नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी को ईडी के दफ्तर बुलाए जाने पर सड़कों पर उतरी कांग्रेस के दो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और भूपेश बघेल भी आम कार्यकर्ताओं की तरह पूरे दिन मैदान में दिखे। शाम को दोनों मुख्यमंत्रियों ने ईडी दफ्तर से कुछ दूरी पर मीडिया से बातचीत कर मोदी सरकार पर निशाना साधा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि नेशनल हेराल्ड देश की आजादी की लड़ाई में प्रमुख अखबार था। पार्टी ने उसे घाटे से उबारने के लिए मदद की।
मां से मिलने अस्पताल पहुंचे राहुल गांधी
ईडी दफ्तर में अधिकारियों के तीन घंटे की पूछताछ के बाद राहुल गांधी लंच ब्रेक में सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती मां सोनिया गांधी का हाल जानने पहुंचे।
वाड्रा बोले-राहुल सभी आरोपों से बरी होंगे : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने कहा है कि राहुल गांधी को सभी निराधार आरोपों से बरी कर दिया जाएगा। सच्चाई की जीत होगी।
चिदंबरम की पसली व प्रमोद के सिर में चोट
कांग्रेस ने पुलिस पर बदसुलूकी का आरोप लगाया है। पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने बताया, पूर्व गृहमंत्री पी.चिदंबरम के साथ धक्कामुक्की के कारण उनकी बाईं पसली में फ्रैक्चर है। प्रमोद तिवारी के भी सिर में चोट के साथ पसली में फ्रैक्चर है।