतर गए और यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए उन्हें आवासीय मदद दी गई। इसके बाद यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। एयरलाइन ने ये भी बताया कि यात्रियों को उड़ान रद्द होने पर पैसे रिफंड कर दिए गए। एयरलाइन के लिए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें