राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी को राजकीय सम्मान के साथ मुंबई के बड़ा कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
मुबंई पुलिस के मुताबिक, अपराध शाखा ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में तीसरी गिरफ्तारी की है। तीसरे आरोपी की पहचान प्रवीण लोनकर के रूप में हुई है। तीन आरोपी अभी भी फरार हैं।
बांद्रा में बाबा सिद्दीकी के आवास के बाहर नमाज अदा की गई। उनके पार्थिव शरीर को सुपुर्द-ए-खाक के लिए ले जाया जा रहा है, जिसे पूरे राजकीय सम्मान के साथ मुंबई लाइन के कब्रिस्तान में किया जाएगा।
मरीन लाइंस कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक होंगे बाबा सिद्दीकी, थोड़ी देर में शुरू होगी अंतिम यात्रा
कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी के आवास पर पहुंचे।
अभिनेता सोहेल खान, उनकी बहन अर्पिता खान शर्मा और भाजपा नेता शाइना एनसी बाबा सिद्दीकी के आवास पर पहुंचे।
मुंबई पुलिस ने कहा कि बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के दो आरोपी अभी भी फरार है। उनकी तलाश जारी है।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर राकांपा (शरद चंद्र पवार) नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा, सुरक्षा कर्मी क्या कर रहे थे? पुलिस पिछले बीस दिनों से क्या कर रही थी? मैं मुंबई पुलिस को नहीं बल्कि महाराष्ट्र सरकार को दोषी मानता हूं। राज्य सरकार जिम्मेदार है। पुलिस निरीक्षक ऐसा व्यवहार करते हैं, मानों उन्हें पुलिस नहीं बल्कि राजनीतिक दल लाए हों।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या पर दुख जताया और कहा कि ऐसे कृत्यों का नागरिक समाज में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा, बाबा सिद्दीकी की नृशंस हत्या से गहरा दुख हुआ। हिंसा के कृत्यों का नागरिक समाज में कोई स्थान नहीं है। इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। उनके परिवार और पार्टी सहयोगियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे बांद्रा में राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी के आवास पर पहुंचे।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपियों की पहचान गुरमेल सिंह और धर्मराज कश्यप के रूप में हुई है। आरोपियों को एस्प्लेनेड कोर्ट ले जाया गया।
NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, 'इससे एक बात साफ जाहिर होती है कि महाराष्ट्र और मुंबई जो भारत की आर्थिक राजधानी है, वहां पर जंगलराज चल रहा है। मुंबई पुलिस जो पूरे भारत में मशहूर है, उसके रहते वहां पर इस तरह की हत्याएं हो रही हैं। इससे यह स्पष्ट है कि वहां की शिंदे-फडणवीस की सरकार के पास कोई राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं है। वह पुलिस को काम करने नहीं दे रहे हैं और तीसरा कि उन्हें केवल चुनाव की फिक्र है। महाराष्ट्र और मुंबई की आम जनता की सुरक्षा की उन्हें कोई चिंता नहीं है। यह बहुत ही दर्दनाक, अफसोसजनक और शिंदे-फडणवीस सरकार की नाकामी बताने वाली घटना है। बाबा सिद्दीकी ने लिखकर भी दिया था कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं लेकिन इसके बाद भी उन्हें अच्छी सुरक्षा नहीं दी गई।'
NCP नेता बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मेडिकल के लिए गोकुलदास तेजपाल (जीटी) अस्पताल लाया गया। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के नाम गुरमैल सिंह और धर्मराज कश्यप हैं जो हरियाणा और उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'यह दुखद और गंभीर घटना है। बाबा सिद्दीकी से मेरी गहरी दोस्ती थी। इस तरह की घटना से हम सभी स्तब्ध हैं। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच जारी है। आज आरोपियों की हिरासत मिलने के बाद पुलिस ब्रीफिंग करेगी। जो थ्योरी आ रही है, वह आधिकारिक नहीं है। कुछ एंगल देखे जा रहे हैं और जांच चल रही है। इतनी गंभीर घटना के बाद भी उन्हें (शरद पवार) सिर्फ सत्ता चाहिए।'
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बाबा सिद्दीकी की हत्या को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़ने की कोशिश की गई है। पुलिस इस सोशल मीडिया पोस्ट की पुष्टि करने में जुटी है। इस पोस्ट में कहा गया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री की हत्या करने की जिम्मेदारी ली है। 66 वर्षीय एनसीपी नेता की शनिवार की रात मुंबई के बांद्रा इलाके के खेर नगर में बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के ठीक बाहर गोली मार दी थी। जिससे उनकी मौत हो गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के एक कथित सदस्य के नाम से सोशल मीडिया पर एक वायरल पोस्ट मिली है, जिसमें बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। अधिकारी ने कहा, 'हमने वायरल सोशल मीडिया पोस्ट देखी है, हम इसकी प्रामाणिकता की पुष्टि कर रहे हैं।' उल्लेखनीय है कि इस साल अप्रैल में मुंबई में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी के सिलसिले में बिश्नोई गिरोह के कुछ सदस्यों को हिरासत में लिया गया था। बाबा सिद्दीकी को सलमान खान, शाहरुख खान और संजय दत्त सहित कई बॉलीवुड सितारों का करीबी माना जाता था।
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'हमने तो खुले तौर पर कहा है कि वहां (महाराष्ट्र में) कानून-व्यवस्था ठीक नहीं है। उनके द्वारा जान का खतरा जताने के बाद भी पुलिस अगर उनकी रक्षा नहीं कर पाई तो यह प्रशासन की बहुत बड़ी विफलता है। मुंबई जैसे क्षेत्र में पुलिस को हमेशा सतर्क रहना चाहिए। दिन-दहाड़े यह जो घटनाएं हो रही हैं इस पर सरकार यदि चिंता नहीं जताती है तो मैं समझता हूं कि वे इन घटनाओं को नजरअंदाज कर रहे हैं।'
बाबा सिद्दीकी का पार्थिव शरीर उनके घर लाया गया है। शाम सात बजे उनके घर पर जनाजे की नमाज पढ़ी जाएगी और रात करीब साढ़े आठ बजे मुंबई के बड़े कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द ए खाक किया जाएगा।
NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या पर राजद नेता मनोज झा ने कहा, 'महत्वपूर्ण ये है कि दिन-दहाड़े, सबसे पॉश इलाके में ये हुआ है, उनकी हत्या जिस तरह से हुई है वो वहां की सरकार का प्रमाणपत्र है कि कैसी सरकार है, किसकी सरकार है और किसके भरोसे चल रही है। अगर बाबा सिद्दीकी के साथ हो सकता है तो आम इंसान कितना महफूज है? पूरे परिवार को ईश्वर संबल दें। आसान नहीं होता है इस तरह के शोक को बर्दाश्त कर लेना।'
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली है। गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर इसकी जिम्मेदारी ली। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने फिल्म अभिनेता सलमान खान को भी धमकी दी हुई है। मुंबई पुलिस इस पोस्ट की सत्यता की पुष्टि करने में जुटी है।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार कूपर अस्पताल पहुंचे और वहां बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए अजित पवार ने कहा कि 'वह घटना पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है और अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं और अलग-अलग राज्यों में भी पुलिस की टीम लगाई गई हैं। मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और मैं खुद इस मामले में ध्यान दे रहे हैं। यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि हत्या की सुपारी किसने दी, मुझे विश्वास है कि 1-2 दिन में इसका पता चल जाएगा। आज रात 8:30 बजे बड़ा कब्रिस्तान में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। विपक्ष यह कहेगा (सरकार पर आरोप लगाएगा) लेकिन हमारा काम कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उपमुख्यमंत्री ने यहां का दौरा किया। मैंने उनसे और मुख्यमंत्री से भी बात की है और उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि हमें जल्द ही पता चल जाएगा कि इसके पीछे कौन लोग थे।'
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने बाबा सिद्दीकी की हत्या पर कहा कि 'घटना घोर निंदनीय है। मामले की जांच चल रही है। सीएम, डिप्टी सीएम और पूरा प्रशासन पूरी सख्ती से मॉनीटरिंग कर रहा है। दो आरोपियों को रात ही गिरफ्तार कर लिया गया था। दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा, लेकिन मैं अपील करता हूं कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। ऐसे हालात को बदनाम करना और राजनीतिक फायदे के लिए झूठ फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण है।'
बाबा सिद्दीकी की हत्या पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि 'महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था अच्छी रही है, जिस वजह से बड़े उद्योगपति मुंबई आते हैं। बाबा सिद्दीकी की कल हत्या हुई, जो राज्य सरकार में मंत्री रहे और उनकी हत्या हो गई? इसका क्या मतलब है? यह मुख्यमंत्री की असफलता है। जिस तरह से आपने पुलिस का इस्तेमाल किया, उससे अपराधियों में पुलिस का डर नहीं रह गया है। दिन के उजाले में हत्याएं हो रही हैं। गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस पूरी तरह से असफल रहे हैं, उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। राज्यपाल को इसमें दखल देना चाहिए और देवेंद्र फडणवीस को उनके पद से हटाना चाहिए।'
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों को बाबा सिद्दीकी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द ए खाक करने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है, क्योंकि उन्होंने 2004-2008 के दौरान महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और म्हाडा के अध्यक्ष के रूप में काम किया था।
महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता छगन भुजबल ने बाबा सिद्दीकी की हत्या पर कहा कि 'यह बहुत दुखद है कि बीते 10 दिनों में एनसीपी के एक तालुका प्रमुख और एक बड़े नेता की हत्या कर दी गई। पुलिस को भी बाबा सिद्दीकी को मिल रही धमकियों की जानकारी थी। जिसके बाद बाबा सिद्दीकी को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी। पुलिस की ड्यूटी सिर्फ सुरक्षा देने की ही नहीं है बल्कि इसकी जांच करने की भी है कि धमकियां कौन दे रहा है। पुलिस को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इसमें कोई राजनीतिक एंगल नहीं है लेकिन उनकी कोई निजी दुश्मनी हो तो मुझे उसकी जानकारी नहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।'
पुलिस ने बताया कि तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, तीसरा आरोपी शिवकुमार है और वह भी यूपी का रहने वाला है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस जांच में ये पता चला है कि आोरपी कुर्ला में किराए का मकान लेकर रह रहे थे और बीते कई दिनों से बाबा सिद्दीकी की रेकी कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को हत्या के लिए 50-50 हजार रुपये एडवांस में दिए गए थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने छह राउंड फायरिंग की, जिनमें से बाबा सिद्दीकी को तीन गोलियां लगीं। जिनसे उनकी मौत हो गई।
बाबा सिद्दीकी की मौत पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि 'शूटर्स को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस द्वारा उनसे पूछताछ की जा रही है, लेकिन आज मुंबई में अपराधी खुले घूम रहे हैं और किसी पर भी हमला कर रहे हैं। अगर सत्ताधारी पार्टी का नेता मारा जाता है तो आम आदमी की सुरक्षा का सवालों के घेरे में है। क्या मुंबई फिर से अपराध का केंद्र बन रहा है? क्या महराष्ट्र यूपी, बिहार की राह पर चल रहा है। गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए, जिस तरह से मुंबई में अपराध बढ़ रहे हैं, तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।'
बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद फिल्म अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बाबा सिद्दीकी और सलमान खान की दोस्ती थी और जिस लॉरेंस गैंग का नाम बाबा सिद्दीकी की हत्या में सामने आ रहा है, उसी ने सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी दी हुई है।
कूपर अस्पताल पहुंचे एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल। कूपर अस्पताल में ही बाबा सिद्दीकी के शव का पोस्टमार्टम हो रहा है।
मशहूर वकील उज्जवल निकम ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर कहा कि यह मुंबई में बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मुंबई में बीते कई वर्षों में हुई यह किसी राजनेता की हत्या की यह पहली घटना है। उन्हें जान से मारने की धमकियां मिलीं थी, ऐसे में पुलिस जांच में जुटी है कि इस हत्याकांड का उन धमकियों से कोई कनेक्शन है या नहीं।'
बाबा सिद्दीकी की मौत पर कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने कहा कि 'बाबा सिद्दीकी की हत्या बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह उदाहरण है कि किस तरह से मुंबई में कानून व्यवस्था चरमरा रही है। छोटे बच्चों से लेकर बड़े नेताओं तक मुंबई में कोई भी सुरक्षित नहीं है। इस सरकार के पास सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।'
मुंबई क्राइम ब्रांच ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में निर्मल नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 109, 125 और 3(5) के साथ ही आर्म्स एक्ट की धारा 3, 25, 5 और 27 तथा महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37 और 137 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुंबई पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद बताया है कि आरोपी गुरमैल सिंह हरियाणा और धर्मराज कश्यप उत्तर प्रदेश का निवासी है। आरोपी बाबा सिद्दीकी की बीते करीब डेढ़-दो महीने से रेकी कर रहे थे और मुंबई में ठहरे हुए थे। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है और मुंबई क्राइम ब्रांच की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को हत्या के लिए पहले से ही पेमेंट कर दी गई थी और कुछ दिन पहले ही उन्हें हथियार मुहैया कराए गए थे।
बाबा सिद्दीकी के परिवार ने बयान जारी कर बताया है कि रविवार शाम सात बजे बाबा सिद्दीकी के बांद्रा पश्चिम स्थित आवास पर जनाजे की नमाज पढ़ी जाएगी और रात साढ़े आठ बजे उन्हें सुपुर्द ए खाक किया जाएगा। परिवार ने बताया कि बाबा सिद्दीकी को बड़ा कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया जाएगा।
बाबा सिद्दीकी की मौत के बाद एनसीपी ने अपने आज के सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। एनसीपी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लिखा कि 'हमारी पार्टी के नेता बाबा सिद्दीकी की दुखद मौत के कारण 13 अक्तूबर को पार्टी के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं।
बाबा सिद्दीकी की मौत पर फिल्म अभिनेता रितेश देशमुख ने दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि 'बाबा सिद्दीकी के अचानक निधन से सदमे में हूं और इस दुख को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। मेरी जीशान और उनके पूरे परिवार के प्रति संवेदनाएं हैं। भगवान उन्हें इस मुश्किल समय को सहने की हिम्मत दे। इस भयावह अपराध के दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।'
बाबा सिद्दीकी की मौत पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि 'बाबा सिद्दीकी जी का अचानक निधन चौंकाने और दुखी करने वाला है। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। इस भयावह घटना ने महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और न्याय होना चाहिए।' बता दें कि बाबा सिद्दीकी कई वर्षों तक कांग्रेस के सदस्य रहे और इस साल फरवरी में ही उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर एनसीपी का दामन थामा था।
बाबा सिद्दीकी की कई बॉलीवुड सितारों जैसे सलमान खान, शाहरुख खान, शिल्पा शेट्टी और रितेश देशमुख के साथ दोस्ती थी। ऐसे में कई बॉलीवुड सितारों ने बाबा सिद्दीकी की मौत पर दुख जताया। सलमान खान और संजय खान तो लीलावती अस्पताल में बाबा सिद्दीकी के परिजनों से मिलने भी पहुंचे।
बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे के मालाबार हिल इलाके में स्थित सीएम आवास की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दरअसल बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद शिंदे सरकार कानून व्यवस्था को लेकर आलोचकों के निशाने पर आ गई है। विरोधियों का कहना है कि खराब कानून व्यवस्था के चलते बीच मुंबई में बाबा सिद्दीकी की हत्या हो गई। कुछ नेताओं ने तो इस मुद्दे पर सीएम से इस्तीफा भी मांग लिया है।
बांद्रा के निर्मल नगर के शनिवार रात एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोली लगने के कारण उनकी मौत की पु्ष्टि की। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेज दिया गया है। रविवार तड़के बाबा सिद्दीकी के घर के बाहर से आई तस्वीरों में देखा जा सकता है कि घर के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है।
पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी को बांद्रा पूर्व में खेरवाड़ी सिग्नल के पास और बेटे जीशान सिद्दीकी के दफ्तर के सामने गोली मारे जाने के मामले में लॉरेंस विश्नोई गैंग का हाथ होने की आशंका जाहिर की जा रही है। मामले की जांच मुंबई पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई है। पुलिस हत्याकांड के तत्काल बाद गिरफ्तार दो संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
15 दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली थी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक बांद्रा में झोपड़पट्टी पुनर्विकास परियोजना को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका है कि इसी रंजिश में बाबा सिद्दीकी की हत्या की गई। सिद्दीकी को 15 दिन पहले जान से मारने की धमकी मिली थी। इसके बाद उन्हे वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बाबा सिद्दीकी के परिवार से मिलने लीलावती अस्पताल पहुंचे। शनिवार देर रात गोली मारकर एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की नृशंस हत्या कर दी गई।
अभिनेता संजय दत्त की पत्नी प्रिया दत्त और बॉलीवुड के चर्चित नाम वीर पहाड़िया भी बाबा सिद्दीकी पर हमले की खबर के बाद अस्पताल पहुंचे।
कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने भी बाबा सिद्दीकी की हत्या की वारदात के बाद कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मुंबई जैसे महानगर में सरकार से जुड़े एक नेता की हत्या कर दी जाती है। अगर सरकार अपने नेताओं को सुरक्षित नहीं रख पा रही है, तो मुंबई और महाराष्ट्र में कौन सुरक्षित है।
बाबा सिद्दीकी पर हमले के बाद मामले की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच पुलिस ने घटनास्थल से चार गोलियों के खोखे बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि दो शूटर्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आश्वस्त किया है कि तीसरे हमलावर को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
बाबा सिद्दीकी की ऑफिस से निकलते समय गोली मारकर हत्या के मामले में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इस मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बांद्रा इलाके में हुई हत्या के मामले में सरकार को पारदर्शी तरीके से जांच के आदेश देने चाहिए। इस मामले में सीएम एकनाथ शिंदे कह चुके हैं कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मुंबई पुलिस ने कहा है कि इस मामले में सुपारी किलिंग के एंगल से भी जांच की जा रही है।
शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने एक्स पर लिखा, बाबा सिद्दीकी की हत्या चौंकाने वाली है। हम उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और उनके परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। यह दुख घटना महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है। प्रशासन, कानून एवं व्यस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई
मामले की जांच कर रही अपराध शाखा: अतिरिक्त पुलिस आयुक्त
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त परमजीत सिंह दहिया ने कहा, घटना रात करीब साढ़े नौ बजे यह घटना निर्मल नगर में हुई। इस घटना के बाद बाबा सिद्दीकी को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा पूरे मामले की जांच कर रही है।
आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए: रामदास अठावले
राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी के निधन पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, बाबा सिद्दीकी पर गोलीबारी की घटना की जांच होनी चाहिए। मैं अभी अस्पताल से आया हूं। मैं उनके परिवार से मिला। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सांसद सुप्रिया सुले ने भी बाबा सिद्दीकी की हत्या पर दी प्रतिक्रिया
राकांपा (शरद चंद्र पवार) सांसद सुप्रिया सुले ने एक्स पर लिखा, हैरान करने वाली खबर है। बाबा सिद्दीकी हमारे बीच नहीं रहे। बताया जा रहा है कि उन्हें मार दी गई। यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है। जब सरकार के सहयोगी दल का एक सदस्य खुद के बेटे के कार्यालय में सुरक्षित नहीं है और मारा जाता है, तो यह महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति के बारे में बहुत कुछ कहता है।
गोलीबारी में 9.9 एमएम पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया: मुंबई पुलिस
मुंबई पुलिस ने बताया कि बाबा सिद्धिकी हत्या मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गोलीबारी में 9.9 एमएम पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था।
मैंने अपने अच्छे सहयोगी और मित्र को खो दिया: अजित पवार
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने एक्स पर लिखा, राकांपा नेता और पूर्व राज्य मंत्री बाबा सिद्दीकी पर गोलीबारी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और दुखद है। मैं यह जानकर हैरान हूं कि इस घटना में उनकी मौत हो गई। मैं अपने अच्छे सहयोगी और मित्र को खो दिया है। मैं इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूं। बाबा सिद्दीकी को मेरी हार्दिक श्रद्धांजलि।
अजित पवार ने कल के कार्यक्रम रद्द किए
राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार को होने वाले सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
कानून-व्यवस्था की स्थिति पर जवाब दे महायुति सुरकार: राकांपा (शरदचंद्र पवार)
राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या पर राकांपा (शरदचंद्र पवार) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा, बाबा सिद्दीकी के बारे में खबर बहुत परेशान करने वाली है। चिंता की बात यह है कि महाराष्ट्र में कानून और व्यवस्था की स्थिति बहुत बिगड़ रही है और सरकार असफल हो चुकी है। भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार को महाराष्ट्र की जनता को जवाब देना चाहिए कि वह कानून-व्यवस्था बनाए रखने में असफल क्यों है। लोग अब कानून को अपने हाथ में क्यों ले रहे हैं और उन्हें कानून का डर क्यों नहीं है। देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में गृह विभाग असफल नजर आ रहा है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटना पर क्या कहा
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि बाबा सिद्दीकी पर शनिवार की शाम अज्ञात लोगों ने हमला किया। जिससे वे घायल हुए थे। यह घटना मुंबई के बांद्रा पूर्व में उनके विधायक पुत्र जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर हुई। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, यह एक अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मैंने डॉक्टरों और पुलिस से बात की है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो उत्तर प्रदेश और हरियाणा से हैं। तीसरा आरोपी फरार है। हमने मुंबई पुलिस को निर्देश दिए हैं कि जो लोग कानून-व्यवस्था को अपने हाथ में ले रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मुझे भरोसा है कि मुंबई पुलिस जल्द ही तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करेगी। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुंबई कांग्रेस ने सिद्दीकी के निधन पर दुख जताया
मुंबई कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, बाबा सिद्दीकी के निधन से गहरे दुख में हूं। लोगों की सेवा और समुदाय के प्रति उनकी निस्वार्थ प्रतिबद्धता याद रखी जाएगी। इस कठिन समय में हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।
जांच के लिए विशेष दल बनाए सरकार, सख्त कार्रवाई हो: किरीट सोमैया
भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा, बाबा सिद्दीकी की हत्या एक गंभीर मामला है। सरकार को चाहिए कि इस मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाए। यह एक बड़ी साजिश प्रतीत होती है। सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।