राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर सीईसी चंद्रा ने कहा कि आज देश में 95.3 करोड़ से ज्यादा वोटर हैं। इनमें से 49 करोड़ पुरुष तो 46 करोड़ महिला मतदाता हैं। पंजीकृत वोटरों में से 1.92 करोड़ वरिष्ठ नागरिक हैं।
चंद्रा ने कहा कि देश के हर वयस्क व्यक्ति को आजादी के वक्त से ही मतदान का अधिकार है। उस वक्त नए नवेले आजाद देश की साक्षरता दर मात्र 18 फीसदी थी, फिर भी सभी को मताधिकार देना, सच में क्रांतिकारी कदम था। उन्होंने पांच राज्यों में जारी विधानसभा चुनाव के बीच कोरोना रोधी टीकाकरण का काम तेजी से जारी है। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित रहे, इसके पर्याप्त प्रयास किए जा रहे हैं।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू
- फोटो : अमर उजाला
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने मतदाता दिवस के मौके पर चुनाव आयोग से कहा कि वह अगले आम चुनाव में 75 फीसदी मतदान सुनिश्चित करे, ताकि चुनावी लोकतंत्र ज्यादा समावेशी बने। इसके साथ ही उन्होंने संसद व विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराने पर आम सहमति बनाने के भी प्रयास करने की अपील की।
इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर अपील की है। अपनी अपील में उन्होंने लोकतंत्र और वोट के महत्व को भी बताया है। राहुल गांधी ने इसके साथ ही मतदाताओं से सजग रहने व अपने मताधिकार की रक्षा करने का आह्वान किया है। अपील के साथ उन्होंने तंज भी किया है।
लोकतंत्र यानि असहमति
लोकतंत्र यानि शांतिपूर्ण विरोध
लोकतंत्र यानि सामाजिक समानता
लोकतंत्र यानि आपका वोट।
वोट दें ताकि कोई आपके अधिकारों का गला ना घोंट दे!
- राहुल गांधी, #NationalVotersDay
केंद्रीय कानून व न्याय मंत्री किरण रिजिजू ने इस मौके पर कहा, 'जो तत्व भारत के चुनाव आयोग को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं, वास्तव में वे देश के लोकतंत्र को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। लोकतंत्र में सभी को आलोचना करने का अधिकार है लेकिन भाषा को ध्यान में रखें। अदालत चुनाव आयोग की आलोचना कर सकती है, लेकिन न्यायाधीशों को भी आलोचना करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली भाषा के बारे में सोचना चाहिए।