विधानसभा चुनाव को लेकर महाराष्ट्र में जारी सियासी ड्रामे के बीच अपने खिलाफ लगे मनी लांड्रिंग के आरोपों के बाद राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार शुक्रवार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दफ्तर जाने वाले थे। ईडी के ईमेल और ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर के आग्रह के बाद उन्होंने शुक्रवार को ईडी दफ्तर जाने का अपना फैसला बदल लिया।
उन पर महाराष्ट्र राज्य सहकारी (एमएससी) बैंक घोटाले में मनी लांड्रिंग का आरोप है। ईडी ने अबतक उन्हें पूछताछ के लिए नहीं बुलाया था, इसके बावजूद पवार शुक्रवार को दोपहर दो बजे ईडी दफ्तर जाने पर अड़े थे। इसको लेकर बलार्ड पियर स्थित ईडी दफ्तर के बाहर और दक्षिण मुंबई के अन्य क्षेत्रों में निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू कर दी गई थी।
इस बीच शरद पवार के घर पर और एनसीपी कार्यालय में मुंबई पुलिस पहुंची। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विनय चौबे ने उनके घर पर मुलाकात की। पवार के अनुसार, पुलिस कमिश्नर ने उनसे आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कोई हंगामा न हो, इसके लिए आग्रह किया। उनके आग्रह के बाद उन्होंने ईडी दफ्तर जाने का फैसला रद्द कर दिया।
दोपहर दो बजे से पहले शरद पवार घर से निकले और मीडिया को बताया कि वह ईडी दफ्तर नहीं जाएंगे। ईडी कार्यालय जाने की योजना फिलहाल के लिए टाल दी है। मेरे खिलाफ ईडी की कार्रवाई का मकसद विपक्ष के नेताओं की छवि खराब करना है।
उन्होंने कहा कि मुझ पर आरोप लगने के बाद मैंने 24 सितंबर को यह कहा था कि आरोप झूठे हैं। मैं बैंक में न तो निदेशक और न ही किसी अन्य पद पर रहा। मैं अपनी बात रखने ईडी दफ्तर जाने वाला था, लेकिन पुलिस कमिश्नर के आग्रह के बाद मैंने फिलहाल ईडी दफ्तर जाना टाल दिया है।
पढ़ें, इससे पहले क्या-क्या हुआ
-ईडी ने भेजा मेल, दफ्तर आने की कोई जरुरत नहीं
एनसीपी लीडर नवाब मलिक ने मुंबई में कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने पार्टी प्रमुख शरद पवार को ईमेल भेजा है, जिसमें कहा है कि उन्हें शुक्रवार को ईडी दफ्तर आने की कोई आवश्यकता नहीं है। जब जरुरत होगी, ईडी उन्हें सूचित करेगा। मलिक ने कहा कि इसके बावजूद पवार ईडी दफ्तर जाने का दृढ़ निश्चय कर चुके हैं।
-शिवसेना नेता संजय राउत अपनी धुर विरोधी पार्टी एनसीपी के प्रमुख शरद पवार के समर्थन में उतरे हैं। मनी लांड्रिंग के आरोपों से घिरे एनसीपी प्रमुख शरद पवार के बारे में उन्होंने कहा है कि उन पर लगे आरोपों पर लोग विश्वास नहीं रखते। राउत ने कहा कि जिस तरह से उनका नाम इस मामले में आया है, उसे लोग स्वीकार नहीं करेंगे। शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि आज एक बड़ा इवेंट होने वाला है। हम अलग पार्टी के हैं, वे अलग पार्टी के हैं। फिर भी उनपर जो आरोप लगे हैं उसपर विश्वास नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जो टाइमिंग है, वह भी सोचने वाली है।
-संजय राउत ने पवार को भारतीय राजनीति का भीष्म पितामह बताते हुए कहा कि पूरा महाराष्ट्र जानता है जिस बैंक में घोटाले को लेकर ईडी ने एफआईआर में नाम दर्ज किया है, उस बैंक में शरद पवार किसी भी पद पर नहीं रहे हैं। शिकायतकर्ता ने भी कहा है कि उन्होंने शरद पवार का कहीं भी नाम नहीं दिया था। अन्ना हजारे भी उन्हें क्लीन चिट दे चुके हैं। ईडी उनके साथ ठीक नहीं कर रही है।
-राहुल गांधी बोले- चुनाव से पहले कार्रवाई में अवसरवाद की बू
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि प्रतिशोध के तहत कारवाई करने वाली सरकार शरद पवार को निशाना बना रही है। गांधी ने ट्वीट कर कहा कि शरद पवार जी प्रतिशोध वाली सरकार के निशाने पर आए हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई महाराष्ट्र में चुनाव से एक महीने पहले की जा रही है। इससे अवसरवाद की बू आती है।
अन्ना हजारे ने पवार का नाम आने पर आश्चर्य व्यक्त किया
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने शरद पवार का नाम करोड़ों रुपये के महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक घोटाले में आने पर आश्चर्य व्यक्त किया है। हजारे ने कहा कि यह मामला जब मेरे सामने आया था तो शरद पवार का नाम इसमें नहीं था। उनका नाम कैसे आया, किसने डाला ये सभी चीजें वही जानते हैं।
-सुबह करीब 10:15 बजे शरद पवार के ईडी दफ्तर पहुंचने से पहले मुंबई पुलिस की एक टीम नेशनल कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के कार्यालय पहुंची। पुलिस की टीम यहां खोजी कुत्ते के साथ पहुंची और तलाशी अभियान चलाया।
- सुबह करीब 10 बजे ज्वाइंट कमिश्नर विनय चौबे पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ शरद पवार के आवास पहुंचे। मनी लांड्रिंग केस में एनसीपी प्रमुख आज दोपहर ईडी दफ्तर पहुंचने वाले हैं।
-चुनावी माहौल में अपने खिलाफ लगे आरोपों के बाद पवार ने कहा था कि वह खुद ईडी दफ्तर जाएंगे। इसको लेकर संभावना जताई जा रही है कि बड़ी संख्या में उनके समर्थक वहां जमा हो सकते हैं। हालांकि एनसीपी प्रमुख ने गुरुवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की थी कि वे यहां केंद्रीय एजेंसी के कार्यालय के पास एकत्र न हों और सुनिश्चित करें कि लोगों को कोई असुविधा न हो।