केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने कहा है कि सत्ताधारी एनडीए के सांसद मौजूदा संसद सत्र में कामकाज न होने वाले 23 दिनों का वेतन नहीं लेंगे। उनके इस कदम ने विरोधी दलों को उलझन में डाल दिया है। मालूम हो कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के विरोध के कारण बजट सत्र के दूसरे चरण में अब तक कोई कामकाज नहीं हुआ है।
अनंत कुमार ने
संसद के दोनों सदनों में गतिरोध के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वह गैरलोकतांत्रिक राजनीति कर रही है। पार्टी ने अहम बिलों को पास करवाने से रोका है और यह करदाताओं के पैसे की ‘आपराधिक बर्बादी’ है। एनडीए के सांसदों में
भाजपा सहित अन्य घटक दलों के सांसद शामिल हैं। संसद की कार्यवाही शुक्रवार तक निर्धारित है।
लगातार 20वें दिन भी नहीं हुआ कोई कामकाज
लोकसभा में बुधवार को अन्नाद्रमुक के विरोध के कारण सदन की कार्यवाही लगातार 20वें दिन भी नहीं चली। सदन की बैठक शुरू होने के कुछ देर बाद ही अन्नाद्रमुक के सांसद वेल में आकर कावेरी जल प्रबंधन बोर्ड के गठन को लेकर नारेबाजी करने लगे। दोपहर बाद जब सदन की बैठक फिर शुरू हुई तब भी विभिन्न विपक्षी दलों के सांसदों का हंगामा जारी रहा और स्पीकर सुमित्रा महाजन ने कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी।