प्रतिबंधित संगठन ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ (पीएफआई) के एक संदिग्ध मुख्य प्रशिक्षक को केरल स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। सोमवार को एनआईए ने यह कार्रवाई की। एनआईए के प्रवक्ता ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी जफर भीमंतविदा देश में 2047 तक इस्लामी शासन स्थापित करने के प्रतिबंधित संगठन की साजिश के जुड़े 2022 में दर्ज किए गए एक मामले में वांछित था।
एनआईए ने कन्नूर से आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले पर जानकारी देते हुए एनआईए अधिकारी ने बताया कि आरोपी को कन्नूर से गिरफ्तार किया गया। एनआईए अधिकारी के मुताबिक मामले में जफर 59वां आरोपी है। अब तक 60 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किए जा चुके हैं। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी जफर पीएफआई के नेटवर्क का एक अहम हिस्सा था, जिसका उद्देश्य 2047 तक भारत को इस्लामी राष्ट्र बनाना था।
PFI के सदस्यों को हथियार चलाने का देता था प्रशिक्षण
एनआईए के प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी जफर का पीएफआई के मुख्य प्रशिक्षक होने का संदेह है। आरोप है कि आरोपी पीएफआई के अन्य सदस्यों को हथियार चलाने का प्रशिक्षण देता था। एनआईए ने कहा कि जफर पर पहले ही हत्या के प्रयास और हमला करने के कई आरोप लगे हैं।